परिवार परामर्श केंद्र गोण्डा में पारिवारिक विवादों की सुनवाई कर 01 प्रकरण में कराया गया सुलह-समझौता

गोण्डा। आज जनपद गोण्डा स्थित परिवार परामर्श केंद्र (महिला सहायता प्रकोष्ठ) में पारिवारिक विवादों से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान पति-पत्नी एवं अन्य पारिवारिक पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा आपसी मतभेदों को दूर करने के लिए समझाया-बुझाया गया।परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यगण एवं उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा दोनों पक्षों के बीच आपसी संवाद स्थापित कर पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु परामर्श दिया गया। सुनवाई के दौरान 01प्रकरण में सुलह-समझौता कराया गया।

*परिवार परामर्श केंद्र में उपस्थित सदस्यगण एवं अधिकारी/कर्मचारीगण-*

*सदस्यगण-*
1.  शशि कुमार भारती
2.गंगाधर शुक्ला
3. संतोष ओझा
4.   यशोदानंद त्रिपाठी

*अधिकारी/कर्मचारीगण-*
1. म0उ0नि0 प्रतिभा सिंह (महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी)
2. म0का0 कुसुम यादव
3. का0 प्रभात दीक्षित
4. म0का0 अनुप्रिया सिंह
कार की टक्कर से रेहड़ा चालक घायल

