/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif StreetBuzz उद्योग, व्यापार एवं श्रम बन्धुओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के डीएम ने दिए निर्देश Gonda
उद्योग, व्यापार एवं श्रम बन्धुओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के डीएम ने दिए निर्देश


*जलनिकासी, विद्युत व्यवस्था एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिल जमा कराने पर जोर:-जिलाधिकारी*


*शहर में जाम एवं अतिक्रमण की समस्या पर सख्त कार्रवाई के निर्देश:-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 01 सितम्बर,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों एवं गतकार्यवाही की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


बैठक में उपस्थित उद्योग, व्यापार एवं श्रम बन्धुओं के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में शहर के विभिन्न मार्गों पर लगने वाले जाम तथा सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण की समस्या पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने एआरटीओ, एआरएम रोडवेज, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।


जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी को संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए कि वे अपना सामान सड़क अथवा सड़क की पटरी पर न रखें, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो। निर्देशों का पालन न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी एवं निरंतर रूप से की जाए।

बैठक में नगर क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोण्डा को बड़े नाले के निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी एवं व्यावहारिक योजना तैयार की जाए।

वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत बिल व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जनपद में विद्युत सखियों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि उनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को समय से विद्युत बिल जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि राजस्व वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी सुविधा मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी, डीसी उद्योग बाबूराम, एलडीएम विनोद तिवारी, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र, एक्सईएन विद्युत राम मोहन पाण्डेय सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा उद्योग, व्यापार एवं श्रम बन्धुओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्वेलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, शटर का ताला तोड़कर घुसे चोर
गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा शिवदयालगंज में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।कटरा तिराहे पर स्थित अजय ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।दुकान मालिक अजय सोनी के मुताबिक वारदात रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। पीड़ित व्यापारी ने नवाबगंज थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नागरीय स्थानीय निकाय, महाविद्यालय एवं बेसिक शिक्षा समितियों से सम्बन्धित अनुश्रवण समिति की मण्डलीय बैठक सम्पन्न

*मण्डलायुक्त ने समितियों से सम्बन्धित कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*15 सितम्बर तक हर हाल में अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश*

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में नागरीय स्थानीय निकाय, महाविद्यालय एवं बेसिक शिक्षा समितियों से सम्बन्धित अनुश्रवण समिति की मण्डलीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में देवीपाटन मण्डल के जनपद गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर में संबंधित समितियों के माध्यम से संचालित कार्यों, योजनाओं, प्रकरणों एवं उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने विभागवार एवं बिंदुवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मण्डलायुक्त ने नागरीय स्थानीय निकायों से सम्बन्धित विभिन्न कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें। नगर निकायों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, सड़क एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। अधिकारियों द्वारा योजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ-साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए, ताकि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सके।

मण्डलायुक्त ने महाविद्यालयों से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए शैक्षिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही महाविद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संस्थानों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक संसाधनों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय से पहुंचाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं शिक्षण कार्य की नियमित निगरानी की जाए। विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समितियों से संबंधित लंबित प्रकरणों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता हो, वहां संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन स्तर से निर्धारित प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करें और प्रगति की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करते हुए कमियों को तत्काल दूर कराएं।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैठक में दिए गए निर्देशों एवं विभिन्न प्रकरणों में की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या 15 सितम्बर तक हर हाल में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपालन आख्या में प्रत्येक बिंदु पर की गई कार्रवाई का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक विवरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे प्रकरणों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से कार्यों की प्रगति को बेहतर बनाया जाए।

बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नागरीय स्थानीय निकायों, महाविद्यालयों एवं बेसिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनपद के लिए ऐतिहासिक पल, विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन की मिली सौगात

