cgstreetbuzz

Jul 18 2024, 08:57

मुख्यमंत्री ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
रायपुर-   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और छत्तीसगढ़ में किसान सत्याग्रह के प्रणेता बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की पुण्यतिथि 18 जुलाई को उन्हें नमन किया है। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के योगदान को याद करते हुए श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनमानस को जागृत करने में ‘बाबू साहब‘ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में शोषण और अन्याय के विरूद्ध किसानों ने ‘कंडेल नहर सत्याग्रह‘ किया। प्रदेश में स्वतंत्रता आंदोलन की अलख जगाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। श्री साय ने कहा कि ’बाबू साहेब‘ सच्चे मायने में दृढ़ता और संकल्प के प्रतीक थे। उनके जीवन और विचार मूल्य हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

cgstreetbuzz

Jul 18 2024, 08:54

कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई में भूपेश बघेल अलग-थलग पड़ गए हैं: संजय श्रीवास्तव

रायपुर-   भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी में मचे घमासान के चलते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अलग-थलग पड़ गए हैं। सत्ता में रहते हुए सत्ता व संगठन में तालमेल नहीं रहने के कारण कांग्रेस पहले भी कई गुटों में बँटी नजर आ रही थी और हालात आज भी वही, या कहें कि उससे भी बदतर, हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस की यह अंदरूनी तकरार अब मौके-बेमौके खुलकर सामने आ रही है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीवास्तव ने कहा कि सत्ताकाल के दौरान तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल के बीच की अंतर्कलह हो या फिर जयसिंह अग्रवाल के साथ मनभेद हो, आज के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा का मनमुटाव हो, कांग्रेस संघर्ष से उबरने का नाम ही नहीं ले रही है।

मुख्यमंत्री रहते बघेल ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पद से मोहन मरकाम को हटाने के लिए लगातार जोड़-तोड़ करते रहे और उसमें वह कामयाब भी हो गए लेकिन उसके बाद भी कांग्रेस पार्टी में लगातार तकरार जारी रही। आज हालात ये हैं कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शर्मनाक प्रदर्शन की जिम्मेदारी तय तक नहीं हो रही है।

श्रीवास्तव ने कहा कि बैज और लखमा के बीच की लड़ाई तो जगजाहिर है। कैसे बैज की टिकट काटकर लखमा को दे दी गई? विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जिस प्रकार से अंतर्द्वंद के चलते लगातार गर्त में चली गई और उससे भी तेज रफ्तार से लोकसभा चुनाव में उसे रसातल में जाना पड़ा है। कांग्रेस लगातार 5 वर्षों से अपनी अंदरूनी लड़ाई लड़ती रही।

इसकी शुरुआत ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री वाले फार्मूले के साथ हुई जब भूपेश बघेल का ढाई वर्ष का कार्यकाल समाप्त हुआ तब टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनने के लिए बेताब नजर आए लेकिन भूपेश बघेल ने अपनी पहुँच का फायदा उठाते हुए सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने से रोक दिया। आज भूपेश बघेल की वजह से कांग्रेस पार्टी पूरी तरह बिखर चुकी है और खुद भूपेश बघेल आज अकेले पड़ गए हैं।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 22:41

छत्तीसगढ़ के विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय की केंद्रीय गृहमंत्री से हुई महत्वपूर्ण मुलाकात

नई दिल्ली-     छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके निवास पर मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक विकास के लिए बनाए गए छत्तीसगढ़ विजन पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में राज्य सरकार ने आठ अलग-अलग क्षेत्रों को चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए एक वर्किंग कमेटी का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से आम लोगों और विशेषज्ञों से चर्चा कर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को राज्य में माओवादियों के सप्लाई और फंडिंग नेटवर्क के खिलाफ की जा रही प्रभावी कार्रवाई के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने और उनके वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने नक्सल ऑपरेशन और माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के बारे में भी गृहमंत्री को जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि माओवादी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेज़ी से विस्तार किया जा रहा है, उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष अभियान संचालित किया है।

इस मुलाकात के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की और राज्य में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 21:20

रायपुर दक्षिण के मतदाताओं, कार्यकर्ताओं का सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया सम्मान

रायपुर।     भाजपा के गढ़ रायपुर दक्षिण में विधानसभा चुनाव में इतिहास रचने के बाद, रायपुर लोकसभा चुनाव में भी क्षेत्र के मतदाताओं ने बृजमोहन अग्रवाल को ऐतिहासिक जीत में 90 हजार से ज्यादा अंतर दिलाकर अपना बहुमूल्य योगदान दिया था। अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को मतदाता अभिनंदन समारोह के अंतर्गत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर आभार जताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, रायपुर दक्षिण कोई विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि उनका घर है। जहां की जनता ने 8 बार उनको विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी सौंपी और अब देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा में रायपुर की आवाज उठाने का मौका दिया है जिसके लिए मैं क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का बहुत आभारी हूं।

