Rohtas

Jul 21 2023, 16:47

वाहन जांच अभियान के दौरान 1.36 लाख रुपए वसूला गया जुर्माना

रोहतास। जिले में सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर के पुरानी जीटी रोड पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान शहर के विभिन्न जगहों पर सड़क दुर्घटना में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों से बड़े पैमाने पर जुर्माना वसूला गया तथा कई वाहन चालकों को कड़ी फटकार भी लगाई गई। जांच अभियान के संदर्भ में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू सिंह ने बताया कि जिले में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिससे लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान दर्जनों दुपहिया व चारपहिया वाहनों को पकड़कर उनके कागजात आदि की जांच कराई गई। वहीं बिना हेलमेट, प्रदुषण, फीटनेस, अधुरे कागजात, सीटबेल्ट एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना राशि भी वसूल किया गया। डीटीओ ने बताया कि इस दौरान कुल 32 वाहनों से लगभग एक लाख 36 हजार रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई है। हालांकि चेकिंग अभियान को देखकर कुछ वाहन चालक इधर उधर भागते हुए भी देखे गए।

डीटीओ ने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने एवं सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए आगे भी यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। वाहन जांच के दौरान प्रशिक्षु एमभीआई, एएसआई सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Rohtas

Jul 21 2023, 16:14

रोहतास के पर्यटन स्थल बनेंगे बिहार के नए इको टूरिज्म डेस्टिनेशन- अभय कुमार सिंह, सचिव, बिहार पर्यटन

पर्यटन स्थलों के समग्र विकास हेतु पर्यटन सचिव ने किया निरीक्षण, पर्यटकीय सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश

रोहतास। बिहार में इको टूरिज्म के सम्यक विकास की संभावनाओं पर पर्यटन विभाग सतत कार्यशील है। विभागीय सचिव अभय कुमार सिंह ने इको सर्किट के विकास को लेकर रोहतास के विभिन्न पर्यटन स्थलों का गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पर्यटन स्थलों के विस्तृत विकास हेतु योजना बनाकर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। ताकि रोहतास के पर्यटन स्थल राज्य में इको टूरिज्म के नए डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो सके। 

उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण के क्रम में पर्यटन सचिव ने सबसे पहले शेरगढ़ किले के नीचे खाली पड़ी लगभग 5 एकड़ जमीन का मुआयना किया और कहा कि शेरगढ़ किला देखने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिसको देखते हुए उनके लिए और भी सुविधाएं विकसित करने की योजना पर पर्यटन विभाग काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां एक वृहत इंटरटेनमेंट और एक्टिविटी जोन के निर्माण पर विचार किया जा रहा है, जहां कैफेटेरिया, झूले, रॉक क्लाइम्बिंग, गो-कार्टिंग जैसी सुविधाएं देकर पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और वन प्रमंडल पदाधिकारी, रोहतास को जमीन को चिन्हित करते हुए एक सप्ताह में पर्यटन विभाग को विस्तृत विवरणी देने के निर्देश दिए। ताकि इस योजना पर अविलंब कार्य शुरू किया जा सके।  

इसके बाद पर्यटन सचिव ने अधिकारियों के साथ दुर्गावती जलाशय का निरीक्षण किया और जलाशय में नौका विहार करने के बाद कहा कि यहां पूर्व से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के द्वारा बड़े बोट संचालित किए जा रहे हैं, इसके साथ ही यहां पर्यटन विभाग भी 4 और 6 सीटर वाले छोटे बोट संचालित करेगा ताकि छोटे परिवार या दोस्तों के साथ आने वाली छोटी टोली भी आकर जलाशय में नौका विहार कर सके। सचिव ने तदोपरांत सीता कुंड का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग को और विस्तृत करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को दिए। 

सचिव ने इसके उपरांत मांझर और धुआं कुंड का जायजा लिया और कहा कि पर्यटन विभाग मांझर कुंड और धुआं कुंड के विस्तृत विकास के लिए पूरी कार्ययोजना बना चुका है। यहां पर्यावरणीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए कैफेटेरिया, गैजिबो और झूला ब्रिज आदि लगाकर पर्यटकों के लिए टूर पैकेज विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।

