करछना में राजस्व विभाग की अनदेखी से नाराज किसान, तीन गांवों में सरकारी जमीन पर कब्जा बरकरार
एसडीएम और तहसीलदार के बयान में विरोधाभास, एक ने कहा टीम गठित, दूसरे ने कहा कोई जानकारी नहीं
प्रयागराज
Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह
करछना तहसील के तीन गांवों में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला अब प्रशासन के लिए सवाल बन गया है। अखबारों में खबरें छपने, ज्ञापन देने और धरने के बाद भी राजस्व विभाग ने कब्जा हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सरकार के 90 दिन में सरकारी जमीन कब्जा मुक्त कराने के आदेश का भी यहां कोई असर नहीं दिख रहा है।
मामला तालुका पनासा के ग्राम भिटरिया, पिपरांव और लोहारी से जुड़ा है। भारतीय किसान यूनियन भानु के जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने तीन नवंबर को इस संबंध में ज्ञापन दिया था। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को हजारों किसानों का काफिला जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के कार्यालय की ओर बढ़ा। काफिला लेथेसी चौराहा से नैनी नए पुल तक पहुंचा, जहां अधिकारियों ने काफिले को रोककर दो दिन में समाधान का भरोसा दिया।किसान नेताओं ने अधिकारियों की बात मानकर मांग पत्र सौंपकर धरना स्थगित कर दिया था। साथ ही यह चेतावनी भी दी थी कि यदि दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो और बड़ी संख्या में किसान जुटकर धरना देंगे और उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। दो दिन की समय सीमा बीतने के बाद भी करछना एसडीएम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।एसडीएम और तहसीलदार के बयान में अंतर जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने फोन से करछना एसडीएम से बात की तो बताया गया कि करछना तहसीलदार द्वारा टीम गठित की गई है, जल्द निस्तारण हो रहा है। वहीं करछना तहसीलदार से प्रदेश महामंत्री ठाकुर कृष्णराज सिंह बैस ने बात की तो बताया गया कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। अधिकारियों के अलग-अलग बयान से किसानों में असमंजस और आक्रोश बढ़ गया है।भिटरिया: नाली- चकरोड पर कब्जे से किसान परेशान
भिटरिया में नाली संख्या 117, 129, 152, 107 और चकरोड संख्या 123, 108, 116 पर अवैध कब्जा बताया जा रहा है। कब्जे के कारण किसानों को खेत तक आने-जाने और सिंचाई में दिक्कत हो रही है। शिकायतों के बाद भी नाली और चकरोड खाली नहीं कराए गए।पिपरांव: तालाब और खाद गड्ढे पर कब्जा पिपरांव में तालाब संख्या 50 और गड्ढा संख्या 81, 136 पर कब्जा बना हुआ है। खाद गड्ढे की जमीन घिरी होने से किसानों को खाद रखने की जगह नहीं मिल रही। तालाब पर कब्जे से गांव में जलभराव की समस्या और पशुओं के लिए पानी की दिक्कत बढ़ गई है।लोहारी: चकरोड बंद होने से बढ़ा चक्कर लोहारी में चकरोड संख्या 74 पर कब्जा कायम है। चकरोड बंद होने से किसानों को खेत तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। कई बार आवेदन देने के बाद भी चकरोड खाली नहीं कराया गया।18 नवंबर के धरने में राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर कृष्णराज सिंह बैस, जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूबी बानो, मण्डल महासचिव नागेन्द्र प्रताप सिंह, मण्डल महासचिव अनिल शर्मा, मण्डल सचिव अमित सिंह, जिला महासचिव संकल्प सिंह, कोरांव से एक किसान नेता सहित हजारों किसान मौजूद थे। अब वादा पूरा न होने पर किसान नेता फिर से बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं। आंदोलन को लेकर किसान नेताओं के बीच विचार विमर्श चल रहा है।
Nov 28 2026, 18:57
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1