नगर पंचायत कर्मचारी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामलें में वाँछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 01 अदद कैंची

रमेश दूबे
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल श्री सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना मेंहदावल पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 484/2026 धारा 109(1), 132, 352 बीएनएस थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर से संबंधित वाँछित अभियुक्त सूरज पुत्र विश्वनाथ निवासी मछरहट्टा थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर को घटना में प्रयुक्त 01 अदद कैंची के साथ पक्का पोखरा के पास से गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया ।
घटना का विवरण-
दिनांक 27.11.2026 को नगर पंचायत मेंहदावल में आउटसोर्सिंग कार्यालय सहायक के पद पर कार्यरत वादी रवि कुमार पुत्र रमेश प्रजापति निवासी ग्राम बहबोलिया थाना मेंहदावल जनपद संतकबीरनगर द्वारा थाना मेंहदावल पर तहरीर दिया गया कि अपराह्न करीब 03:15 बजे वह फल मंडी में जनगणना से संबंधित कागजात पहुंचाने जा रहे थे । इसी दौरान रास्ते में सूरज पुत्र विश्वनाथ द्वारा उनके साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उनके गले पर गंभीर चोट आई । जिसके उपरान्त थाना मेंहदावल पर मु0अ0सं0 484/2026 धारा 109(1), 132, 352 बीएनएस पंजीकृत करते हुए, आज दिनांक 28.11.2026 को अभियुक्त को गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया है ।
गिरफ्तारी टीम-  उ0नि0 श्री रवीन्द्र सिंह यादव, का0 उदयप्रताप सिंह, का0 अनुराग सिंह ।
मऊ के शहरोज के पास भीषण सड़क हादसा, घने कोहरे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर; दोनों चालक गंभीर!
मऊ। शहरोज के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर आज सुबह घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां एक चालक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि फोरलेन पर मेंटेनेंस कार्य चलने के कारण यातायात एक ही लेन से संचालित हो रहा था। इसी दौरान घने कोहरे के बीच यह हादसा हो गया।
कसौधन समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही बाधाओं को लेकर मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर सौपा पत्र
बलरामपुर। कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने में आ रही समस्याओं को लेकर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिलीप कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी देवीपाटन में मुलाकात कर पत्र सौपकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा कि कसौधन समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लंबे समय से शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष लगातार पत्राचार और अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्षों से प्रयास किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन को सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बजाय भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट लगाए जाने से पात्र लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण कसौधन समाज के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शासन के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही बलरामपुर सहित संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को आवेदन पत्रों की नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाएं।

पत्र में भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
उत्तर प्रदेश: मिर्ज़ापुर में महिला अनुदेशक ने दूध मुंहे बच्चे के साथ ट्रेन से कटकर जान दी
मीरजापुर। जिले के
राजगढ़ थाना क्षेत्र के भांवा गांव की एक महिला अनुदेशक ने पारिवारिक कलह से उबकर ट्रेन से कटकर बच्चे के साथ जान दे दी रेलवे पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उक्त गांव निवासी इंद्रेश सिंह पटेल पुत्र स्वर्गीय राम मूर्ति सिंह विवाह सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के इलाही गांव में प्यारे लाल सिंह की बेटी स्मिता सिंह के साथ सन 2016 में हुआ था। शादी से पहले स्मिता राजकीय कन्या विद्यालय बीजपुर में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थी और पति एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। पिता प्यारेलाल के अनुसार पति द्वारा अनुदेशक का पद छोड़वाने से पत्नी नाराज थी पत्नी के अनुदेशक पद छोड़ने पर पति भी अपना नौकरी छोड़कर घर आ गया और खेती करने लगा।
सन 2022 में नौकरी का पद छोड़ने के बाद स्मिता भावा में रहने लगी जहां उसका मन नहीं लग रहा था नौकरी छूटने के कारण पारिवारिक कलह में रहने लगी। इसी पारिवारिक कलह के चलते कई बार पंचायत भी हुई थी।
पिता प्यारेलाल ने बताया कि 24 नवंबर को वह कर्मा थाने में अपने साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए गई थी। उसके बाद वह अपने घर सोनभद्र इलाही गई थी 27 नवंबर को शाम 7:00 बजे सीसीए पैसेंजर पड़कर लूसा उतरने की बात कह कर अपने मां से आई थी कि मैं भावा जा रही हूं लेकिन लूसा न उतरकर चुनार कैसे पहुंच गई और कैसे वह बेटे के साथ कट गई यह पहेली बना हुआ है।
*बेटी के सर से उठा मां का साया*
मां स्मिता सिंह के असमय चले जाने से बेटी वान्या 7 वर्ष के सर से मां का साया उठ गया है वान्या भावा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 3 की छात्रा है मां की छत्रछाया उठ जाने से वह पथराई हुई आंखों से अपने परिवार के लोगों को देख रही है वही उसकी दादी एवं परिवार के लोगों का बुरा हाल है उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि स्मिता ने ऐसा क्यों किया?
यूपी में दो वरिष्ठ आईपीएस अफसरों का तबादला, प्रशांत कुमार बने आगरा जोन के नए एडीजी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में लगातार फेरबदल का दौर जारी है। शासन ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। एस.के. भगत को आगरा जोन के एडीजी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, जबकि प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।

