शराब पार्टी में हुए विवाद में हुई थी ई-ऑटो चालक की हत्या, 15 दिन बाद मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार

कानपुर,। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ई-ऑटो चालक की हत्या कर फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एचएएल परिसर के पास शव मिलने के मामले में पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपित की पहचान की थी। अलकनंदा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को चकेरी थाना क्षेत्र में एचएएल परिसर के पास एक शव मिला था। जांच में मृतक की शिनाख्त बृजनंदन यादव के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सर्विलांस की मदद से साढ़ थाना क्षेत्र निवासी राज की पहचान की गई। शुक्रवार को पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, दो खोखा कारतूस और मृतक का ई-ऑटो बरामद हुआ है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राज मजदूरी करता है और मूलरूप से साढ़ के कुर्थी गांव का रहने वाला है। वह हरजिंदर नगर में रह रहा था। 12 नवंबर की रात उसकी मुलाकात रामादेवी चौराहे पर ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव से हुई थी। दोनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी करी। इसी दौरान शराब की आधी हिस्सेदारी को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद राज उसे टटियन झनाका की सुनसान जगह पर ले गया।

वहां विवाद बढ़ने पर राज ने ईंट से बृजनंदन के सिर पर हमला कर दिया। चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपित ने ईंट-पत्थर से कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित मृतक का ई-ऑटो लेकर फरार हो गया था।

हत्या के बाद ई-ऑटो लेकर पहुंचा था ससुराल

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद राज मृतक का ई-ऑटो लेकर अपने ससुराल सरसौल के कमालपुर पहुंच गया था। पुलिस अब उससे हत्या और ई-ऑटो से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। मामले में आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मीरजापुर : नहर विभाग में सरकारी धन के गबन के आरोप में दो और गिरफ्तार

मीरजापुर,। नहर विभाग में फर्जी दस्तावेज और डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) का दुरुपयोग कर सरकारी धन का गबन करने के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने शुक्रवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले भी दो आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्तूबर 2026 को मीरजापुर नहर के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विभाग के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। डिजिटल सिग्नेचर डोंगल का दुरुपयोग कर अस्तित्वहीन कर्मचारियों के नाम पर भुगतान दिखाया गया और धनराशि परिचितों व रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेजकर सरकारी धन का गबन किया गया।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नुआंव गांव निवासी आफताब पुत्र अनीश और अब्बास पुत्र कासिम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय और फिर जेल भेज दिया।
जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों का व्यवहार हो मधुर : लक्ष्मी नारायण चौधरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में विभिन्न विभागों के विकास कार्याें और जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।

बैठक में जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने उपलब्ध बजट का कम से कम 95 प्रतिशत हिस्सा 30 दिसम्बर तक अवश्य व्यय करें, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सकेे तथा लम्बित कार्याें को ससमय पूर्ण किया जा सके।

उन्होने स्पष्ट किया कि विकासात्मक कार्याें को जनप्रतिनिधियों और अधिकारी मिलकर पूर्ण करें साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों का व्यवहार मधुर हो और सहयोगात्मक हो। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्तियों तक पहुंचे।प्रभारी मंत्री ने उद्यान विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, उद्योग विभाग आदि विभागों के साथ ही जल जीवन मिशन की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन के तहत स्वंय सहायता समूहों के गठन, विद्युत सखी तथा मोमबत्ती, अगरबत्ती, शहद, बैग, खिलौने आदि उत्पादों से जुड़ी महिलाओं के कार्याें की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने डी0सी0एन0आर0एल0एम0 को निर्देशित किया कि ऐसी महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाए, जिससे खासकर ग्रामीण महिलाऐं आत्मनिर्भर बन सके, साथ ही उनका कौशल निकल कर सामने आ सके। साथ ही उन्होने कहा कि गांव में समूहों का गठन शासन की प्राथमिकता है, जिसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नही होनी चाहिए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश सभी अधिकारियों को दिया तथा उन्होने कहा कि हमारा पूर्णतः यह प्रयास होगा कि हम विकास के हर पैमाने पर खरे उतरेंइस दौरान विधायक मनीष असीजा, प्रेम पाल सिंह धनगर, महापौर कामिनी राठौर के साथ मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 कल्पना जयसवाल, अपर जिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध : लक्ष्मी नारायण चौधरी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को बाबा नीम करौली धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, खुशहाली एवं निरंतर समृद्धि की कामना की।

प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दर्शन-पूजन के उपरांत धाम परिसर में चल रहे सौंदर्याकरण एवं निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल व डॉरमेट्री के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचना, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की वर्तमान प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य को पूर्ण किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने धाम परिसर में श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के पश्चात प्रभारी मंत्री ने कहा, "बाबा नीम करौली धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मल्टीपरपज हॉल व डॉरमेट्री के निर्माण से यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अत्यंत सुगम एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।"

