बालेंद्र शाह ने भारत को बताया सबसे भरोसेमंद पड़ोसी, पीएम मोदी ने 24 हजार करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान
#indianepaldevelopmentassistanceagreements
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत दौरा उनके पूरे देश के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए बड़ी मदद का एलान किया है। भारत नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये देगा। यह राशि बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालीन विकास पर खर्च होगी। बालेन शाह ने आज हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक मुलाकात की। जिसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
![]()
भारत ने 24 हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा की
पीएम मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भारत में स्वागत किया। पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। दोनों नेताओं के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने संयुक्त बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा, ‘अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। आज, नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन पैकेज की घोषणा करते हैं।
भारत-नेपाल संबंध पर क्या बोल पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने कहा, भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे पीपल टू पीपल टाइज के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी।
नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह-बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी भारत के साथ रिश्तों को अटूट और बेहद खास बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह विशाल हैं। उन्होंने मुश्किल वक्त और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भारत की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भारत सरकार और यहां के लोगों का आभार भी जताया।
नेपाल-भारत सहयोग के लिए सहमति बनी
नेपाली पीएम बालेंद्र शाह ने आगे कहा कि हमने अपने सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने और आधुनिक बनाने के लक्ष्य को लेकर प्रतिनिधिमंडल स्तर पर बातचीत की। हमारे द्विपक्षीय संबंधों को लेकर ठोस और दूरदर्शी चर्चा की है। प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ-साथ नेपाल-भारत सहयोग के लिए सहमति बनी है।
भारत-नेपाल के बीच 8 बड़े समझौते
भारतीय प्रधानमंत्री और नेपाली प्रधानमंत्री की बातचीत के बीच दोनों देशों के बीच 8 बड़े समझौते हुएः-
1.भारत के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन विभाग के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग का समझौता।
2.भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) और नेपाल के नेशनल पुलिस अकादमी (एनपीए) के बीच समझौता।
3.भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाल के सिविल सेवकों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम पर समझौता।
4.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में सहयोग का समझौता।
5.भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन (सैटकॉम) नेटवर्क स्थापित करने का समझौता।
6.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग का समझौता।
7.भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग का समझौता।
8.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग का समझौता।







4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.5k