महिला की मौत पर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, ऑटो चालक की गिरफ्तारी की मांग
मोहनलालगंज के डेबरिया गांव में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से गई थी 55 वर्षीय महिला की जान

हत्या का मुकदमा दर्ज करने पर अड़े परिजन, पुलिस के समझाने पर हुआ अंतिम संस्कार

लखनऊ । डेबरिया गांव में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से महिला की मौत के बाद रविवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस और राजस्व टीम के काफी समझाने के बाद परिजन मान गए और पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। डेबरिया निवासी भुल्ला देवी (55) शनिवार शाम करीब छह बजे घर के सामने सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान ऑटो संख्या UP32TT5810 ने उन्हें टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के बेटे राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि ऑटो चालक सुनील दीक्षित पुत्र स्व. छंगालाल दीक्षित नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उसकी लापरवाही से मां की मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव सड़क पर रख दिया।

पुलिस और राजस्व टीम के अधिकारियों ने समझाकर अंतिम संस्कार कराया। मोहनलाल गंज इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ऑटो कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। मृतका के परिवार में पति ब्रह्मादीन और दो बेटे अंगनू व राजेंद्र हैं।
इंस्टाग्राम पर युवती को बदनाम करने का आरोप, दो सगे भाइयों पर मुकदमा दर्ज
मोहनलालगंज के नगराम में युवती ने एक आरोपी पर दुष्कर्म और दूसरे पर धमकी देने का लगाया आरोप

शादी के रिश्ते तुड़वाने के लिए आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का भी दावा

लखनऊ।  नगराम क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित कर युवती को बदनाम और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही दो सगे भाई उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। शादी के लिए जहां भी रिश्ता तय करने की बात होती है, आरोपी वहां पहुंचकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखाकर रिश्ता तुड़वा देते हैं। युवती ने एक भाई पर दुष्कर्म और दूसरे पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगराम थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही प्रदीप कुमार उसे मिलने के बहाने बुलाता था। आरोप है कि बीती 16 नवंबर की सुबह करीब चार बजे प्रदीप ने उसे पुराने घर पर मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, प्रदीप के भाई राजेश कुमार ने भी उसके साथ गाली-गलौज की और धमकियां दीं। युवती का आरोप है कि शिकायत करने के बाद से दोनों भाई उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। उसकी अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर प्रसारित किए जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। युवती ने आरोप लगाया कि दोनों भाई उसे बदनाम करने के साथ ही उसकी शादी में भी बाधा डाल रहे हैं। उसके माता-पिता जब भी कहीं शादी के लिए बातचीत करते हैं तो आरोपी वहां पहुंच जाते हैं। परिजनों और रिश्तेदारों को उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो दिखाकर रिश्ता तुड़वा देते हैं। इससे युवती और उसका परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही आपत्तिजनक सामग्री पर रोक लगाने की मांग की है।

एसओ नगराम अंजनी सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झगड़ा छुड़ाने की कीमत चुकानी पड़ी जान से, युवक की हत्या में तीन गिरफ्तार
जौनपुर के गौराबादशाहपुर क्षेत्र में लाठी-डंडों से पीटकर की गई थी बिंद्रेश राजभर की हत्या, आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में झगड़ा छुड़ाने के विवाद में युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने रविवार काे बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहां गांव निवासी लल्लन राजभर ने 28 नवंबर को थाना में तहरीर दी थी। उन्हाेंने आरोप लगाया कि 27 नवंबर को झगड़ा छुड़ाने की बात को लेकर विपक्षियों ने उनके पुत्र बिंद्रेश राजभर को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान चलाया जा रहा था।

गौराबादशाहपुर पुलिस ने रविवार को सूचना पर आजमगढ़ रोड स्थित आरा पुलिया के पास से तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इसी गांव के रहने वाले सानू उपाध्याय (23), विकास तिवारी (27) और वीरू पांडेय (29) के रूप में हुई है। आरोपिताें के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी काे जेल भेज दिया गया।
बेटे की कार बनी मां की मौत की वजह, घर के बाहर दर्दनाक हादसा
प्रतापगढ़ के कुंडा में मां को कार में बैठाते समय एक्सीलेटर पर पड़ा पैर, अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय तुलसी यादव की मौत।


