CM हेमंत सोरेन ने 9 हजार करोड़ की 1650 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि 26 साल का यह युवा झारखंड संघर्ष एवं अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि खेलगांव परिसर में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा बेहद भव्य रहा और समापन अवसर पर लोगों का उत्साह तथा जिज्ञासा देखना सुखद है।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक मार्गदर्शकों के संघर्ष, त्याग व बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से स्वयं को अलग झारखंड राज्य का नागरिक मानते हैं। उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ पर खेलगांव में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ, मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं रहे हैं, लेकिन आज का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी एवं नौजवानों के लिए संकल्प लेने का दिन है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़, जंगल या नदी-नाले नहीं, बल्कि जीने का आधार हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना होगा।

मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि झारखंड ने खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार एवं विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब नई पीढ़ी को इस पिछड़ेपन को दूर कर झारखंड को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा।

जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर बनाई जा रही योजनाएं

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि 26 वर्षों के राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच अलग झारखंड सरकार बनने के बाद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े में हर जिले, पंचायत और गांव से आई महिलाओं ने स्टॉल लगाकर बाजार को गति दी है और हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में भी महिलाओं ने अपनी हुनर व उत्पादों का सफल प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार दिलाने, जीआई टैगिंग और घर बैठे ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था की गई है तथा जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को समान रूप से सम्मानित किया जा रहा है और युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कई विभागों के माध्यम से जारी है।

छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध करायेगी सरकार, पढ़ाई पर केन्द्रित होकर अपना भविष्य संवार सकेंगे विद्यार्थी

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि विकास की गति देर से शुरू होने के कारण कई राज्य आगे निकल गए हैं। लेकिन झारखंड में भी अब बदवाल आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड के युवाओं और नौजवानों से राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अभिभावक निजी विद्यालयों से अपने बच्चों का नामांकन हटाकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में करने के प्रति भी आकर्षित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें भोजन की व्यवस्था को लेकर चिंता नहीं करनी पड़े और वह पूरी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

युवावर्ग समृद्ध झारखंड निर्माण का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग ही समृद्ध झारखंड निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। हम अपने बच्चों को बेहतर दिशा देने के उद्देश्य से निरंतर सकारात्मक कार्य कर रहे हैं। राज्य के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार पूरी तत्परता के साथ आगे बढ़ रही है।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन रहा झारखंड

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल कायम कर रहा है। राज्य सरकार महिलाओं और बहनों को सम्मान राशि प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। एक ही परिवार में एक से अधिक महिलाएं होने पर भी सभी पात्र महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिल रहा है। 50 लाख से अधिक परिवारों तक एक-एक महिलाओं के घरों में 10-10 हजार रूपये तक की राशि पहुंचने से उनके जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का नया अध्याय जुड़ा है। इस सम्मान राशि के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और अपनी आजीविका स्वयं अर्जित करने के साथ परिवार की आर्थिक मजबूती में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं। राज्य के भीतर ही रोजगार व सुरक्षित माहौल बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर करने का प्रयास किया गया है।

वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देते हुए झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। हमें विकास की रफ्तार तेज करनी है और वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में संभावनाओं और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की जरूरत है। राज्य की सवा 3 करोड़ जनता विशेष कर युवा और नौजवानों के भविष्य को लेकर अबुआ सरकार की सोच और प्रतिबद्धता समर्पित है। झारखंड ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है और अब विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करना है।

यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है। लंबे संघर्ष के बाद राज्य का निर्माण हुआ। अपने हक-अधिकार के लिए, कानूनी व राजनीतिक हर संघर्ष के लिए राज्य सक्षम है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े में आज्य के विभिन्न जिलों व सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आई दीदियों और महिला समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित व विक्री की जा रही है। उनके उत्पादों का एक बड़ा बाजार मिला है। जहां लोग अवलोकन कर एक ओर प्रेरित हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर उनके उत्पाद की बिक्री होने से आर्थिक मजबूती आ रही है।

जेल में रह रहे बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित "The Jharkhand Prison JOURNAL 2025" पुस्तिका का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित फिल्म 'अरण्य' का कटेन रेजर की प्रस्तुति हुई।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया गया। इसमें मुख्य रूप सेपुलिस पदाधिकारी व जवानों को पुलिस सेवा के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया। वहीं राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।इसके अलावा मैट्रिक, इंटर, इंजीनियरिंग आदि परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि, लैपटॉप आदि से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विशिष्ट अतिथिगणों द्वारा कार्यक्रम स्थल के निकट विभिन्न विभागों के समन्वय से लगे स्टॉलों का परिभ्रमण एवं अवलोकन किया गया। विभागों की उपलब्धियों पर केन्द्रित गतिविधियों व कार्यक्रम को सभी ने सराहना की।

इस अवसर पर इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति..

मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री श्री दीपक विरुआ, मंत्री श्री चमरा लिंडा, मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री डॉ० इरफान अंसारी, मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय, सिंह, मंत्री श्री योगेन्द्र प्रसाद, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिकी, सांसद राज्य सभा श्रीमती महुआ माजी, महापौर रांची श्रीमती रोशनी खलखो,विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री सुरेश कुमार बैठा, विधायक श्रीमती ममता देवी, झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारीगण, राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

महिला आरक्षण के रास्‍ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करेंगे', विपक्षी दलों को पीएम मोदी का संदेश

#pmmodistatementonwomenreservationanddelimitationbill

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों को बड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी। उन्होंने ये भी कहा कि, जो पार्टियां इस कदम का विरोध कर रही हैं, वे इसे रोक नहीं पाएंगी।

महिला आरक्षण पर पीएम का साफ संदेश

पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, महिला आरक्षण का वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वे देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी।

हर रूकावट को हटाकर रहेंगे-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने वीडियो में कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। सालों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे सामने उठाती रही है। कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई है। मैं जानता हूं देशी की 100 फीसदी नारीशक्ति का आर्शीवाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रूकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर करके रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है।

संसद के विशेष सत्र से पहले पीएम का संदेश

प्रधानमंत्री का यह बयान 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र से कुछ दिन पहले आया है। इससे एक दिन पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान संशोधन विधेयक से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। सरकार इस सत्र में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के साथ परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 फिर से पेश कर सकती है।

परिसीमन बिल लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है', सरकार पर खड़गे का हमला

#delimitationbillnewsliveupdateindiabloc

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई । बैठक में विपक्षी दलों के नेता जुटे। सभी दलों के बीच विधेयकों के प्रावधानों और उनके संभावित प्रभावों पर चर्चा के साथ संसद में साझा रणनीति बनाने पर मंथन हुआ।

संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा- खरगे

गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि, “सभी नेताओं ने मिलकर यह तय किया है कि मोदी सरकार जो संविधान संशोधन विधेयक ला रही है, वह लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं और सत्ता पर पूरी तरह से कब्जा करना चाहते हैं। इससे पहले, चुनावों के दौरान उन्होंने ‘400-पार’ का नारा दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब, वे सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना चाहते हैं और हमेशा के लिए सत्ता में बने रहना चाहते हैं।”

परिसीमन बिल में एससी एसटी के साथ अन्याय- कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "दूसरा मुद्दा यह है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। यह उनके साथ अन्याय है। दूसरे शब्दों में कहें तो, अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए। लेकिन, इस प्रस्ताव में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। 2026 की जनगणना भी अभी होनी बाकी है, और उन्होंने इस मुद्दे पर भी कोई बात नहीं की है। खड़गे के मुताबिक यदि सीटों का आवंटन नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाता तो एससी एसटी समुदायों की बढ़ी हुई आबादी के अनुरूप उन्हें अधिक सीटें मिल सकती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए इन समुदायों को उनका उचित प्रतिनिधित्व देने से बचना चाहती है।

*रांची खेलगांव: स्थापना दिवस समारोह की सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां, शगुन पाठक और सुनिधि लाइव ने किया मंत्रमुग्ध

झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 27 नवंबर 2026 को सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जाने-माने कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या ने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण सुनिधि लाइव की प्रस्तुति रही। वहीं, इंडियन आइडल फेम श्री शगुन पाठक ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में श्री देवप्रिय ठाकुर (रांची) ने सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, श्रीमती पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह के अद्वितीय बैंड ने समूह गायन के माध्यम से संगीत की खूबसूरत छटा बिखेरी।

झारखंड की लोक संस्कृति को समर्पित प्रस्तुतियों में श्री किशोर नायक के कुंजबन समूह द्वारा नागपुरी नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। श्री विनोद महतो एवं उनके दल ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, श्री अशोक कश्यप द्वारा प्रस्तुत पैका नृत्य ने झारखंड की पारंपरिक लोककला, वीरता और सांस्कृतिक गौरव की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

पूरी सांस्कृतिक संध्या संगीत, कला और लोक परंपराओं के अनूठे संगम के रूप में यादगार रही। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

*रांची: CM हेमंत सोरेन से मिले लेखक सोमनाथ आर्य, राजनीतिक जीवन पर लिखी दो पुस्तकें की भेंट

