Purnea

Aug 11 2023, 19:07

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व तैयारी को लेकर डीएम ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई निर्देश

पूर्णिया :- जिलाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में दिनांक 15 अगस्त 2023 (स्वतंत्रता दिवस) की पूर्व तैयारी को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां ससमय करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

 

पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य कार्यक्रम स्थल इंदिरा गांधी स्टेडियम पूर्णिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा।जहां पर झंडोत्तोलन पूर्वाहन 9:00 बजे मुख्य अतिथि पूर्णिया द्वारा किया जाएगा। झंडोत्तोलन के पश्चात पदाधिकारीगण अपने चयनित महादलित टोला में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। महादलित टोलो में साफ सफाई की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया। महादलित टोलो को जोड़ने वाले सड़क को अच्छे स्थिति में करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा शहीद स्मारक एवं समारोह स्थल पर विशेष रूप से साफ सफाई की व्यवस्था नगर निगम पूर्णिया को ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शहीद ध्रुव कुंडू,कुताई साह एवं विभिन्न शहीद स्मारकों की रंगाई पुताई तथा सफाई की व्यवस्था नगर निगम पूर्णिया को सौंपा गया है।

कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल पूर्णिया को मंच निर्माण एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। बारिस के मौसम के आलोक में वॉटरप्रूफ पंडाल लगाने का निदेश दिया गया। 

इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रवेश एवं निकासी द्वार की बैरिकेडिंग एवं प्रवेश एवं निकासी द्वार पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया एवं पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया को दिया गया है।

बारिश के मौसम को देखते हुए जलजमाव से मुक्ति हेतु आवश्यक कार्यवाई करने का निर्देश सिटी मैनेजर, नगर निगम पूर्णिया को दिया गया। कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देश दिया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षित ढंग से निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था तथा लूज विद्युत तार को सुरक्षित करना सुनिश्चित करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रदर्शन सोशल मीडिया फेसबुक वेबकास्टिंग, केबल टीवी आदि के माध्यम से कराने का निर्देश जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्णिया,जिला योजना पदाधिकारी पूर्णिया तथा आईटी प्रबंधक पूर्णिया को समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह का यह अद्भुत दृश्य आम जनमानस तक पहुंच सके।

स्टेडियम एवं पुलिस केंद्र तथा समाहरणालय अवस्थित झंडोत्तोलन मंच एवं ध्वज दंड की रंगाई पुताई की व्यवस्था करेंगे ध्वज दंड अच्छे हालत में हो इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को दी गई है। समाहरणालय चौक आर एन साह चौक से स्टेडियम तक सड़क के दोनों किनारे वृक्षों की भी रंगाई करने का निर्देश दिया गया है।

उक्त अवसर पर विधि व्यवस्था सुदृढ़ एवं यातायात सुगम बनाने को लेकर शहर के सभी चौक चौराहे के यातायात व्यवस्था ट्रैफिक डीएसपी पूर्णिया एवं विधि व्यवस्था नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया को दी गई।

निर्देशित किया गया है कि अपने स्तर से सभी अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे वीवीआइपी वाहन से लेकर स्टेडियम के अंदर वहां आने वाले सभी वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया एवं पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया है कि एंबुलेंस के साथ सभी आवश्यक दवाओं तथा मेडिकल टीम की व्यवस्था निर्धारित स्थानों पर करना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रगान के लिए दो बेहतर टीम तैयार करना सुनिश्चित करेंगे।

उक्त अवसर पर परेड कार्यक्रम जिला सत्र पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी, अग्निशाम दस्ता एवं स्काउट गाइड तथा एनसीसी के बच्चों द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। उक्त सभी टुकड़ियों के प्लाटून परेड में भाग लेंगे। टुकड़ियों का अभ्यास दिनांक 9 अगस्त से 13 अगस्त 2023 तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रातः 8:30 बजे से शुरू होगा।

उक्त अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेल एवं कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। जिसकी सूची तैयार करने के लिए प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा को निर्देश दिया गया।

उक्त कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वरीय पदाधिकारी तथा गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण कार्ड भेजने का निर्देश प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा को दिया गया।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यह राष्ट्रीय पर्व है जिले में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्सव माहौल में संपन्न हो इसके लिए सभी स्तरों पर बेहतर तैयारी किया जाना है।

इस बैठक में उपविकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता,अपर समाहर्ता, पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, निर्देशक डीआरडीए, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्णिया एवं संबंधित पदाधिकारीगण मौजूद थे।

पूर्णिया से जेपी मिश्रा

Purnea

Aug 10 2023, 17:20

डेंगू से घबराने की नहीं बल्कि बचाव और सुरक्षित रहने की जरूरत: सिविल सर्जन

पूर्णिया : बारिश के मौसम में लोगों पर अपने और अपने परिवार को संक्रमित होने वाली बीमारियों से बचाने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। इस मौसम में डेंगू का भी खतरा बढ़ने लगता है। वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार ने पत्राचार कर इस बाबत आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। 

