राजनरायन मंदिर से होगा रामलीला महोत्सव का शुभारम्भ आज
![]()
गोण्डा। मालवीय नगर स्थित रामलीला की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रविवार को राजेन्द्र नगर नौशहरा स्थित राजनरायन मंदिर में परम्परानुसार प्रथम दिवस की लीला रात्रि नौ बजे आकाशवाणी जन्मोत्सव चूडाकर्म एवं विद्यारम्भ से लीला के मंचन से शुरू होगा। दो सप्ताह तक चलने वाली रामलीला का समापन 07 अक्टूबर को राम के राज्याभिषेक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा।
श्री रामलीला समिति मालवीय नगर गोण्डा के अध्यक्ष अनिल सिंह एड. ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नगर की यह प्राचीनतम रामलीला मालवीय नगर में पिछले दो सौ वर्षों से चल रही है। रामलीला परिसर मे साफ सफाई से लेकर रंग रोगन से सुन्दरीकरण व दर्शक दीर्घा के निर्माण कार्य अन्तिम चरण में चल रहा है।
21 सितम्बर से 07अक्टूबर के मध्य चौदह दिनों तक चलने वाला रामलीला महोत्सव में प्रथम दिवस की लीला परम्परानुसार नौशहरा स्थित राजनरायन मंदिर से हो रहा है जबकि अन्य दिनों की लीला सायं साढ़े 4 से रात्रि 8 एवं द्वितीय सत्र की लीला रात्रि नौ बजे से मालवीय नगर स्थित रामलीला परिसर में सम्पन्न होंगी। इसके साथ ही भगवान का रथ प्रति दिवस सायं तीन बजे राजनरायन मंदिर से निकल कर चौक होते हुए रामलीला परिसर में पहूंचेगा।
02अक्टूबर को विजय दशमी की लीला का मंचन खुले मैदान में होगा। इसके अतिरिक्त 04 अक्टूबर को भरत मिलाप का मंचन चौक बाजार स्थित भरत मिलाप चौराहे पर आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के संरक्षण मंडल में महेश नरायन तिवारी, धीरेन्द्र पाण्डेय एवं आलोक सिन्हा एड. को सौंपा गया है। रामलीला के नवगठित कार्यकारिणी में व्यवस्थापक नन्दगोपाल शुक्ल, सह व्यवस्थापक पंकज मिश्रा, राजेश तिवारी, घनश्याम वर्मा कार्यक्रम संचालन सभासद अवधनन्दन वर्मा, सभासद अलंकार सिंह, राजू दत्त पांडेय मेला व्यवस्थापक वैभव सिंह, संजय प्रकाश त्रिपाठी, संजय सिंह व योगेश श्रीवास्तव दायित्व संभाल रहे हैं।
Sep 20 2025, 18:35