Rohtas

Jul 16 2023, 17:40

भाजपा नेताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने व्यक्त की तीखी प्रतिक्रिया, सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

रोहतास : विधानसभा मार्च के दौरान बीते दिनों पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह काराकाट लोकसभा क्षेत्र प्रभारी त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। 

आज रविवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि बिहार के युवाओं एवं शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से सरकार के इशारे पर लाठी डंडे बरसाए गए उससे प्रतीत हो रहा था कि सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करना चाहती हो और हुआ भी यही। इस दौरान हमारे एक कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसका मैं खुद साक्षी हूं।

कहा कि मैं बैरिकेड से लगभग 200 मीटर पीछे दूर खड़ा था लेकिन मेरे सर पर पीछे से डंडे बरसाए गए। जिससे मेरा सर फट गया और 14 टांके लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि आप एक भी वीडियो फुटेज नहीं दिखा सकते जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहीं भी उपद्रव किया हो। बल्कि ऐसे कई वीडियो फुटेज सामने आए हैं जिसमें साफ तौर से देखा जा सकता है कि पुलिस ने कितनी बर्बरता से महिला, वृद्ध एवं भाजपा के वरीय पदाधिकारियों को गिरने के बाद भी पीटा है। 

श्री सिंह ने कहा कि न्याय के साथ विकास की बात करने वाले नीतीश कुमार ये कैसा न्याय कर रहे हैं उन्हें इसका विश्लेषण करना चाहिए। लोकतंत्र में अगर प्रतिरोध एवं अपनी मांगों को रखने की भी जगह ना रहे तो इस लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं। यह जंगलराज 3 की वापसी है और अगर नीतीश कुमार की तुलना जनरल ओ डायर से की जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। साथ हीं श्री सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारा खून बिहार के युवाओं के लिए बहा है तथा मैं अपने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज के बावजूद भी दिखाए गए धैर्य के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। 

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी, जिला महामंत्री विजय सिंह, प्यारेलाल ओझा, अशोक शाह, विवेक सिंह, मीडिया प्रभारी ई पुलकित सिंह, बबल कश्यप, नवीनचंद शाह, रोहित राज, शशिभूषण प्रसाद, आर्यन सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 15 2023, 17:20

रोहतास: भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का एक दिवसीय धरना

रोहतास: विधानसभा मार्च के दौरान पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने जिला समाहरणालय के समक्ष महागठबंधन सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरने का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता सुशील चंद्रवंशी व् संचालन जिला महामंत्री अशोक शाह ने किया।

 धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार गूंगी एवं बहरी हो गई है। शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर नीतीश सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। उन्होने कहा की बंगाल का सीधा असर अब बिहार पर भी पड़ने लगा है। धरने में शामिल होने आए भाजपा एमएलसी संतोष सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से विधान सभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से बिहार सरकार के पुलिसिया गुंडों ने लाठी डंडे बरसाए उससे प्रतीत हो रहा था कि जैसे हम लोग आतंकवादी होंं। 

इस दौरान पुलिस के डंडे से घायल एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसके विरोध में बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर भारतीय जनता पार्टी ने आज एक दिवसीय धरने का आयोजन किया है। वहीं कार्यकर्ता की मौत पर उन्होंने कहा कि वीडियो गवाह है कि किस तरह पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे व वाटर कैनन छोड़े जा रहे थे। जब भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे थे तो आखिर उनके ऊपर लाठियां क्यों बरसाई गई।

 उन्होंने बिहार सरकार को चैलेंज करते हुए कहा कि एक भी वीडियो हमें दिखा दीजिए जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान अमर्यादित व्यवहार किया हो। जबकि धरने में शामिल एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि जब जब जनता के ऊपर लाठियां एवं गोलियां चली है तथा लाठियों के बल पर लोकतंत्र व संविधान को कुचलने का प्रयास किया गया है तब तब जनता ने उन्हें गद्दी से बेदखल किया है। शिक्षक अभ्यर्थियों के हित में भाजपा कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। 

उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने का वादा किया गया था। लेकिन जब भाजपा नियोजित शिक्षकों के समर्थन में खड़ी हुई तो सरकार ने उनके कार्यकर्ताओं की हत्या करने का प्रयास किया है। 

