ation *राजीव की हत्या से पहले राहुल ने जताई थी अनहोनी की आशंका, सोनिया ने खोला 21 मई का दर्दनाक राज
#soniagandhimemoirrahulrajiv_gandhi
![]()
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की दर्दनाक हत्या से जुड़े घटनाक्रम को भी याद किया है। उन्होंने बताया कि राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर पहले ही चिंता जताई थी। राजीव गांधी की हत्या से ठीक दो महीने पहले उनके बेटे राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी को पिता की सुरक्षा में भारी चूक को लेकर चेताया था। सौनिया ने किताब में 21 मई 1991 की उस शाम का किस्सा भी दर्ज किया है, जब प्रियंका ने सोनिया को राजीव की हत्या की खबर दी।
राहुल गांधी को थी अनहोनी की आशंका
सोनिया गांधी ने लिखा है कि राहुल ने राजीव गांधी के साथ एक दौरे के दौरान उनसे कहा था, ‘‘अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो मुझे जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ेगा।’’ राहुल गांधी की इस आशंका के करीब दो महीने बाद ही 21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक विस्फोट में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उस दिन उनकी दुनिया उजड़ गई थी और बेटे की कही बात उनके मन में गूंजने लगी थी।
सोनिया गांधी ने किया 21 मई 1991 की शाम का जिक्र
सोनिया गांधी ने 21 मई 1991 की शाम को याद करते हुए लिखा है कि वह दिन भी आम दिनों की तरह ही शुरू हुआ था। जब राजीव घर पर नहीं होते थे तो वह उनके बिस्तर की तरफ लेटकर एक तरह का सुकून महसूस करती थीं। उस दिन प्रियंका अपने कमरे में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की तैयारी कर रही थीं, जबकि राहुल अमेरिका में कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। सोनिया लिखती हैं कि अचानक उन्हें गलियारे में किसी के तेजी से दौड़ने की आवाज सुनाई दी। घर में उस समय कोई और नहीं था, इसलिए उन्हें लगा कि प्रियंका ही आ रही हैं। उन्होंने लिखा, “मुझे लगा कि वह लड़खड़ा रही हैं। इसके बाद अचानक मेरे दरवाजे पर उनके कदम रुक गए। मैंने अपनी किताब बंद कर दी और बेचैनी के साथ उनकी आहट सुनने लगी।”
जब प्रियंका ने दी थी घटना की जानकारी
सोनिया के मुताबिक, दरवाजा खुलने पर प्रियंका धीरे-धीरे कमरे में दाखिल हुईं। वह खुद को शांत रखने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन उनकी सांसें तेज चल रही थीं। चेहरे का रंग उड़ गया था और उनकी आंखों में ऐसा डर था, जिसे सोनिया ने पहले कभी नहीं देखा था। प्रियंका ने उन्हें फोन आने, बम विस्फोट होने और कई लोगों के मारे जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “मुझे समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या कह रही हैं। वह तेजी से बोल रही थीं और उनकी कोई बात मेरी समझ में नहीं आ रही थी। मद्रास क्यों? क्या राजीव मद्रास में हैं? कौन सा बम? प्रियंका की बातों से ज्यादा उनकी आवाज में छिपे डर ने मुझे यह समझा दिया कि वह क्या कहना चाहती हैं। मेरी सांसें रुक गईं। मैं खड़ी हुई तो वह आगे बढ़ीं और मुझे अपनी बांहों में भर लिया। मैं अपने सीने से उनके दिल की तेज धड़कन महसूस कर सकती थी।”
एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने का जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में उस शाम की घटनाओं का जिक्र किया है, जब एक महिला ने माला पहनाने के बहाने राजीव गांधी के पास पहुंचकर अपने शरीर पर बंधे विस्फोटकों में धमाका कर दिया था। इस घटना में पूर्व प्रधानमंत्री के अलावा उनके आसपास मौजूद 14 अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी की हत्या का यह प्रयास ऐसे समय हुआ, जब तत्कालीन वी पी सिंह सरकार ने उनकी विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की सुरक्षा वापस ले ली थी। यह फैसला दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक के बावजूद लिया गया था, जिसमें तय किया गया था कि किसी नए खतरे के आकलन के आधार पर बदलाव की जरूरत सामने आने तक एसपीजी सुरक्षा जारी रहनी चाहिए।



2 hours and 40 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
4.0k