उन्होंने कहा है कि राज्य में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। जिस कारण बिहार के अधिकांश जिलों में डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग काफी सतर्क है। स्थानीय स्तर पर सिविल सर्जन और जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी जिलेवासियों को जागरूक कर बचाव और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 

डेंगू जैसी बीमारी से घबराने की नहीं बल्कि बचाव और सुरक्षित रहने की जरूरत: सिविल सर्जन 

सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी ने बताया कि डेंगू एक गंभीर बीमारी है। जो एडीज एजिप्टी नामक प्रजाति के मच्छरों से फैलता है। इसके कारण प्रत्येक वर्ष बहुत लोगों की मृत्यु हो जाती है। जब कोई मच्छर डेंगू बुखार से ग्रस्त किसी रोगी को काटता और फिर वही मच्छर जब किसी स्वस्थ व्यक्ति को काट लेता है, तो उसका वायरस स्वस्थ व्यक्ति के खून में पहुंच जाता है। जिस कारण स्वस्थ व्यक्ति को भी डेंगू बुखार हो जाता है। मच्छर के एक बार काटने से भी डेंगू होने की संभावना प्रबल रहती है। इन सभी बीमारियों से बचाव और सुरक्षित रहने के लिए विशेष रूप से सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं बल्कि इससे बचने की जरूरत है। डेंगू के लक्षण की जानकारी अधिकांश लोगों को नही रहती है। जिस कारण समय रहते उसका उपचार नहीं हो पाता है। नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों से चिकित्सीय परामर्श लेकर इससे बचाव किया जा सकता है। 

सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य या संक्रमित बीमारियों के लिए बेहतर: डॉ आरपी मंडल

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि पूर्णिया पूर्व में डेंगू के दो मरीज मिला हुआ है जिसका उपचार चल रहा है। हालांकि इससे बचने के लिए दिन में भी सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य या संक्रमित बीमारियों के लिए बेहतर साबित होता है। मच्छर भगाने वाली क्रीम या दवा का प्रयोग दिन में करना स्वास्थ्य के लिए कारगर उपाय होता है। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना चाहिए। घर के सभी कमरों की ठीक से सफाई, टूटे-फूटे बर्तनों, कूलर, एसी, फ्रीज में पानी जमा नहीं होने देना, पानी टंकी और घर के आसपास अन्य जगहों पर भी पानी नहीं होना, घर के आसपास साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए और कीटनाशक दवा का इस्तेमाल करने से डेंगू जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। 

पहले डेंगू हो चुके व्यक्तियों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत: सोनिया मंडल 

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार सोनिया मंडल ने बताया कि बरसात के दिनों में डेंगू एवं चिकनगुनिया के मरीज की संख्या बढ़ जाती है। 

डेंगू या अन्य बीमारियों से संक्रमित करने वाले मच्छर दिन में ही काटते और स्थिर एवं साफ पानी में पनपते हैं। अगर किसी भी व्यक्ति के शरीर में तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द हो तो सतर्क हो जाएं। इतना ही नहीं बल्कि आपके त्वचा पर लाल धब्बे या चकते का निशान, नाक- मसूढ़ों से या उल्टी के साथ रक्तस्राव होना और काला पखाना होना डेंगू के लक्षण हैं। 

इन लक्षणों के साथ यदि तेज बुखार हो तो तत्काल नजदीकी अस्पताल जाएं और अपना इलाज करवाएं। यदि किसी व्यक्ति को पहले डेंगू हो चुका है तो उसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे व्यक्ति दोबारा डेंगू बुखार की आशंका होने पर सरकारी अस्पताल या फिर चिकित्सकों से संपर्क करें। 

डेंगू बुखार के मुख्य लक्षण: -

- डेंगू वायरस से संक्रमित होने के 3 से 14 दिनों के बाद ही किसी व्यक्ति में लक्षण दिखते हैं। 

- डेंगू वायरस के खून में फैलने के एक घंटे में ही संधियों में दर्द शुरू हो जाता और व्यक्ति को 104 डिग्री तक बुखार भी आता है। 

- उच्च रक्तचाप का तेजी से गिरना और हृदयगति का कम होना।

- आंखों का लाल होना और दर्द होना।

- चेहरे पर गुलाबी दाने निकलना डेंगू का सूचक है।

- भूख ना लगना, सिर दर्द, ठंड लगना, बुखार आना। इन चीजों के साथ डेंगू की शुरुआत होती है।

- यह सभी लक्षण डेंगू के पहले चरण में होते हैं। यह चार दिन तक चल सकते है।

- डेंगू के दूसरे चरण में बढ़ा हुआ शरीर का तापमान कम हो जाता और पसीना आने लगता है। इस समय शरीर का तापमान सामान्य होकर रोगी बेहतर महसूस करने लगता है। लेकिन यह एक दिन से ज्यादा नहीं रहता।

