दिनदहाड़े चार अपराधियों ने घर पर युवक को मारी गोली
हाजीपुर
नगर थाना क्षेत्र के चिकनौटा स्थित संत कबीर नगर में मंगलवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक को गोली मार दी और पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधी ने युवक गोली मारी जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चिकनौटा गांव निवासी बिंदेश्वरी राय के पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक को दो गोली लगी है। एक दाहिने हाथ में दूसरी गोली पेट के पास जाकर फंसी है। स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने युवक को पटना पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया।
शहर में दिनदहाड़े गोली चलने की सूचना पर वरीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद एसपी ललित मोहन शर्मा, मुख्यालय डीएसपी अबू जफर इमाम, नगर थाने के संजय कुमार, सीबी शुक्ला, संदीप कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और गोली लगने से घायल युवक से पूछताछ की।
गोली लगने की घटना की पूरी जानकारी
इस संबंध में बताया गया कि चिकनौता निवासी विपिन कुमार अपने घर के पास चाचा के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी बाइक से बिपिन के चाचा के पास पहुंचे। बिपिन को लगा कि चाचा से कोई मिलने आया होगा। विपिन कुछ समझ पाता तब तक अपराधियों ने विपिन को निशाना साधते हुए दो गोली दागी और मेन रोड के तरफ भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टर ने एक्स-रे करवाने के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए घायल युवक को पीएमसीएच रेफर कर दिया। बताया गया कि गोली युवक के पेट में दाहिने किनारे फंसी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। बताया गया की गोली चलाने वाले सभी अपराधियों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए कई टीम बनाकर पुलिस छापेमारी कर रही है।
अपराधियों की कर ली गई है पहचान
एसपी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि मंगलवार की दोपहर आपसी विवाद में चिकनौटा में फायरिंग हुई है। जिसमें एक युवक को गोली लगी है। सदर अस्पताल में इलाज के बाद गंभीर स्थिती को देखते हुई डाक्टर ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Mar 12 2025, 15:49