संविधान दिवस पर शंकरगढ़ में निकाली गई संविधान पदयात्रा
जितनी जिसकी संख्या भारी, जमीन पर उतनी उसकी हिस्सेदारी की उठी मांग, आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


डॉ. अम्बेडकर वेलफेयर नेटवर्क (डान) के तत्वावधान में संविधान के सम्मान में संविधान दिवस (26 नवम्बर 1949) की 77 वीं वर्षगांठ के अवसर पर बृहस्पतिवार को विकास खण्ड शंकरगढ़ से शंकरगढ़ बाजार में संविधान पदयात्रा निकालकर विकास खण्ड शंकरगढ़ के परिसर में एकदिवसीय संविधान महोत्सव व संविधान मेला 2026 का आयोजन किया गया।

मेला के समापन पर राज्यपाल और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी बारा को सौंपा गया। ज्ञापन में आठ सूत्रीय मांग की गई। इसमें यमुनापार को जिला घोषित किया जाय। उत्तर प्रदेश की अनुसूचित जाति कोल, थारू, मुसहर और धरकार को अनुसूचित जनजाति में शामिल किया जाय। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से विधानसभा बारा और कोरांव को अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित किया जाय। प्रत्येक भूमिहीन खेतिहर मजदूर को किसान निधि से पांच हजार रूपए मासिक और साठ हजार रुपए वार्षिक पेंशन दिया जाय। संविधान के अनुच्छेद-17 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को छुआछूत मुक्त भारत का निर्माण किया जाय। संविधान के अनुच्छेद-15 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को जातिविहीन देश बनाया जाय। संविधान के अनुच्छेद 39 (ख) का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर जमीन और उद्योगों का राष्ट्रीयकरण कराकर जमीनों का आवंटन खेती बारी करने वाले भूमिहीन खेतिहर मजदूरों में आवंटित किया जाय। संविधान के अनुच्छेद 13 का शतप्रतिशत क्रियान्वयन कराकर भारत को अंधविश्वास, पाखण्ड और रूढ़िवादी प्रथा से मुक्त कराकर भारत को वैज्ञानिक सोच पर आधारित राष्ट्र निर्माण किया जाय।वहीं दूसरी ओर डॉ. अम्बेडकर वेलफेयर नेटवर्क (डान) के संस्थापक उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने बताया कि विगत 2007 से यानी 20 वर्षों से यमुनापार स्थित तहसील बारा और करछना के भूमिहीन खेतिहर मजदूर परिवारों के लिए 5 एकड़ जमीन की मांग को लेकर सैकड़ों धरना प्रदर्शन तहसील एवं जिला मुख्यालयों पर करके संबोधित ज्ञापन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राज्यपाल व राष्ट्रपति तक दिया जाता रहा पर आज तक शासन प्रशासन भूमिहीन खेतिहर मजदूरों की मांग पूरी नहीं की।हर पांच साल बाद चुनाव के दौरान पार्टियां वोट लेकर सरकार बना लेती हैं पर कोई नेता जमीन आवंटन करने की बात नहीं करते हैं। आज भूमिहीन खेतिहर मजदूरों की लड़ाई लड़ते लड़ते बीस वर्ष बीत गए पर भूमिहीन खेतिहर मजदूरों, हक वंचित गरीब मजलूम परिवारों को आज तक एक इंच की जमीन नहीं आवंटित की गई जो कि हर भूमिहीन खेतिहर मजदूर परिवारों को जमीन की जरूरत है। जमीन नहीं तो जिन्दगी नहीं, जीवन नहीं। शासन प्रशासन दलित आदिवासी परिवारों के साथ अन्याय अत्याचार कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। आज हर एक युवा पलायन करके जीवन यापन चला रहे हैं। रेल बिक गई, एयरपोर्ट बिक गया अब ये सरकार हमारे जल जंगल जमीन बेच रही है। आदिवासी समाज को वनवासी कहा जा रहा है और बड़े बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जा रही है। यहां तक की सुप्रीम कोर्ट भी 22 लाख पेड़ काटने के आदेश दे देती है पर सरकार भूमिहीन परिवारों को जमीन नहीं दे रही है।अब भूमिहीन खेतिहर मजदूरों का समय आ गया है जिन्हें संगठित होकर एक होकर अपने बच्चों के जमीन के लिए लड़ना होगा। जिसकी जितनी संख्या भारी उतनी चाहिए जमीन पर हिस्सेदारी। यमुनापार स्थित समस्त भूमिहीन खेतिहर मजदूर लामबंद होकर विकास खण्ड शंकरगढ़ पहुंचकर अपने जमीन के हक के लिए आर पार की लड़ाई लड़ने हेतु लामबन्द हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने काशी-तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया: राधाकृष्णन
लखनऊ, वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्रभाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ हर भाषा को स्नेह से देखना चाहिए।