- डेंगू के तीसरे चरण में शरीर का तापमान पहले से और अधिक बढ़ने लगता और पूरे शरीर पर लाल दाने दिखने लगते हैं।

पूर्णिया से जेपी मिश्र

Purnea

Aug 10 2023, 17:19

पूर्णिया के नगर प्रखंड के 4 पंचायत के 12 गांवों में घूसा कोसी नदी का पानी, जन-जीवन अस्त-व्यस्त

पूर्णिया : बीते रविवार से रुक रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गुरुवार शाम पूर्णिया के केनगर प्रखंड के 4 पंचायत के 12 गांवों में कोसी नदी का पानी घुस गया। 

कनगर के पंचायत राज बनभाग चूनापुर, परोरा, गणेशपुर, बिठनौली पूर्व, बिठनौली पश्चिम, गोकुलपुर, काझा जैसे गांव में न सिर्फ ग्रामीण सड़क बल्कि सैकड़ों घरों में घुटने भर पानी के प्रवेश कर जाने से गांव में तालाब जैसी स्थिति बन गई है। इससे ग्रामीण जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। 

हालात ऐसे हैं कि लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण बच्चों को लेकर काफी सहमे हुए हैं। गांव में घुटने भर पानी प्रवेश कर जाने से बच्चों के डूबने का खतरा बढ़ गया है। 

बारिश से किसानों के खेत में लगे धान की फसल बर्बाद हो गए हैं। धान की फसले बारिश के पानी में डूबने से किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। 

किसानों का कहना है कि पहले तो सूर्य की तेज तपिश से धान की फसल खेत मे सूखने लगी। उसे किसी तरह सिंचाई कर बचाया गया। अब रविवार से गुरुवार शाम तक हुई बारिश ने धान की फसल हो बर्बाद कर दिया है। 

 

बारिश से बढ़े कोसी नदी का पानी इन गांवों में प्रवेश कर जाने से

सैकड़ों घरों में पानी घूस गया है। बनभाग परोरा पंचायत के दर्जनों घर पानी में डूब गए हैं। लोग सड़कों व रेलवे की पटरी पर शरण लिए हुए हैं और पानी के कम होने का इन्तेजार कर रहे हैं। 

जिला परिषद सदस्य देशबंधु कुमार उर्फ बूलबूल ने बताया कि घर में पानी घूस जाने के कारण भोजन भी नहीं बन पा रहा है। लोग मुढी़ चूडा़ खाकर अपनी जान बचाने को विवश है। परोरा में हुए नाला का निर्माण पानी निकासी के लिए कराया गया है वो खुद जलजमाव की समस्या का मुख्य कारण बन गया है। निर्माण कार्य में लगे संवेदक ने अपने फायदे को देखते हुए नाला का निर्माण किया है। जिस कार्य योजना के तहत नाले को पानी की निकासी के लिए नहर से जोडा़ गया है। उसी नहर से पानी उल्टे नाले के रास्ते घरों में घूस रहा है। इससे और ज्यादा परेशानी यहां के लोगों को हो रही है। ऐसे में बनभाग निवासी ग्रामीण शबाना खातून , मो इस्ताबुर, रहीना खातून, राज कुमार यादव, बीरबल ,महेश, मो मुबस्सिर, जुबैदा जैसे पीड़ितों की मांग है कि सरकार इस ओर ध्यान देकर जलमाव की संकट झेल रहे पीड़ितों को मुआवजा दे। साथ ही लोगों ने सरकार से फसल क्षति व घरों में घुसे पानी की नुकसान सहित भरपाई की मांग की है।

पूर्णिया से जेपी मिश्र

Purnea

Aug 09 2023, 17:04

नवजात शिशुओं का संपूर्ण टीकाकरण जरूरी: डीआईओ

नियमित टीकाकरण दिवस-दिसंबर तक मिजल्स तथा रुबैला के उन्मूलन को लेकर वृहत पैमाने पर किया जा रहा प्रचार प्रसार:--

विभिन्न संक्रमित बीमारियों से सुरक्षित करने को लेकर चिकित्सा पदाधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा निर्देश::- सिविल सर्जन 

नियमित टीकाकरण में 12 प्रकार की जानलेवा बीमारियों से बचाव को किया जाता है टीकाकरण: एमओआईसी 

खसरा एवं रुबैला पर प्रभावी नियंत्रण व उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण को पहले से भी अधिक सशक्त माध्यम बनाकर नवजात शिशुओं का शत प्रतिशत टीकाकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 

सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी ने बताया कि नियमित टीकाकरण सत्रों के अलावा सघन मिशन इंद्रधनुष के सभी चक्रों में मिजल्स और रुबैला के टीकाकरण से वंचित बच्चों में टीके की दोनों डोज देकर इस बीमारी से सुरक्षित करने को लेकर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। 

