भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
*16 से 29 नवम्बर तक विभिन्न दिवसों की थीम के अनुसार चलाया जाएगा स्व-गणना जागरूकता अभियान, जनपद के प्रत्येक परिवार को स्व-गणना के लिए किया जाएगा प्रेरित*
*सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों को स्व-गणना में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*
फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही आमजन को स्व-गणना के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाए, जिससे जनपद में अधिक से अधिक परिवार इस अभियान में सहभागिता कर सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना अभियान के अंतर्गत 16 नवम्बर से 29 नवम्बर 2026 तक 14 दिनों के लिए दिनवार विशेष थीम निर्धारित की गई है। इसके तहत 16 नवम्बर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस, 17 नवम्बर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस, 18 नवम्बर को युवा एवं खेल तथा सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया दिवस, 19 नवम्बर को जनपद में निवासरत पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों एवं आवासीय कल्याण समितियों के लिए जागरूकता दिवस तथा 20 नवम्बर को न्यायिक दिवस के रूप में अभियान संचालित किया जाएगा।
इस दौरान 21 नवम्बर को वर्दीधारी बल दिवस, 22 नवम्बर को केंद्र सरकार के कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवम्बर को शिक्षा दिवस, 24 नवम्बर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवम्बर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवम्बर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवम्बर को डिजिटल सुविधा सहायता एवं विशेष आवश्यकता दिवस, 28 नवम्बर को कार्यस्थल से घर पर रहकर कार्य करने वाले कार्मिकों का दिवस तथा 29 नवम्बर को प्राइड दिवस के रूप में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित दिवसों के अनुसार संबंधित विभाग अपने-अपने लक्षित समूहों तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाएं। सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, स्वास्थ्य इकाइयों, बैंकों, रेलवे, डाकघरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों, परिवहन संस्थानों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी बलों में कार्यरत कार्मिकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों को इस अभियान से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। प्रचार सामग्री, बैनर, पोस्टर एवं अन्य माध्यमों पर स्व-गणना की निर्धारित तिथियों तथा आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए। ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अधिकाधिक परिवारों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। नोडल अधिकारी अपने संस्थान में हेल्प डेस्क की व्यवस्था कराते हुए कर्मचारियों एवं आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक विद्यालय के माध्यम से अधिकाधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में भी सहायता केंद्र स्थापित कराए जाएं, जिससे डिजिटल माध्यम का उपयोग करने में असमर्थ व्यक्तियों को स्व-गणना करने में आवश्यक सहायता मिल सके। जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी लोगों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्व-गणना के दौरान प्रगणकों को उनके निर्धारित क्षेत्रों में आने वाली तकनीकी एवं मानचित्र संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाए। स्व-गणना कराने वाले प्रत्येक परिवार की एसई-आईडी उसके नाम एवं मोबाइल नंबर के साथ अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। इसके साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी संचालन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा जनपद के प्रत्येक नागरिक तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाते हुए अभियान को सफल बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Nov 14 2026, 18:51
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1