जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक*

*आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं जननी सुरक्षा कार्यक्रमों की गहन समीक्षा, खराब प्रगति वाले संकेतकों में तत्काल सुधार के निर्देश*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा एवं आयुष विभाग की बैठक जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए खराब प्रगति वाले इंडीकेटर्स पर विशेष ध्यान देने तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया की टीम भावना के साथ स्वास्थ्य सम्बंधित कार्यक्रमों में बेहतर कार्य कराये।
          जननी सुरक्षा योजना (JSY) के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान किए जाने की स्थिति में जनपद की 58वीं रैंक होने पर जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित लाभार्थियों का भुगतान अभियान चलाकर तत्काल सुनिश्चित करें तथा एक-दो दिन के भीतर प्रगति में अपेक्षित सुधार लाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
           जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि जिन इंडीकेटर्स में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में लापरवाही अथवा उदासीनता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने समस्त एमओआईसी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जननी सुरक्षा योजना की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए आशा एवं एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को प्रेरित करने तथा उन्हें सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
         जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग के सभी एमओआईसी, आशा एवं एएनएम के साथ साप्ताहिक बैठक कर योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सघन समीक्षा करें। उन्होंने मातृ मृत्यु दर से संबंधित आंकड़ों एवं डेटा को पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में किसी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए तथा वास्तविक स्थिति के आधार पर ही रिपोर्टिंग की जाए। उन्होंने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा करते हुए खराब स्थिति वाले भवनों एवं अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सभी पीएचसी एवं सीएचसी में ड्यूटी रूम सहित प्रत्येक स्थान पर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी चिकित्सालयों में बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार एवं सुरक्षित ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
          समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लैब स्लैब एवं बेसिन की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चिकित्सकों की उपस्थिति की नियमित जांच करने तथा उनके कार्य एवं दक्षता का सतत मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यक्तिगत एवं टीम बेस्ड इंटेंसिवनेस बढ़ाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर बल दिया।
          जिलाधिकारी ने बैठक की कार्यवाही को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा एवं समीक्षा की गई है, उनकी कार्यवृत्ति एवं अनुपालन आख्या अगले दिन तक अनिवार्य रूप से उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों के अनुपालन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
         बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. शुक्ला, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला अस्पतालों के सीएमएस, सभी एसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा समस्त एमओआईसी उपस्थित रहे।
प्रभारी सचिव ने भदोही जेल का निरीक्षण किया:अनामिका चौहान ने बंदियों की समस्याएं जानीं, मुफ्त कानूनी मदद और सरकारी वकील की सुविधा बताई




रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही की प्रभारी सचिव अनामिका चौहान ने शनिवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला न्यायाधीश और प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में किया गया।

अनामिका चौहान ने जेल में बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पात्र बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जरिए मुफ्त सरकारी वकील दिया जाता है।

उन्होंने बंदियों को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी रखने और जरूरत पड़ने पर मुफ्त कानूनी मदद लेने के लिए कहा। इस दौरान जेल में चल रहे प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बंदियों को दी जा रही कानूनी मदद की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने महिला बंदियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं व उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने कानूनी समस्याओं पर सलाह दी और नियमों के मुताबिक मदद देने की बात कही।

निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना, मुफ्त कानूनी मदद की पहुंच सुनिश्चित करना और जेल की सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।

इस मौके पर जेल अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह और भदोही के लीगल एड डिफेंस काउंसिल मौजूद रहे।
नवागत खंड शिक्षा अधिकारी से की औपचारिक भेंट
गोण्डा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, झंझरी इकाई के तत्वावधान में ब्लॉक अध्यक्ष अनुपम पाण्डेय ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय झंझरी में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार जैन से शिष्टाचार भेंट किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षक संगठन के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से विकासखंड में विभागीय कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर निशा वर्मा, अश्विनी कुमार मिश्रा, रीना मिश्रा, पवन कुमार सिंह, महेंद्र सिंह, विनय मिश्र, अर्चना पांडे, संगठन मंत्री धीरेंद्र प्रताप सिंह, विपिन कुमार कौशल, मोहम्मद रईस ,गरिमा पाण्डेय, सौरभ गुप्ता ,अतुल तिवारी, सुनील वर्मा आदि उपस्थित रहे।
अधिवक्ता से मारपीट और लूट के मामले में दो गिरफ्तार:ज्ञानपुर कचहरी गेट के सामने बाइक सवार तीन युवकों ने छीने थे करीब 1,000 रुपए