धरना प्रदर्शन के दौरान सासाराम लोकसभा प्रभारी हरेराम चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला महामंत्री अशोक शाह, विजय सिंह, शरदचंद संतोष, सतेन्द्र सिंह, रामायण पासवान, जिला प्रवक्ता संजय कश्यप, सत्यनारायण पासवान, राजीव रंजन सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, नंदजी गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, जन्मंजय सिंह, सनीदेवल चंद्रवंशी, कौशल श्रीवास्तव, बृजनंदन कुशवाहा, वंशीधर सेठ, मुना कुमार, रजनीश वर्मा, परमेश्वर सिंह, राकेश श्रीवास्तव, संजय कुमार, मृत्युंजय शुक्ला, विकाश तिवारी, भोला कुमार समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

Rohtas

Jul 14 2023, 19:29

वज्रपात की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार मे मचा कोहराम

रोहतास : जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरापुर गांव मे शुक्रवार को खेत मे काम कर रहे एक किसान कि वज्रपात से मौत हो गई है। 

बताया जाता है कि कल्याणपुर पंचायत के मथुरापुर गांव के 12 नंबर वार्ड सदस्या मीना देवी के पति सुग्रीव पासी अपने खेतों मे कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश व गर्जन के बीच अचानक उनपर ठनका गिर गया। जिससे वे बुरी तरह झुलस गए। 

हालांकि आनन-फानन में परिजनों ने उन्हे सासाराम के सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। 

मृतक 48 वर्षीय सुग्रीव पासी पिता रामबचन पासी के पुत्र बताये जाते है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 14 2023, 19:09

स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बुरे बर्ताव के कारण अकोढ़ीगोला पीएचसी प्रभारी का हुआ स्थानांतरण

रोहतास : पिछले महीने अकोढ़ी गोला प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉक्टर (मेजर) पिंकू कुमार का अन्य कर्मियों के साथ बुरे बर्ताव एवं लड़की डिमांड की बात सामने आने के बाद रोहतास सिविल सर्जन डॉक्टर के एन तिवारी ने डॉ मेजर पिंकू कुमार को स्थानांतरित कर दिया है। 

सिविल सर्जन ने स्थानान्तरण का पत्र जारी करते हुए बताया है कि अकोढ़ी गोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर मेजर पिंकू कुमार के अधीनस्थ कार्यरत कर्मियों के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित नहीं होने के कारण उन्हें प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकोढ़ी गोला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पद से मुक्त करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संझौली की जाती है। 

साथ हीं उक्त स्थान का प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्य बाधित ना हो इसको देखते हुए उक्त संस्थान में इनके बाद वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर शाइस्ता परवीन को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

सिविल सर्जन ने पत्र के माध्यम से निर्देश दिया है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मेजर पिंकू कुमार अविलम्ब संझौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपना योगदान सुनिश्चित करें। वहीं डॉक्टर शाइस्ता परवीन को भी निर्देशित किया गया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निकासी एवं व्यय अधिकारी का प्रभार ग्रहण करते हुए अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वाह निष्ठा पूर्वक करना सुनिश्चित करें।  

बता दें कि पिछले महीने अकोढ़ी गोला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मेजर पिंकू कुमार को लेकर एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमे उनके लिए लड़के सप्लाई की बात की गई थी। इसके अलावा अस्पताल में शराब पीने का मामला भी प्रकाश में आया था। मामला इतना तूल पकड़ लिया कि स्थानीय विधायक फतेह बहादुर अस्पताल पहुंचकर 4 से 5 घंटे तक सभी कर्मियों से बारी-बारी से ऑडियो एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के दुर्व्यवहार के बारे में जानकारी लिया था।  

सारी वस्तु स्थिति की जानकारी लेने के बाद विधायक ने उक्त डॉ पर कार्रवाई करने के लिए भी अनुशंसा किया था। इसी के आलोक में रोहतास सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को वहां से स्थानांतरित कर दिया है। 

हालांकि स्थानांतरण के बाद वहां कार्यरत अन्य कर्मी स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठने लगे हैं। वहां के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की माने तो जिला स्वास्थ समिति द्वारा डॉ मेजर पिंकू कुमार को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, क्योंकि डॉक्टर मेजर रिंकू कुमार ने स्वयं अस्पताल में शराब पीने की भी बात स्वीकार की थी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने साथ दुर्व्यवहार का भी शिकायत विधायक से किया था। जिसमें लड़की सप्लाई का भी मामला जोरों पर था।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 14 2023, 18:23

