आज से दो दिन मनाई जाएगी होली, आज है होलिका दहन
हाजीपुर
होली चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा को सभी हिन्दू सनातनी हर्षोल्लास से मनाते हैं। इस बार रंगों का त्योहार होली दो दिन मनाई जाएगी। इस साल होली का शुभ मुहूर्त पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 13 मार्च 2025 को सुबह 10 बजकर 11 मिनट पर प्रारंभ होगी और 14 मार्च 2025 को दोपहर 11 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगी। होली का त्योहार 14 मार्च 2025 को मनाया जाएगा। कई जगहों पर 15 को भी होली मनाई जाएगी। अलग-अलग जगहों को अपना रिवाज है।
होलिका दहन 13 मार्च को रात में किया जायगा
होलिका दहन 13 मार्च दिन गुरुवार के रात में 10 बजकर 47 मिनट पर किया जायेगा। होलिका दहन के दिन को छोटी होली के नाम से भी जाना जाता है। इसे बुराई पर अच्छाई का प्रतीक कहते हैं। यह त्योहार भगवान विष्णु के भक्त प्रह्लाद की कहानी से जुड़ा हैं। भगवान विष्णु ने हिरण्यकश्यप नामक राक्षस को मारकर भक्त प्रह्लाद की रक्षा की।
ब्रज की होली का शुभारंभ बरसाना के श्रीजी मंदिर में लड्डू होली से होता है। बरसाना में महिलाएं पुरुषों पर प्रेमपूर्वक लाठियां बरसाती हैं। जिसे देखने हज़ारों लोग पहुंचते हैं। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में फूलों से होली खेली जाती है। गोकुल में महिलाएं पुरुषों पर छड़ी बरसाकर प्रेम प्रकट करती हैं।
अबीर-गुलाल, रंगों से बाजार और माहौल गुलजार हो उठा है
होलियाना अंदाज में लोग होली मनाने के लिए तैयार हैं। झांझ, डफली और ढोलक की गूंज से पूरा माहौल होलियाना हो चुका है। ऐसे में होली का बाजार भी गुलजार हो उठा है। चौकचौराहों पर व अबीर-गुलाल की दुकानें सजी हैं। जहां हर तरह के रंग बिरंगी पिचकारी के साथ अबीर और रंगों की लोग खरीददारी कर रहे हैं। बुधवार को होली व समानों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमर पड़ी। प्राकृतिक रंगों की मांग अधिक है। इन पर 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है। बाजार में एवेंजर्स, कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारी की धूम है।
Mar 13 2025, 18:31