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शुक्रवार को अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने ज्ञानपुर थाने में शिकायत दी कि कचहरी गेट के सामने बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट की। युवकों ने उनकी जेब से करीब 1,000 रुपए छीन लिए। मिश्रा भीखारी रायपुर, थाना सुरियावां के निवासी हैं।

पुलिस ने इस मामले में ज्ञानपुर थाने में केस दर्ज किया। केस नंबर 307/2026 में बीएनएस की धारा 309(4), 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 126(2) लगाई गई। बाद में धारा 109(1) भी जोड़ी गई।

शनिवार को ज्ञानपुर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की निगरानी में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम दिनेश यादव (33) और कुलदीप कुमार यादव (38) हैं। दोनों जोरई, थाना ज्ञानपुर, जिला भदोही के निवासी हैं। दिनेश के पिता का नाम श्यामा यादव और कुलदीप के पिता का नाम तीरथनाथ यादव है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द राय, कांस्टेबल अनुराग कुशवाहा और पीआरडी चालक जलील अहमद शामिल थे।
लखनऊ में बेकाबू कंटेनर की टक्कर से मां की मौत, बेटी घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जुनाबगढ़ मोड़ पर एक सड़क हादसे में मां की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रुप से घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि जुनाबगंज मोड़ पर कंटेनर वाहन संख्या (यूपी 32 वाईएन 9183) से सड़क दुर्घटना हुई है। हादसे में उन्नाव जिले की आशाखेड़ा गांव की पूनम (35) की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी संध्या घायल है। घटना के बाद कंटेनर चालक फरार हो गया है।

इस सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। घायल बच्ची को अस्पताल भिजवाया और मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठ

*पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति, भागीदारी तथा आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा*

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह एवं सदस्यगण बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा एवं एस.पी. सिंह ने सर्किट हाउस सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्थानीय ग्रामीण निकायों में पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति, भागीदारी तथा आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान प्रशासक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रतिभाग किया। आयोग के द्वारा सभी प्रतिनिधियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया तथा उनकी बातों, अनुभवों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।बैठक में जनपद की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विकास खंडों की संरचना, ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय विविधता तथा पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से विमर्श हुआ। आरक्षण की प्रक्रिया, उसके संवैधानिक प्रावधानों एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उसके विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण ने पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उनके विभिन्न दृष्टिकोणों, स्थानीय समस्याओं एवं सुझावों को सुना। प्रतिनिधियों द्वारा आरक्षण से संबंधित अपने पक्ष एवं विचार मौखिक रूप से प्रस्तुत करने के साथ-साथ लिखित सुझाव एवं अभिमत भी उपलब्ध कराए गए। आयोग ने इन सभी पक्षों एवं प्राप्त अभिलेखों को अपने अध्ययन एवं आगे की प्रक्रिया के लिए संकलित किया । आयोग के भ्रमण का उद्देश्य जनपद की वास्तविक जमीनी परिस्थितियों को समझना, पिछड़े वर्ग का स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व से जुड़े तथ्यों एवं अनुभवों के बारे में जनप्रतिनिधियों के विविध विचारों एवं लिखित सुझावों के साथ-साथ आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था के संदर्भ में स्थानीय स्तर पर जानकारी एवं सुझावों को प्राप्त करना रहा है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह एवं जिला पंचायत राज अधिकारी रवि शंकर द्विवेदी, जनपद के पंचायत प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में होगा एक दिवसीय मेगा रोज़गार मेला-2026 का आयोजन

*25 कंपनियों के प्रतिभाग की संभावना, पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क, युवाओं से सहभागिता की अपील*