जिसको लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने बिहार के सभी जिलों के सिविल सर्जन को पत्र लिखा है। जिसमें दिसंबर 2023 को मिजल्स तथा रुबैला के उन्मूलन वर्ष को ध्यान में रखते हुए वृहत पैमाने पर प्रचार प्रसार करने को कहा गया है। 

नवजात शिशुओं का संपूर्ण टीकाकरण जरूरी: -----डीआईओ 

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ विनय मोहन ने कहा कि इस समय नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। जिसमें उनका संपूर्ण टीकाकरण करा कर भविष्य में होने वाली कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जा सके। 

बच्चे के जन्म पर बीसीजी,ओरल पोलियो वैक्सीन और हेपेटाइटिस बी का टीका देना होता है। वहीं छः सप्ताह पर पेंटावेलेंट, 10 सप्ताह पर पेंटावेलेंट ओपीवी टू, रोटावायरस टू, 14 सप्ताह पर पेंटावेलेंट, ओपीवी थ्री, रोटावायरस थ्री, आईपीवी टू, पीसीवी टू दिया जाना है। वहीं 9 से 12 महीनों पर खसरा और रुबैला वन टीका देना जरूरी होता है। जबकि 16 से 24 महीनों पर खसरा, डीपीटी बूस्टर वन, ओपीवी बूस्टर और 5 से 6 साल पर डीपीटी बूस्टर टू का टीका दिया जाता है। इसके बाद 10 वर्ष के बाद और 16 वर्ष पर टेटनस एंड एडल्ट डिप्थेरिया का टीका दिया जाता है। 

नियमित टीकाकरण में 12 प्रकार की जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए किया जाता है टीकाकरण: एमओआईसी 

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार झा ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में हमलोग टीकाकरण कार्यक्रम को संचालित करते हैं। 

स्थानीय यूपीएचसी में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और एएनएम के द्वारा नवजात शिशुओं के लिए प्रतिदिन टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। 

हालांकि विशेष रूप से क्षेत्रों में अभियान चलाकर नवजात शिशुओं और गर्भवती महिलाओं सहित धात्री माताओं का टीकाकरण कार्य किया जाता है। 

क्योंकि रोस्टर के अनुसार एएनएम द्वारा विभिन्न वार्ड के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सभी तरह के टीके लगाए जाते हैं। नियमित टीकाकरण के अंतर्गत 12 प्रकार की जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाता है।

 नियमित टीकाकरण के आच्छादन में गिरावट होने से जानलेवा बीमारियों के संक्रमण बढ़ने की संभावना बनी रहती है। छूटे हुए बच्चों में वैक्सीन प्रीवेंटबल डिजीज के संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका बनी रहती है।

 नियमित टीकाकरण दिवस (बुधवार एवं शुक्रवार) को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सत्र स्थलों पर जाकर अनिवार्य रूप से अपने बच्चों को टीके लगवाना चाहिए।

Purnea

Aug 09 2023, 16:23

मेरी माटी मेरा देश - माटी का नमन वीरों का वंदन कार्यक्रम का किया गया आयोजन

नेहरू युवा केन्द्र पूर्णिया एवं भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज पूर्णिया के संयुक्त तत्वावधान में मेरी माटी मेरा देश - माटी का नमन वीरों का वंदन कार्यक्रम का आयोजन भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज पूर्णिया के प्रांगण में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कर्नल मनीष वर्मा 35 बिहार बटालियन एनसीसी , पूर्णिया को नेहरू युवा केन्द्र पूर्णिया के जिला युवा अधिकारी सत्य प्रकाश यादव के द्वारा पौधा एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा पौधा रोपण किया एवं पंच प्रण सपथ दिलाया गया।

 तत्पश्चात श्री यादव ने कार्यक्रम के महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेरी माटी मेरा देश माटी का नमन वीरों का वंदन करते हुए आज के दिन वृहद पैमाने पर पौधा रोपण किया जाना है जिसकी शुरुआत भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज पूर्णिया के साथ जिले के सभी पंचायत में नेहरू युवा केन्द्र पूर्णिया के स्वयंसेवकों द्वारा 09-15 अगस्त 2023 तक पौधा रोपण कार्यक्रम किया जाएगा। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कर्नल मनीष वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को आगे बढ़कर वीरों एवं शहीदों के परिवारों का ख्याल रखना चाहिए और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए तभी हम लोगों का वीरों एवं शहीदों के प्रति सच्ची देशभक्ति पैदा होगी। 

प्राचार्य डॉ पारस नाथ, भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हमलोग कई तरह के परेशानियों से जूझ रहे हैं इसके निवारण के लिए नेहरू युवा केन्द्र एवं भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज पूर्णिया द्वारा वृहद पैमाने पर पौधा रोपण कार्य किया जा रहा है जो 15 अगस्त 2023 तक लगातार अभियान के रूप में

