*अयोध्या में गणतंत्र दिवस समारोह पर अधिकारियो ने फहराया तिरंगा झंडा*
अयोध्या।अयोध्या मण्डल में 75वाँ गणतंत्र दिवस परंपरागत एवं हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। अयोध्या मंडल के आयुक्त गौरव दयाल ने आयुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा ध्वज की सलामी ली। उक्त अवसर पर मण्डलायुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था इसे संविधान के निर्माण में राष्ट्रीय नेताओं के साथ-साथ भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका थी इस संविधान लागू होने के पूर्व शासन व्यवस्था ब्रिटेन के राजा के अधीन थी यह संविधान लागू होने से हमारा अपना शासन तंत्र स्थापित हुआ जिसमें शासन करने के सभी पहलुओं का उल्लेख है तथा संविधान में कार्यपालिका न्यायपालिका आदि के अधिकार एवं कर्तव्य अलग-अलग उल्लेखित किए गए हैं।
आम नागरिकों के लिए मूल अधिकार और मूल कर्तव्य भी दिए गए हैं प्रत्येक वर्ष हम लोग 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाते हैं इसका मुख्य उद्देश्य अपने दायित्वों का संविधान के अनुसार समझ कर पालन करें तथा देश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं हमारे संस्कारों के द्वारा ज्ञात है कि हमें क्या करना है हमें संस्कारों एवं संविधान के तहत अनुशासन में रहित अपने दायित्वों का पालन करना चाहिए इसी का हम संकल्प भी लेते हैं हम जहां भी हैं अपने कर्तव्य से राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएं यह एक राष्ट्रीय पर्व है इसमें सभी को भागीदारी लेनी चाहिए तथा अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर आगे बढ़ना चाहिए मैं इस अवसर पर सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में अनुपस्थित कर्मियों पर कार्यवाही करने को कहा। इस अवसर पर आयुक्त प्रशासन अजय कांत सैनी, संयुक्त विकास आयुक्त अरविंदचंद्र जैन, उपनिदेशक सूचना डॉक्टर मुरलीधर सिंह, वरिष्ठ सहायक, विशेष कार्याधिकारी अविनाश पांडे सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किया तथा गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उक्त अवसर पर आयुक्त कार्यालय के अनेक सहायक, विशेष सहायक श्रीे सच्चिदानंद सिंह, पवन कुमार, आकाशवाणी की श्रीमती सरस्वती सहित अनेक अधिवक्ता एवं अनेक प्रतिनिधिगण उपस्थित थे इसके पूर्व आयुक्त द्वारा कैंप कार्यालय पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
75वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश फैजाबाद गौरव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शैलेन्द्र सिंह यादव, अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संचालन में 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के उपलक्ष्य में प्रातः 08.30 बजे दीवानी न्यायालय, फैजाबाद में माननीय जनपद न्यायाधीश फैजाबाद द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का वाचन किया गया, तत्पश्चात् मूल कर्तव्य का शपथ दिलाया गया।
ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं मूल कर्तव्य के शपथ कार्यक्रम में अधिष्ठान के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, बार एसोसियेशन, फैजाबाद के अध्यक्ष, मंत्री एवं सम्मानित अधिवक्तागण व कर्मचारीगण द्वारा प्रतिभाग किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश ने अपने सम्बोधन में भारत के संविधान की प्रस्तावना के अन्तर्गत यह भी कहा गया कि हम, भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतन्त्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखण्डता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के दृढ़ संकल्पित होकर अपनी इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान को आत्मार्पित करने हेतु संविधान के प्रस्तावना की शपथ दिलाई तथा कलेक्ट्रेट परिसर व शहीद उद्यान स्थित में स्थित वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की मूर्तियों पर मल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। तदोपरान्त कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सभा में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कर्तव्य से राष्ट्र मजबूत होता है और अधिकार से व्यक्ति मजबूत होगा इसलिए अधिकार और कर्तव्य दोनों से राष्ट्र मजबूत करते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिक कर्तव्य का अन्तर्मन की गहराइयों से पूर्ण मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा समाज के वंचित एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचना सुनिश्चित करें। प्रत्येक क्षेत्र में समस्त नागरिकों का समान अवसर प्रदान किए जाय यही संविधान की मूल भावना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न विकास परियोजनाएं यथा-राम पथ, धर्म पथ, जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन आदि को रिकॉर्ड समय में पूर्ण करने हेतु समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह सभी के सामूहिक प्रयास से ही संभव हो पाया है। उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा के यूनिक कार्यक्रम के सफल आयोजन की भी बधाई दी तथा कहा कि यह एक ऐतिहासिक कार्य है आज पूरा भारत और पूरी दुनिया अयोध्या को देख रही है।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ अयोध्या को आगे भी विकास के पथ पर समस्त क्षेत्र में आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अभी बहुत कुछ करना बाकी है और अयोध्या को वेटिकन सिटी से भी आगे ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता हमारी ताकत रही है। इस अवसर पर समस्त अपर जिलाधिकारियों द्वारा भी संबोधन किया गया।
इस अवसर पर समस्त एडीएम, सीआरओ, सिटी मजिस्ट्रेट, एआरओ, कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। इसके अलावा गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 7 बजे डा. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में क्रासकन्ट्री रेस का आयोजन किया किया। 7ः30 बजे नगर निगम क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
8ः30 बजे सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया गया। 8ः40 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा 9 बजे स्वालम्बी विद्यालय आचार्य नगर में चरखा यज्ञ एवं सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। 9ः30 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड का आयोजन हुआ तथा 10 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण एवं अभिवादन तत्पश्चात खेलकूद का आयोजित हुई तथा 11 बजे जिला कारागार एवं बाल कारागार एवं कुष्ठ आश्रम में फल आदि का वितरण किया गया तथा स्थानीय चौक घंटाघर में मानव श्रृंखला का एनसीसी व स्काउट के बच्चों द्वारा रूटमार्च किया गया।
12 बजे जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, श्रीराम चिकित्सालय में फल वितरण हुआ तथा नगर निगम एवं समस्त नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों के समस्त वार्डो में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 2 बजे जीआईसी अयोध्या में निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ तथा सायं 6 बजे चौक घंटाघर में साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए सभी व्यक्तियों द्वारा मोमबत्तियों के माध्यम से प्रकाशमय किया गया।
पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने अपने शिविर कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और बधाई दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी कार्यालय पुलिस सिविल कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं बधाई दी विशिष्ट कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित हुआ। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने भी नगर निगम कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनीता यादव ने भी विकास भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय जैन ने भी अपने कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं शुभकामनाएं दी इसी प्रकार मंडलीय जनपद यह कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया एवं राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी गई और मंडल के सभी तहसील एवं ब्लाकों पर ध्वजारोहण किया गया।
Jan 26 2024, 21:37