चक सृजन कार्य पूर्ण, जन चौपाल में कृषकों ने जताया संतोष
सीके सिंह(रूपम)सीतापुर। सदर तहसील के अंतर्गत ग्राम कोरैया उदयपुर में सहायक चकबन्दी अधिकारी द्वारा चक सृजन की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई। इस अवसर पर सोमवार को एक जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को चकबन्दी से संबंधित जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना था। इस जन चौपाल में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उपसंचालक चकबन्दी खालिद अंजुम, उपजिलाधिकारी सदर अभिनव यादव, बन्दोबस्त अधिकारी (चकबन्दी) भारत सिंह सहित चकबन्दी विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में कृषकों की उपस्थिति रही। सहायक चकबन्दी अधिकारी द्वारा निर्मित चकों की जानकारी साझा की गई, जिस पर अधिकांश कृषकों ने संतोष व्यक्त किया। वहीं, कुछ कृषकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जन चौपाल को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने कृषकों को अवगत कराया कि चकबन्दी आकार पत्र-23 प्राप्त होने पर वे संबंधित चकबन्दीकर्ता अथवा चकबन्दी लेखपाल की सहायता से भूचित्र पर अपने चक की स्थिति भलीभांति समझ लें। यदि किसी कृषक को आपत्ति हो, तो वह पत्र प्राप्ति की तिथि से पन्द्रह दिन के भीतर चकबन्दी अधिकारी न्यायालय में आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 23 अप्रैल को ग्राम रण्डा में भी इसी प्रकार का जन चौपाल आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता की थी और चकबन्दी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया था।
चकबन्दी विभाग द्वारा आयोजित यह जन संवाद कार्यक्रम पारदर्शिता, जागरूकता एवं सहभागिता के उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो ग्रामीण अंचल में कृषि सुधारों की दिशा में एक सकारात्मक पहल को दर्शाते हैं।
Apr 29 2025, 17:22