अखिल भारतीय मानवाधिकार समिति के जिला सचिव बने अनिल
*मानव अधिकारों के रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित रहने की दुहराईं वचनबद्धता

मीरजापुर/सोनभद्र। अखिल भारतीय मानवाधिकार समिति ने संगठन को विस्तार देने के क्रम में मीरजापुर जिला सचिव एवं सोनभद्र जिले में जिलाध्यक्ष की नियुक्त करते हुए संगठन विस्तार की अपेक्षा की है।
समिति ने मीरजापुर जिले के मड़िहान तहसील क्षेत्र के बेदौली, कलवारी माफी निवासी पत्रकार अनिल कुमार को जिला सचिव मनोनीत किया है। आदिवासी बहुल क्षेत्र से आने वाले अनिल कुमार ने अपने मनोनयन पर समिति के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा है कि वह मानव अधिकारों के रक्षा के साथ समाज के दबे-कुचले वंचित शोषित पीड़ित लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इसी प्रकार सोनभद्र जनपद ईकाई के तौर पर सोनभद्र जिले के ग्राम ढोलो परसौना निवासी राजेन्द्र जी को अखिल भारतीय मानवाधिकार समिति का
जिलाध्यक्ष सोनभद्र मनोनित किया गया है। अपने मनोनयन पर उन्होंने कहा है कि सोनभद्र जनपद के उपेक्षित पीड़ित लोगों के हक अधिकार के लिए आवाज उठाते हुए उन्हें सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में वह तत्पर रहेंगे।
सड़क हादसे में एएनएम कर्मचारी की मौत
लालगंज, मीरजापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत मलेट्री कंपाउंड के सामने सोमवार दोपहर बाद मिर्जापुर की तरफ से लालगंज आते समय बाइक में साड़ी फंसने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। जिससे बाइक में पीछे बैठी एएनएम कर्मचारी की सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर पहुंचे समाजसेवी नवीन तिवारी ने अपने वाहन से घायल कर्मचारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया जहां पर चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में तैनात एएनएम 55 वर्षीय आशा पटेल अपने पुत्र सौरभ पटेल के साथ मिर्जापुर से लालगंज की तरफ बाइक से आ रही थी की बाइक में साड़ी फंस गई जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक सड़क पर गिरने से एएनएम के सिर में गंभीर चोट लग गई। जिससे एएनएम की मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया की अधिक रक्त स्राव होने की वजह से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही अस्पताल पर भीड़ लग गई। वहीं अस्पताल परिवार में सन्नाटा छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा देवहट गांव
मृत श्रमिक के परिजनों से मिलकर घटना की ली जानकारी

ड्रमंडगंज।समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के निर्देश पर सोमवार दोपहर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल क्षेत्र के देवहट गांव पहुंचा। समाजवादी पार्टी के छानबे विधानसभा अध्यक्ष सोकिम अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने मृत श्रमिक छोटकऊ कोल के घर पहुंचकर स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। प्रतिनिधि मंडल ने श्रमिक की हत्या का खुलासा नही किए जाने पर आक्रोश जताया। प्रतिनिधि मंडल मृत श्रमिक के पुत्र रविन्द्र कुमार उर्फ पिंटू के साथ ड्रमंडगंज थाने पर पहुंचा और घटना की जांच के संबंध में थानाध्यक्ष भारत सुमन से जानकारी ली। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने श्रमिक की हत्या का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए थानाध्यक्ष से कहा। थानाध्यक्ष ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच चल रही है जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। समाजवादी पार्टी के अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सियाराम जैसल ने बताया कि जिलाध्यक्ष के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक आवाज उठाएगी। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज से मामले की जांच की प्रगति के संबंध में वार्ता की गई है।हम उम्मीद करते हैं कि डीएम और एसएसपी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का कार्य करेंगे। राष्ट्रीय सचिव ने आरोप लगाया कि श्रमिक दुलार मनि कोल ने आत्म हत्या नही कि बल्कि उसकी भी हत्या कर पेड़ से लटका दिया गया।छोटकऊ कोल की हत्या में शामिल लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। समाजवादी पार्टी श्रमिक की हत्या में शामिल लोगों के विरुद्ध  कार्रवाई की मांग करती है। प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
दिनदहाड़े संविदा स्वास्थ्यकर्मी का स्पलेन्डर प्लस बाइक हुआ चोरी
मीरजापुर। अभी तक तो मंडलीय अस्पताल परिसर में ही बाइक और साइकिल चोरी की घटनाएं घटित हुआ करती थी, अब टीबी अस्पताल परिसर भी इससे अछूता नहीं रहा है। शनिवार को चोरों ने दिनदहाड़े टीबी अस्पताल में तैनात संविदा स्वास्थ्यकर्मी का स्पलेन्डर प्लस बाइक पार कर दिया। बाइक चोरी होने की जानकारी होते ही अन्य टीबी अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों सहित आएं हुए मरीजों में हड़कंप मचा रहा है।
बताते चलें कि देहात कोतवाली थाना क्षेत्र भरुहना निवासी आकाश कुमार यादव टीबी अस्पताल में संविदा पद पर कार्यरत है, नित्य की भांति शनिवार 7 फ़रवरी को भी वह अपनी बाइक (मोटर साइकिल) से टीबी अस्पताल आएं हुए थे। अचानक समय दोपहर 1.15 बजे जहां उन्होंने अपनी बाइक खड़ा किया हुआ था वहां से संख्या UP63 AZ 3839 स्पलेन्डर प्लस जो ब्लेक (काला) रंग की रही नदारद देख दंग रह गए। पहले सोचा कि किसी ने हटाकर इधर-उधर खड़ा कर दिया होगा, लेकिन पूरा परिसर खंगालने के बाद भी जब बाइक का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने बाइक चोरी की सूचना अस्पताल पुलिस चौकी सहित शहर कोतवाली पुलिस को भी दे दी।