गोंडा,31 अगस्त। भारतीय रेलवे द्वारा आधुनिक, सुरक्षित और सुगम रेल सेवाओं के विस्तार हेतु किये जा रहे निरन्तर कार्याें के अन्तर्गत बहराइच से नवनिर्मित, विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन के लोकार्पण तथा गाड़ी संख्या 14213/14 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस ट्रेन, गाड़ी संख्या 15131/32 वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन और गोंडा-बहराइच के मध्य चलने वाली गाड़ी संख्या 75109/10 एवं 75111/75112 डेमू ट्रेनों का नेपालगंज रोड तक के विस्तार के शुभारंभ अवसर पर नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम मित्र राष्ट्र नेपाल में बाढ़ से हुई त्रासदी में मृतकों के लिए 02 मिनट का मौन रखकर दिवंगत लोगों की आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हम सब के लिए दशकों के सपने को साकार होने जैसा है। वहीं नेपाल की वर्तमान त्रासदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने का भी एक अवसर है। उन्होंने कहा कि मित्र राष्ट्र नेपाल में बाढ़ से हुई त्रासदी केे पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में हम नेपाल के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में नेपाल के अन्दर भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण केवल मित्र राष्ट्र नेपाल ही नहीं बल्कि भारत सहित विभिन्न देशों के सैकड़ों नागरिकों को प्राकृतिक आपदा का शिकार होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि नेपाल राष्ट्र सहित भारत व अन्य देशों के सभी बन्धु बांधवों को जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है सभी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए  श्रद्धांजलि अर्पिंत करता हूॅ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल के अन्दर वर्तमान त्रासदी में मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन एवं नेतृत्व में भारत सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए मित्र राष्ट्र के सहयोग के लिए जो कदम बढ़ाया है हम इसके लिए प्रधानमंत्री जी के आभारी हैं। उन्होंने नेपाल के नागरिकों को आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल हमारे लिए एक राजनैतिक रूप से मित्र राष्ट्र ही नहीं बल्कि हमारी एक सांझी सांस्कृतिक विरासत भी है। और उस सास्कृतिक विरासत को भगवान पशुपतिनाथ से लेकर काशी विश्वनाथ तक, गोरखा से लेकर गोरखपुर तक, जनकपुर से लेकर अयोध्या तक यह सभी कुछ आज भी देश के अन्दर बड़ी श्रद्धा के साथ हम सब स्मरण करते हैं और एक दूसरे धामों में जाकर सांझी विरासत का आदर भी करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए, इस क्षेत्र के लिए जो दशकों से उस सपनों को देखने के लिए लालायित था, जिसके लिए पीढ़िया चली गई। उस सपने को साकार और मूर्त रूप में देखने का संकल्प साकार हुआ जब मा. मंत्री रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव जी द्वारा वर्चुअल रूप से बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड के रेल खण्ड को ब्राडगेज नेटवर्क से जोड़ने के कार्यक्रम के उदघाटन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आजादी के बाद विकास से वंचित रहा। कभी सत्ता का संचालन बहराइच करता था। महाराजा सुहेलदेव ने 1000 वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांताओं से भारत को मुक्त करने का कार्य किया है। अभी तक यहां विदेशी आक्रांताओं का मेले व उर्स के नाम पर गुणगान होता रहा। लेकिन आज बहराइच में निर्मित महाराजा सुहेलदेव का विहंगम स्मारक स्थल पर अब महाराजा सुहेल देव जी विजयगाथा का गुणगान हो रहा है। अब यहां पर आने वाले श्रद्धालु 1000 वर्ष पूर्व की विजयगाथा को अपनी आंखों से देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल की कनेक्टिविटी न के बराबर थी और जो थी वह भी मीटर गेज की थी। जिसके कारण मित्र राष्ट्र नेपाल की भी कनेक्टिविटी नहीं हो पायी। आजादी के बाद देश के अन्दर अनेक स्थानों पर मीटर गेज लाईने ब्राडगेज हुईं, नई रेल गाड़िया चली कहीं शताब्दी चली, कही पर कोई ट्रेन चली लेकिन इस क्षेत्र को बार्डर एरिया समझ कर विकास नहीं किया गया। लेकिन डबल ईंजन की सरकार के लिए रूपईडीहा देश का प्रवेश द्वार है। मा. प्रधानमंत्री की प्रेरणा से मा. रेल मंत्री ने विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन को रू. 730 करोड़ की लागत से 56.00 कि.