अनंत सिंह की बेटी की शादी आज, जुटेंगे कई दिग्गज, मेहमानों का स्वागत करेंगे अनंत सिंह
बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज होने वाली है। इसके लिए बाढ़ के नदवां गांव स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर भव्य तैयारियां की गई हैं। इस शादी में बिहार की राजनीति के कई दिग्गज नेताओं, जनप्रतिनिधियों और खास मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। अनंत सिंह खुद कई बड़े नेताओं को बेटी की शादी का न्योता दे चुके हैं।
![]()
10 बीघा जमीन में पंडाल तैयार
ये शादी बिहार के चर्चित नेता के परिवार की है, इसलिए इसमें राजनीतिक गलियारों और अन्य क्षेत्रों के कई दिग्गज और वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। करीब 10 बीघा जमीन में पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से पंडाल बनाए गए हैं। यहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं। चार लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है।
500 हलवाई और 300 चूल्हे
भोज की तैयारी के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए हैं और बिहार व दूसरे राज्यों से आए करीब 500 हलवाई व कारीगर बड़े-बड़े कड़ाहों में पकवान तथा मिठाइयां बनाने में जुटे हैं। खाने के साथ रसगुल्ला, गुलाब जामुन और लालमोहन जैसी मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। वहीं लाखों पूड़ियां बनाने के लिए कई टन आटा, चावल, दाल, सब्जियां, दूध, तेल और अन्य राशन की व्यवस्था की गई है।
घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार
खास बात यह है कि शादी समारोह शुरू होने से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शादी समारोह में नदवां गांव के तैयार मैदान में दोपहर 2 बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी। जिसमें अलग-अलग जगहों से घोड़े और घुड़सवार हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए खास इनाम रखे गए हैं। जिनमें पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचेगी बारात
घुड़दौड़ प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुट जाएंगे। बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से आएगी। रात आठ बजे तक दूल्हा ऋषिकेश सिंह 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। बारातियों का स्वागत भी खास अंदाज में किया जाएगा। रात नौ बजे वरमाला का कार्यक्रम निर्धारित है। वरमाला का मंच जयपुर की थीम पर तैयार किया जा रहा है। जयमाला मंच के सामने मैदान में रेस्टोरेंट की तर्ज पर विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, अनंत सिंह खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वरमाला के बाद विवाह की रस्में शुरू होंगी। इस दौरान बारातियों और अन्य मेहमानों के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। बारातियों के लिए विशेष व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
नदवां में इस भव्य शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज सुबह अनंत सिंह के बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार, दोपहर में घुड़दौड़ और शाम को बारात आएगी। बुधवार शाम कई वीवीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए 6 हेलीपैड बनाए गए हैं। इसके अलावा गाड़ियों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।





3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.0k