उन्होंने यहां पूर्व निर्मित संरचनाओं को जीर्णोद्धार कर पर्यटकीय सुविधाएं निर्मित करने के निदेश दिए। सचिव ने रोहतासगढ़ रज्जू मार्ग योजना का स्थल निरीक्षण किया और एजेंसी को निश्चित समयावधि में कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए। सचिव ने बताया कि बारिश की वजह से काम में थोड़ी देर हुई है और फाउंडेशन वगैरह के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने योजना में धीमे कार्य को देखते हुए असंतोष जाहिर किया और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता से इस हेतु स्पष्टीकरण पूछने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 6 महीनों के अंदर रोहतासगढ़ रज्जूमार्ग योजना को हर हाल में पूरा करें। ताकि पर्यटक रोहतासगढ़ के वादियों का आनंद जल्द से जल्द उठा सकें। इस दौरान उन्होंने तुतला भवानी में एक अतिरिक्त झूला पुल, चेंजिंग रूम, सीढ़ियों पर फिसलन मुक्त टाइल्स लगाने के निदेश दिए ताकि यहां आनेवाले पर्यटकों को बेहतर पर्यटकीय सुविधाएं प्रदान की जा सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम धर्मेंद्र कुमार, प्रबंध निदेशक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम नंदकिशोर, महाप्रबंधक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम अभिजीत कुमार, डीडीसी रोहतास शेखर आनंद, डीएफओ रोहतास मनीष कुमार वर्मा, सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, डेहरी अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा सहित पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Rohtas

Jul 20 2023, 19:14

मोटे अनाज फसलों के उत्पादन व प्रसंस्करण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रोहतास : कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के द्वारा गुरुवार को मोटे अनाज फसलों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रोफेसर एवं प्रधान डॉ शोभारानी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिकीकरण और मशीनीकृत कृषि के कारण अधिक उपज वाले बीज आ गए है। जिसके बाद लोगों का रुझान चावल और गेहूं के उत्पादन के प्रति बढ़ गया है तथा परिणामस्वरूप मोटे अनाज की खपत और खेती दोनों सीमित हो गई है। परंतु वर्तमान समय और बदलती जलवायु परिस्थितियों के मद्देनजर किसानों को मोटे अनाजों का उत्पादन करने की जरूरत है। 

मोटे अनाज की फसल में अन्य सामान फसल की तुलना में कम जल और कृषि साधनों की जरूरत होती है। इन अनाजों में प्रमुख रूप से मडवा, चीना पुटकी, बाजरा, कोदो सावां एवं कंगनी इत्यादि फसलें आती हैं। इन्हें न्यूट्री- सीरियल्स के रूप में जाना जाता है। क्योंकि ये मानव शरीर के लिए आवश्यक अधिकांश पोषक तत्व प्रदान करते हैं। जबकि मोटे अनाज में कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) होता है और यह मधुमेह की रोकथाम में भी मददगार होते हैं। ये आयरन, जिंक और कैल्शियम जैसे खनिजों का अच्छा स्रोत हैं। मोटे अनाज वजन कम करने और उच्च रक्तचाप में मददगार होते हैं। 

कार्यक्रम में उपस्थित डॉक्टर रामाकांत सिंह ने मोटे अनाजों की खेती की जानकारी उपस्थित महिला कृषकों को प्रदान की। उन्होंने बताया की सभी तरह के मोटे अनाजों की खेती रोहतास जिले में की जा सकती है , विशेषकर डेहरी, तिलौथू, रोहतास, चेनारी इत्यादि प्रखंडों में इसकी खेती व्यापक पैमाने पर संभव है। जिले में कुछ किसान इसकी खेती कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। आमतौर पर मोटे अनाज गेहूं एवं चावल से अधिक कीमत पर बाजार में बिकते हैं। 

वहीं मत्स्य वैज्ञानिक डॉ आर के जलज ने बताया कि बदलते जलवायु में पानी की कमी के कारण मोटे अनाज वर्गीय फसल को उपजाना ज्यादा अच्छा है और इसको खाने में प्रयोग करना स्वास्थ्य के लिए भी बेहद अनुकूल है। आजकल मोटे अनाज के आटे द्वारा बिस्कुट, लड्डू , केक एवं चॉकलेट इत्यादि बनाकर बाजार में बेचे जा रहे हैं। डॉ रतन कुमार ने कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान में पोषण सुरक्षा हेतु इन अनाजों का बढ़ावा दिया जा रहा है। मिड डे मील एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली योजना में इन अनाजों को शामिल कर उपलब्ध कराया जा रहा है। 