मी. के कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण कराया है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे के ब्राडगेज की कनेक्टिविटी से नेपालगंज को जोड़ने का कार्य हो गया है। इसके अलावा  04 ट्रेने भी संचालित की जा रही है। जिससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी होने से क्षेत्र का विकास होगा, उद्याोग लगेंगे, कृषि और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। अयोध्या, गोरखपुर जैसे क्षेत्रों को जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जब कनेक्टिविटी होती है तो गति मिलती है, और जब गति सकारात्मक दिशा में बढ़ती है तो वहीं प्रगति का आधार बनती है और यही प्रगति अब लखनऊ से बहराइच, अयोध्या से बहराइच, गोरखपुर से बहराइच और नेपालगंज तक आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन करेगा। इससे भारत और नेपाल के सांस्कृतिक संबन्धों को और मज़बूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां से प्रारम्भ होने वाली ट्रेन लोगों को वाराणसी बाबा विश्वनाथ के धाम से जोड़ने का कार्य करेगी। रेल मंत्री द्वारा 04 ट्रेनों की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कनेक्टिविटी मात्र सुरक्षा व सुविधा के लिए नहीं बल्कि क्षेत्र की समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे इस क्षेत्र में विकास की बयार बहेगी, उद्योगों की स्थापना होगी, व्यापार बढ़ेगा, पयर्टन व कृषि के क्षेत्र को पंख लग जायेंगे। उन्होंने कहा कि कतर्नियाघाट के कारण बहराइच में पर्यटन में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक केन्द्रों को जोडने में मददगार होगा। जिससे पूरे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बदलाव आयेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बहराइच से खलीलाबाद के लिए नई रेल लाईन का कार्य प्रगति पर है, इसी प्रकार गोरखपुर से वाया बलरामपुर से बहराइच नेपालगंज तक नई रेल प्रारम्भ होगी। इन सुविधाओं से आवागमन तो बेहतर होगा ही साथ ही विकास में भी भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डबल ईंजन की सरकार में माफिया नहीं हर जिले में मेडिकल कालेज बन रहे हैं। जहां बहराइच में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर मेडिकल कालेज व बालार्क श्रषि के नाम पर अस्पताल है। वहीं बलरामपुर, गोण्डा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, बस्ती व सिद्धार्थनगर में भी मेडिकल कालेज स्थापित हो गया है। श्रावस्ती में एयर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है।
आज इंसेंफिलाईटिस जैसी बीमारी से कोई भी परिवार भयभीत नहीं है। पिछली सरकारों ने अज्ञात बीमारी कह कर समस्याओं से मुंह मोड़ने का कार्य किया। लेकिन डबल ईंजन की सरकार ने समस्या की तह में जाकर उसका समाधान उपलब्ध कराने का कार्य किया है। आज मॉ बहने पूरी तरह से सुरक्षित है। केन्द्र सरकार द्वारा बहराइच से लखनऊ रोड को फोर लेन करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। भारत में कहीं रैपिड रेल, कहीं अमृत भारत, कहीं नमो भारत, कहीं वंदे भारत के रूप में नई रेल सेवाएं नये आत्म निर्भर, विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करती हुई दिखायी दे रही है। आज भारत की शत-प्रतिशत ब्राडगेज रेल लाईन का विद्युतीकरण हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश एवं देश में रेलवे के क्षेत्र में हुए कायाकल्प के लिए मा. प्रधानमंत्री व रेल मंत्री जी का आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि जब पटरी बड़ी होती है तो रास्ते भी बड़े होते हैं, रास्ते बड़े होते हैं तो बाज़ार बड़े होते हैं, बाज़ार बड़े होने से जब अवसर बड़े होते हैं तो संकल्पों की पूर्ति होने में देर नहीं होती है। मुख्यमंत्री ने रेलवे सेवा विस्तार आसन्न श्री कृष्ण जन्माष्टमी  के लिए क्षेत्र वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इससे पूर्व कार्यक्रम को मा. रेल मंत्री ने भी वर्चुअली सम्बोधित किया तथा मा. मुख्यमंत्री जी के साथ रिमोट बटन दबाकर बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉड गेज रेल लाइन का लोकार्पण किया तथा रेल गाड़ी को रवाना किया। कार्यक्रम को सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड, एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, पयागपुर के सुभाष त्रिपाठी, महसी के सुरेश्वर सिंह, सदर की श्रीमती अनुपमा जायसवाल, बलहा की श्रीमती सरोज सोनकर व पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर आयुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक कुमार, महाप्रबन्धक पूर्वात्तर रेलवे उदय बोरवणकर, डीआरएम गौरव अग्रवाल, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अवैध पिस्टल एवं 02 जिंदा कारतूस के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तारः