 चलेगा। मौके पर डॉ जनार्दन प्रसाद, डॉ पंकज कुमार यादव, कृषि कालेज पूर्णिया ने भी युवाओं से आह्वान किया कि पौधा रोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में एक अभियान के रूप में लें। कार्यक्रम को सफल बनाने में डा पंकज कुमार, भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेज, मुरली मनोहर भारती नेहरू युवा केन्द्र पूर्णिया, के पी यादव, श्री गोपाल लाल चौधरी, महेंद्र पाल, प्रकाश यादव, विनित कुमार सिंह, नवीन चंद आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 पौधा रोपण कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवकों एवं भोला पासवान शास्त्री कृषि कालेरज पूर्णिया के एन एस एस इकाई एवं एन सी सी के सैकड़ों सदस्यों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।

Purnea

Aug 09 2023, 09:46

बारिश ने मेडिकल कॉलेज के हाईटेक और अपग्रेड होने के दावों की खोली पोल,GMCH पूर्णिया बेहाल

पूर्णिया : जिले में बारिश से GMCH पूर्णिया बेहाल है। बारिश ने मेडिकल कॉलेज के हाईटेक और अपग्रेड होने के दावों की पोल खोलकर रख दी है। जोरदार बारिश की वजह से लेबर वार्ड के ऑपरेशन थियेटर, सर्जरी रूम, महिला वार्ड और नर्स रूम में लबालब पानी भरा है। तेज बारिश के बाद ये वार्ड झील में तब्दील हो गए। जिसके चलते कुछ मरीज घर वापस लौट गए तो वहीं कुछ मरीजों को कहीं और शिफ्ट किया गया है। 

बारिश का पानी जीएमसीएच के रीजनल वैक्सीन सेंटर में प्रवेश कर जाने से लाखों का वक्सिन नष्ट हो गया। वैक्सीन सेंटर की मशीनें जल गईं हैं।

इससे भी बदतर हालात जीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड, एसएनसीयू, महिला वार्ड और आरवीएस तक जाने वाले रास्ते की है। जिससे मरीज और उनके परिजनों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

हालात ऐसे हैं कि इन महत्वपूर्ण वार्डों तो जाने में गर्भवती महिलाओ को खासी परेशानी हो रही है। यहां भारी बारिश के बाद घुटने से ऊपर तक पानी भर गया है। बारिश के पानी में एंबुलेंस से लेकर ऑटो तक फंस गए।

मिडिया से बात करते हुए डिस्ट्रिक्ट इम्युनाइजेशन ऑफिसर डॉक्टर विनय मोहन ने बताया कि सुबह रिनल वैक्सीन सेंटर में बारिश का पानी प्रवेश कर गया। जिससे कमरे रखे 4 जिलों के लाखों के वैक्सीन नष्ट हो गए। वैक्सीन पानी में तैरते नजर आ रहे हैं। मशीनें नष्ट हो गई हैं। आरवीएस में रखा वैक्सीन बर्बाद हो गया है। एक वैक्सिन की कीमत 1500 आती है। 

वही जीएमसीएच के सुप्रीटेंडेंट वरुण कुमार ठाकुर ने कहा कि जीएमसीएच में निर्माणाधीन कार्य चलने के कारण इस तरह के हालात बने हैं। मोटर से पानी निकाला जा रहा है। इमर्जेंसी में एडमिट होने वाली प्रसूता के लिए वैकल्पिक हल निकाला जा रहा है।

पूर्णिया से जेपी मिश्र

Purnea

Aug 08 2023, 19:50

घर में घुसे बारिश के पानी में डूबने से 5 माह के बच्चे की हुई मौत, परिवार मे मातम


पूर्णियां : के के.हाट थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी में घर में घुसे बारिश के पानी में डूबने से 5 माह के बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से घर में मातम पसरा है। 

बच्चे की मां का कहना है कि बच्चे को दूध पिलाने के बाद उनकी आंख लग गई। इसी दौरान करवट लेने पर बच्चा घर में घुसे पानी में जा गिरा। उनकी नींद खुली तो बच्चे को घर में घुसे पानी में डूबा पाया। 

आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़ी। जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

वहीं इस घटना ने बारिश को लेकर की गई निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। 

बच्ची की नानी गीता देवी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते हाउसिंग कॉलोनी के दर्जनों घर में पानी घुस गया था। इनमे से एक घर उनका भी है। पानी घुसने से चौकी पर सो रही मां की पांच महीने की बच्ची करवट लेते ही नीचे पानी में गिर गयी। जिससे बच्ची की मौत हो गयी। 