कार्यक्रम में जीविका कोऑर्डिनेटर प्रियदर्शनी की अगुवाई में सूर्यपुरा, धनगाई, मानी, तिलई इत्यादि ग्रामों से कुल 40 महिला प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। 

महिला किसानों में मीना देवी, नेहा कुमारी, माया देवी, उषा देवी, रेखा देवी, सिंकी कुमारी, रितु कुमारी, खुशबू कुमारी, दमयंती देवी, धर्मशिला कुमारी , हरेंद्र कुमार, सुबेश कुमार, प्रवीण कुमार, अभिषेक कुमार, राकेश कुमार इत्यादि उपस्थित थे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 20 2023, 18:01

भूमिहीन गरीबों के लिए किसान मजदूर सभा ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

रोहतास : भूमि सुधार सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे को जाम कर अपना विरोध जताया। 

इस दौरान विरोध प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिससे पुरानी जीटी रोड पर घंटो जाम की स्थिति बनी रहे तथा लोगों को इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

हांलांकि सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रमा राम, अंचलाधिकारी एवं डीसीएलआर ने घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। जिसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। 

किसान मजदूर सभा का कहना है कि सरकार के समक्ष किसानों की कई मांगों को रखा गया है। लेकिन सरकार द्वारा लगातार किसानों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। इसी को लेकर अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा की रोहतास जिला कमेटी ने बाध्य होकर अपने कार्यकर्ता व समर्थकों के साथ सड़क जाम किया है। 

वहीं अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के आंदोलनकारी जिला महासचिव ने बताया कि सरकार सिर्फ गरीबों को आश्वासन देती है। आश्वासन पर कभी भी अमल नहीं किया जाता। 

उन्होंने बताया कि भूमिहीन बेघरों को 5 डिसमिल जमीन अबतक पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं कराया गया है। जबकि भूमि सुधार कानून भी कड़ाई से लागू नहीं किया जा रहा है। जिससे गरीब परेशान हैं। 

सड़क जाम कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर सरकार भूमिहीन गरीबों के हक व अधिकार के लिए कोई कदम नहीं उठाती है तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 20 2023, 16:18

आशा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा मांग पत्र

रोहतास। आशा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले अपने 9 सूत्री मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को मांग पत्र सौंपा है। अपने 9 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे आशा कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया तथा सरकार के खिलाफ व अपने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीएफ से भी मिला।

जहां अपनी मांगों का एक ज्ञापन उनके द्वारा सौंपा गया। इस संदर्भ में आशा संघर्ष मंच के संयोजक शंभू नाथ पांडे ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के नौवें दिन जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को मांग पत्र सह अनुरोध पत्र सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की 9 सूत्री मांगे हैं।

जिसमें 10 हज़ार वेतन करने, कोरोना काल में कार्य कर रहे आशा कार्यकर्ताओं को 10 हज़ार कोरोना भता भुगतान करने, मौसमी ड्रेस उपलब्ध कराने, सरकार के सरकारी कर्मियों की तरह वेतन भुगतान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ देने, रिटायरमेंट पैकेज में एकमुश्त 10 लाख भुगतान करने, पूर्व में आशा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने सहित अन्य मांगें शामिल है।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगे पूरा नहीं करती है तो आगे स्वास्थ्य व्यवस्था भी बाधित किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान विद्यावति पांडे, लालती कुंवर, शंभू पांडे, रितु देवी, इंदु देवी, देवंती कुंवर, निर्मला देवी, सुशीला देवी, रीना देवी, प्रभावती देवी, कांति देवी, सविता देवी, प्रेमा देवी, उषा कुमारी, प्रमिला देवी, गिरिजा देवी, गीता देवी, तेतरी देवी, जीरमनी देवी, रेखा देवी सहित कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rohtas

Jul 19 2023, 19:53

बालिका उच्च विद्यालय में सेनेटरी पैड का किया गया वितरण, महामारी से बचाव के बताए गए तरीके

रोहतास : जिले के करगहर स्थित बालिका उच्च विद्यालय में मुख्यमंत्री उघमी योजना के तहत युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक अनामिका सिंह ने सेनेटरी पैड वितरण कर छात्राओ को जागरूक किया गया। 

स्कूल की अध्यापिकाओं और छात्राओं ने युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड की मुहिम से प्रेरित होकर महामारी से होने वाली बीमारियों से बचाव और सेनेटरी पेडस के इस्तेमाल के तरीके पर चार्ट्स बनाकर छात्राओं ने अपना सहयोग दिया। 

युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि हर महीने महिलाओं को होने वाली समस्याओं से रुढ़िवादी सोच के चलते बात करने से बचा जाता हैं। 

उन्होंने छात्राओं को इन समस्याओं का समाधान बताते हुए कहा कि माहवारी के दौरान खान पान का विशेष ध्यान रखे। इसी के साथ साथ हमे शारारिक ओर मानसिक तौर से सशक्त बनना होगा। रूढ़िवादी कुरीतियों से बाहर आकर ही हम कुछ कर सकते है। उन्होनें बताया कि सेनेटरी पैड का वितरण अभियान जिले के सभी स्कूल कॉलेज में किया जाएगा। 

मौके फील्ड मैनेजर रवि प्रकाश, दीपमाला कुमारी, नुसरत जहा, गुड्डी कुमारी सहित कई छात्राओं को जागरूक किया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 19 2023, 17:50

मुहर्रम को लेकर शांति समिति की हुई बैठक, डीएम ने जारी किए कई दिशा निर्देश


रोहतास : जिला समाहरणालय स्थित डीआरडीए संवाद कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। इस दौरान डीएम ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ आगामी पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। 

उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी त्योंहारों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिस रूट से जुलूस निकलना है उस रूट का भौतिक सत्यापन सभी थानाध्यक्ष द्वारा अनिवार्य रूप से कराएं तथा जिले के सभी थानों में अनिवार्य रूप से शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करें। 

जिलाधिकारी ने कहा कि सिविल सोसाइटी एवं धार्मिक जन प्रतिनिधियों के साथ भी बीडीओ एवं थानाध्यक्ष बैठक कर संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे। इसके अलावा जबरन चंदा वसूली कहीं न हो यह भी सुनिश्चित कर लें। 

वहीं आम लोगों से भी अपील करते हुए डीएम ने कहा कि जिलेवासी आपसी सौहार्द के साथ अपना पर्व मनाएं तथा विधि व्यवस्था संधारण में प्रशासन का भरपूर सहयोग करें। वहीं आगामी पर्व त्योहार के मौके पर डीएम ने डीजे बनाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। 

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी क्षेत्र में अगर डीजे बजाने की सूचना प्राप्त होती है तो डीजे को जप्त कर लिया जाएगा तथा संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी त्योंहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाए हुए हैं तथा बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाला जाएगा। आगामी पर्व त्योहारों को देखते हुए जिले में लगातार वाहन जांच अभियान चलाए जाएंगे तथा कोई भी कार्यक्रम बिना प्रशासन की अनुमति के संपन्न नहीं होगा। 

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के लिए धारा 107 का प्रस्ताव अविलंब भेज दें तथा पूर्व की घटनाओं से प्रेरणा लेकर आगे की कार्रवाई करें। साथ ही बीडीओ, सीओ एवं एसएचओ आपस में समन्वय स्थापित कर विधि व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करेंगे। 

मौके पर डीडीसी शेखर आनंद, सिविल सर्जन डॉ केएन तिवारी, नगर आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, एडीएम चंद्रशेखर प्रसाद, एसडीएम मनोज कुमार, एसडीपीओ संतोष कुमार, एसडीएम बिक्रमगंज सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष इत्यादि के साथ साथ शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 19 2023, 15:48

मद्य निषेध कार्यालय एवं जिला निबंधन व परामर्श केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, दिए कई निर्देश

रोहतास : जिला मुख्यालय सासाराम के मोकर गांव स्थित मद्य निषेध कार्यालय एवं जिला निबंधन व परामर्श केंद्र का बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। 

जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के निरीक्षण के क्रम में डीएम ने पाया कि बिहार स्टूडेंड क्रेडिट कार्ड के तहत लम्बे समय से प्रथम एवं द्वितीय किस्त की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। 

जिसको लेकर डीएम ने डीआरसीसी के प्रबंधक को वित्त विभाग से यथा शीघ्र भुगतान के संबंध में अनुरोध करने का निर्देश देते हुए कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता एवं बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लंबित सभी आवेदनों के शीघ्र निष्पादन की बात कही। 

वहीं प्रबधंक द्वारा बताया गया कि जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र के भवन से पानी निकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण समस्या हो रही है। 

जिस पर डीएम ने तत्काल भवन प्रमंडल सासाराम के कार्यपालक अभियंता को स्वयं स्थल निरीक्षण कर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 