*कार्यवाही-*
गोण्डा । पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना को0 नगर पुलिस द्वारा चेकिंग एवं गश्त के दौरान 01 अभियुक्त को अवैध पिस्टल एवं 02 जिंदा कारतूस .32 बोर के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 31.08.2026 को रात्रि करीब 01ः40 बजे उ0नि0 शुभांशु पाठक मय हमराह के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग एवं अपराध की रोकथाम हेतु भ्रमणशील थे। इसी दौरान सोनी गुमटी रेलवे ब्रिज के नीचे थाना कोतवाली नगर, गोण्डा के पास संदिग्ध अवस्था में मिले एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 अदद अवैध पिस्टल एवं 02 अदद जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद हुए। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को गिरफ्तार कर बरामद अवैध शस्त्र एवं कारतूस को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की गई।
थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा हत्याभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 01 अदद डण्डा बरामद

*कार्यवाही-*
गोण्डा। थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 224/2026 धारा 238(ए), 103(1) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त गोविन्द कुमार दूबे पुत्र पूजाराम दूबे निवासी दूबे का पुरवा कमड़ावा थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा, को आज दिनांक 31.08.2026 को शिव ब्रिक फील्ड सुसगवां भट्ठा के सामने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 अदद लकड़ी का डण्डा बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादी संगम लाल पुत्र राजेश्वरी प्रसाद निवासी ग्राम भगौतीपुरवा (उसरैना), थाना कौड़िया, जनपद गोण्डा द्वारा थाना खरगूपुर पर तहरीर दी गई कि उनकी भान्जी कोमल उर्फ नीतू पत्नी गोविन्द लाल की दिनांक 29.08.2026 को मृत्यु हो गई। वादी के अनुसार मृतका को उसके ससुराल पक्ष द्वारा पूर्व में मारपीट एवं प्रताड़ित किए जाने की बात वह अपने मायके वालों को बताती थी। सूचना पाकर परिजन मृतका की ससुराल पहुंचे, जहां वह फंदे में बंधी अवस्था में मिली तथा मौके पर डण्डा एवं खून पड़ा हुआ था। तहरीर के आधार पर थाना खरगूपुर पर सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा अभियुक्त गोविन्द कुमार दूबे की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अभियुक्त को शिव ब्रिक फील्ड सुसगवां भट्ठा के सामने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि खाना बनाने की बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था तथा विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी को डण्डे से मारा था। अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डण्डा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।
चर्चित जज शबीना खातून को मिली सुरक्षा,आयुक्त व जज के विवाद के बीच गनर तैनात
*सुरक्षा के लिए दिया गया गनर - सीओ सिटी

