मौसम विभाग का अलर्ट : बिहार में सक्रिय हुआ मानसून, अगले 24 घंटे में राजधानी पटना समेत इन जिलों में तेज बारिश के साथ हो सकता है वज्रपात
डेस्क : बिहार में मानसून सक्रिय हो गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर बिहार में सक्रिय होने के साथ दक्षिण बिहार के पटना, गया, अरवल, नालंदा, नवादा समेत अन्य जिलों में अपना प्रभाव दिखा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में पूरे प्रदेश में इसका प्रभाव दिखेगा। धीरे धीरे मानसून राज्य के शेष हिस्से में सक्रिय हो जाएगा। रविवार को मानसून के पटना आगमन की आधिकारिक घोषणा हुई।
मानसून की मजबूत स्थिति बने होने के कारण प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ-रेखा पूर्वी यूपी से मणिपुर तक बिहार होते हुए बंगाल एवं असम से होते हुए गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 24 घंटों में तीन जिलों के वैशाली, समस्तीपुर और खगड़िया के एक दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार है।
वहीं पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, पूर्वी व प. चंपारण, सिवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद व अरवल में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात व हल्की वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को चेतावनी दी है।
Jun 20 2022, 12:00