इसके पश्चात जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने मोकर में हाल हीं में बनकर तैयार हुए मद्य निषेध कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि वाहन के नीलामी क्रेता की अपेक्षित राशि के संबंध में सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं विधि शाखा से प्राप्त आंकड़ों के राशि वापसी हेतु नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगें। 

निरीक्षण के दौरान मद्य निषेध के सहायक आयुक्त द्वारा बताया गया कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को पाँच-पाँच उत्पाद गृह रक्षक उपलब्ध कराया गया है, परन्तु अपेक्षित कार्रवाई की संख्या कम है। जिसको लेकर डीएम ने निर्देश दिया कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी से कार्रवाई प्रतिवेदन प्राप्त कर आगामी 4 अगस्त को अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करें तथा अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संबद्ध उत्पाद गृह रक्षक को अन्यत्र प्रतिनियुक्त किया जायेगा। 

उन्होंने बताया कि वर्त्तमान में 03 उत्पाद निरीक्षक, 04 अपर निरीक्षक एवं 11 सहायक अवर निरीक्षक कार्यालय में पदस्थापित है। जिन्हें अनुमण्डलवार एवं थानावार प्रतिनियुक्त किया गया है। 

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने पूरे भवन का बारीकी से निरीक्षण करते हुए विभिन्न कार्यालय, हाजत, मालखाना आदि कक्ष के सामने नाम अंकित करने का निर्देश दिया तथा कहा कि सभी पदाधिकारी व कर्मी अपने दायित्व एवं कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यालय में अपनी ससमय उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 18 2023, 19:04

रोहतास में बोले विधान सभा स्पीकर, विधायक समस्याओं को सदन में रखकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराएं


रोहतास : खबर बिहार के रोहतास जिले से हैं जहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने जिले में पर्यटन के विकास को लेकर बड़ी बात कही है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा के स्पीकर होने के नाते मैं जिले के सभी विधायकों को अवसर देता हूं कि वह अपने क्षेत्र के बेहतरी एवं तरक्की के लिए सदन के माध्यम से अपनी बातों को रखें और जनता के हित में क्षेत्र की समस्याओं को भी विधानसभा में रखकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराएं।

उन्होंने कहा कि जनता बड़ी उम्मीद के साथ जनप्रतिनिधियों को चुनकर भेजती है ताकि वे उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। इसलिए जनप्रतिनिधियों का जनता के प्रति जवाबदेही होनी चाहिए और राज्य हित में संसदीय व्यवस्था के तहत अपनी बातों को सरकार के समक्ष रखना चाहिए।

बता दें कि बिहार विधानसभा के अध्यक्ष सासाराम में एक निजी कार्यक्रम में शरीक होने के लिए आए हुए हैं। जहां शहर में प्रवेश करते हीं महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में शरीक होने के बाद सभापति जिले के कई पर्यटक स्थलों का भी दीदार करेंगे जिसके बाद पुनः पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 18 2023, 18:18

रोहतास पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, यूपी के चंदौली से 50 हजार का इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार

रोहतास : 5 वर्ष पूर्व हत्या के एक मामले में फरार चल रहे जिले के एक टॉप टेन अपराधी को रोहतास पुलिस ने पकड़ कर बड़ी सफलता पाई है। गिरफ्तार अपराधकर्मी के ऊपर सरकार ने 50 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। जिसे रोहतास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के चंदौली से गिरफ्तार किया है।

इस संदर्भ में मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी विनीत कुमार ने बताया की रोहतास जिले के बघैला थाना क्षेत्र अंतर्गत सियांवक गांव निवासी मुन्ना सिंह उर्फ वशिष्ठ सिंह नामक अपराधकर्मी को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार किया गया है।

पांच वर्ष पूर्व हत्या के मामले में उक्त आरोपित फरार चल रहा था। इसपर पुलिस ने पचास हजार रूपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।

एसपी ने बताया कि कुछ अपराधियों ने वर्ष 2021 के दिसंबर माह में सियांवक गांव निवासी कृष्ण बिहारी उपाध्याय की गोली मारकर हत्या कर दी थी तथा मामले में एक आरोपी को पुलिस ने पहले हीं गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस मामले में फरार चल रहे अन्य चार अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। जिनमें से एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि 50 हजार का इनामी अपराधी मुन्ना सिंह उर्फ वशिष्ठ सिंह उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में छुपा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया गया। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल अन्य तीन की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रोहतास से दिवाकर तिवारी