निलंबित आईएएस अभिषेक प्रकाश की संपत्तियों की तलाश में विजिलेंस, एलडीए से मांगा ब्योरा
![]()
लखनऊ। घूसखोरी के गंभीर आरोपों में निलंबित चल रहे आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश पर शिकंजा कसता जा रहा है। विजिलेंस विभाग ने अब उनके और उनके परिवार के नाम दर्ज संपत्तियों का ब्योरा एकत्र करना शुरू कर दिया है। जांच की कड़ी में लखनऊ विकास प्राधिकरण से जानकारी मांगी गई है।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस विभाग ने एलडीए को पत्र भेजकर कहा है कि वह अभिषेक प्रकाश और उनके परिजनों के नाम दर्ज सभी संपत्तियों की प्रमाणित अभिलेख प्रतियां सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराए। इसमें जमीन, फ्लैट, व्यावसायिक संपत्तियों सहित लीज या आवंटन से जुड़ी सभी जानकारियां मांगी गई हैं।
अभिषेक प्रकाश पर आरोप है कि उन्होंने एक ठेका देने के एवज में रिश्वत ली थी। इसी मामले में उन्हें पहले निलंबित किया गया और अब उनके खिलाफ विस्तृत जांच चल रही है। विजिलेंस विभाग ने वित्तीय लेन-देन और संभावित बेनामी संपत्तियों की भी छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एलडीए में अभिषेक प्रकाश के कार्यकाल के दौरान कई विवादित आवंटन और स्वीकृतियों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। अब उन्हीं दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
विजिलेंस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि विभाग अभिषेक प्रकाश के खिलाफ मजबूत कानूनी आधार तैयार करने में जुटा है। सूत्रों का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति, बेनामी निवेश और पद का दुरुपयोग जैसे बिंदुओं पर भी जांच का दायरा बढ़ सकता है। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब उच्च अधिकारियों पर भी कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
May 15 2025, 18:05