उपराष्ट्रपति शनिवार को यहां नमोघाट पर काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने काशी-तमिल संस्कृति को अंतराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। तमिल भाषियों के मन में काशी के लिए एक विशिष्ट दूरगामी दृष्टि है, वो आज वो सपना साकार हुआ है। इस संस्करण की विशेषता है कि यह तिरुक्कुरल और तिरुवल्लुवर को प्रधानता दे रहा है। तमिल भाषा, तमिल संस्कृति केवल तमिलनाडु का धन नहीं बल्कि भारत का गौरव है। इस बात को प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। इस बात को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती का जिक्र कर कहा कि महाकवि ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय काशी में बिताया था। महाकवि ने अपने गीत में काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के लिए एक उपकरण बनाने की कल्पना की थी। उनकी यह दूरदर्शी सोच आज तकनीक के माध्यम से साकार होती दिखाई दे रही है। काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, भाषा और संस्कृति के गहरे संबंधों का अद्भुत उदाहरण है।

उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि तमिल भाषियों के हृदय में काशी का हमेशा से विशिष्ट स्थान रहा है। हर तमिलवासी के मन में दो विशेष इच्छाएं रहती हैं। पहली, काशी के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करना और दूसरी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना। करीब 400 वर्ष पहले तमिलनाडु से आकर काशी में बसे लोगों ने इस सांस्कृतिक रिश्ते को और मजबूत किया। तमिलनाडु से आए बुनकरों ने भी यहां अपनी कला और हुनर से विशेष पहचान बनाई तथा अपने उत्पादों का निर्यात किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान उन्हें तिरुक्कुरल की रूसी अनुवादित पुस्तक भेंट की थी। संत तिरुवल्लुवर की इस प्राचीन रचना में 1330 दोहे हैं, जिनमें सदाचार, सुशासन, नैतिकता, धन और मानवीय संबंधों की सीख दी गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि तिरुवल्लुवर की ज्ञान परंपरा किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को एक नहीं बनाया था, देश की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता पहले से मौजूद थी। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने काशी तमिल संगमम की शुरुआत की। भारत जिस गति से विकास कर रहा है, उसे वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। आर्थिक विकास के साथ भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को भी दुनिया के सामने रखना होगा।

उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की जीडीपी में इसका योगदान लगभग नौ प्रतिशत है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य उत्तर प्रदेश उससे पहले ही हासिल कर लेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मेरा नाता 20 साल पुराना है। वर्ष 1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे। एक-दूसरे के भाषण को ध्यान से सुनते थे। उपराष्ट्रपति ने नदियों को जोड़ने की बात कर कहा कि गंगा का पानी कावेरी तक पहुंचाने का लक्ष्य भी देश की एकता और समृद्धि से जुड़ा है। इसकी दिशा में गोदावरी का पानी कावेरी तक पहुंचाने की योजना जल्द पूरी करने की बात कही। उन्होंने इसे देश की नदियों को जोड़ने की बड़ी पहल का हिस्सा बताया।
सरसो की सिचाई पर करें सल्फर का प्रयोग,बढ़ेगी उपज तो होगी आय में बढ़ोत्तरी - अपर जिला कृषि अधिकारी

सरसों भारत देश की रवी सीजन का एक प्रमुख तिलहन फसल है जो लगभग तीन से चार महीने में पककर तैयार हो जाती है।

अपर जिला कृषि अधिकारी सौरभ सिंह ने सिचाई से संबंधित किसानों को सलाह देते हुए बताया कि यह मौसम व फसल की अवधि पर निर्भर करता है,वैसे सिचाई के लिए अगर बात करें तो सरसों की दो प्रमुख अवस्थाएं होती है।

पहली सिचाई लगभग तीस दिन के बाद करना चाहिए इस अवस्था में शाखाएँ बनने लगती हैं।

दूसरी सिचाई लगभग पचपन से साठ दिन बाद करना चाहिए क्योंकि इस अवस्था में  फलियाँ बनने प्रक्रिया चालू हो जाती है।

सौरभ सिंह ने किसानों को सचेत करते हुए कहा कि तिलहनी फसलों में सल्फर की  मात्रा ही सरसों के आकार को बढ़ाता है और तेल की परसेंटेज को बढ़ाने में काफी मददगार साबित होता है।

उन्होंने बताया कि जब तिलहनी फसलों में फूल आने की शुरुवात होती है तो उस समय कीट पतंगों का भी प्रकोप बढ़ जाता हैं जिससे फूलों का रस चूसतें हैं और फसल कमजोर होने लगता है, जिससे उत्पादन घटनें की संभावना बढ़ जाता है।