प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा कोतवाली क्षेत्र में रविवार को वजीरपुर गांव में बेटे की कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध मां की मौत हो गई।

कुंडा कोतवाली क्षेत्र के वजीरपुर गांव में बेटे की कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध मां की मौत हो गई। मां को कार में बैठाने के दौरान अचानक एक्सीलेटर पर बेटे का पैर पड़ गया। इससे कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में आगे बढ़ी और मां को अपनी चपेट में लेते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्धा को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वजीरपुर गांव निवासी विनोद यादव रविवार दोपहर अपनी कार से कहीं जाने की तैयारी कर रहा था। उसकी मां तुलसी यादव खेत से लौटकर घर पहुंची थीं। विनोद मां को कार में बैठाने लगा, तभी अचानक उसका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया। देखते ही देखते कार तेजी से आगे बढ़ गई और तुलसी यादव उसकी चपेट में आ गईं। कार उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ी और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल तुलसी यादव को आनन-फानन सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर एसआई अंकित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह का कहना है कि परिजनाें ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
पूजा घर की ज्योत से मकान में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख
सचिवालय कॉलोनी में डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर पाया काबू, हादसे में कोई जनहानि नहीं

लखनऊ। राजधानी की सचिवालय कॉलोनी में रविवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि मकान में रखा काफी घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12:19 बजे डायल-112 के माध्यम से सचिवालय कॉलोनी स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर थाना गाजीपुर की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मकान संख्या एल-2/1153/10 में आग लगी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली की आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की सहायता से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

ड्यूटी पर गए थे मकान मालिक

मकान मालिक जय शंकर राम घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क किया तो पता चला कि वह राज्य संपत्ति विभाग में चालक के पद पर कार्यरत हैं। घटना से पहले वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को डालीबाग स्थित अपने भाई के आवास पर छोड़कर ड्यूटी पर चले गए थे।

पूजा घर की ज्योत से आग लगने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मकान के पूजा घर में जल रही ज्योत से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग की चपेट में आने से घर में रखा काफी घरेलू सामान जलकर खराब हो गया। पुलिस के अनुसार, आग पूरी तरह बुझा दी गई है और मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
मऊ मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दूसरे दिन एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने एक दर्जन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
बीएलओ को अधिक से अधिक फॉर्म ऑनलाइन करने के दिए निर्देश, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने की अपील

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान के दूसरे दिन उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने चक भोपालपुर, चलिसवा, अलाउद्दीन पट्टी, नदी रोड स्थित मदरसा, कंपोजिट विद्यालय गालिबपुर तथा बीआरसी केंद्र भाग-2 सहित तहसील क्षेत्र के लगभग एक दर्जन मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सुबह करीब 9:45 बजे विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचीं एसडीएम ने बीएलओ की उपस्थिति और मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सुबह से शाम 4 बजे तक अधिक से अधिक फॉर्म ऑनलाइन किए जाएं तथा पात्र मतदाताओं के आवेदन समय से दर्ज किए जाएं।

एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने विशेष रूप से कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और उन्होंने अभी तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 नहीं भरा है, वे अपना आवेदन अवश्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदान करना प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है।

इस मौके पर तहसीलदार सुधांशु शेखर, अजय बहादुर सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला, 189 मरीजों का हुआ परीक्षण
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को ब्लॉक के करहा समेत चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। स्वास्थ्य मेले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

मेले में पहुंचे मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। मौसम में बदलाव के चलते स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम, खांसी, ब्लड प्रेशर, शुगर और दमा समेत विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।

चिकित्सकों ने लोगों को मौसम में हो रहे बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है, ऐसे में बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। ठंड से बचाव के उपाय अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।
चारों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में कुल 189 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं।

