*सीतामढ़ी में श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ा: 108 फीट ऊंचा हनुमान मंदिर बना आकर्षण का केंद्र,सीता समाहित स्थल बना प्रमुख धार्मिक स्थल*
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही जिले में स्थित सीतामढ़ी पौराणिक और धार्मिक महत्व का केंद्र है। यह स्थान माता सीता की स्मृति से जुड़ा है। यहां 108 फीट ऊंचा भव्य हनुमान मंदिर स्थित है। मान्यता है कि माता सीता ने अपने जीवन के अंतिम समय में यहीं समाधि ली थी। यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए गहरी आस्था का केंद्र है। यहां सीता समाहित स्थल पर भक्त पूजा अर्चना करते हैं।सीतामढ़ी में महर्षि वाल्मीकि का आश्रम भी है। माता सीता ने वनवास के दौरान यहीं निवास किया था। यहीं उनके पुत्र लव-कुश का जन्म और शिक्षा - दीक्षा हुई। यह स्थान धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन रहा है। रामनवमी और सीता जयंती पर यहां विशेष आयोजन होते हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण इस स्थल की विशेषता है।
*रोबोट और ड्रोन चलाने में दक्ष होंगे जीआईसी के छात्र - छात्राएं*


रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। विभुति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थी अब रोबोट और ड्रोन चलाने में दक्ष होंगे। यहां पर अटल टिंकरिग लैब की स्थापना की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने मिलने के बाद उपकरण आदि लगने लगे हैं। लैब शुरू होने के बाद विज्ञान में रुचि रखने वाले स्कूली छात्रों को न‌ई खोज करने का मौका मिलेगा। जिले में तीन राजकीय इंटर कॉलेज और 33 राजकीय हाईस्कूल संचालित है। इसमें जीआईसी ज्ञानपुर करीब सात से आठ दशक पुराना विद्यालय है। पीएम श्री में शामिल विद्यालय में तमाम सुविधाएं बेहतर की जा रही है। काॅलेज में प्रोजेक्ट अलंकार से भी क‌ई काम हो रहा है। अब नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के तहत अटल टिंकरिग लैब स्थापित होगा। लैब की स्थापना का उद्देश्य विद्यालयों में इनोवेशन, क्रिएटिविटी व वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। न‌ई चीज को सिखाने और 21 वीं सदी के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करना है। इसे स्थापित करने के बाद स्कूल के दो-दो शिक्षकों को लैब विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे विज्ञान में रुचि रखने वाले छठी से 12 वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को नया - नया सीखने का मौका मिलेगा। न‌ए सत्र ये इसकी पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। बताते चलें कि जीआईसी ज्ञानपुर में वतर्मान समय में करीब 2200 से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत है। न‌ई- न‌ई तकनीकी से पढ़ाई होने के कारण विद्यार्थियों की संख्या भी आने वाले दिनों में बढ़ेगी। लैब के माध्यम से विज्ञान और तकनीक, इंजीनियरिंग व गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व रोबोटिक्स के न‌ए तकनीक के विषय में छात्रों को बताया जाएगा।



विद्यार्थी सेंसिंग, रोबोटिक मेथड जैसी तमाम जानकारियां हासिल कर सकेंगे। वैज्ञानिकों सोच को बढ़ावा देने के लिए उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज में अटल टिंकरिग लैब तैयार किया जा रहा है। यहां पर विज्ञान के विद्यार्थियों को न‌ई- न‌ई तकनीकी का ज्ञान मिलेगा। आलोक तिवारी प्रधानाचार्य जीआईसी
*कार से 50 हजार का गांजा बरामद: भदोही में दो अंतर्जनपदीय तस्कर गिरफ्तार, अन्य सदस्यों की तलाश जारी*

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीओ औराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को दो अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। विक्रमपुर ओवरब्रिज मेदनीपुर के पास से पकड़े गए आरोपित की पहचान किशन सिंह और नीरज मिश्रा के रुप में हुई है। किशन सिंह भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के मुडियापुर सरोई का रहने वाला है। वहीं नीरज मिश्रा औराई थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों की होंडा सिटी कार से काले रंग के बैग में रखा 1.918 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपए है। गांजा और कार की कुल की कीमत 9.50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। कार के वैध कागजात होने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक वीरेंद्र नाथ यादव, उपनिरीक्षक नथुनी सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल उपेंद्र कुमार यादव की टीम शामिल रही।
*इजराल, जर्मनी एवं जापान में नर्सिंग डिप्लोमा के योग्यता धारी पुरुष एवं महिलाएं आयु 25 से 45 वर्ष तक करें आवेदन*

