मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 477 जोड़ों का विवाह हुआ सम्पन्न*
मुख्य अतिथि विधायक राजेश गौतम कादीपुर ने कार्यक्रम में पहुंचकर दिया नव-दम्पत्तियों को आर्शीवाद।
सुलतानपुर,उ0प्र0 सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद सुलतानपुर के फरीदीपुर स्थित केएनआईटी परिसर में दो दिवसीय भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि विधायक कादीपुर राजेश गौतम का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक कादीपुर राजेश गौतम द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया। सामाजिक समरसता,सर्वधर्म समभाव एवं गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में कुल 477 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 6 मुस्लिम जोड़ों का विधिवत निकाह भी कराया गया,जिसने सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का सशक्त संदेश दिया। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में उल्लास,उत्साह एवं गरिमामय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि-विधायक कादीपुर राजेश गौतम,मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह,ब्लाक प्रमुख भदैयॉ राजेन्द्र वर्मा,जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डी0आर0डी0ए0), जिला कार्यक्रम अधिकारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी,जिला विद्यालय निरीक्षक,सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए नवविवाहित दंपतियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासन की पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समारोह में शामिल प्रत्येक जोड़े का विवाह से पूर्व फिंगर रजिस्ट्रेशन (बायोमेट्रिक सत्यापन) कराया गया। सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही संबंधित जोड़ों को विवाह मंडप अथवा निकाह स्थल पर भेजा गया, जिससे योजना का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। विवाह एवं निकाह की संपूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के लिए पेयजल, बैठने, चिकित्सा, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।
विधायक कादीपुर द्वारा जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री समाज कल्याण के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा सरकार द्वारा योजनान्तर्गत दिये जा रहे लाभ के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। समारोह के दौरान विधायक कादीपुर,ब्लाक प्रमुख भदैया द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उनको शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन में बड़ी संख्या में परिजन एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित यह समारोह जनपद में सामाजिक समानता, महिला सशक्तिकरण एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Jul 21 2026, 17:35
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1