डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में बोलीं बेबी रानी मौर्य- "अखिलेश यादव की चुप्पी वोट बैंक की राजनीति का प्रमाण"
लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद राशिदी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने इस मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला है।
बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बेबी रानी मौर्य ने कहा, "डिंपल यादव को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के बाद भी अखिलेश यादव की चुप्पी शर्मनाक है। यह साफ तौर पर दर्शाता है कि सपा अब भी वोट बैंक की राजनीति से ऊपर नहीं उठ पाई है।" उन्होंने सवाल उठाया कि "एक पति और एक पार्टी प्रमुख होने के नाते अखिलेश यादव आखिर अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव के सम्मान की रक्षा में क्यों मौन हैं?" उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को मुस्लिम तुष्टिकरण की इतनी चिंता है कि वह महिलाओं के सम्मान पर भी समझौता कर रही है। बेबी रानी मौर्य ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "बेटी हूं, लड़ सकती हूं" का नारा देने वाली प्रियंका गांधी भी इस मुद्दे पर चुप हैं। क्या महिलाओं के सम्मान की बात सिर्फ भाजपा के खिलाफ ही उठाई जाती है?"
गौरतलब है कि मौलाना साजिद राशिदी ने हाल ही में सपा की संसद परिसर स्थित मस्जिद में हुई बैठक में डिंपल यादव के पहनावे को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके खिलाफ देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। लखनऊ पुलिस द्वारा मौलाना के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। बीजेपी इस मुद्दे को महिला सम्मान से जोड़ते हुए पूरे विपक्ष को घेरने की कोशिश कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से अब तक इस पर कोई ठोस बयान नहीं आया है, जिससे राजनीतिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। बेबी रानी मौर्य ने कहा कि "महिला गरिमा के मुद्दे पर दलगत राजनीति नहीं होनी चाहिए। जो चुप हैं, वे भी उतने ही दोषी हैं जितना बोलने वाला।"
Jul 28 2025, 15:04