रेलकर्मियों की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति की राशि दी गई
पूमरे की ओर से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यालय में आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
हाजीपुर मुख्यालय स्थित पूर्व मध्य रेल की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला रेलकर्मियों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
समारोह में चयनित 446 छात्राओं को 80.30 लाख रूपये की छात्रवृति दी गई
महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह तथा पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनिता सिंह ने समारोह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा की ओर से पांचों मंडलों एवं मुख्यालय के रेलकर्मियों के उच्च तकनीकी व्यवसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहीं 446 चयनित पुत्रियों को कर्मचारी कल्याण निधि से छात्रवृति के रूप में 80.30 लाख रुपए की राशि वितरित की गई।
महाप्रबंधक ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं दी
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामानएं दी और कहा कि आज महिलाएं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में यथा सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, आर्थिक में सफल हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में आज लगभग एक लाख महिलाएं कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 5000 महिलाएं पूर्व मध्य रेल में अधिकारी, डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ, लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, इंजीनियर, गार्ड, ट्रैक मेंटेनर, जैसे महत्वपूर्ण एवं संरक्षा से जुड़े पदों पर कार्य करते हुए रेल और देश के विकास में योगदान दे रहीं हैं।
महिलाओं के नेतृत्व की हो रही सराहना
पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनिता सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष महिलाओं की उपलब्धियों एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमलोग अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को उत्सव के तौर पर मनाते हैं। आज देश ही नहीं, विश्व पटल पर महिलाओं के नेतृत्व की सराहना सर्वत्र हो रही है। जहां देश का नेतृत्व महिला के रूप में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू के हाथों में है। वहीं, भारतीय रेल भी इसमें पीछे नहीं है। क्योंकि लगभग एक लाख महिलाएं भारतीय रेल को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने में अपना योगदान दे रहीं हैं। यह जानकारी मुख्यजनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।
54 महिला रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज पूमरे मुख्यालय में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनिता सिंह के नेतृत्व में महिला रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच के लिए हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में डॉ. सुबोध कुमार मिश्र, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा 54 महिला रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गयी।
Mar 08 2025, 17:04