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिला सेवायोजन अधिकारी शिवानी मिश्रा ने बताया कि सेवायोजन विभाग द्वारा इजराल, जर्मनी एवं जापान में भी नौकरी के अवसर हेतु अधिक से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों को लिखित / साक्षात्कार के माध्यम से नर्सिंग केयर गिबर एवं सहायक नर्स के विभिन्न पदों पर नर्सिंग डिप्लोमा योग्यता धारी के लिए इजराइल में पुरुष एवं महिला के लिए आयु 25 से 45 वर्ष तक वेतन 1,31,818 रूपये, पांच हजार पदों के लिए आवेदन 31 मार्च, 2025 तक एवं जर्मनी में पुरुष व महिला के लिए सहायक नर्स के पद पर नौकरी शैक्षिक योग्यता नर्सिंग डिप्लोमा आयु 24 से 40 वर्ष तक वेतन 2,29,925 रूपये कुल 250 पद के लिए आवेदन 31 मार्च 2025 तक, इच्छुक अभ्यर्थीrojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीयन करते हुए आवेदन कर सकते है। अधिक जानकारी हेतु जिला सेवायोजन कार्यालय, गाँधी आश्रम गली, ज्ञानपुर भदोहीं में आकर जानकारी प्राप्त कर सकते है इस हेतु कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
*बर्बाद हो रहे पानी से सुधारेंगे जलस्तर* *ज्ञानपुर नगर में 4.80 लाख से 20 जगहों पर बनेंगे सोक पिट*


रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। साल दर साल लगातार गिर रहे जलस्तर को ठीक करने के लिए निकायों की ओर से अभी से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। ज्ञानपुर नगर पंचायत में जल संचयन को लेकर करीब 20 जगहों पर सोक पिक का निर्माण कराया जाएगा। हैंडपंपों के पास बनने वाले सोक पिट पर कुल 4.80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर पंचायत यह कार्य 15 वें वित्त के मद से कराएगा। जिले में इस साल काफी कम बारिश हुई है। कम बारिश होने के कारण जिले भर में क‌ई ऐसे इलाके हैं। जहां अभी से पानी का सकट खड़ा होने लगा है। खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां जलजीवन मिशन के तहत अब तक पेजयल सप्लाई चालू नहीं हो सकी है। वहां यह संकट और भी गहराता जा रहा है। ज्ञानपुर नगर पंचायत में काफी समय से पानी का संकट बना हुआ है। नगर के वार्ड नंबर दो के छोटा डीह और बड़ा डीह जैसे इलाकों में गर्मी के दिनों में लोगों को पानी ढोना पड़ता है। हालांकि नगर पंचायत की ओर से वहां सबमर्सिबल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लगातार गिरते जलस्तर से भी मुश्किल बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए अब निकायों की ओर से जल संचयन और भूगर्भ जलस्तर को सुधारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नगर पंचायत में 20 ऐसी जगहों पर सोक पिट का निर्माण कराया जाएगा। जहां हैंडपंप लगाए गए हैं। सोक पिट से हैंडपंपों के पास पानी की बर्बादी रुकेगी। ईओ राजेन्द्र दूबे ने बताया कि नगर में बीते साल भी साल कुछ जगहों पर सोक पिट बनाया गया था। इस साल 20 हैंडपंपों के स्थान पर यह कार्य कराया जाएगा। इसके लिए 15 वें वित्त से 4.80 लाख रुपए खर्च होंगे।
*जाम से निजात के लिए प्रमुख मार्गों पर लगाए जाएंगे डिवाइडर* *भदोही नगर में क‌ई जगहों पर जाम लगने से होती है समस्या*


रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। नगर में आए दिन लग रहे जाम की समस्या से जल्द ही निजात मिलेगा। यातायात विभाग की ओर से नगर में प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार स्थायी व अस्थायी डिवाइडर लगाकर जाम की समस्या से निजात दिलाया जाएगा। यातायात विभाग की ओर से इसे लेकर तैयारी की जा रही है। भदोही नगर में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। नगर में जाम के कई ऐसे पॉइंट हैं, जहां अमूमन हर दिन जाम की समस्या देखने को मिलती है। जाम के कारण स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को देरी तो होती ही है। कई बार जाम में फंसी एबुलेंस और कामकाजी लोगों को ऑफिस जाने में भी देरी होती है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार पुलिस व यातायात विभाग की ओर से प्रयास किए गए लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। नगर में लिप्पन तिराहा पर हर दिन जाम लगता है। इस तिराहे के आसपास से पांच सड़कें गुजरती हैं। जिसमें फ्लाईओवर भी शामिल है। फ्लाईओवर से नीचे उतरने वाले लोग कई बार टर्न लेने के लिए भी लोग घूमते हैं। इसके अलावा नगर पालिका तिराहे पर सर्विसलेन काफी सकरा होने के कारण जाम की समस्या देखने को मिलती है। यहां एक ही लेन पर आमने-सामने से अक्सर वाहन आ जाते हैं। जिससे जाम की समस्या बन जाती है। इसके अलावा भदोही रेलवे स्टेशन के बाद भी स्टेशन रोड पर भी हर दिन जाम की समस्या देखने को मिलती है। यहां बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक कब्जा जमाए रहते हैं। सड़क तक ई-रिक्शा खड़ा कर दते हैं। इससे समस्या और गंभीर हो जाती है। सीओ यातायात प्रभात राय ने बताया कि नगर में जाम की समस्या को निजात दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जरूरत के हिसाब से जगह-जगह डिवाइडर लगाए जाएंगे। जिससे वाहन चालक इधर-उधर न निकले सकें और अपने लेन से चले। इससे काफी हद तक जाम से राहत मिलेगी।
*एननक साल से ठप है पानी की आपूर्ति, 30 हजार आबादी पर संकट* *हैंडपंप और कुएं से प्यास बुझा रहे 15 गांव के लोग*
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। ज्ञानपुर ब्लॉक के पिलखुना में स्थित जल निगम की पेयजल इकाई पिछले एक साल से ठप है। इससे 15 से अधिक गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण हैंडपंप और कुएं से अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी सुधार न होने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से 30 हजार की आबादी प्रभावित है।दो से ढाई दशक पहले जिले में 35 पेयजल योजनाएं शुरू की गई। मरम्मत एवं देखरेख न होने से वह बदहाल हो गईं। जल जीवन मिशन से अब ग्राम पंचायतों को संतृप्त किया जा रहा है, लेकिन जहां पूर्व में परियोजनाएं स्वीकृत हैं। वहां पर उनकी मरम्मत आदि कराकर उसे चालू कराया जा रहा है। पिलखुना में ही पुरानी परियोजना एक साल से बंद है। ग्रामीण जल निगम की राह देख रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल निगम के अधिकारी ग्रामीण समूह पेयजल परियोजना की कमियां दूर कराकर जलापूर्ति शुरू कराएंगे, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका। इससे अकोढ़ा, रोही, विश्वनाथपुर, भानपुर, सुभाषनगर, रघुरामपुर समेत 15 से अधिक गांव में पानी की आपूर्ति बंद है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक नहीं सुधार हुआ। चेतावनी दी कि जल्द ही सुधार न होने पर वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। गांव में टंकी पुरानी हो चुकी है।


अब वहां पर जलजीवन मिशन के तहत न‌ई टंकी की स्थापना कर घर - घर पेजयल सप्लाई की जाएगी। मुजीब अहमद अधिशासी अभियंता जल निगम
*मार्च का पहला सप्ताह रहा सबसे ठंडा* *उत्पादन पर पड़ेगा असर*

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। प्रकृति के साथ मानव द्वारा किए जा रहे खिलवाड़ का असर अब नजर आने लगा है। सूबे के सबसे छोटे जनपद भदोही में पांच वर्षों की अपेक्षा मार्च का प्रथम सप्ताह अधिक ठंड महसूस किया गया। आसपास के जिलों में बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण रात का तापमान लुढ़कर कर 12 डिग्री तक पहुंच गया। रात व दिन के तापमान में अंतर के कारण लोग संक्रामक बीमारियों की जद में आ रहे हैं। बता दें फरवरी के आखिरी एवं मार्च महीने के पहले सप्ताह का नाम सुनते ही मन मस्तिष्क में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगता है। कृषि मौसम वैज्ञानिक सर्वेश कुमार बरनवाल ने बताया कि पांच वर्षों में मार्च महीने का पहला सप्ताह सर्वाधिक ठंडा महसूस किया गया। कृषि मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि दिन व रात का तापमान कम होने के कारण गेहूं फसल को इसका फायदा मिलेगा। रात में अच्छी ओस व तापमान कम होने से पीछे बोई गई गेहूं भी अच्छे व मोटे दाने पड़ेंगे। किसानों से आह्वान किया कि शाम के समय फसलों की सिंचाई हल्का यानी नाम मात्र का करें। अन्यथा फसल गिर जाएगी।
*बजट का संकट, 346 ग्राम पंचायतों में मनरेगा का काम ठप*


रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के लिए गुजरे तीन महीने से बजट नहीं मिल सका है। इससे 346 ग्राम पंचायतों में काम ठप हो गया है। 85 हजार जॉब कार्डधारकों का 10 करोड़ मजदूरी बकाया है। इससे मजदूरों के सामने घर का खर्च चलाने में दिक्कत आ रही है। वहीं विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। मजदूर रोजाना ग्राम प्रधान और रोजगार सेवकों के घर के चक्कर काट रहे हैं। यहां से सिर्फ उनको आश्वासन मिल रहा है। अगर समय से भुगतान न मिला तो इनकी होली भी फीकी रह जाएगी।प्रति व्यक्ति आय बढ़े और लोगों की गरीबी दूर हो सके, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार ही सबसे सहज उपाय है। हालांकि शिक्षित व अशिक्षित बेरोजगारों की भीड़ में हर हाथ को काम उपलब्ध कराना समय की चुनौती बनी हुई है। गरीबी उन्मूलन की दिशा में शासन की ओर से तरह-तरह के उपाय भी किए जा रहे हैं। रोजगार व स्वरोजगार के अवसर तलाशे जा रहे हैं।इसी कड़ी में प्रत्येक व्यक्ति को 100 दिन रोजगार की गारंटी देने को लेकर संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लोगों को काम दिया जा रहा है, लेकिन आधे दिसंबर के बाद से बजट न आने से यह काम भी प्रभावित हो गया है। 546 ग्राम पंचायतों में करीब 200 में ही रास्ते, बाउंड्री वॉल, खेल मैदान निर्माण, अंत्येष्टि स्थल, चकरोड बंदी और तालाब खोदाई के साथ-साथ नाली, इंटरलॉकिंग व खड़ंजा कार्य हो रहा है जबकि 346 में काम ठप है। करीब दो-ढाई महीने से मजदूरी न मिलने से जाबकार्डधारक भी काम में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। इससे जरूरी काम अधर में लटके हुए हैं। यही नहीं सक्रिय 85 हजार मजदूरों का 10 करोड़ तक मजदूरी बकाया है।


*वित्तीय वर्ष में लक्ष्य से अधिक हुआ काम*


उपायुक्त मनरेगा राजाराम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 16 लाख नौ हजार मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य तय हुआ था, लेकिन 18 लाख से अधिक मानव दिवस का सृजन हो चुका है। उन्होंने बताया कि मनरेगा में अब कई काम जोड़े गए हैं, जिससे पंजीकृत श्रमिकों को काम मिलता है।


शासन स्तर से बजट न मिलने से 346 गांवों में काम प्रभावित हैं। मजबूरों का पारिश्रमिक भी नहीं मिला है। होली से पहले पैसा आने की उम्मीद है। करीब आठ से 10 करोड़ रुपए बकाया है। पैसा मिलने पर उनके खाते में भेजा जाएगा। राजाराम उपायुक्त मनरेगा
*18 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित, 13 और 14 मार्च को रहेंगे अलर्ट*

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। डीएम विशाल सिंह ने जिले को तीन जोन और 18 सेक्टरों में बांटते हुए मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी। 13 और 14 मार्च को सभी को चयनित स्थल पर तैनात रहने का निर्देश दिया। उन्होंने भदोही जोन में जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम भदोही श्याममणि त्रिपाठी के नेतृत्व में सेक्टर मजिस्ट्रेट तहसीलदार संजय कुमार, डीसी एनआरएलएम अनुराग राय, बीईओ चंद्रशेखर, यशवंत सिंह, राम प्रकाश, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा मौर्य की ड्यूटी लगाई। जोन द्वितीय में एसडीएम औराई बरखा सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार सुनील कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी जेपी सिंह, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह, बीडीओ औराई दिलीप पासी, नायब तहसीलदार अखिलेश यादव की ड्यूटी लगाई। जोन तृतीय के जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम ज्ञानपुर अरूण गिरी के नेतृत्व में तहसीलदार अजय सिंह, नायब तहसीलदार जयराम प्रजापति, बीडीओ ज्ञानपुर आलोक पांडेय, बीईओ वेद प्रकाश यादव, बीडीओ बृजेश नारायण, बीईओ ज्ञानपुर मनोज सिंह की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम ने कहा कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट 13 मार्च को अपने-अपने क्षेत्र का पूर्व में ही भ्रमण कर लें। 14 मार्च को सुबह आठ बजे से वह क्षेत्र में अलर्ट रहेंगे।