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राम सबके, इसलिए अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर सवाल उठाना ठीक नहीं : देवकी नन्दन ठाकुर
फिरोजाबाद। बृज के मशहूर कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने शुक्रवार को फिरोजाबाद में अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा को राजनीतिक नजरिए से देखने वालों को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि राम सबके है और इसलिए अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। उन्होंने धीरेन्द्र शास्त्री पर बाबा रामदेव के बयान पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

मशहूर कथावाचक देवकी नन्दन ठाकुर शुक्रवार को फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद शहर में अपने शिष्य शिव कुमार के धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जितने भी सनातनी हैं, उन सबको अयोध्या जाकर राम जी का दर्शन करना चाहिए, मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन करना चाहिए और काशी में भगवान भोलेनाथ का दर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैचारिक और राजनीतिक भावनाएं अपनी जगह हैं। धार्मिग गुरु के नाते वे सिर्फ एक बात कह सकते हैं कि राम जी पर सबका अधिकार है और इसे विवादित नहीं करना चाहिए।

उन्होंने साफ कहा कि भगवान श्रीराम पर किसी एक दल, एक नेता या एक वर्ग का अधिकार नहीं है, राम सबके हैं। इसलिए अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी को भी सलाह दी कि उन्हें भी अयोध्या में रामलाल के दर्शन के लिए जाना चाहिये। उन्होंने यह भी कहा कि वह तीस साल से भगवान की कथा कह रहे है लेकिन उनकी कथा को किसी ने रोका हो, ऐसी नौबत अभी तक न आई है और न आयेगी।

बाबा रामदेव द्वारा धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं पर की गई टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर कथावाचक ने बिना नाम लिए मौन रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वामी जी हम सबके सम्मानीय हैं, बड़े हैं. कोई बात उन्होंने कही है, क्यों कही है, इसका उत्तर वही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ एक बात जानता हूं, किसी भी सनातनी को एक दूसरे सनातनी से विवाद नहीं करना चाहिए। सनातनियों को मिलजुल कर आगे बढ़ना चाहिए और सनातन को आगे बढ़ाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, आयोजक मौजूद रहे।
दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे उद्योगपति अनंत अंबानी
गिरिराज जी में किए दर्शन, शनिवार को वृंदावन में करेंगे बांकेबिहारी के दर्शन

लखनऊ / मथुरा,। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी मथुरा और ब्रजभूमि में शुक्रवार देरसांय को उस समय विशेष हलचल बढ़ गई, जब देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी दो दिवसीय दौरे पर गोवर्धन पहुंचे। उनके इस ब्रज आगमन को लेकर धार्मिक और सुरक्षा के स्तर पर पुख्ता तैयारियां की गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनंत अंबानी ने शुक्रवार शाम को गोवर्धन के जतीपुरा स्थित गिरिराज महाराज के मुखारबिंद मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट करते हुए उनकी परिक्रमा भी की। उन्हें देखने और उनकी एक झलक पाने के लिए क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

गोवर्धन में दर्शन-पूजन के पश्चात अनंत अंबानी मथुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार सुबह उनका वृंदावन पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन कर ठाकुरजी के समक्ष पूजा-अर्चना करेंगे और आशीर्वाद लेंगे। उद्योगपति के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए गोवर्धन से लेकर वृंदावन तक के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के अत्यंत कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उनकी मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
स्वामी सच्चिदानंद ने 06 दिसंबर को मथुरा में कार सेवा का किया दावा
चार दिशाओं से दल रवाना करने की तैयारी, एक से सवा लाख लोगों के जुटने की उम्मीद

लखनऊ / मथुरा, । श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन से जुड़े स्वामी सच्चिदानंद ने शुक्रवार दोपहर आगामी 06 दिसंबर (शौर्य दिवस) को मथुरा में कार सेवा करने का बड़ा दावा किया है। मीडिया को दिए अपने बयान में उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए देश को चार खंडों (पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण) में बांटा गया है, जबकि व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पांचवां स्वरूप ब्रज में रहेगा।

योजना के तहत नकुल, सहदेव, अर्जुन और भीम नाम से चार प्रमुख दल बनाए गए हैं, जो देश के चारों हिस्सों से अपने साथियों के साथ आगे बढ़ेंगे। वहीं, संत महापुरुष युधिष्ठिर की भूमिका में व्यवस्थाओं और प्रवेश मार्गों को लेकर मार्गदर्शन करेंगे। स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि 6 दिसंबर को अयोध्या में रामलला से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में याद किया जाता है, जिससे लोगों और संतों में काफी उत्साह है। उन्होंने इस आयोजन में करीब एक से सवा लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है। उन्होंने दावा किया कि 9 अगस्त के बाद से लगातार संपर्क बैठकों और पदयात्रा के माध्यम से जन जागरण किया जा रहा है। सुरक्षा और धमकियों का हवाला देते हुए फिलहाल उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले संतों व हिंदू संगठनों के नाम सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है। वहीं, प्रशासनिक बाधा और नजरबंदी की आशंका पर 1992 का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस बार कोई नजरबंदी नहीं होगी और उन्हें उम्मीद है कि शासन-प्रशासन से कोई बाधा नहीं आएगी।
बहुभोज में चाकूबाजी और मारपीट, युवक की मौत, किशोर गंभीर