*दो दिन बाद भी चोरी गई बाइक का नहीं चला पता*

दिनदहाड़े संविदा टीबी अस्पताल स्वास्थ्यकर्मी का स्पलेन्डर प्लस बाइक चोरी होने की घटना के दो दिन बीतने के बाद भी बाइक चोरों का पुलिस पता लगा पाने में असफल रही है। बाइक चोरी के तीसरे दिन सोमवार को टीबी अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों एवं यहां आएं हुए मरीजों में चोरों का खौफ देखा गया। लोग चर्चा करते हुए देखें सुनें जा रहें थें कि टीबी अस्पताल के गेट से लेकर परिसर पर बेख़ौफ़ नशेड़ियों एवं बाहरी लोगों का आना जाना लगा रहता है। बाइक चोरी वाले दिन भी कुछ संदिग्ध युवकों की आवा-जाही बनी हुई थी‌ आशंका जताई जा रही है कि नशेड़ियों एवं जुआड़ियों की भी इसमें संलिप्तता हो सकती है। यदि पुलिस ने कुछ संदिग्धों सहित नशेड़ियों, गजेड़ियों की आवा-जाही को संज्ञान में लिया तो बाइक चोरी का खुलासा किया जा सकता है।

*स्वास्थ्य कर्मियों ने एसपी से लगाई गुहार*

बाइक चोरी की घटना के तीसरे दिन टीबी अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने पीड़ित संविदाकर्मी के संग नवागत पुलिस अधीक्षक से मिलकर बाइक चोरी की घटना से अवगत कराते हुए बाइक को बरामद करने की गुहार लगाई, साथ ही बाइक चोरी की सूचना दर्ज किये जाने एवं चोरी करने वाले के विरूद्ध विधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही करने की मांग की। जिसपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी नगर सहित शहर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
मुख्य वन संरक्षक ने ड्रमंडगंज वनरेंज का निरीक्षण कर मातहतों को दिया आवश्यक निर्देश
ड्रमंड गंज मिर्जापुर : मुख्य वन संरक्षक सुशांत शर्मा ने रविवार को ड्रमंडगंज वन रेंज का निरीक्षण कर अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मुख्य वन संरक्षक ने कटरा कंपार्टमेंट नंबर एक में बीस हेक्टेयर में कराए जा रहे अग्रिम मृदा कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिया। वन क्षेत्र में विगत वर्षों में रोपे गए पौधों के नदारद होने पर नाराजगी जताई। रेंजर वीरेंद्र कुमार तिवारी और मौजूद वनकर्मियों को वनों तथा वन्य जीवों की सुरक्षा में लापरवाही नही बरतने की हिदायत दी। मुख्य वन संरक्षक ने सुखड़ा पौधशाला में चार हेक्टेयर भूमि में तीन लाख सत्तानवे हजार अवशेष पौधों के साथ एक लाख वर्तमान आम, अमरुद , आंवला, महुआ, आंवला , चिलबिल, सागौन,कट सागौन,करंज बांस,नीम आदि प्रजाति के उगाए जा रहे पौधों का निरीक्षण किया। पौधों की समय-समय से सिंचाई व समुचित देखभाल करने के लिए कहा कि पौधौ के रखरखाव में अगर किसी प्रकार की कोई कमियां आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी शेख मुअज्जम  रेंजर वीके तिवारी, वनदरोगा सर्वेश्वर पटेल, अभिषेक सिंह वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।
दुर्भावना से बनी फिल्में नाम बदलकर भी रिलीज नहीं होनी चाहिए : शैलेन्द्र अग्रहरि
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के प्रतिनिधि मण्डल ने फ़िल्म के खिलाफ आंदोलन को दिया समर्थन