नंदी की मूर्ति को दूध पीते सुन दौड़े लोग, शिव मंदिर में हर हर महादेव के लगे जयकारे

रोहतास : जिले के कोचस प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कटियार गांव के शिव मंदिर में नदी के प्रतिमा को दूध पीने का वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नंदी की मूर्ति को दूध पिलाते लोग दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। नंदी बाबा के दूध पीने को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है। 

मामला कोचस प्रखंड के कटियारा गांव का है जहाँ शिवमंदिर में भक्त प्रतिदिन की तरह देर रात में भी दर्शन करने पहुंचे थे। मगर जब मंदिर में स्थापित भगवान भोलेनाथ की सवारी नंदी की प्रतिमा पर जल व दुध चढ़ाने पहुंचे तो वहां के लोगों ने बताया कि दुध व जल नंदी ने पी लिया। फिर यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और लोग अपने-अपने घरों से जल व दूध लाकर नंदी को पिलाने लगे। दो से तीन धंटे तक लोगों ने पीलाया। 

जहां एक तरफ लोग चमत्कार मान रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे अंधविश्वास करार दे रहे हैं। नंदी के दूध पीने के वायरल वीडियो को लोग हिन्दू देव भगवान भोलेनाथ की कृपा मान रहे हैं। 

बताया जाता है कि रोज की तरह शाम की आरती होने के बाद लोगों ने चरणामृत चढ़ाया, तो पता चला कि नंदी की प्रतिमा ने उसे पी लिया। इसके बाद यहां पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई और लोग अपने-अपने घरों से दूध लाकर पिलाने लगे। दूध पीते हुए नंदी की प्रतिमा का किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 14 2023, 16:08

नेता की मौत के विरोध में भाजपा ने मनाया काला दिवस, सीएम एवं डिप्टी सीएम का जलाया पुतला

रोहतास : विधानसभा मार्च के दौरान पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने शुक्रवार को शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला जलाया। 

इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाठीचार्ज के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं के घायल होने एवं एक नेता की मौत पर काली पट्टी बांधकर सड़कों पर विरोध मार्च भी निकाला तथा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। 

इस दौरान जिला अध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी ने कहा की भाजपा नेता त्रिविक्रम नारायण सिंह, सांसद जनार्द्धन सिकिरीवाल, कौशल विधार्थी समेत सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं पर बिहार सरकार की तानाशाही और बर्बरता पूर्ण पुलिसिया लाठीचार्ज का बदला आने वाले समय में बिहार की जनता वोट की चोट से लेगी। 

शिक्षक अभ्यर्थियों के हित में भाजपा कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा तथा भाजपा बिहार के भविष्य की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई जारी रखेगी। 

उन्होंने ने बताया की कल शनिवार को जिले के सभी अनुमंडलों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके प्रभारी के रुप में विजय सिंह, विवेक सिंह एवं नवीनचंद्र शाह को चयनित किया गया है। 

मौके पर जिला महामंत्री विजय सिंह, अशोक शाह, प्यारेलाल ओझा, जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह, प्रमोद कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी ई पुलकित सिंह, जिला मंत्री संध्या श्रीवास्तव, रामायण पासवान, सत्यनारायण पासवान, महेंद्र ओझा, राजीव रंजन सिंह, शरदचंद संतोष, राकेश सिन्हा, नवीनचंद शाह, जिला प्रवक्ता संजय कश्यप, परमेश्वर सिंह, सुनील रजक, राकेश कुमार, सरताज हुसैन, अभय कुमार, आनंद पांडेय, भोला कुमार, संजय सिन्हा, गुप्तेश्वर गुप्ता सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 13 2023, 18:43

*सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को खुद बनना होगा सजग, जमीन का बाजार दर से 4 गुना मुआवजा देती है एनएचएआई : रविंद्र तिवारी*

रोहतास : खबर बिहार के रोहतास जिले से है। जहां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य रविंद्र तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रहे सड़क दुर्घटनाओं पर खेद प्रकट किया है। 