उन्होंने कीट पतंगों से बचाव के लिए किसानों को सुझाव देते हुए बताया कि खेतों में फेरोमोन ट्रैप लगाए और इमिडाक्लोरोप्रिड 17.8 % एसएल का या थायोमेथोक्साम 25 % डब्लूजी बहुपयोगी अंतरप्रवाही का छिड़काव करें।

अंत में कृषि अधिकारी सौरभ सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक ढंग से खेती करने के लिए विशेष जोर देते हुए आगाह किया कि कृषि विभाग द्वारा जो भी समय-समय पर जो तकनीकी सलाह दिया जाता है उसका पालन अवश्य करें जिससे आपको अधिक से अधिक लाभ पहुँच सके।
मऊ में छात्रहित की मांगों को लेकर विद्यार्थी परिषद का जोरदार धरना-प्रदर्शन, जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्र!
मऊ। जनपद में विभिन्न छात्रहित से जुड़ी मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं एवं छात्रों ने जिला मुख्यालय पर मोर्चा खोल दिया। शनिवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए जिला प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान छात्र अपनी मांगों को लेकर एकजुट नजर आए। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्र-छात्राओं से जुड़ी समस्याओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए तथा मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी कार्यालय के सामने छात्रों के धरने पर बैठने से प्रशासनिक परिसर में हलचल बढ़ गई। प्रदर्शन के जरिए विद्यार्थी परिषद ने जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया।

अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और उनकी समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।
नगर पंचायत कर्मचारी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामलें में वाँछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 01 अदद कैंची

रमेश दूबे
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल श्री सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना मेंहदावल पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 484/2026 धारा 109(1), 132, 352 बीएनएस थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर से संबंधित वाँछित अभियुक्त सूरज पुत्र विश्वनाथ निवासी मछरहट्टा थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर को घटना में प्रयुक्त 01 अदद कैंची के साथ पक्का पोखरा के पास से गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया ।
घटना का विवरण-
दिनांक 27.11.2026 को नगर पंचायत मेंहदावल में आउटसोर्सिंग कार्यालय सहायक के पद पर कार्यरत वादी रवि कुमार पुत्र रमेश प्रजापति निवासी ग्राम बहबोलिया थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर द्वारा थाना मेंहदावल पर तहरीर दिया गया कि अपराह्न करीब 03:15 बजे वह फल मंडी में जनगणना से संबंधित कागजात पहुंचाने जा रहे थे । इसी दौरान रास्ते में सूरज पुत्र विश्वनाथ द्वारा उनके साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उनके गले पर गंभीर चोट आई । जिसके उपरान्त थाना मेंहदावल पर मु0अ0सं0 484/2026 धारा 109(1), 132, 352 बीएनएस पंजीकृत करते हुए, आज दिनांक 28.11.2026 को अभियुक्त को गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया है ।
गिरफ्तारी टीम-  उ0नि0 श्री रवीन्द्र सिंह यादव, का0 उदयप्रताप सिंह, का0 अनुराग सिंह ।
मऊ के शहरोज के पास भीषण सड़क हादसा, घने कोहरे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर; दोनों चालक गंभीर!
मऊ। शहरोज के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर आज सुबह घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां एक चालक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि फोरलेन पर मेंटेनेंस कार्य चलने के कारण यातायात एक ही लेन से संचालित हो रहा था। इसी दौरान घने कोहरे के बीच यह हादसा हो गया।
कसौधन समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही बाधाओं को लेकर मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर सौपा पत्र
बलरामपुर। कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने में आ रही समस्याओं को लेकर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिलीप कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी देवीपाटन में मुलाकात कर पत्र सौपकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा कि कसौधन समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लंबे समय से शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष लगातार पत्राचार और अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्षों से प्रयास किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन को सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बजाय भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट लगाए जाने से पात्र लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण कसौधन समाज के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शासन के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही बलरामपुर सहित संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को आवेदन पत्रों की नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाएं।