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )
मीरापुरः गांव सिकरेड़ा के निकट एक कार चालक ने रेहड़े में टक्कर मार दी। इससे रेहड़ा चालक घायल हो गया।
इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि गांव जमालपुर बांगर निवासी पप्पू शनिवार की शाम गांव की ओर से रेहड़ा लेकर आ रहा था। तभी एक कार चालक ने रेहड़े में टक्कर मार दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए जानसठ अस्पताल भिजवाया, जहां से चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
---
खेत में अजगर निकलने से भगदड़ मची
मीरापुरः शनिवार की सुबह गांव मुझेडा में सज्जाद हैदर के खेत में गन्ना छिलाई का कार्य हो रहा था। इस दौरान खेत से गन्ने काटते समय एक अजगर दिखाई देने से मौके पर खलबली गची। सूचना पर वनरक्षक लताफत टीम के साथ मौके पर पहंुचे तथा कडी मश्क्कत कर अजगर को पकड़कर सिकरेडा स्थित नर्सरी में छोड़ दिया। जिसके बाद किसानों ने गन्ना छिलाई का काम पुनः शुरू किया।
---
रोड़वेज में ट्रक की साइड लगने से चीख पुकार मची
मीरापुरः मेरठ से बिजनौर जा रही रोडवेज में एक अनियंत्रित ट्रक ने साइड मार दी। इससे सवारियों में चीख पुकार मच गयी। बस चालक ने थाने पहंुचकर तहरीर दी।
मेरठ के गांव झुनझुनी निवासी चालक सुनील ने दी तहरीर में बताया कि वह शनिवार की दोपहर मेरठ डिपो की रोडवेज बस में सवारी लेकर बिजनौर जा रहा था। आरोप है कि कैथोड़ा के निकट सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने रोडवेज में साइड मार दी। सवारियों के अनुसार इस दौरान रोडवेज पलटने से बच गई। जिससे बस में चीख पुकार मच गई। आरोप है कि साइड लगने से बस में काफी नुकसान हो गया।
पुरानी रंजिश में घर के बाहर नाली साफ कर रहे युवक पर धारदार हथियारों से हमला, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर ) मीरापुर। घर के बाहर नाली की सफाई कर रहे युवक पर पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मीरापुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव खेड़ी सराय निवासी नासिर पुत्र उस्मान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 नवंबर को वह अपने घर के बाहर नाली की सफाई कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते इरशाद पुत्र फरमान, पप्पू पुत्र फरमान, अफजाल पुत्र समीर और बिलाल पुत्र अफजाल निवासी खेड़ी सराय हाथों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लखनऊ में शादी से इनकार पर युवती पर एसिड अटैक, चाकू से हमला
हुसैनगंज में रिश्तेदार पर युवती पर तेजाब फेंकने का आरोप
बचाव में आए परिजनों को भी चाकू से किया घायल
आरोपी तौसीफ उर्फ मुन्ना हिरासत में, ट्रामा सेंटर में भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर रिश्तेदार ने युवती पर तेजाब फेंक दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि देर रात पुलिस की जांच में पता चला है कि तौसीफ उर्फ मुन्ना नाम का एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार की बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था जबकि लड़की उससे शादी नहीं करना चाहती थी। आरोपित युवक तेजाब लेकर घर पहुंचा और लड़की पर फेंक दिया। शोर सुनकर पहुंचे परिवार ने विरोध किया तो आरोपित ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें लड़की के परिजन घायल हाे गये। इस मारपीट में आरोपित तौसीफ उर्फ मुन्ना को भी चोटें आई हैं, जिसे पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए प्रकरण की जांच एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा नेता रमेश कुमार मिश्र के पिता हुबनाथ मिश्र का निधन
जौनपुर। मीरा भायंदर भाजपा के जिला सचिव रमेश कुमार मिश्र के पिता हुबनाथ मिश्र का 95 वर्ष की उम्र में उनके पैतृक गांव पचवल, मडियाहूं में निधन हो गया। वे व्यक्तित्व धार्मिक प्रवृत्ति के दयालु व्यक्ति थे। अपने पीछे तीन बेटे राम प्रसाद मिश्र, दिनेश कुमार मिश्र, रमेश कुमार मिश्र तथा दो बेटी,नाती,पोतों से भारत पूरा परिवार छोड़ गए। उनके निधन पर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता, स्थाई समिति सभापति हंसमुख गहलोत, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, नगरसेवक मदन उदित नारायण सिंह, भाजपा नेता सुरेश सिंह,वरिष्ठ समाजसेवी रत्नाकर मिश्र, समाजसेवी राजेश मिश्र, राधेश्याम मिश्र, एडवोकेट डीके पांडे, परिवहन समिति सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा,जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, भाजपा प्रवक्ता शैलेश पांडे,  परिवहन सदस्य सुरेश दुबे, नगरसेवक विवेक उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार राजेश उपाध्याय समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
जौनपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन,भारी संख्या में शामिल हुए नागरिक
जौनपुर। दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सोशल वर्क विभाग गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) की ओर से रविवार, 29 नवंबर को नगर पालिका परिषद टाउन हाल मैदान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। इसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और अन्य नागरिकों ने हिस्सा लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर के संचालन के लिए जिला चिकित्सालय जौनपुर के ब्लड सेंटर की टीम भी तैनात रही। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय की ओर से 21 नवंबर को जारी आदेश के तहत चिकित्साधिकारी डॉ. अर्पित प्रताप सिंह, डॉ.साकेत कुमार प्रधान, दीक्षा राय स्टाफ नर्स, अजय कुमार एस.एल.ए., चंद्र प्रकाश सिंह एल.टी., रवि प्रकाश यादव एल.टी.,दशरथ यादव एवं.टी., अतुल कुमार वाहन चालक सहित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। आयोजन में हाफिज फहद अत्तारी, गुफरान अत्तारी, हाफिज जावेद अत्तारी, जावेद भाई, तय्यब अत्तारी, आसिम अत्तारी, हाफिज कलीम अत्तारी, इस्तियाक अत्तारी, फहीम अत्तारी और इरशाद इमाम साहिब सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से भविष्य में भी स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
अमेठी : अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, चालक की मौत, साथी घायल
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के शनिवार की रात ठोकरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान चन्द्रेश (19)पुत्र शेष प्रकाश निवासी मऊ गर्वी, थाना चंदापुर, रायबरेली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चन्द्रेश अपने साथी पिंटू यादव के साथ ई-रिक्शा से सेमरौता जा रहा था। रास्ते में ठोकरपुर गांव के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक चन्द्रेश की मौत हो गई, जबकि पिंटू यादव घायल हो गया।

शिवरतनगंज थाना प्रभारी दया शंकर मिश्रा ने रविवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है घटना अंधेरा होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धर्मपाल सिंह ने सुनी मन की बात