बच्ची की मां ने बताया कि सुबह वे अपनी बेटी को दूध पिला कर सुला दी थी। पूरी रात जगने के कारण उसे भी नींद लग गई। इसी दौरान उनकी बेटी चौकी पर से नीचे गिर गई। जब तक जीएमसीएच लेकर जाते बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घरवाले मासूम की मौतम का जिम्मेवार नगर निगम को मानती हैं। 

उनका कहना है कि घर में बरसात का पानी नहीं जमा होता तो बच्ची की मौत नहीं होती।

पूर्णिया से जेपी मिश्र

Purnea

Aug 07 2023, 18:50

स्वास्थ्य संस्थानों में स्तनपान सप्ताह के अंतिम दिन हेल्दी बेबी शो का हुआ आयोजन

पूर्णिया : शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, नवजात शिशुओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ ही कुपोषण से बचाने तथा माताओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए 01 से 07 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। 

सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी ने बताया कि विगत दिनों जिलाधिकारी कुंदन कुमार के साथ समीक्षा बैठक के दौरान निर्णय लिया गया था कि स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया जाना है। जिसके आलोक में सप्ताह के अंतिम दिन जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। पूर्णिया पूर्व प्रखंड मुख्यालय स्थित शहरी आईसीडीएस के सभागार में पूर्णिया पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार की अध्यक्षता में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर एमओआईसी डॉ शरद कुमार, सीडीपीओ लक्ष्मी कुमारी, बीएचएम विभव कुमार, सिफार के धर्मेंद्र रस्तोगी, महिला पर्यवेक्षिका मधु यादव, सविता, मालती देवी, पूनम भारती, आकांक्षा सिन्हा, आरएमएनसीएच के परामर्शी महम्मद सोहैल रजा के अलावा आईसीडीएस की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित थे। 

पूर्णिया पूर्व में हेल्दी बेबी शो आयोजित कर किया गया सम्मानित:- एमओआइसी 

पूर्णिया पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने कहा कि राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी व सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। 

आयोजन के दौरान बताया गया कि नवजात के जन्म के प्रथम एक घंटे में स्तनपान शुरू करने एवं प्रथम छः महीने तक केवल स्तनपान करने वाले शिशुओं को लाभ होता है। इससे नवजातों में मृत्यु की संभावना 20 प्रतिशत तक कम हो जाती है। 

शिशुओं में डायरिया एवं निमोनिया से होने वाली मृत्यु की संभावना क्रमश: 11 गुणा एवं 15 गुणा कम हो जाती है। शिशुओं का समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। वयस्क होने पर संचारी बीमारियों के होने का खतरा कम हो जाता है। सबसे अहम बात यह है कि स्तनपान कराने वाली माताओं में रक्तस्राव जल्द बंद होने के साथ ही स्तन एवं ओवरी कैंसर होने का खतरा कम रहता है। 

स्तनपान से होने वाले लाभ एवं डिब्बा बंद दूध, बोतल के नुकसान को लेकर उन्मुखीकरण: सीडीपीओ

पूर्णिया शहरी क्षेत्र की सीडीपीओ लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि एक से सात अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह समेकित बाल विकास सेवा निदेशालय एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से मनाया जा रहा है। 

इस दौरान विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से माताओं को स्तनपान के महत्व की जानकारी एवं स्तनपान कराने को लेकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। 

ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित टीकाकरण कराने वाली एएनएम, आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित अन्य कर्मियों को स्तनपान से होने वाले लाभ एवं डिब्बा बंद दूध या बोतल एवं निपल के प्रयोग से होने वाले नुकसान के संबंध में उन्मुखीकरण किया जा रहा है। 

वीएचएसएनडी में सभी दो वर्ष तक के बच्चों की माताओं को बुलाकर शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार अभ्यासों तथा उनके बच्चों के पोषण स्तर में हुए सुधार के आधार पर चिह्नित माताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। 

हेल्दी बेबी शो में शामिल माताओं को स्वस्थ शिशु प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित: बीएचएम

पूर्णिया पूर्व पीएचसी के बीएचएम विभव कुमार ने कहा कि हेल्दी बेबी शो के दौरान प्रथम पुरस्कार के रूप में रुद्र कुमार, द्वितीय पुरस्कार पूरब राज जबकि सानवी दास और इशिका को तृतीय पुरस्कार के रूप में शामिल माताओं को स्वस्थ शिशु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। हेल्दी बेबी शो के दौरान जच्चा एवं बच्चा दोनों के सभी तरह के टीकाकरण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मां का हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से कई प्रकार के उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जन्म से लेकर 6 महीने तक सभी मां अपने- अपने बच्चे को अनिवार्य रूप से स्तनपान कराएं। बच्चे के शरीर में पोषक तत्व अमृत के समान पाया जाता है।

पूर्णिया से जेपी मिश्र

Purnea

Aug 06 2023, 13:40

बिपाशा बसु ने रोते हुए सुनाई बेटी की दर्दनाक कहानी, बोलीं- बेटी के दिल में थे दो छेद, 3 महीने की उम्र में हुई ओपन हार्ट सर्जरी

