स्टार्टअप के सपनों को पंख दे रहा ‘यूपी राइज’, युवाओं ने दिखाया हुनर
![]()
- रायबरेली में ‘यूपी राइज: संवाद, संकल्प, सफलता’ कार्यक्रम, 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
- 12 स्टार्टअप आइडिया शॉर्टलिस्ट, बेहतर प्रस्तुति देने वाली टीमों को नकद पुरस्कार
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के युवाओं में उद्यमिता की सोच को बढ़ावा देने और उन्हें रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से रायबरेली में ‘यूपी राइज: संवाद, संकल्प, सफलता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ना रहा। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, स्टार्टअप के लिए उपलब्ध सुविधाओं और नई तकनीकों की जानकारी भी दी गई।
- यूपी में तेजी से बढ़ रहा स्टार्टअप इकोसिस्टम
ग्लोबल टैक्सपेयर्स ट्रस्ट के चेयरमैन एवं जीएसटी ग्रीवांस रिड्रेसल कमेटी के सदस्य मनीष खेमका ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास देश-दुनिया की बड़ी युवा कार्यशक्ति है, जो प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यूपी के युवा अब नौकरी तलाशने के साथ-साथ अपना उद्यम शुरू कर रोजगार के अवसर भी पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में पंजीकृत स्टार्टअप की संख्या करीब 120 थी, जो अब बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है। इनमें करीब 50 प्रतिशत स्टार्टअप का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। प्रदेश में आठ यूनिकॉर्न स्टार्टअप भी सामने आ चुके हैं।
खेमका के मुताबिक स्टार्टअप नीति-2026 के तहत युवाओं के लिए कई प्रोत्साहन उपलब्ध हैं। इनमें 20 हजार रुपये प्रतिमाह का सस्टेनेंस अलाउंस, 10 लाख रुपये तक का प्रोटोटाइप अनुदान और 15 लाख रुपये तक की सीड कैपिटल शामिल है। उन्होंने कहा कि 65 विभागों से जुड़े 4,675 से अधिक पुराने नियमों और अनुपालनों को समाप्त किए जाने से कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया भी आसान हुई है।
- एआई और नई तकनीक पर भी हुआ संवाद
कार्यक्रम में एआई कंसल्टेंट, टेक्निकल आर्किटेक्ट एवं मोबिलिटी विशेषज्ञ लता रस्तोगी और मनीष नाथ ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों पर संवाद किया। उन्होंने स्टार्टअप की संभावनाओं, बदलते तकनीकी परिदृश्य और नए व्यवसायिक अवसरों की जानकारी दी। साथ ही प्रदेश सरकार की स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
- कृषि से लेकर रोबोटिक्स तक सामने आए आइडिया
कार्यक्रम में कुल 12 स्टार्टअप आइडिया को शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें ‘कृषि स्कैन’, ‘व्यापार सेतु’, ‘स्मार्ट केयर’, ‘जल रिसाव निवारण’, ‘लैब सेतु’ और ‘मोबाइल सहयोगात्मक रोबोट’ सहित कई नए विचार शामिल रहे। प्रस्तुतियों के आधार पर नवनीत यादव की टीम ‘मोबाइल सहयोगी रोबोट’ को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं ऋषभ श्रीवास्तव और शोजाब रिजवी की टीम ‘लैब सेतु’ को उपविजेता के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और महिला सशक्तीकरण से संबंधित योजनाओं की भी जानकारी दी गई। आयोजकों के अनुसार ‘यूपी राइज’ अभियान प्रदेश के 25 शहरों के 30 प्रमुख कॉलेजों में आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली छात्रों को बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।








Sep 11 2026, 18:23
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k