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को अवध क्षेत्र कार्यालय पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुना। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचारों और जनकल्याणकारी संदेशों पर चर्चा की। धर्मपाल सिंह ने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सकारात्मक संदेश पहुँचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस दौरान अवध क्षेत्र के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार,प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि,क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रेशू भाटिया, क्षेत्रीय मंत्री अंकित सिंह चंदेल,काशीराम रावत,अवधेश पाण्डेय बादल व आकाश मिश्रा मोंटी समेत क्षेत्रीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कैंट मंडल के होटल ऋचा गार्डन में कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना। इसी तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कैंट विधानसभा के निशान शोरूम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
रामलला को तिलक लगाने 51 सदस्यीय तिलकहरू दल जनकपुर से अयोध्या पंहुचा
अयोध्या।रामनगर में परम्परा को निभाने के लिए रामलला को तिलक लगाने 51 सदस्यीय दल जनकपुर से अयोध्या पंहुचा। रविवार सुबह दल के साथ जनकपुर से पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस भी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन में करीब 600 यात्री सवार थे।

नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में आए दल में जनकपुर के मेयर, जानकी मंदिर के महंत भी शामिल हैं।

इस अवसर पर आए हुए सभी लोगों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया । अयोध्या में राम-जानकी विवाहोत्सव की पारंपरिक रस्मों में रविवार को एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है। माता सीता के मायके जनकपुर से रामलला का तिलक लेकर 51 सदस्यीय तिलकहरू दल अयोध्या पहुंचा।

अयोध्या पहुंचकर रामलला को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर भार (नेग) अर्पित किया जाएगा। दल में जनकपुर के मेयर मनोज शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विहिप के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।

10 महिलाएं भी तिलकहरू दल में शामिल हैं, जो माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की रस्में निभाएंगी। जनकपुर की ओर से रामलला को सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र सहित विभिन्न उपहार भेंट किए जाएंगे। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। त्रेतायुग से चली आ रही राम-जानकी विवाह की परंपरा को आज भी उसी आत्मीयता और श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है।
जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, कमजोरों को उजाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : योगी आदित्यनाथ

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

पारिवारिक जमीन विवादों को संवाद और न्यायपूर्ण बंटवारे से सुलझाने पर दिया जोर, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भी भरोसा

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता है कि जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया था। रविवार सुबह जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक करके उनकी बात सुनी।

जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने किया गया था। यहां लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री खुद उनके पास पहुंचे और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ कराया जाएगा।

अवैध कब्जे की शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में कई लोगों ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर जबरन कब्जा करना और कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी को भी अपनी जमीन और अधिकारों के लिए परेशान न होना पड़े।

मुख्यमंत्री ने जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों के समाधान को लेकर भी अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद होने पर संवाद के माध्यम से समस्या सुलझाने का प्रयास किया जाए। सभी पक्षों की बात सुनकर न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी तय कराई जाए, जिससे विवाद का समाधान हो सके और परिवार के लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से मिलने वाली शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि उनके निस्तारण के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसी भावना के साथ काम करना चाहिए। जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका उचित समाधान कराया जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी संदेश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता जरूरी है। पीड़ित व्यक्ति को न्याय मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी बीमारी और इलाज में आने वाले खर्च की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जरूरतमंद लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके इलाज के लिए भरपूर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फरियादियों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित मेडिकल एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराई जाए।उन्होंने कहा कि एस्टीमेट तैयार होने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी सभी जरूरी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके और उनका उपचार बाधित न हो।

गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर गुरु की समाधि पर टेका मत्था

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सुबह सबसे पहले मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।इसके बाद मुख्यमंत्री अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचे और वहां मत्था टेककर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंदिर परिसर में भ्रमण करने के बाद वह गोशाला पहुंचे और वहां कुछ समय बिताया।

गोशाला में गोवंश को अपने हाथों से खिलाया गुड़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोशाला में मौजूद गोवंश को दुलार किया और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। इस दौरान वह गोवंश के बीच कुछ समय तक रहे। एक गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाने के बाद मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, 'हो गया न, और खाएगा।'

गोशाला में मुख्यमंत्री का यह स्नेहिल अंदाज भी देखने को मिला। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कुल मिलाकर रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने जमीन पर अवैध कब्जे, पारिवारिक भूमि विवाद और गंभीर बीमारियों के इलाज जैसी समस्याओं को प्राथमिकता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम लोगों की शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए और जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।