शासन के आदेश के अनुसार, एस.के. भगत, आईपीएस-आरआर-1998, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा के पद पर तैनात थे, उन्हें अब मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के पद पर भेजा गया है। वहीं, प्रशांत कुमार, आईपीएस-आरआर-2000, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन, उ.प्र., लखनऊ के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा के पद पर तैनात किया गया है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए शासन ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए थे। इस प्रशासनिक बदलाव में नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर से लेकर लखनऊ और बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कई रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षकों (डीआईजी) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

शासन की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। लक्ष्मी सिंह पिछले करीब चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

इसी क्रम में लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाया गया है। वहीं, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा अब लखनऊ जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है।

प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। रेंज स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने और चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से किया गया है। आने वाले दिनों में और भी तबादले होने की संभावना जताई जा रही है।
वाराणसी के आयुष्मान पाठक ने जीती एआईटीए अंडर-14 टेनिस चैंपियनशिप, रचा इतिहास

—पटना में फाइनल मुकाबले में अयान रहमान को सीधे सेटों में हराया, वाराणसी से यह खिताब जीतने वाले बने पहले खिलाड़ी

लखनऊ /वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के उभरते युवा टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का गौरव बढ़ाया है। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) चैंपियनशिप सीरीज में आयुष्मान ने अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ ही वह वाराणसी से अंडर-14 चैंपियनशिप सीरीज का खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

आयुष्मान के स्थानीय कोच बृज भूषण यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 से 27 नवंबर 2026 तक पटना में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आयुष्मान का सामना अयान रहमान से हुआ। खिताबी मुकाबले में आयुष्मान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अयान को सीधे सेटों में 7-4, 6-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान आयुष्मान ने बेहतरीन तकनीक, सटीक शॉट्स और दमदार आत्मविश्वास का परिचय दिया। फाइनल में भी उन्होंने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और प्रभावशाली जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अपनी इस महत्वपूर्ण सफलता का श्रेय आयुष्मान ने अपने पिता अभिषेक पाठक और माता माधवी पाठक को दिया है। वहीं, उनकी इस उपलब्धि में कोच बृज भूषण यादव के कुशल मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण की भी अहम भूमिका रही।

आयुष्मान की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कोच बृज भूषण यादव ने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और टेनिस के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष्मान भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर वाराणसी का नाम रोशन करेंगे।

आयुष्मान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता शहर के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
माघ मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिसंबर तक सभी विभाग दें कार्ययोजना : डॉ लोकेश एम
चार दिसंबर को होगा गंगा पूजन, सिक्स लेन पुल की तीन लेन 15 दिसंबर तक यातायात के लिए होंगी तैयार

प्रयागराज। माघ मेला-2027 की तैयारियों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और निर्धारित समयसीमा में निर्माण एवं व्यवस्थाओं को पूरा कराएं। सभी विभाग 15 दिसंबर तक समय-सारिणी सहित अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें। यह निर्देश शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने मेला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मंडलायुक्त के निर्देश पर आगामी चार दिसंबर को गंगा पूजन का आयोजन किया जाएगा।

मंडलायुक्त ने मेला अधिकारी ऋषिराज और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले सेक्टर एक में महावीर पोंटून पुल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद संगम नोज और गंगा पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने जहां भी गंदगी मिली, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। घाटों पर बोरियां लगवाने तथा श्रद्धालुओं की ओर से छोड़े जाने वाले फूल और दीपकों की नियमित सफाई कराने को कहा। संगम क्षेत्र में विद्युत पोल लगाने के कार्य का भी निरीक्षण किया और बिजली व्यवस्था की सुरक्षा के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।

जलस्तर घटने पर शुरू होगा घाटों का निर्माण

मंडलायुक्त ने अधिकारियों के साथ नाव से मेला क्षेत्र के अन्य हिस्सों, झूंसी और यमुना पट्टी पर हो रहे भूमि समतलीकरण के कार्यों का जायजा लिया। गंगा और यमुना के जलस्तर की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि जलस्तर कम होने के साथ ही परिस्थितियों के अनुसार घाटों का निर्माण शुरू कराया जाए। सभी विभाग अपनी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