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

नेहरू ग्राम भारती (डीम्ड टू बी) विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से विश्वविद्यालय के सरपतीपुर परिसर में एक दिवसीय मेगा जॉब फेयर-2026 का आयोजन किया जा रहा है।इस आयोजन की औपचारिक घोषणा एवं विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रति-कुलपति, कुलसचिव, मेगा जॉब फेयर के अध्यक्ष एवं समन्वयक तथा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज के अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के नेतृत्व ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उच्च शिक्षा को उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमता, कौशल विकास एवं व्यावसायिक उन्नति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।इस मेगा जॉब फेयर में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, रिटेल, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, वेयरहाउसिंग तथा अन्य सेवा क्षेत्रों की लगभग 25 कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। इसमें विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी, स्नातक एवं परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी, डिप्लोमा धारक तथा अन्य पात्र युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार, प्रशिक्षु अवसर एवं अन्य रोजगार संबंधी संभावनाएँ उपलब्ध होने की अपेक्षा है।क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज के प्रतिनिधियों ने इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों एवं रोजगार कार्यालयों के बीच इस प्रकार का समन्वय युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होता है। यह आयोजन अभ्यर्थियों को सीधे कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधियों से संवाद एवं साक्षात्कार का अवसर प्रदान करेगा।वृहत् रोज़गार मेला के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार तिवारी एवं समन्वयक शांतनु खरे, प्रभारी, कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल (CRC) ने आयोजन की तैयारियों, कंपनियों के साथ समन्वय तथा अभ्यर्थियों की सहभागिता से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की। इस आयोजन की समस्त विश्वविद्यालय स्तरीय तैयारियों का समन्वय कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल द्वारा क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।आयोजन का विवरण स्थान: मानस फार्म, नेहरू ग्राम भारती (डीम्ड टू बी) विश्वविद्यालय, सरपतीपुर परिसर, प्रयागराज
आयोजक: कॉर्पोरेट रिसोर्स सेल (CRC), NGBDU
सहयोगी संस्था: क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश सरकार पंजीकरण एवं सहभागिता शुल्क: पूर्णतः निःशुल्क विश्वविद्यालय की ओर से सभी पात्र विद्यार्थियों, उत्तीर्ण अभ्यर्थियों एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ तथा मेगा जॉब फेयर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें।
संविधान दिवस पर शंकरगढ़ में निकाली गई संविधान पदयात्रा
जितनी जिसकी संख्या भारी, जमीन पर उतनी उसकी हिस्सेदारी की उठी मांग, आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


डॉ. अम्बेडकर वेलफेयर नेटवर्क (डान) के तत्वावधान में संविधान के सम्मान में संविधान दिवस (26 नवम्बर 1949) की 77 वीं वर्षगांठ के अवसर पर बृहस्पतिवार को विकास खण्ड शंकरगढ़ से शंकरगढ़ बाजार में संविधान पदयात्रा निकालकर विकास खण्ड शंकरगढ़ के परिसर में एकदिवसीय संविधान महोत्सव व संविधान मेला 2026 का आयोजन किया गया।

