औरंगाबाद के पौथू में शर्मनाक वारदात: नाबालिग से दुष्कर्म के बाद फरार हुए 2 युवक, पुलिस कर रही छापेमारी
औरंगाबाद औरंगाबाद जिले के पौथू थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने शौच करने जा रही नाबालिग किशोरी को उठा लिया। दोनों उसे सुनसान खेत में ले गए, जहां गंदा काम करने के बाद उसे नंगी हालत में छोड़ दिया और फरार हो गए। इसे लेकर पीड़िता की मां ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।मामले को लेकर पुलिस को दिए शिकायत आवेदन में पीड़िता की मां ने कहा है कि उनकी 16 वर्षीया पुत्री सोमवार की शाम 07.30 बजे शौच के लिए घर से निकली। आधे घंटे बाद वह जब घर नही लौटी तो वह पति को साथ लेकर उसे ढूंढ़ने खेतों की ओर गई। इसी दौरान मेरे पति को सुनसान खेत की ओर से कराहने की आवाज सुनाई दी। आवाज की ओर जाने पर मेरी बेटी खेत में नग्न अवस्था में मिली, जिसे देखकर मैंने उसके शरीर को अपने आंचल से ढ़का। इसके बाद नाबालिग किशोरी ने रोते हुए माता-पिता को पूरी घटना की आपबीती बताई। उसने माता-पिता को बताया कि शौच के लिए घर से निकलकर कुछ दूर जाते ही गांव के दो युवकों ने मुंह दबाकर उसे उठा लिया। दोनों उसे लेकर सुनसान खेत में ले गए, जहां एक ने उसके शरीर के सारे कपड़े उतार कर गंदा काम किया और दूसरा युवक उसका मुंह दबाए रखा। इसके बाद दोनों उसे खेत में ही नंगा छोड़कर फरार हो गये। मामले में पौथू थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के शिकायत आवेदन के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दो युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों नामजदों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस शीघ्र ही दोनों को गिरफ्तार कर लेगी।
Jul 07 2026, 21:35
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5,260.0k