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जैसी बातें सिर्फ कागजों तक ही सीमित हो गई है। सड़क सुरक्षा के प्रति सजग होने के लिए आम लोगों को अब खुद आगे आना होगा। क्योंकि जान माल का नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ता है। प्रशासनिक अधिकारियों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इसलिए आम लोगों को सुरक्षा के प्रति खुद सजग रहते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों का इमानदारी पूर्वक अनुपालन करना चाहिए तथा अधिकारियों को अपनी जनता के प्रति संजीदा होना चाहिए। 

सासाराम के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रविंद्र तिवारी ने कहा कि मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकार ने देश में सड़कों का जाल बिछा दिया है तथा इस विकास कार्य में स्थानीय आम लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। 

वहीं सड़क निर्माण में हो रही लेटलतीफी एवं मुआवजे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुआवजा निर्धारण एवं जमीन का नेचर तय करने का अधिकार राज्य सरकार को है। एनएचएआइ लोगों को बाजार दर से 4 गुना मुआवजा देती है। लेकिन राज्य सरकार अपने रैयतों का बाजार दर निर्धारित नहीं करती है तथा अपने रैयतों से राजस्व लेने के बावजूद भी उनके जमीन को गैरमजरूआ घोषित करती है। जिससे विवाद उत्पन्न होते हैं जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। 

जबकि टोल गेट पर जाम की समस्या पर उन्होंने कहा कि अगर टोल गेट पर किसी वाहन को 5 मिनट से ज्यादा रुकना पड़ता है तो इसके लिए टोल प्रबंधन पूरी तरह जिम्मेवार है। टोल प्रबंधन की लापरवाही से अगर किसी को लेट होता है तो हाईवे बनाने का कोई फायदा नहीं। इसलिए अगर ऐसी शिकायतें आती है तो आवश्यक रूप से कार्रवाई होगी। 

साथ हीं उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ पेड़ लगाए जाने की भी बात कही। उन्होंने बताया कि जिले के 44 किलोमीटर के दायरे में लगभग 45000 पेड़ लगाए जाएंगे। जिसकी शुरुआत हो चुकी है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 13 2023, 18:33

अतिक्रमण के खिलाफ दूसरे दिन भी चला प्रशासन का डंडा*

रोहतास : शहर में जगह-जगह अतिक्रमण करने वालों पर प्रशासन द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। आज दुसरे दिन भी जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। 

शहर की कई प्रमुख सड़कों पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण के तहत बनाई गई चबूतरे एवं सीढ़ियों को जेसीबी के द्वारा ध्वस्त किया गया। जिसके कारण सड़कों पर काफी गहमागहमी देखी गई। 

बता दें कि शहर में शायद ही कोई ऐसी सड़क होगी, जहां अतिक्रमण न हो। अब जिला प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।

कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रमा राम के नेतृत्व में चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान के दौरान नगर निगम की उप नगर आयुक्त मैमून निशा सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। 

अधिकारियों और काफी संख्या में पुलिस फोर्स को देख दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा तथा राहगीरों की भीड़ भी मौके पर जुटी रही। 

इस दौरान जेसीबी से अवैध निर्माण को तोड़ा गया। वहीं पान की गुमटी, चिकन शॉप, वेल्डिग, हेयर कटिग गुमटी, चाय दुकान, होटल आदि की दुकानों को सड़क से हटाया गया। 

इस संदर्भ में कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रमा राम ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर प्रशासन द्वारा बीते कई दिनों से लगातार प्रचार प्रसार किया जा रहा है। अगर आगे भी लोग अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो यह अभियान जारी रहेगा तथा अतिक्रमण नहीं हटाने वाले लोगों से जुर्माना वसूल भी किया जाएगा।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 13 2023, 17:09

पुलिस ने 5 अपराध कर्मियों को किया गिरफ्तार, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चार बाइक व एक मोबाइल बरामद

रोहतास : जिले के काराकाट थाने की पुलिस ने 5 अपराध कर्मियों को एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चार बाइक एवं एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। 

इस संदर्भ में बिक्रमगंज एसडीपीओ शशि भूषण सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पुलिस अधीक्षक रोहतास के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिले में अपराध कर्मियों के धर-पकड़ एवं गिरफ्तारी हेतु लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। 

एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि 12 जुलाई 2023 को सूचना प्राप्त हुआ कि काराकाट थाना क्षेत्र के करूप बाजार पर 6 अपराध कर्मी बबलू लाइन होटल पर मारपीट कर रंगदारी मांग कर रहे है। जिसमें से एक अपराध कर्मी को मौके वारदात से बसंत पासवान उम्र 30 वर्ष पिता कामाख्या पासवान ग्राम राजपुर थाना जिला भोजपुर को बाइक के साथ पकड़ा गया तथा 5 अपराध कर्मी भागने में सफल रहे। 