गोंडा।जिले में तैनात चर्चित सिविल जज सीनियर डिवीजन शबीना खातून को पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई गई है।उनकी सुरक्षा में एक सरकारी गनर 24 घंटे तैनात रहेगा।यह जानकारी क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दावाच्या ने सोमवार सुबह इसकी पुष्टि किया है।यह सुरक्षा आयुक्त देवी पाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल और सिविल जज सीनियर डिवीजन शबीना खातून के बीच फोन पर हुई बातचीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच दी गई है।इस पूरे प्रकरण को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के लखनऊ खंडपीठ में भी सुनवाई हुई थी।उच्च न्यायालय ने आयुक्त द्वारा जज को फोन किए जाने को प्रथम दृष्ट्या आपराधिक अवमानना माना था।उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति हैदर कमर हसन रिजवी ने 21 अगस्त को मामले की सुनवाई करते हुए टिप्पणी किया था कि किसी न्यायिक अधिकारी को फोन कर दबाव बनाना न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार और न्याय प्रशासन में बाधा उत्पन्न करने जैसा है।न्यायालय ने इसे आपराधिक अवमानना के तहत विचार योग्य मानते हुए मुख्य न्यायाधीश अथवा किसी वरिष्ठ न्यायाधीश से निर्देश लेकर उपयुक्त अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।वहीं आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी जज पर अशोभनीय एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है।उन्होंने इस संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति व गोंडा जिले के प्रशासनिक जज श्री प्रकाश पांडिया को पत्र लिखा था।पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दावाच्या ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर सिविल जज सीनियर डिवीजन शबीना खातून की सुरक्षा में गनर को तैनात किया गया है।जहाँ 24 घंटे गनर द्वारा उनकी सुरक्षा की जाएगी।
परिवार परामर्श केन्द्र (महिला सहायता प्रकोष्ठ) द्वारा 02 प्रकरणों में कराया गया सुलह-समझौता

गोण्डा। पारिवारिक विवादों के निस्तारण एवं परिवारों में आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से परिवार परामर्श केन्द्र (महिला सहायता प्रकोष्ठ) द्वारा निरन्तर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। दिनांक 30.08.2026 (रविवार) को परिवार परामर्श केन्द्र जनपद गोण्डा में कुल 61 पत्रावलियों पर कार्यवाही की गई। परामर्श के दौरान 16 प्रकरणों में पक्षकार उपस्थित हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों में दोनों पक्षों को समझाकर आपसी सहमति एवं सुलह-समझौता कराया गया। परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर पारिवारिक विवाद को आपसी बातचीत एवं समझाइश के माध्यम से समाप्त कराया गया तथा भविष्य में आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु परामर्श दिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण-*

*सदस्यगण-* शशि कुमार भारती, राजमंगल मौर्या एवं यशोदा नंदन त्रिपाठी।

*अधिकारी/कर्मचारीगण-* उ0नि0 ब्रजेश कुमार चौबे, हे0का0 अजय कुमार एवं सुभाष सिंह चौहान
थाना छपिया पुलिस द्वारा नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। थाना छपिया पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मु0अ0सं0 235/2024 धारा 137(2), 87, 65(1) बीएनएस एवं 5जे(2)/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त अंकुश शर्मा उर्फ अंकुश तिवारी को सहजनवा से गिरफ्तार किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 05.09.2024 को थाना छपिया क्षेत्रान्तर्गत रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा थाना छपिया पर लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी पुत्री शौच के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं आई। वादी द्वारा पुत्री की काफी खोजबीन की गई तथा नाते-रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां पता किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर थाना छपिया में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें आज दिनांक 30.08.2026 को थाना छपिया पुलिस टीम द्वारा वांछित चल रहे आरोपी अभियुक्त अंकुश शर्मा उर्फ अंकुश तिवारी को सहजनवा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।
दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर घायल
गोंडा। जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जवाहर नवोदय विद्यालय देवरिया के पास अनियंत्रित बाइक निर्माणाधीन पुल की दीवार से टकराकर 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरि शरण मिश्रा (28) पुत्र राम मिलन मिश्रा निवासी मल्हीपुर चक गौर गांव के रूप में हुई है। गंभीर घायल युवक मयंक मोहन शुक्ला है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंधेरा होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और निर्माणाधीन पुल की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत गहरे गड्ढे में गिर गए।घटना की सूचना पर पहुंचे दतौली चौकी के सिपाही ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को गड्ढे से बाहर निकाला और मनकापुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरि शरण मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मयंक मोहन शुक्ला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।