*संसद में राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में राम मंदिर से लेकर आर्टिकल 370 तक का किया जिक्र, जानें और क्या कहा*
#budgetsession2024presidentdroupadimurmuspeech
![]()
आज से संसद के बजट सत्र का आगाज हो गया है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ संसद का अंतरिम बजट सत्र शुरू हो गया।नए संसद में अपने पहले अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि नए संसद भवन में यह मेरा पहला संबोधन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नए संसद भवन में पहला संबोधन देते हुए कहा कि यहां ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की महक है।
भारत सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक घंटे 13 मिनट तक अपने विस्तृत भाषण में सरकार की नीतियों और विजन का खाका खींचा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने अभिभाषण में कहा कि दुनियाभर में गंभीर संकटों के बीच भारत सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था है और लगातार पिछली दो तिमाही में देश की विकास दर साढ़े प्रतिशत रही। पिछला वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि वाला रहा है।
इन 4 मज़बूत स्तंभों पर खड़ी होगी विकसित भारत की भव्य इमारत- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, विकसित भारत की भव्य इमारत चार स्तंभों- युवा शक्ति, नारी शक्ति, किसान और गरीब पर खड़ी होगी, इन चार स्तंभों को सशक्त करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बीते वर्षों में विश्व ने दो बड़े युद्ध देखे और कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का सामना किया। ऐसे वैश्विक संकटों के बावजूद मेरी सरकार ने देश में महंगाई को काबू में रखा, सामान्य भारतीय का बोझ नहीं बढ़ने दिया।
सरकारी योजनाओं का सकारात्मक असर पड़- राष्ट्रपति
देश की संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, नारीशक्ति का सामर्थ्य बढ़ाने के लिए मेरी सरकार हर स्तर पर काम कर रही है। किसानों के लिए हो रहे प्रयासों को गिनाते हुए उन्होंने कहा, सरकार का प्रयास है कि खेती में लागत कम हो और किसानों को लाभ अधिक हो। उन्होंने कहा कि जनकल्याण की तमाम सरकारी योजनाओं से बदलाव आ रहा है। ये सिर्फ सुविधाएं भर नहीं, देश के नागरिकों के पूरे जीवन-चक्र पर इन योजनाओं का सकारात्मक असर पड़ रहा है।राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी सरकार ने उज्ज्वला योजना पर 2.5 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं। गरीबों को सस्ता राशन देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं। आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज दिया जा रहा है।11 करोड़ घरों को पहली बार नल से जल योजना से जोड़ा गया है। किडनी मरीजों के डायलिसिस की सुविधा दी है। एलईडी बल्ब से बिजली के बिल में बचत लाने की कोशिश की है। योजनाओं को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
राम मंदिर और आर्टिकल 370 का जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मु ने लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राम मंदिर के निर्माण की अकांक्षा सदियों से थी, आज यह सच हो चुकी है।उन्होंने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने को लेकर शंकाएं थीं, आज वे इतिहास हो चुकी हैं।
Jan 31 2024, 13:52