दुमका : 'माँ, मैं IAS बन गया हूँ.. फिर माँ की ख़ुशी से छलक उठी आँखें, सौरव ने UPSC परीक्षा में हासिल की 49 वाँ रैंक, बधाइयों का लगा ताँता
![]()
दुमका : दुमका के सौरव सिन्हा ने UPSC परीक्षा में देशभर में 49 वां रैंक प्राप्त किया। सौरव ने यह उपलब्धि चौथे प्रयास में हासिल की। संताल परगना के दुमका जैसे पिछड़े क्षेत्र से सौरव सिन्हा का UPSC परीक्षा में देशभर में 49 वां रैंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
![]()
झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के सौरव सिन्हा की इस उपलब्धि के बाद परिवार में हर्ष का माहौल है और बधाइयों का ताँता लगा हुआ है। सौरव के माता औऱ पिता ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियाँ बांटी। सौरव फिलहाल लखनऊ स्थित नारायणा इंस्टिट्यूट में प्रोफेसर है औऱ वहीं से अपने माँ औऱ पिता को फोन कर कहा कि मैं आईएएस बन गया हूँ। यह सुनते ही माता -पिता औऱ परिवारवालों में ख़ुशी की लहर दौड़ पड़ी।
सौरव के पिता प्रियवत्र सिन्हा पेशे से दुमका बार एसोसिएशन में हेड क्लर्क है औऱ माँ विभा सिन्हा सफल गृहणी है। सौरव औऱ ऋषभ उनके दो पुत्र है जिसमें सौरव बड़ा पुत्र है।
सौरव की प्रारम्भिक शिक्षा दीक्षा दुमका के ग्रीन माउंट एकेडमी से हुई जहाँ से सौरव ने 10वी औऱ 12वी की परीक्षा पास की। फिर सौरव ने दूसरे प्रयास में जे ई ई मेंस में सफलता हासिल की औऱ फिर IIT खड़गपुर से B. Tech औऱ M. Sc. की डिग्री हासिल की।
पिता प्रियवत्र सिन्हा ने कहा कि सौरव की उपलब्धि से वो काफी गर्व औऱ ख़ुशी महसूस कर रहे है। सौरव शुरू से लगनशील औऱ मेहनती है। वहीं माँ विभा सिन्हा ने कहा कि दोपहर में जब सौरव ने फोन पर सूचना दी तो वो ख़ुशी से उछल पड़ी। अपनी ख़ुशी वो जाहिर नहीं कर पा रही है। हमलोगों ने उसे शुरू से पढ़ाई में हर संभव सहायता की। वो बहुत मेहनती है औऱ समय के महत्व को उसने बखूबी समझा।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
Apr 23 2025, 20:29