आपने 36 साल तक मेरा साथ दिया है। यहां के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं ने जिनको एक बार अपना लिया उनका जीवनभर साथ देते हैं। ऐसे भी मतदाता है जो तीन पीढ़ियों से मेरे साथ है। मैं भी जब तक जीवित रहूंगा रायपुर दक्षिण से अलग नहीं हो सकता हूं।

उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा राज्य सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं को राजधानी में लागू करवाना उनकी प्राथमिकता होगी और आने वाले समय में रायपुर को महानगर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है। मोदी जी ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। आज पूरी दुनिया में भारत का नाम हो रहा है। गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने, युवाओं का सुनहरा भविष्य गढ़ने, गरीबों को घर दिलाने, मरीजों का 5 लाख तक का मुफ्त इलाज कराने, महिलाओं को ₹1000 महीना देने और देश की 60 करोड़ से ज्यादा लोगों का बैंक में अकाउंट खोलने का काम हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने किया है। जिनको तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में रायपुर लोकसभा के मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी अहम भूमिका निभाई है।

बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि, विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह ही नगरीय निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करें और रायपुर के सभी 70 पार्षद समेत महापौर पद पर कमल का फूल खिलाए। जिन लोगों ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं दिया उनको भी समझ में आ जाना चाहिए कि, मोहल्ले का विकास तभी संभव है जब वहां पार्षद भी भाजपा का हो। जिसके लिए उनको अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुनील सोनी, भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, अशोक बजाज, देव जी भाई पटेल, मोहन एंटी, मीनल चौबे, रमेश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सालिक सिंह ठाकुर महेश शर्मा, प्रवीण देवड़ा, मुकेश पंजवानी, बृजेश पांडे, अनुराग अग्रवाल, तरल सोलंकी, सुमित शर्मा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 20:53

भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने वाली संस्कृति बोध माला पुस्तकों का वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया विमोचन

रायपुर-     वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी आज यहां रोहिणीपुरम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से सम्बद्ध सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा संस्कृति बोध माला पुस्तकों का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेक शेन्डेय अध्यक्ष विद्या भारती मध्यक्षेत्र के द्वारा किया गया।

मंत्री श्री चौधरी ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति को विश्व की प्राचीन संस्कृतियों से एक बताते हुए यहां की विशिष्टता से अवगत कराया। उन्होंने समृद्धशाली भारतीय संस्कृति से जुड़े अनेक उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि हम सभी को भारतीय संस्कृति को जानने एवं समझने में संस्कृति बोध माला पुस्तक बहुत ही उपयोगी साबित होगी। श्री चौधरी ने शिक्षा को मूल्य परक बनाने में विद्या भारती के कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

बोधमाला में भारतीय संस्कृति की प्राचीन धरोहर के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियों की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में विवेक शेन्डेय ने संस्कृति ज्ञान परीक्षा के बारे में एवं संस्कृति बोधमाला के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुस्तिका में हमारी भारत माता, हमारा भारत देश, हमारी ज्ञान परंपरा, हमारी वैज्ञानिक परंपरा, हमारे गौरवशाली अतीत के बारे में जानकारियां है। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा एवं संस्कृति का समावेश करते हुए पुनर्लेखन किया गया है। कार्यक्रम को डॉ. देवनारायण साहू ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन निश्चय बाजपेयी ने किया। आभार प्रदर्शन विवेक सक्सेना सचिव सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ ने किया। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी विश्व विद्यालय बिलासपुर के कुलपति ए.डी.एन. वाजपेयी, विद्याभारती उच्च शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष शशिरंजन , विद्याभारती के क्षेत्रीय मंत्री जितेन्द्र परिहार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भालचंद्र रावले, क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ आनंद राव तथा नगर के अनेक विद्यालयों के प्रबंधक, शिक्षक एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 20:22

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और खेल सुविधाओं पर की चर्चा

रायपुर-   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम, रोजगार, युवा एवं खेल मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने डॉ. मंडाविया से छत्तीसगढ़ में रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहायता का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस दौरान उनके साथ थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य में श्रम, रोजगार और खेल के क्षेत्र में हो रही प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें न्यूनतम मजदूरी दर में वृद्धि, श्रमिक कल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन और रोजगार के नए अवसरों का सृजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने राज्य में बेरोजगारी की दर को कम करने के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहयोग की मांग की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केन्द्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया को राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएँ शुरू की हैं। मुख्यमंत्री ने डॉ. मंडाविया से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार इन योजनाओं को और अधिक समर्थन दे, ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

डॉ. मंडाविया ने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रयासों की सराहना की और राज्य में विकास के लिए उठाए जा रहे कदमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 20:15

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक से मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर-  केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक से उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने केंद्रीय मंत्री डॉ. खटीक को बस्तर के आदिवासियों द्वारा बनाई गई प्रसिद्ध ढोकरा कलाकृति भेंट कर उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. खटीक ने शीघ्र ही छत्तीसगढ़ आने के साथ दिव्यांगजनों की भलाई के लिए कार्य करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 20:04