पत्र में भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
उत्तर प्रदेश: मिर्ज़ापुर में महिला अनुदेशक ने दूध मुंहे बच्चे के साथ ट्रेन से कटकर जान दी
मीरजापुर। जिले के
राजगढ़ थाना क्षेत्र के भांवा गांव की एक महिला अनुदेशक ने पारिवारिक कलह से उबकर ट्रेन से कटकर बच्चे के साथ जान दे दी रेलवे पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उक्त गांव निवासी इंद्रेश सिंह पटेल पुत्र स्वर्गीय राम मूर्ति सिंह विवाह सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के इलाही गांव में प्यारे लाल सिंह की बेटी स्मिता सिंह के साथ सन 2016 में हुआ था। शादी से पहले स्मिता राजकीय कन्या विद्यालय बीजपुर में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थी और पति एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। पिता प्यारेलाल के अनुसार पति द्वारा अनुदेशक का पद छोड़वाने से पत्नी नाराज थी पत्नी के अनुदेशक पद छोड़ने पर पति भी अपना नौकरी छोड़कर घर आ गया और खेती करने लगा।
सन 2022 में नौकरी का पद छोड़ने के बाद स्मिता भावा में रहने लगी जहां उसका मन नहीं लग रहा था नौकरी छूटने के कारण पारिवारिक कलह में रहने लगी। इसी पारिवारिक कलह के चलते कई बार पंचायत भी हुई थी।
पिता प्यारेलाल ने बताया कि 24 नवंबर को वह कर्मा थाने में अपने साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए गई थी। उसके बाद वह अपने घर सोनभद्र इलाही गई थी 27 नवंबर को शाम 7:00 बजे सीसीए पैसेंजर पड़कर लूसा उतरने की बात कह कर अपने मां से आई थी कि मैं भावा जा रही हूं लेकिन लूसा न उतरकर चुनार कैसे पहुंच गई और कैसे वह बेटे के साथ कट गई यह पहेली बना हुआ है।
*बेटी के सर से उठा मां का साया*
मां स्मिता सिंह के असमय चले जाने से बेटी वान्या 7 वर्ष के सर से मां का साया उठ गया है वान्या भावा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 3 की छात्रा है मां की छत्रछाया उठ जाने से वह पथराई हुई आंखों से अपने परिवार के लोगों को देख रही है वही उसकी दादी एवं परिवार के लोगों का बुरा हाल है उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि स्मिता ने ऐसा क्यों किया?
यूपी में दो वरिष्ठ आईपीएस अफसरों का तबादला, प्रशांत कुमार बने आगरा जोन के नए एडीजी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में लगातार फेरबदल का दौर जारी है। शासन ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। एस.के. भगत को आगरा जोन के एडीजी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, जबकि प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।

शासन के आदेश के अनुसार, एस.के. भगत, आईपीएस-आरआर-1998, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा के पद पर तैनात थे, उन्हें अब मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के पद पर भेजा गया है। वहीं, प्रशांत कुमार, आईपीएस-आरआर-2000, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन, उ.प्र., लखनऊ के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा के पद पर तैनात किया गया है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए शासन ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए थे। इस प्रशासनिक बदलाव में नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर से लेकर लखनऊ और बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कई रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षकों (डीआईजी) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

शासन की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। लक्ष्मी सिंह पिछले करीब चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

इसी क्रम में लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाया गया है। वहीं, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा अब लखनऊ जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है।

प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। रेंज स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने और चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से किया गया है। आने वाले दिनों में और भी तबादले होने की संभावना जताई जा रही है।
वाराणसी के आयुष्मान पाठक ने जीती एआईटीए अंडर-14 टेनिस चैंपियनशिप, रचा इतिहास

—पटना में फाइनल मुकाबले में अयान रहमान को सीधे सेटों में हराया, वाराणसी से यह खिताब जीतने वाले बने पहले खिलाड़ी

लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के उभरते युवा टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का गौरव बढ़ाया है। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) चैंपियनशिप सीरीज में आयुष्मान ने अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ ही वह वाराणसी से अंडर-14 चैंपियनशिप सीरीज का खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

आयुष्मान के स्थानीय कोच बृज भूषण यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 से 27 नवंबर 2026 तक पटना में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आयुष्मान का सामना अयान रहमान से हुआ। खिताबी मुकाबले में आयुष्मान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अयान को सीधे सेटों में 7-4, 6-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान आयुष्मान ने बेहतरीन तकनीक, सटीक शॉट्स और दमदार आत्मविश्वास का परिचय दिया। फाइनल में भी उन्होंने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और प्रभावशाली जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अपनी इस महत्वपूर्ण सफलता का श्रेय आयुष्मान ने अपने पिता अभिषेक पाठक और माता माधवी पाठक को दिया है। वहीं, उनकी इस उपलब्धि में कोच बृज भूषण यादव के कुशल मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण की भी अहम भूमिका रही।

आयुष्मान की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कोच बृज भूषण यादव ने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और टेनिस के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष्मान भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर वाराणसी का नाम रोशन करेंगे।

आयुष्मान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता शहर के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।