किसी फिल्म का शीर्षक उसकी मूल भावना होती है। शीर्षक ही पूरे फिल्म का सार होता है। हाल ही में आयी फिल्म घूसखोर पंडत जिसका शीर्षक केवल आपत्तिजनक ही नहीं, यह बेहद अपमानजनक भी है। ऐसी भावना से बनी फिल्में नाम बदलकर भी रिलीज नहीं होनी चाहिए। फिल्में देश और समाज को दिशा देती हैं। ऐसे शीर्षक आधारित फिल्में अपनी सोच से समाज में विघटन उत्पन्न करती हैं। यह शीर्षक बेहद आपत्तिजनक है। यह बेहद दुःख और चिंता का विषय है कि फ़िल्म का मुहूर्त इन्ही बुद्धिजीवी विप्र समाज के लोगों से कराया जाता है फिर इन्ही को अपमानित करने की सोच के साथ ऐसी फिल्मे बनायी जाती है।
जब तक फिल्म बनाने वालों को आर्थिक हानि नहीं होगी, तब तक ऐसी सोच पर आधारित फिल्में बनाना बंद नहीं होगी।
जातियों में विभेद फैलाने की कोशिशें बढ़ी है। बृहद समाज में किसी भी जाति के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्हें अपमानित करने का कोई अधिकार नहीं है, उनके इतिहास और योगदान से सीखने की जरूरत है।
आज ब्राह्मण समाज को दुर्भावना ग्रसित लक्ष्य पर रखा जा रहा है। अगर चुप रहे तो आगे यह विभेधात्मक और अपमानजनक कुत्सित प्रयास अन्य किसी भी जाति धर्म के साथ भी हो सकता है। वैश्य समाज ने सदैव सनातन संस्कृति और समाज में सद्भाव के लिए काम किया है। सामाजिक सद्भावना को बिगाड़ना वाले तत्वों के खिलाफ पूरा वैश्य समाज एकजुट हो ब्राह्मण समाज के साथ खड़ा है। विप्र समाज सदैव सनातन संस्कृति का अगवा रहा है उन्होंने समाज को राह दिखाने का काम किया है। उनका अपमान संपूर्ण देश का अपमान है जो सनातन संस्कृति को तोड़ने की साजिश है। ऐसी जाति सूचक शीर्षक पर आधारित फिल्म का वैश्य समाज विरोध करते हुए इसकी घोर निंदा करता है।
ये बातें कहते हुए अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री शैलेंद्र अग्रहरी के साथ पदाधिकारियों ने विंध्याचल धाम में ज्योर्तिमठ के गौ प्रवक्ता पंडित शुभम मिश्रा एवं काली खोह मंदिर के प्रधानअर्चक आचार्य अगस्त मुनि द्विवेदी जी को अपना समर्थन पत्र सौंपा और केंद्र सरकार को संबोधित पत्र की छाया प्रति भी संलग्न की साथ ही इसके लिए होने वाले किसी भी आंदोलन में अपना पूर्ण सहयोग व समर्थन देने का वादा किया। इस दौरान अतिन कुमार गुप्ता, अनुज उमर भी उपस्थित रहे।
प्राथमिकता के आधार पर दर्ज मामलों में अपराधी तुरंत भेजे जाएं जेल : शैलेन्द्र अग्रहरि
कलेक्ट्रेट में वैश्य समाज ने प्रदर्शन कर मुख्य्मंत्री को सम्बोधित सौंपा ज्ञापन