मेला के समापन पर राज्यपाल और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी बारा को सौंपा गया। ज्ञापन में आठ सूत्रीय मांग की गई। इसमें यमुनापार को जिला घोषित किया जाय। उत्तर प्रदेश की अनुसूचित जाति कोल, थारू, मुसहर और धरकार को अनुसूचित जनजाति में शामिल किया जाय। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से विधानसभा बारा और कोरांव को अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित किया जाय। प्रत्येक भूमिहीन खेतिहर मजदूर को किसान निधि से पांच हजार रूपए मासिक और साठ हजार रुपए वार्षिक पेंशन दिया जाय। संविधान के अनुच्छेद-17 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को छुआछूत मुक्त भारत का निर्माण किया जाय। संविधान के अनुच्छेद-15 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को जातिविहीन देश बनाया जाय। संविधान के अनुच्छेद 39 (ख) का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर जमीन और उद्योगों का राष्ट्रीयकरण कराकर जमीनों का आवंटन खेती बारी करने वाले भूमिहीन खेतिहर मजदूरों में आवंटित किया जाय। संविधान के अनुच्छेद 13 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को अंधविश्वास, पाखण्ड और रूढ़िवादी प्रथा से मुक्त कराकर भारत को वैज्ञानिक सोच पर आधारित राष्ट्र निर्माण किया जाय।वहीं दूसरी ओर डॉ. अम्बेडकर वेलफेयर नेटवर्क (डान) के संस्थापक उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने बताया कि विगत 2007 से यानी 20 वर्षों से यमुनापार स्थित तहसील बारा और करछना के भूमिहीन खेतिहर मजदूर परिवारों के लिए 5 एकड़ जमीन की मांग को लेकर सैकड़ों धरना प्रदर्शन तहसील एवं जिला मुख्यालयों पर करके संबोधित ज्ञापन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राज्यपाल व राष्ट्रपति तक दिया जाता रहा पर आज तक शासन प्रशासन भूमिहीन खेतिहर मजदूरों की मांग पूरी नहीं की।हर पांच साल बाद चुनाव के दौरान पार्टियां वोट लेकर सरकार बना लेती हैं पर कोई नेता जमीन आवंटन करने की बात नहीं करते हैं। आज भूमिहीन खेतिहर मजदूरों की लड़ाई लड़ते लड़ते बीस वर्ष बीत गए पर भूमिहीन खेतिहर मजदूरों, हक वंचित गरीब मजलूम परिवारों को आज तक एक इंच की जमीन नहीं आवंटित की गई जो कि हर भूमिहीन खेतिहर मजदूर परिवारों को जमीन की जरूरत है। जमीन नहीं तो जिन्दगी नहीं, जीवन नहीं। शासन प्रशासन दलित आदिवासी परिवारों के साथ अन्याय अत्याचार कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। आज हर एक युवा पलायन करके जीवन यापन चला रहे हैं। रेल बिक गई, एयरपोर्ट बिक गया अब ये सरकार हमारे जल जंगल जमीन बेच रही है। आदिवासी समाज को वनवासी कहा जा रहा है और बड़े बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जा रही है। यहां तक की सुप्रीम कोर्ट भी 22 लाख पेड़ काटने के आदेश दे देती है पर सरकार भूमिहीन परिवारों को जमीन नहीं दे रही है।अब भूमिहीन खेतिहर मजदूरों का समय आ गया है जिन्हें संगठित होकर एक होकर अपने बच्चों के जमीन के लिए लड़ना होगा। जिसकी जितनी संख्या भारी उतनी चाहिए जमीन पर हिस्सेदारी। यमुनापार स्थित समस्त भूमिहीन खेतिहर मजदूर लामबंद होकर विकास खण्ड शंकरगढ़ पहुंचकर अपने जमीन के हक के लिए आर पार की लड़ाई लड़ने हेतु लामबन्द हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने काशी-तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया: राधाकृष्णन
लखनऊ, वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्रभाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ हर भाषा को स्नेह से देखना चाहिए।

उपराष्ट्रपति शनिवार को यहां नमोघाट पर काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने काशी-तमिल संस्कृति को अंतराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। तमिल भाषियों के मन में काशी के लिए एक विशिष्ट दूरगामी दृष्टि है, वो आज वो सपना साकार हुआ है। इस संस्करण की विशेषता है कि यह तिरुक्कुरल और तिरुवल्लुवर को प्रधानता दे रहा है। तमिल भाषा, तमिल संस्कृति केवल तमिलनाडु का धन नहीं बल्कि भारत का गौरव है। इस बात को प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। इस बात को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती का जिक्र कर कहा कि महाकवि ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय काशी में बिताया था। महाकवि ने अपने गीत में काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के लिए एक उपकरण बनाने की कल्पना की थी। उनकी यह दूरदर्शी सोच आज तकनीक के माध्यम से साकार होती दिखाई दे रही है। काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, भाषा और संस्कृति के गहरे संबंधों का अद्भुत उदाहरण है।

उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि तमिल भाषियों के हृदय में काशी का हमेशा से विशिष्ट स्थान रहा है। हर तमिलवासी के मन में दो विशेष इच्छाएं रहती हैं। पहली, काशी के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करना और दूसरी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना। करीब 400 वर्ष पहले तमिलनाडु से आकर काशी में बसे लोगों ने इस सांस्कृतिक रिश्ते को और मजबूत किया। तमिलनाडु से आए बुनकरों ने भी यहां अपनी कला और हुनर से विशेष पहचान बनाई तथा अपने उत्पादों का निर्यात किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान उन्हें तिरुक्कुरल की रूसी अनुवादित पुस्तक भेंट की थी। संत तिरुवल्लुवर की इस प्राचीन रचना में 1330 दोहे हैं, जिनमें सदाचार, सुशासन, नैतिकता, धन और मानवीय संबंधों की सीख दी गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि तिरुवल्लुवर की ज्ञान परंपरा किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को एक नहीं बनाया था, देश की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता पहले से मौजूद थी। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने काशी तमिल संगमम की शुरुआत की। भारत जिस गति से विकास कर रहा है, उसे वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। आर्थिक विकास के साथ भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को भी दुनिया के सामने रखना होगा।

उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की जीडीपी में इसका योगदान लगभग नौ प्रतिशत है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य उत्तर प्रदेश उससे पहले ही हासिल कर लेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मेरा नाता 20 साल पुराना है। वर्ष 1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे। एक-दूसरे के भाषण को ध्यान से सुनते थे। उपराष्ट्रपति ने नदियों को जोड़ने की बात कर कहा कि गंगा का पानी कावेरी तक पहुंचाने का लक्ष्य भी देश की एकता और समृद्धि से जुड़ा है। इसकी दिशा में गोदावरी का पानी कावेरी तक पहुंचाने की योजना जल्द पूरी करने की बात कही। उन्होंने इसे देश की नदियों को जोड़ने की बड़ी पहल का हिस्सा बताया।
सरसो की सिचाई पर करें सल्फर का प्रयोग,बढ़ेगी उपज तो होगी आय में बढ़ोत्तरी - अपर जिला कृषि अधिकारी

सरसों भारत देश की रवी सीजन का एक प्रमुख तिलहन फसल है जो लगभग तीन से चार महीने में पककर तैयार हो जाती है।

अपर जिला कृषि अधिकारी सौरभ सिंह ने सिचाई से संबंधित किसानों को सलाह देते हुए बताया कि यह मौसम व फसल की अवधि पर निर्भर करता है,वैसे सिचाई के लिए अगर बात करें तो सरसों की दो प्रमुख अवस्थाएं होती है।

पहली सिचाई लगभग तीस दिन के बाद करना चाहिए इस अवस्था में शाखाएँ बनने लगती हैं।

दूसरी सिचाई लगभग पचपन से साठ दिन बाद करना चाहिए क्योंकि इस अवस्था में  फलियाँ बनने प्रक्रिया चालू हो जाती है।

सौरभ सिंह ने किसानों को सचेत करते हुए कहा कि तिलहनी फसलों में सल्फर की  मात्रा ही सरसों के आकार को बढ़ाता है और तेल की परसेंटेज को बढ़ाने में काफी मददगार साबित होता है।

उन्होंने बताया कि जब तिलहनी फसलों में फूल आने की शुरुवात होती है तो उस समय कीट पतंगों का भी प्रकोप बढ़ जाता हैं जिससे फूलों का रस चूसतें हैं और फसल कमजोर होने लगता है, जिससे उत्पादन घटनें की संभावना बढ़ जाता है।

उन्होंने कीट पतंगों से बचाव के लिए किसानों को सुझाव देते हुए बताया कि खेतों में फेरोमोन ट्रैप लगाए और इमिडाक्लोरोप्रिड 17.8 % एसएल का या थायोमेथोक्साम 25 % डब्लूजी बहुपयोगी अंतरप्रवाही का छिड़काव करें।

अंत में कृषि अधिकारी सौरभ सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक ढंग से खेती करने के लिए विशेष जोर देते हुए आगाह किया कि कृषि विभाग द्वारा जो भी समय-समय पर जो तकनीकी सलाह दिया जाता है उसका पालन अवश्य करें जिससे आपको अधिक से अधिक लाभ पहुँच सके।