उनलोगों के विरुद्ध होटल मालिक रमेश रवानी पिता स्वर्गीय रमल सिंह ग्राम करूप थाना काराकाट के द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर काराकाट थाना कांड संख्या 202/23 दिनांक 12 जुलाई 2023 के आलोक में सुसंगत धारा 341/ 323 /506 /327 /386/ 34 भादवी एवं 27 आर्म्स एक्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 

उन्होंने बताया कि बसंत पासवान भोजपुर जिला के इमादपुर थाना के टॉप टेन अपराध कर्मियों की सूची में दूसरे क्रम पर है। तत्पश्चात काराकाट थानाध्यक्ष को सूचना प्राप्त हुआ कि सकला बाजार पर कांड संख्या 203/23 के अभियुक्त अपराध कर्मी लूट का योजना बना रहे हैं। इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को देते हुए थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी को लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए सकला बाजार स्थित डीहवार बाबा मंदिर के समीप घेराबंदी कर दीपक पांडेय पिता श्रीधर पांडेय ग्राम कौपा थाना काराकाट जिला रोहतास , आजाद कुमार पिता तेजू राम ग्राम सकला बाजार , रवीश कुमार पिता धनजी साह ग्राम सकला एवं ब्रिजेश साह पिता मनोज साह ग्राम ढेला बाग थाना तिलौथू को आर्म्स एवं बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। 

हालांकि मामले में संलिप्त एक अपराध कर्मी असलम अली पिता सलीम अंसारी ग्राम सकला बाजार भागने में सफल रहा। जिसकी गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। 

इन सभी अपराध कर्मियों के विरुद्ध काराकाट थाना कांड संख्या 203/23 दिनांक 12 जुलाई 23 के आलोक में सुसंगत धारा 399/ 402/ 414 भा द वि एवं 25(1-b)a /26 /25 आर्म्स एक्ट अंकित किया गया। 

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराध कर्मियों के पास से एक 12 बोर का देसी कट्टा, एक 12 बोर का जिंदा कारतूस, 4 बाइक एवं एक मोबाइल को बरामद किया गया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 12 2023, 19:08

कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा की गई धान की सीधी बुवाई

रोहतास : जिले के कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज द्वारा धान की सीधी बुवाई दो विधियों से कराई जा रही है। जब बरसात नहीं हो रही थी, उस समय खेतों की जुताई करने के बाद लेवलर के माध्यम से लेवल किया गया। 

तत्पश्चात मल्टी क्राप मशीन द्वारा धान की सीधी बुवाई की गई। इस विधि में कदवा एवं रोपनी की आवश्यकता नहीं होती, सीधे धान को खेतों में गिराया जाता है। 

वर्तमान में इस विधि से कृषि विज्ञान केंद्र के धनगाई फार्म में धान लगाया गया है। जो अब 25- 30 दिनों का हो चुका है तथा इसके अवलोकन हेतु कृषक धनगाई फार्म का भ्रमण भी कर रहे हैं। 

बता दें कि वर्तमान में अधिक वर्षा वाली स्थिति के कारण नमी की अवस्था खेत में बनी हुई है। ऐसे में ड्रम सीडर के माध्यम से धान बीज की बुवाई की जा सकती है। इसमें कुछ किसान सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस विधि में बीज को फुलाकर उपचारित किया जाता है फिर ड्रम सीडर में बीज को डालकर कादो किए हुए खेत में बीज को गिरा दिया जाता है। जिससे फसल सीधे लाइन से लग जाती है और धान रोपनी के लागत को इससे बचाया जा सकता है। 

इस संदर्भ में प्रोफेसर एवं केंद्र प्रधान डॉ शोभा रानी ने बताया कि इस विधि से बुवाई करने पर पानी एवं पोषक तत्वों की उपयोग क्षमता में वृद्धि हो जाती है। 

अतः किसानों को लागत और समय बचाने हेतु दोनों विधियों से धान की बुवाई करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि इस तकनीक से बुवाई हेतु कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से भी किसान संपर्क कर सकते हैं।

रोहतास से दिवाकर तिवारी