छत्तीसगढ़ की चार प्रमुख रेल परियोजनाएं जल्द होगी शुरू, रेल मंत्री ने परियोजनाओं पर तेजी से कार्य का दिया आश्वासन
रायपुर-     छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की विभिन्न नई रेल परियोजनाओं पर चर्चा की। रेल भवन में हुई बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए रेल नेटवर्क के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इस दौरान राज्य की चार प्रमुख रेल परियोजनाओं धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई लाइन परियोजना, अंबिकापुर-बरवाडीह नई लाइन परियोजना, खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेल लाइन परियोजना और रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना को जल्द शुरू करने का आग्रह किया।
धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई लाइन परियोजना (240 किमी)
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है। यह पत्थलगाँव, कुनकुरी, जशपुर नगर, गुमला आदि महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ती है। यह उत्तरी छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ेगी। इस परियोजना के माध्यम से औद्योगिक (कोरबा) क्षेत्र को लोहरदगा से जोड़ने की योजना है। इसके अतिरिक्त, यह क्षेत्र को पूर्व में कोरबा और रांची के होकर मध्य भारत से जोड़ेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 16,000 करोड़ रुपए है।
अंबिकापुर-बरवाडीह नई लाइन परियोजना (200 किमी)
इस परियोजना की मांग आजादी से पहले 1925 में की गई थी। हालांकि, 1948 में मंजूरी मिलने के बावजूद यह परियोजना अब तक अधूरी रही। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना अंबिकापुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) को बरवाडीह (झारखंड) से जोड़ेगी और परसा, राजपुर, चंदनपुर आदि महत्वपूर्ण शहरों को कनेक्ट करेगी। इस परियोजना के माध्यम से देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में कोयला और अन्य खनिजों के परिवहन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 9000 करोड़ रुपए है।
खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेल लाइन परियोजना (277 किमी)
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना देश के पश्चिमी क्षेत्र में एसईसीएल और एमसीएल कोयला क्षेत्रों की निकासी के लिए एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करती है। यह बिलासपुर और रायपुर स्टेशनों को बायपास करते हुए बलौदाबाजार क्षेत्र को कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 8000 करोड़ रुपए है।
रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना (140 किमी)
रेलवे पहले से ही दल्ली-राजहरा-रावघाट 95 किमी नई रेलवे लाइन का निर्माण कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने सुझाव दिया कि इस लाइन को जगदलपुर तक बढ़ाया जाए, ताकि आदिवासी क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास किया जा सके। यह परियोजना छत्तीसगढ़ के खनिज समृद्ध क्षेत्र से इस्पात उद्योगों तक लौह अयस्क की निकासी के कुशल और पर्यावरण अनुकूल साधन प्रदान करेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3500 करोड़ रुपए है।
बैठक के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं की संभावनाओं और लाभों को स्वीकार किया और इन पर तेजी से काम करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं और रेलवे मंत्रालय इन्हें प्राथमिकता देगा।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 19:55

किसान हो रहे आर्थिक रूप से सशक्त: मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर।     राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही है। खेती-किसानी को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा सारंगढ़ में आयोजित मतदाता अभिनंदन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उनके साथ सांसद राधेश्याम राठिया भी शामिल हुए।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। आने वाले वर्षों में भारत पुनः विश्व गुरू के रूप में भूमिका निभायेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है। 3100 रूपए में धान खरीदी, दो साल का धान का बकाया बोनस किसानों को दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों में सब्सिडी और पीएम सूर्य घर योजना जैसी अनेक योजनाओं के बेहतर ढंग से क्रियान्वयन से किसानों को लाभ मिला है।

लोकसभा क्षेत्र रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया ने सारंगढ़ विधानसभा के मतदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि मतदाताओं के बदौलत जनता की सेवा करने की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जिसका निर्वहन मैं पूरी निष्ठा से करूंगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जवाहर नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Jul 17 2024, 19:38

श्री रामलला दर्शन योजना: सरगुजा अंचल से 850 श्रद्धालु हुए अयोध्या धाम के लिए रवाना

रायपुर।    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गठित नई सरकार द्वारा शुरू की गई श्रीरामलला दर्शन योजना को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह का माहौल है। सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर आज विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल और प्रबोध मिंज ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

अयोध्या धाम यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालु अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर भजन गाते हुए विशेष ट्रेन में सवार होकर रवाना हुए। सभी श्रद्धालुओं की रामलला के दर्शन की अभिलाषा पूरी होने जा रही है। ये श्रद्धालु मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त कर रहे थे। श्रद्धालुओं का कहना था कि मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया है और सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना से अयोध्या जाने की उनकी इच्छा पूरी हो रही है। यह उनका सौभाग्य है।

अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई इस विशेष ट्रेन में सरगुजा संभाग के सभी 06 जिलों जशपुर से 204, सूरजपुर से 147, कोरिया से 108, बलरामपुर से 164, और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से 57 श्रद्धालु और 170 अनुरक्षक भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां ठहरने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।