डेस्क: बॉलीवुड फिल्मों से लंबे वक्त से दूर रहने वाली बिपाशा बसु हाल में ही मां बनी हैं। अपनी बोल्ड अदाओं से हर किसी को अपना दीवाना बनाने वाली एक्ट्रेस हाल में ही मां बनी हैं। एक्ट्रेस ने बेटी को जन्म दिया और उसके बाद से ही वो बेबी की पेरेंटिंग में लगी हुई हैं। बिपाशा बसु ने हाल में ही अपनी बेटी को लेकर एक खुलासा किया है। नेहा धूपिया से एक चैट शो में बात करते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि उनका बीता कुछ वक्त काफी मुश्किलों से भरा रहा। उनकी बेटी को भी बड़े मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा।

बिपाशा ने बताई अपनी पेरेंटिंग जर्नी

नेहा धूपिया ने बिपाशा से पेरेंटिंग और मम्मी बनने पर सवाल पूछा, जिसका बिपाशा ने जवाब देते हुए कहा कि उनका और उनके पति करण सिंह ग्रोवर का पेरेंट्स बनना बाकी लोगों से काफी मुश्किल रहा। बिपाशा ने कहा कि ऐसा दौर किसी मां की जिंदगी में न आए। एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी बेटी जब पैदा हुई तो पता चला कि उसके दिल में दो छेद थे और वो काफी बड़े थे। ये जानकारी उन्हें बेबी के पैदा होने के तीसरे दिन ही पता चल गई थी। डॉक्टर्स ने उन्हें बताया की उनकी बेटी को वेंट्रिकुलर सेप्टल डीफेक्ट है, जिसके बारे में उन्होंने कभी सुना भी नहीं था।

डॉक्टर्स ने बताया बेटी के दिल में हैं दो छेद

बिपाशा बसु बताती हैं, 'जैसा कि होता है, बच्चों के दिल का छेद अमूमन बड़े होने के साथ खुद भर जाता है, ठीक ऐसा ही सोचा था, लेकिन हमारे साथ ऐसा नहीं हुआ। मैं और करण किसी से कह नहीं पाए और काफी परेशान हो गए। शुरुआती पांच महीने काफी मुश्किल थे। हर महीने स्कैन कराने के लिए कहा गया, पता चला कि हमारी बेटी के दिल के छेद नॉर्मल से बड़े थे। ऐसे में इनका खुद भरना बहुत मुश्किल था।

ऐसे में सर्जरी करने की डॉक्टर्स ने सलाह दी और कहा कि तीन महीने की उम्र में ही ओपन हार्ट सर्जरी कराना सबसे सही होता है। लोगों ने अलग-अलग सलाह दी, लेकिन मैं लगातार रिसर्च करती रही। इस बीच डॉक्टर्स से मिलती रही। करण इस सर्जरी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन मैं तैयार हो गई थी। ये थोड़ा कठिन था कि छोटे से बच्चे को सही समय पर सही इलाज मिलना, लेकिन हमें उसके लिए सही फैसला लेना पड़ा। 6 घंटे तक ऑपरेशन चला।'

ऐसे मिली बिपाशा को हिम्मत

एक्ट्रेस बताती है कि वो थोड़ी डरपोक हैं, लेकिन इस बार वो नहीं डरीं। उनके पति करण बहादुर हैं, लेकिन वो काफी ज्यादा परेशान हो गए थे। एक्ट्रेस ने बाकी पेरेंट्स को भी सलाह दी कि ऐसी स्थिति में डर के देरी नहीं करनी चाहिए, बल्कि बच्चे के लिए सही निर्णय, सही समय पर लेना चाहिए। एक्ट्रेस का कहना है कि वो ये उन लोगों के लिए साझा कर रही हैं, जो ऐसी मुश्किलों से जूझ रहे हैं।

उनका कहना है कि उन्होंने भी बहुत सी मांओं से सीखा है, ऐसे में वो उनके साथ अपनी जर्नी शेयर करना चाहती थी, ताकि वो भी सही फैसला ले सकें। साथ ही एक्ट्रेस बताती हैं कि उनकी बेटी बहुत बहादुर है और वो ऐसी स्थिति में भी हंसती खेलती रही। वो कभी सुस्त नहीं पड़ी। नेहा धूपिया बिपाशा की जर्नी सुनने के बाद रो पड़ी। वहीं बिपाशा ने बताया कि सही निर्णय लेने की हिम्मत उन्हें कई मांओं से मिली, जिन्होंने समझाया कि बच्चे के लिए खड़े हो।