मिर्ज़ापुर। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष मुकेश साहू के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को सम्बोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में वैश्य-व्यापारियों के ऊपर हो रहे लगातार हमले, लूट व अपराध की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त किया कऔर इसके विरोध में ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र अग्रहरि ने कहा कि विगत कई महीनों में विभिन्न जनपदों में व्यापारियों पर कई हमले व लूट की घटनायें हुई हैं। जिनका पूर्ण खुलासा करने में पुलिस विफल साबित हुई है।  इनका जल्द से जल्द खुलासा करके व्यापारियों की जान माल की सुरक्षा की जाय।वैश्य-व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किये जाएं। जिला सोनभद्र में जगजीवन सिंह पटेल जो गैंगेस्टर सहित गंभीर आरोप का बांछित अपराधी है। पुलिस के सांठ गांठ से वैश्य समाज के अभिषेक केसरी व राजेश केसरी जो पेशे से स्वर्णकार हैं। उनकी जमीन पर दूसरी चौहद्दी देकर बैनामा कराने के बाद जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष व मण्डल प्रभारी संतोष गोयल ने कहा कि प्रयागराज जिले के भिटरिया भीरपुर करछना चन्दन सोनी के साथ लूट की घटना हुई साथ ही हत्या की कोशिश में गोली मारा गया। जिसमें पुलिस कार्यवाही में तीन आरोपी गिरफ्तार करने के बावजूद लाखों रूपए के माल में ढेला बरामद न होना संदेह पैदा कर रहा है। वहीं जिला मिर्जापुर के सुगापाख, मढीहान निवासी अरुण सोनी के घर में घुस कर ,हमलावर लूट हत्या की कोशिश जैसे घटना को अंजाम देते हैं। उनके नाबालिक बेटी को मारा पीटा एवं जेवर छिन लिया,जिसमें पुलिस लिपा पोती कर अपराधी को बचाना चाहती है। पुलिस कार्यवाही ना करके ऐसे अपराधियों का मन बढ़ाती हैं।
जिलाध्यक्ष मुकेश साहू ने कहा कि संतोष कुमार सोनी जो कि गरेथा,भरारी, मेजा प्रयागराज के निवासी हैं उनके दो बेटों का हत्या हुई। अपराधी आज भी बचे हुए हैं जिसमें पुलिस की भूमिका संदिग्ध है, जिसकी CBCID जांच करा कर न्याय दिलाया जाय। वैश्य समाज पर ऐसे आपराधिक हमलों से समाज में भय व्याप्त है। वैश्य व्यपारियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनना चाहिए पुलिसिया रवैया संवेदनशील होना चाहिए।
जिला महामंत्री राजकुमार स्वर्णकार ने कहा कि अपराधिक हमलों से सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को चुनौती मिल रही है। जिला चित्रकूट के थाना बरगढ़ में व्यापारी सुभाष केशरवानी के पुत्र आयुष केसरवानी की दिन दहाड़े अपहरण कर हत्या कर दी जाती हैल चित्रकूट में अपहरण कांड का ,जिस प्रकार से खुलासा हुआ ,वह उसमें अपराधियों को सजा दिलाई गई, इस प्रकार से प्रत्येक जिलों में पुलिस को निर्देशित करने का आदेश दिया जाना चाहिए। इस घटना से सबक लेते हुए वैश्य-व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना चाहिए जिससे ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस दौरान रुपेश वर्मा, शिखा अग्रवाल, अनुज उमर, रवि साहू, श्यामा प्रसाद जायसवाल, नमिता केशरवानी, सौरभ श्रीवास्तव, जितेन्द्र अग्रहरि, सौरभ सोनी, कन्हैया कुमार, भरत लाल, प्रदीप सोनी, ऋषि सोनी, आदित्य सेठ, अक्षत गुप्ता, अखिलेश कुमार गुप्ता, विवेक सोनी, लवकुश, हिमांशु आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान का किया निरीक्षण
कार्यों में लापरवाही बरतने पर फार्मासिस्ट को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का दिया निर्देश