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को उनके राजनीतिक जीवन पर लिखी दो पुस्तकें भेंट की। इन पुस्तकों में एक हिन्दी और दूसरी अंग्रेजी भाषा में लिखी गई है। हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक — आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ और अंग्रेज़ी पुस्तक ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ का प्रकाशन ‘और एक प्रयास’ द्वारा किया गया है।

झारखंड स्थापना दिवस समारोह में PVUNL पतरातू ने फ्लाई ऐश से बने उत्पादों एवं CSR गतिविधियों का किया प्रदर्शन

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रांची स्थित खेलगांव में 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय समारोह में पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) पतरातू द्वारा विशेष स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल के माध्यम से PVUNL ने फ्लाई ऐश के उपयोग, इससे निर्मित विभिन्न उत्पादों तथा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों को प्रदर्शित करते हुए आम लोगों को जागरूक किया।

स्टॉल में फ्लाई ऐश से निर्मित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, ताकि लोगों को इसके उपयोग, महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी मिल सके। इस पहल का उद्देश्य फ्लाई ऐश के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा इसके माध्यम से सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने PVUNL के स्टॉल का अवलोकन किया तथा फ्लाई ऐश से निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इसके अतिरिक्त, स्टॉल पर PVUNL की विभिन्न CSR गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया। विशेष रूप से महिलाओं के लिए आयोजित ऐश यूजर ट्रेनिंग कार्यक्रम पर आधारित एक लघु फिल्म के माध्यम से महिलाओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाया गया।

इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान PVUNL के कर्मचारी स्टॉल पर उपस्थित रहकर आगंतुकों को फ्लाई ऐश से बने उत्पादों, उनके उपयोग, CSR गतिविधियों एवं विभिन्न जागरूकता पहलों के संबंध में जानकारी प्रदान कर रहे हैं।

PVUNL की यह पहल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

गुणवत्ता उत्कृष्टता के क्षेत्र में PVUNL को दोहरी उपलब्धि

पतरातु, झारखंड: पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) ने गुणवत्ता प्रबंधन एवं गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो प्रतिष्ठित सम्मान अपने नाम किए हैं। ये उपलब्धियाँ संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, निरंतर सुधार तथा परिचालन उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

इस क्रम में, PVUNL पतरातु को इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC), कोलकाता द्वारा Excellence in Quality Management Systems श्रेणी में सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान संस्थान द्वारा गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाने तथा उत्कृष्ट मानकों को बनाए रखने के प्रयासों की सराहना है।

वहीं, एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि के अंतर्गत PVUNL की FQA (फील्ड क्वालिटी एश्योरेंस) टीम ने गुवाहाटी में आयोजित QA मीट के दौरान Best FQA Award में प्रथम उपविजेता (1st Runner-Up) का स्थान प्राप्त किया। यह सम्मान गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में टीम की दक्षता, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को रेखांकित करता है।

इन दोनों प्रतिष्ठित सम्मानों से PVUNL परिवार में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। यह उपलब्धियाँ संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, टीम भावना और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का परिणाम हैं।

PVUNL भविष्य में भी गुणवत्ता, नवाचार, निरंतर सुधार एवं परिचालन उत्कृष्टता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

रामगढ़: शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर पहुंचे CM हेमंत सोरेन, 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह- पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिलान्तर्गत लगभग 111 करोड़ रुपए की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का भी वितरण किया।

शहादत की चिंगारी से मिली प्रेरणा

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी आदरणीय शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) जी के 69वें शहादत दिवस पर यहां एकत्रित हुए हैं। इस दिवस को ऐतिहासिक बनाने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य इस राज्य के आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच से उभरे आदरणीय स्मृति शेष-स्व०दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के विरुद्ध, जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का षड्यंत्र रचा गया था, वह आदरणीय गुरुजी के नेतृत्व में फिर से जीवंत हो उठा। आज की नई युवा पीढ़ी इस शहादत की विरासत को आगे ले जाने का संकल्प लेती है।

आदिवासी-मूलवासी समाज का स्वाभिमान

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पुराने दिनों की यादें ताजा की। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने बोलना तो दूर, सिर उठाकर देख भी नहीं सकते थे, लेकिन आज स्थिति बदली है। वर्तमान समय में राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रखता है और स्वाभिमान के साथ सिर उठाकर जीता है। इसका पूरा श्रेय आदरणीय शहीद सोबरन मांझी जी की शहादत को जाता है।

शहीदों के संघर्ष से बना अलग राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि बड़ी घटनाएं ही मानव को प्रेरणा देती है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों की तरह ही सोबरन मांझी जी ने अपनी कर्मठता और निडरता का परिचय दिया। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अत्याचार के विरुद्ध जो छोटी-छोटी चिंगारियां फूटीं, वही आगे चलकर अलग झारखंड राज्य के आंदोलन का रूप लिया। उस समय लोग हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।

महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हम राज्य की आंतरिक स्थिति को भली-भांति समझते हैं। गांव-देहात और सुदूर क्षेत्रों से लेकर शहरों तक के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पहले चरण में राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं (18 से 50 आयु वर्ग) को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। देश के किसी अन्य राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है। हमारा उद्देश्य है कि हमारी माताएं-बहनें सशक्त बनें और स्वयं अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटाने का काम करें।

अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के मार्ग में कई तरह की बाधाएं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। हमारे राजस्व के स्रोतों को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम इससे घबराने वाले नहीं हैं। जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे। अब यह वह झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई हमारा शोषण कर सके। पहले हम अपने राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने वर्तमान घटनाक्रम की ओर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे और अधिक भव्य तथा उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।

*कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती ममता देवी, आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल श्री विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक श्री शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अंजनी कुमार झा, उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत आदि पदाधिकारीगण, रामगढ़ जिला के अन्य जनप्रतिनिधिगण.सहित प्रबुद्ध नागरिकगण व बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।

जमशेदपुर: CM हेमंत सोरेन ने पूर्व CM अर्जुन मुंडा की मां को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा के आवास पहुंचे और उनके स्मृति शेष माताजी स्व० सायरा मुण्डा के चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धासुमन अर्पित की। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना सोरेन भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने श्री अर्जुन मुण्डा एवं उनके शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। इस दु:खद घड़ी में उन्हें धैर्य, साहस व संबल प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित हैलिपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। साथ ही उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी

राँची / जमशेदपुर:- राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, झारखंड ने रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए भारतीय नागरिक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी की पुष्टि की है। 29 वर्षीय मनीष साहू, 26 नवंबर 2026 को दिल्ली पहुँचे और 27 नवंबर 2026 को ट्रेन द्वारा अपने गृह नगर जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम पहुँच गए हैं।

ज्ञातव्य हो कि मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गए थे और येकातेरिनबर्ग में रह रहे थे। 27 अक्टूबर 2026 के बाद परिवार से संपर्क टूटने पर उनकी माता नीलम साहू, जो साई मंदिर के निकट, परुडीह, सोको कॉलोनी, मकान संख्या 146/1, जमशेदपुर में रहती हैं, ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। मनीष साहू ने स्वयं विभाग को सूचित किया कि स्थानीय पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिया गया था। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव की बात कही। विभाग ने स्पष्ट किया कि ये आरोप मनीष साहू द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित हैं और इनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर 2026 को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स राँची, भारतीय दूतावास मॉस्को और संबंधित अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से जानकारी दी तथा तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता का अनुरोध किया। 2 नवंबर 2026 को भारतीय दूतावास, मॉस्को ने सूचित किया कि यह मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के क्षेत्राधिकार में आता है और अनुरोध को वहाँ अग्रसारित कर दिया गया है।

3 नवंबर 2026 को भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के अधिकारियों ने Temporary Detention Centre for Foreign Citizens, प्रोयेज़्ड गोरनिस्तोव 15, येकातेरिनबर्ग में मनीष साहू से मुलाकात की और कांसुलर सहायता प्रदान की। उनके शारीरिक स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई, जिसकी पुष्टि उन्होंने स्वयं भी की। निरोध केंद्र के प्रमुख द्वारा जारी आदेश में उन्हें प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए 4,000 रूबल का जुर्माना और रूसी संघ से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया था। 9 नवंबर 2026 को न्यायिक बेलीफ ने मामले की समीक्षा के बाद 25 नवंबर 2026 को ताशकंद मार्ग से प्रस्थान की अनुमति दी। मनीष साहू ने तदनुसार ताशकंद के रास्ते दिल्ली के लिए हवाई टिकट भी बुक कर लिया।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष साहू 25 नवंबर 2026 को ताशकंद मार्ग से रूस से रवाना हुए। वे 26 नवंबर 2026 को दिल्ली पहुँचे और आज 27 नवंबर 2026 को जमशेदपुर पहुँच गए। उनके सुरक्षित प्रस्थान और भारत आगमन तक भारतीय मिशन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा गया।

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और संबंधित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। विभाग ने दोहराया कि विदेश में फँसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और समयबद्ध सहायता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन अवश्य कराएँ तथा पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती या वीजा नियमों के उल्लंघन जैसी स्थितियों से बचने के लिए भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास से संपर्क बनाए रखें।