सिक्स लेन पुल की तीन लेन 15 दिसंबर तक खुलेंगी

इसके बाद मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ सिक्स लेन पुल के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मलाका से स्टेनली रोड की ओर आने वाले पुल की दाहिनी तरफ की तीन लेन 15 दिसंबर तक यातायात के लिए तैयार कर दी जाएंगी। इससे माघ मेले के दौरान लखनऊ, प्रतापगढ़ और अयोध्या से प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर और मेला क्षेत्र में यातायात का दबाव भी कम होगा।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और आपसी समन्वय से तय समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करें, ताकि माघ मेला-2027 में श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शराब पार्टी में हुए विवाद में हुई थी ई-ऑटो चालक की हत्या, 15 दिन बाद मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार

कानपुर,। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ई-ऑटो चालक की हत्या कर फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एचएएल परिसर के पास शव मिलने के मामले में पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपित की पहचान की थी। अलकनंदा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को चकेरी थाना क्षेत्र में एचएएल परिसर के पास एक शव मिला था। जांच में मृतक की शिनाख्त बृजनंदन यादव के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सर्विलांस की मदद से साढ़ थाना क्षेत्र निवासी राज की पहचान की गई। शुक्रवार को पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, दो खोखा कारतूस और मृतक का ई-ऑटो बरामद हुआ है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राज मजदूरी करता है और मूलरूप से साढ़ के कुर्थी गांव का रहने वाला है। वह हरजिंदर नगर में रह रहा था। 12 नवंबर की रात उसकी मुलाकात रामादेवी चौराहे पर ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव से हुई थी। दोनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी करी। इसी दौरान शराब की आधी हिस्सेदारी को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद राज उसे टटियन झनाका की सुनसान जगह पर ले गया।

वहां विवाद बढ़ने पर राज ने ईंट से बृजनंदन के सिर पर हमला कर दिया। चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपित ने ईंट-पत्थर से कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित मृतक का ई-ऑटो लेकर फरार हो गया था।

हत्या के बाद ई-ऑटो लेकर पहुंचा था ससुराल

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद राज मृतक का ई-ऑटो लेकर अपने ससुराल सरसौल के कमालपुर पहुंच गया था। पुलिस अब उससे हत्या और ई-ऑटो से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। मामले में आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मीरजापुर : नहर विभाग में सरकारी धन के गबन के आरोप में दो और गिरफ्तार

मीरजापुर,। नहर विभाग में फर्जी दस्तावेज और डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) का दुरुपयोग कर सरकारी धन का गबन करने के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने शुक्रवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले भी दो आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्तूबर 2026 को मीरजापुर नहर के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विभाग के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। डिजिटल सिग्नेचर डोंगल का दुरुपयोग कर अस्तित्वहीन कर्मचारियों के नाम पर भुगतान दिखाया गया और धनराशि परिचितों व रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेजकर सरकारी धन का गबन किया गया।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नुआंव गांव निवासी आफताब पुत्र अनीश और अब्बास पुत्र कासिम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय और फिर जेल भेज दिया।
जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों का व्यवहार हो मधुर : लक्ष्मी नारायण चौधरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में विभिन्न विभागों के विकास कार्याें और जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।

बैठक में जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने उपलब्ध बजट का कम से कम 95 प्रतिशत हिस्सा 30 दिसम्बर तक अवश्य व्यय करें, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सकेे तथा लम्बित कार्याें को ससमय पूर्ण किया जा सके।

उन्होने स्पष्ट किया कि विकासात्मक कार्याें को जनप्रतिनिधियों और अधिकारी मिलकर पूर्ण करें साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों का व्यवहार मधुर हो और सहयोगात्मक हो। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्तियों तक पहुंचे।प्रभारी मंत्री ने उद्यान विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, उद्योग विभाग आदि विभागों के साथ ही जल जीवन मिशन की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन के तहत स्वंय सहायता समूहों के गठन, विद्युत सखी तथा मोमबत्ती, अगरबत्ती, शहद, बैग, खिलौने आदि उत्पादों से जुड़ी महिलाओं के कार्याें की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने डी0सी0एन0आर0एल0एम0 को निर्देशित किया कि ऐसी महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाए, जिससे खासकर ग्रामीण महिलाऐं आत्मनिर्भर बन सके, साथ ही उनका कौशल निकल कर सामने आ सके। साथ ही उन्होने कहा कि गांव में समूहों का गठन शासन की प्राथमिकता है, जिसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नही होनी चाहिए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश सभी अधिकारियों को दिया तथा उन्होने कहा कि हमारा पूर्णतः यह प्रयास होगा कि हम विकास के हर पैमाने पर खरे उतरेंइस दौरान विधायक मनीष असीजा, प्रेम पाल सिंह धनगर, महापौर कामिनी राठौर के साथ मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 कल्पना जयसवाल, अपर जिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।