इस मौके पर डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय चौहान, डॉ. बलवंत, फार्मासिस्ट हंसराज यादव, सरोज यादव, रितेश कुमार राय, उपासना राय, मनोज कुमार, शिवम पांडेय समेत विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
बभनपुरा कोलौरा गांव में बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा का भिक्खु चंद्रिमा थेरो ने किया अनावरण
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)।
मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के बभनपुरा कोलौरा गांव में ग्रामीणों के आपसी सहयोग से संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि भिक्खु चंद्रिमा थेरो ने विधिवत किया। भिक्खु चंद्रिमा थेरो वाराणसी के सारनाथ स्थित बौद्ध भिक्षु एवं धम्म प्रचारक हैं तथा धम्मा लर्निंग सेंटर के संस्थापक व अध्यक्ष भी हैं।

अनावरण के दौरान मुख्य अतिथि ने बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मिशन के कलाकारों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और तथागत गौतम बुद्ध के जीवन दर्शन, विचारों तथा देश और समाज के प्रति उनके योगदान को गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस दौरान संविधान के महत्व और सामाजिक समानता का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भिक्खु चंद्रिमा थेरो ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके बताए शिक्षा, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मार्ग पर चलकर ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह गौतम, बसपा प्रत्याशी जेके आजाद, महाप्रधान अमरनाथ चौहान, संतोष राजभर, बसपा के वरिष्ठ नेता दयानंद सिंह, राजेंद्र यादव, मनोज कुमार, प्रेमचंद, बौद्ध मिशन गायक प्रीति बौद्ध, रवि राज बौद्ध, किशोर कुमार पगला, रामसरिक प्रजापति, लालचंद, डॉ. सत्यदेव भारती, डॉ. सोच भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मायके से ससुराल आ रही महिला ने अबोध बच्ची को पुल पर छोड़कर नदी में लगाईं छलांग, मौत
मीरजापुर। मध्य प्रदेश के बहरी थाना क्षेत्र में सोन नदी के नए पुल से अज्ञात कारणों से शनिवार को मायके से ससुराल आ रही एक महिला ने अपने अबोध बच्ची को पुल पर छोड़कर नदी में छलांग लगा ली जिससे मौत हो गई।महिला एक पखवाड़े पूर्व ससुराल धमौली से मायका मध्य प्रदेश के पड़री गांव गई थी। मायके से छोटी बच्ची को गोद में लेकर ससुराल आ रही थी जैसे ही पुल के पास पहुंची की नदी में छलांग लगाकर घायल हो गई स्थानीय लोगों ने एक चिकित्सालय में ले गए जहां चिकित्सक ने मौत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई किया। महिला के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान बेगम निशा (28) निवासी ग्राम धमौली थाना हलिया के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला के पास चार बेटियां थी पति बाहर रह कर गाड़ी चलाता है। सिंगरौली जनपद के बहरी थानाध्यक्ष (टीआई) राजेश पांडेय ने बताया कि महिला अपने अबोध बच्ची को पुल पर छोड़कर सोन नदी में कूद गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पहचान पत्र के आधार पर महिला की पहचान मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र स्थित धमौली गांव निवासी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
मऊ में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 25 वाहनों का ई-चालान, दो वाहन सीज
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में पुलिस ने आधा दर्जन स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 दोपहिया और दो चारपहिया वाहनों का ई-चालान किया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, तीन सवारी, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों की जांच की। वलीदपुर-जीयनपुर मार्ग पर चौकी प्रभारी मनीष कुमार ने हमराहियों के साथ वाहनों के कागजात एवं चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। इस दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले दो वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया।

अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, आदर्श दुबे, राजेश कुमार गौतम, अनिल सिंह, रामदुलारे सहित महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता, महिला कांस्टेबल एवं अन्य पुलिसकर्मी विभिन्न चेकिंग स्थलों पर तैनात रहे।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाने की अपील की।