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ककुहा गांव में शुक्रवार शाम बहुभोज के कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी हो गई। घटना में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान गांव निवासी बिंद्रेश राजभर उर्फ कल्लू (26) पुत्र लालन राजभर के रूप में हुई है। बताया गया कि बिंद्रेश बहुभोज कार्यक्रम में टेंट लगाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कल्लू राजभर ने रितेश तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू किशोर की आंख के नीचे लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद जवाबी हमले में कल्लू राजभर पर ईंट से हमला किया गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका भी जताई है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि बहुभोज कार्यक्रम के दौरान गांव के ही दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से हुई मारपीट में एक युवक की मौत हुई है और एक किशोर घायल हुआ है। घायल किशोर का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त कर ली है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
28 नवम्बर को मुख्यमंत्री योगी करेंगे कई प्रकल्पों को शिलान्यास और लोकार्पण, तैयारियां पूर्ण

लखनऊ / मथुरा,। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में निर्मित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास उत्तर प्रदेश के मुखमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम, परखम, फरह में करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गऊ ग्राम, परखम में तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरु कर दिया है। समिति द्वारा मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को देखते हुए उनके स्वागत की तैयारियां कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री के उदबोधन के लिए मंच और पंडाल बनकर तैयार हो गया है। वीआईपी लोगों, पत्रकार, विशिष्ट अतिथियों और आगंतुकों के लिए अलग- अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रातः 10 बजे से दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गऊ ग्राम परखम फरह में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन, अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास (विधार्थी छात्रावास) का लोकार्पण करेंगे। आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय और पशु चिकित्सालय महाविद्यालय एवं कर्मचारी आवासीय परिसर (2 बीएचके) का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास, भारत सरकार होंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।

कार्यक्रम में परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज और आचार्य महामण्डलेश्वर, पंच दशनाम जूना अखाड़ा अवधेशानन्द गिरिजी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेश सोनी अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ होंगे।

लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, केंद्रीय राज्यमंत्री, मत्स्य पालन एवं पशुपालन, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु आयुष मंत्री, स्वतंत्र प्रभार और धर्मपाल सिंह कैबिनेट मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास उपस्थित रहेंगें। इनके अलावा दिनेश कुलकर्णी अ.भा. संगठन मंत्री, भारतीय किसान संघ, डॉ. चिन्मय पंड्या , कुलाधिपति, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखण्ड, प्रवीण रामदास राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री, विज्ञान भारती शामिल होंगे। दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, गऊ ग्राम, परखम, फरह को रंगाई- पुताई और साफ-सफाई कर तैयार कर दिया गया है। तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने बताया है कि कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
आलम साहब को लेकर करौली शंकर कर रहे भ्रामक प्रचार, उनका वास्तविक नाम दशहरा दास था : महंत जगतार मुनि

आलम साहब मुस्लिम नहीं, हिंदू समाज से थे, अखाड़े में उनकी समाधि को मजार बताकर फैलाया जा रहा भ्रम

प्रयागराज। करौली शंकर आलम साहब के बारे में गलत जानकारी देकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। आलम साहब का वास्तविक नाम दशहरा दास था और वह मुस्लिम नहीं, बल्कि हिंदू समाज से थे। उनके नाम के साथ आलम जुड़ने की वजह उनके गांव का नाम था। यह बातें शुक्रवार काे श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के सचिव महंत जगतार मुनि ने कहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि करौली शंकर अखाड़े में स्थित दशहरा दास की समाधि को मजार बताकर हिंदू समाज के बीच भ्रम फैला रहे हैं और अखाड़े को हिंदू विरोधी साबित करने का प्रयास कर रहे हैं।

महंत जगतार मुनि ने बताया कि दशहरा दास बेहद विद्वान व्यक्ति थे। उन्होंने बनारस में शिक्षा प्राप्त की थी और पीएचडी भी की थी। उनका संबंध पंजाब के अबोहर मंडी के पास स्थित आलंबन आलमवाले गांव से था। उसी गांव के नाम के कारण लोग उन्हें आलम साहब कहने लगे थे। उनकी समाधि पंजाब स्थित उनके गांव में भी है।

उन्होंने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण पूरी तरह सनातन परंपराओं और व्यवस्थाओं के अनुसार संचालित होता है। अखाड़े में न तो कोई मस्जिद है और न ही किसी पीर बाबा की मजार। प्रयागराज स्थित अखाड़े में दशहरा दास (आलम साहब) का समाधि स्थल है। इसे मजार बताकर गलत प्रचार किया जा रहा है।

महंत जगतार मुनि ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं और इतिहास को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाना उचित नहीं है। आलम साहब के वास्तविक परिचय और उनके समाधि स्थल की सही जानकारी समाज के सामने रखी जानी चाहिए।