मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम
![]()
गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद की मिशन शक्ति टीमों ने आज विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए।
इस दौरान टीमों ने गांवों, कस्बों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चौपाल लगाकर स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया।कार्यक्रम में टीमों ने महिलाओं/बालिकाओ को महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय, और कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों पर सुझाव भी प्राप्त किए। महिलाओं को भरोसा दिलाया गया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए उपलब्ध है साथ ही मिशन शक्ति टीम द्वारा जनसमूह को शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स के बारे में विस्तार से बताया गया, जिनका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है
112- पुलिस आपातकालीन सेवा
1090- वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076- माननीय मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108- एंबुलेंस सेवा
1930- साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098- चाइल्ड हेल्पलाइन
102- स्वास्थ्य सेवा
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों, जैसे अज्ञात कॉल या संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करना, बैंक संबंधी धोखाधड़ी से बचाव, और सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने के तरीकों की जानकारी दी गई। टीमों द्वारा यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य न केवल महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करना है, बल्कि उन्हें आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या की स्थिति में बिना हिचकिचाहट पुलिस से तुरंत संपर्क करें।* जनपद गोण्डा पुलिस महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की भावना को और प्रबल किया जा सके।
Sep 22 2025, 19:14