वंशवाद में लिप्त एनडीए व महागठबंधन— घोसी से जन सुराज प्रत्याशी प्रभात कुमार का आरोप
जहानाबाद घोसी विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रभात कुमार ने एनडीए व महागठबंधन पर वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो दल जनता के सामने परिवारवाद व वंशवाद के खिलाफ नारे लगाते हैं, वही सर्वाधिक वंशवादी राजनीति को अपनाए हुए हैं।
प्रभात कुमार ने दावा किया कि एनडीए में एक ही परिवार से तीन लोगों को टिकट दिया गया है, जिससे स्पष्ट है कि यहां भी वंशवाद गहराई से व्याप्त है। साथ ही उन्होंने राजद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव की राजनीति तो प्रारम्भ से ही परिवारवाद पर आधारित रही है।
उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी वंशवाद, जातिवाद व पुरानी राजनीतिक सोच के खिलाफ चुनाव लड़ रही है और जनता से किए गए पाँच वादों को सरकार बनने पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मोकामा की हिंसक घटना पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। जनता के पास वोट सबसे बड़ा हथियार है और जनता हर गलत राजनीति का जवाब चुनाव में देती है।
घोसी विधानसभा की कार्यशैली पर बोलते हुए प्रभात कुमार ने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक भाकपा माले के रामबली सिंह यादव चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में दिखाई नहीं पड़े, जिससे लोगों में नाराज़गी है। कई गांवों में उनके खिलाफ विरोध खुलकर सामने आ रहा है और लोग उनसे हिसाब मांग रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार बदलाव चाहती है। इसी वजह से जन सुराज पार्टी राज्य की 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और सभी सीटों पर कड़े मुकाबले की स्थिति में है।
Nov 08 2025, 22:17
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.6k