दिखाया बेटी का चेहरा

बिपाशा बताती है कि बेटी के सीने पर स्कार्स हैं, जो कि हमेशा रहेंगे, लेकिन वो घबराएगी नहीं। वो इसे फ्लॉन्ट करेगी, ये उसकी जीत का बैज है। एक्ट्रेस ने बात करते हुए पहली बार बेटी की चेहरा भी पूरी तरह दिखाया।

Purnea

Aug 05 2023, 18:52

मां का दूध विकल्प नही बल्कि संकल्प थीम की शत प्रतिशत सफ़लता को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का किया गया आयोजन

बच्चों के लिए मां का दूध श्रेष्ठ ही नहीं बल्कि जीवन रक्षक:

नवजात शिशुओं के रोग-प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि के लिए नियमित रूप से स्तनपान कराना जरूरी: शिशु रोग विशेषज्ञ

दूध पिलाने वाली 72% माताओं को बीमारी का खतरा कम: यूनिसेफ

पूर्णिया, 05 अगस्त।

विश्व स्तनपान सप्ताह (01 से 07) की शत प्रतिशत सफ़लता को लेकर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल परिसर स्थित सभागार में सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में "मां का दूध विकल्प नही बल्कि संकल्प" थीम के तहत  एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी, जीएमसीएच के शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष  डॉ प्रेम प्रकाश, डीपीएम सोरेंद्र कुमार दास, डीसीएम संजय कुमार दिनकर, डीपीसी डॉ सुधांशु शेखर, पिरामल स्वास्थ्य के डीटीएल आलोक पटनायक, आकांक्षी जिला कार्यक्रम अधिकारी संजीव सिंह, यूनिसेफ की ओर से राष्ट्रीय पोषण अभियान के जिला समन्वयक देवाशीष घोष,

सिफार के धर्मेंद्र रस्तोगी, पीरामल के सनत गुहा, जियाउद्दीन, नम्रता सिन्हा के अलावा जिले के सभी आरएमएनसीएच और आईसीडीएस के प्रखंड समन्वयक सहित कई अन्य अधिकारी कर्मी उपस्थित थे।

बच्चों के लिए मां का दूध श्रेष्ठ ही नहीं बल्कि जीवन रक्षक:

सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी ने कहा कि नवजात शिशु अपनी मां का दूध पीकर सदैव स्वस्थ्य रहता है। बता दें कि मां का दूध जिन बच्चों को बचपन में पर्याप्त मात्रा में पीने के लिए नहीं मिलता  उनको बचपन में शुरू होने वाली मधुमेह की बीमारी अत्यधिक होती है। साथ ही बुद्धि का विकास उन बच्चों में दूध पीने वाले बच्चों की अपेक्षाकृत कम होता है। अगर बच्चा समय से पूर्व जन्मा (प्रीमेच्योर) हो, तो उसे बड़ी आंत का घातक रोग, नेक्रोटाइजिंग एंटोरोकोलाइटिस हो सकता है। इसलिए मां का दूध छह से आठ महीने तक बच्चे के लिए श्रेष्ठ ही नहीं बल्कि जीवन रक्षक भी होता है।

नवजात शिशुओं की रोग-प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि के लिए नियमित रूप से स्तनपान कराना जरूरी: डॉ प्रेम प्रकाश

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल के शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ प्रेम प्रकाश ने कहा कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने वाले नवजात शिशुओं में मृत्यु की संभावना लगभग 20 प्रतिशत तक कम हो जाती है। इसके साथ ही पहले छह महीने तक केवल स्तनपान करने वाले शिशुओं में डायरिया एवं निमोनिया से होने वाली मृत्यु की संभावना 11 से 15 प्रतिशत तक कम हो जाती है। स्तनपान करने वाले शिशुओं का समुचित ढंग से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है एवं वयस्क होने पर उसमें गैर संचारी (एनसीडी) बीमारियों के होने की भी संभावना बहुत कम होती है। इसके साथ ही स्तनपान कराने वाली माताओं में स्तन एवं ओवरी कैंसर होने का खतरा भी नहीं होता है।

दूध पिलाने वाली 72% माताओं को बीमारी का खतरा कम: यूनिसेफ

यूनिसेफ के जिला पोषण अभियान के जिला समन्वयक देवाशीष घोष ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशुओं के लिए अमृत समान होता है। क्योंकि जन्म से लेकर छह माह तक यदि एक नवजात शिशु को मां का दूध पिलाया जाए तो मां को 72 प्रतिशत स्वास्थ से संबंधित किसी भी प्रकार की बीमारी नहीं होती है। साथ ही 28 प्रतिशत स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) में कमी और 30 प्रतिशत मधुमेह में भी कमी आती है। जो मां अपने बच्चों को दूध पिलाती हैं तो उसमें से 17 प्रतिशत महिलाओं में हार्ट अटैक का खतरा कम होता है। साथ ही 10 प्रतिशत अन्य रोगों में भी कमी आती है। वहीं 50 प्रतिशत महिलाओं को थायराइड से बचाव हो सकता है।