मीरजापुर 07 फरवरी 2026- जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया। एक्सरे जांच में बताया गया कि प्रतिदिन 10 से 12 एक्सरे किया जाता है यह भी बताया कि औसत मासिक मरीज की रजिस्ट्रेशन ओ0पी0डी0 चार हजार के लगभग है। प्रसव के बारे में जानकारी करने पर बताया गया कि महिला रोग विशेषज्ञ डाॅ हर्षिता श्रीवास्तव विगत कई माह से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित है एवं वेतन आहरित नहीं किया जा रहा है। स्टाक निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रयोग में आने वाली कुल 230 दवाओं के सापेक्ष 140 दवाओं का मांग पत्र भेजा जाना बताया गया किंतु मांगे जाने पर 140 दवाओं का मांग पत्र ही प्रस्तुत किया जा सका और न ही 90 दवाइयांे की सूची का मांग पत्र नहीं भेजे जाने के सम्बंध में कोई संतोषजनक उत्तर दिया गया। निरीक्षण के समय वर्तमान स्टाक की स्थिति भी स्पष्ट नहीं की जा सकी। निरीक्षण के समय प्राप्त 140 दवाओं में कौन सी दवा कितनी मात्रा में अवशेष है जिसका भौतिक सत्यापन किया जाना संभव नहीं हो सका यह भी पाया गया कि बड़ी मात्रा में बहुत सारी दवाई आगामी माहो में उनकी तिथि समाप्त होने वाली है जिससे प्रतीत होता है यथा आवश्यकता दवाएं रोगियो को वितरित नहीं की जा रही है दवाओं के साथ-साथ तत्संबंधी अद्यावधिक अभिलेखीय एवं रखरखाव व साफ सफाई व्यवस्था अत्यंत ही खराब पाई गई उपरोक्त पाए गए त्रुटियों से स्पष्ट है कि मुख्य फार्मासिस्ट राजेश सिंह के द्वारा अपने दायित्व्यों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ सी0एल0 वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
भारतीय स्टेट बैंक राजगढ़ का पासबुक मशीन खराब उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी


राजगढ़ मीरजापुर / विकासखंड राजगढ़ क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक की शाखा राजगढ़ में खुली हुई है। पासबुक मशीन की छपाई ना होने से उपभोक्ताओं में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैसों का लेनदेन का हिसाब भी नहीं मालूम चल पा रहा है क्योंकि महीनो से पासबुक मशीन खराब पड़ी हुई है। इसको बनवाने के लिए बैंक मैनेजर कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। उपभोक्ता भी पैसों का लेनदेन कर रहे हैं लेकिन पासबुक की छपाई नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दी जा रही है। बैंक में कई बार महीनो से चक्कर लगाया गया।पासबुक की छपाई के लिए लेकिन अभी तक एक हफ्ते 15 दिन में मशीन बन जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मशीन जस की तस पड़ी हुई है बैंक से पैसों की निकासी हो रही है लेकिन मशीन से छपाई नहीं हो पा रही है बैंक मैनेजर उपभोक्ताओं से कहते हैं ग्राहक सेवा केंद्र स्टेट बैंक की शाखा में जाएं वहां से पासबुक छपाई करवा सकते हैं। स्टेट बैंक की में ब्रांच होने के नाते जब यहां की व्यवस्था ऐसी है तो बाहर की क्या होगी। इस संबंध में जब स्टेट बैंक राजगढ़ के बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार जायसवाल से बात हुई उन्होंने कहा कि 15 दिन बाद मशीन सही हो जाएगा। अगर ज्यादा जरूरी है तो स्टेट बैंक की ग्राहक सेवा केंद्र जाकर वहां से छपाई करवा सकते हैं।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान

मीरजापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में गुरुवार की देर रात कच्चे मकान के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर युवती ने आत्महत्या कर लिया। मड़वा धनावल गांव निवासी संतोष प्रसाद केशरी की 20 वर्षीया पुत्री रागिनी केशरी रात में मां संगीता देवी और छोटे भाई अंकित के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नही खुलने पर भाई अंकित केशरी ने बहन को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। भीतर से कोई प्रतिक्रिया नही होने पर भाई ने खपरैल के मकान की छत से कमरे में देखा तो बहन बड़ेर में दुपट्टे से लटकी हुई थी।बहन को फंदे से लटकता देख भाई के होश उड़ गए।घटना की जानकारी मां को दी। मां की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे अगल बगल के लोगो ने किसी तरह दरवाजे को खोलकर भीतर गए। ग्रामीणों ने युवती को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिता संतोष प्रसाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मैहर दर्शन पूजन करने गए थे।मृतका के भाई की सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एस आई मूलचंद वर्मा ने घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटना की जांच की। कार्यवाहक थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मड़वा धनावल गांव में युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में कच्चे मकान के भीतर बड़ेर में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी है।घटना की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।