डीएम  एसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा जिला कारागार हरदोई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार में बंदियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था देखी तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थिति रहें।
लखनऊ कमिश्ररेट पुलिस ने खोज निकाले 223 लापता मोबाइल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की लखनऊ कमिश्ररेट पुलिस ने खोए 223 मोबाइल फोन को शुक्रवार को उनके असली मालिकों को सौंपा । इसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख 50 हजार रुपये है। अपना खोया मोबाइल पाकर लोगों ने लखनऊ पुलिस का आभार प्रकट किया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस कमिश्ररेट ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल(सीईआईआर) में दर्ज शिकायतों का संज्ञान लिया है। इसके बाद साइबर सेल, सर्विलांस सेल एवं पश्चिमी जोन के समस्त थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम के संयुक्त प्रयासों से सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 233 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किया है। ये मोबाइल फोन लखनऊ के अलावा आसपास के जिले और प्रांतों से बरामद किए गए हैं। आज उन मोबाइलों के उनके असली स्वामियों को सौंपा गया है। अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लखनऊ पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं उनकी खोई हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए निरंतर प्रयासरत है। आमजन से अपील है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित प्रक्रिया अपनाते हुए सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।
46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों  गोंडा में टैबलेट वितरित किए
गोण्डा।स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत गोंडा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपदों के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को आज गोंडा में टैबलेट वितरित किए।

पूर्ण विश्वास है कि ये टैबलेट 'नए उत्तर प्रदेश' के नौजवानों की प्रतिभा को सशक्त मंच प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।

सभी लाभार्थी युवा साथियों को हार्दिक बधाई।
मुख्यमंत्री के गोंडा आगमन पर बीमार ट्रेड यूनियन नेता दिलीप शुक्ला को हाउस अरेस्ट करना लोकतंत्र पर हमला : सीआईटीयू

*गोंडा, 27 नवंबर 2026।*
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू ), उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री के गोंडा आगमन के कार्यक्रम के मद्देनजर आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन (सीटू), उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड दिलीप शुक्ला को जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस द्वारा उनके घर में नजरबंद किए जाने की कड़ी निंदा की है।
कॉमरेड दिलीप शुक्ला पिछले चार वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह से भी पीड़ित हैं। वे घर पर रहते हुए भी संचार माध्यमों के जरिए आंगनवाड़ी, आशा, मिड-डे मील एवं अन्य स्कीम वर्कर्स के अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत हैं।
सीआईटीयू कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को उठाना, संगठन बनाना और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना नागरिकों एवं श्रमिकों का अधिकार है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के नाम पर एक गंभीर रूप से बीमार ट्रेड यूनियन नेता को घर में नजरबंद करना प्रशासन की दमनात्मक एवं अलोकतांत्रिक मानसिकता को दर्शाता है।
सरकार आंगनवाड़ी, आशा एवं मिड-डे मील कर्मचारियों को अपने कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए बुलाती है, लेकिन उनके मानदेय, कर्मचारी का दर्जा, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों जैसी बुनियादी मांगों पर चुप्पी साधे रहती है।
सीआईटीयू जिला प्रशासन से कॉमरेड दिलीप शुक्ला को तत्काल हाउस अरेस्ट से मुक्त करने तथा ट्रेड यूनियन एवं लोकतांत्रिक गतिविधियों पर दमन बंद करने की मांग करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बंद करने तथा
स्कीम वर्कर्स का सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण, मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता की दी जानकारी
सुलतानपुर,अपर जिलाधिकारी (प्रशा0) श्रीमती रत्नप्रिया द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार के बाहर स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा वहां की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
       
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रदर्शन केंद्र पर आने वाले सभी आगंतुकों को ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाए। सभी आगंतुकों से ईवीएम में बटन दबवाकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाए तथा वीवीपैट के माध्यम से निकलने वाली पर्ची दिखाकर मतदान की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के संबंध में जागरूक किया जाए।
       
अपर जिलाधिकारी (प्रशा0) ने स्वयं भी ईवीएम मशीन में बटन दबाकर उसकी कार्यप्रणाली की जांच की तथा वीवीपैट में प्रदर्शित पर्ची का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने निर्धारित रजिस्टर में अपनी प्रविष्टि भी दर्ज की।
       
उन्होंने आमजन से अपील की कि ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस का तबादला, चार पुलिस आयुक्त बदले
ये तबादले आगामी विधानसभा चुनाव के मदृेनजर हुए

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया

प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन से अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन को मिली जिम्मेदारी

लखनऊ। शासन ने उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त बदले गये हैं। अयोध्या जिले के पुलिस कप्तान का भी स्थानांतरण हुआ है। ये तबादले आगामी विधानसभा चुनाव के मदृेनजर हुए हैं।

तबादले के क्रम में वाराणसी पुलिस कमिश्ररेट में तैनात पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर का पुलिस आयुक्त और लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी जिले का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा पीयूष मोर्डिया को पुलिस आयुक्त प्रयागराज पुलिस कमिश्ररेट से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना, बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन, प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन से अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन, प्रभाकर चौधरी को पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ से पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ भेजा गया है। अभिषेक सिंह को पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर से पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा, शैलेश कुमार पाण्डेय को पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा से पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़, आशीष तिवारी को पुलिस उपमहानिरीक्षक तकनीकी सेवाये लखनऊ से पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर, डा. गौरव ग्रोवर को अयोध्या जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर मुरादाबाद का नया पुलिस कप्तान बनाया है।

सुनीति को पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट गौतबुद्धनगर, पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ, आकाश तोमर को सेनानायक, 08वीं वाहिनी पीएसी बरेली से पुलिस अधीक्षक डा. भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद, अमित कुमार प्रथम को सेना नायक, 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद से पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू लखनऊ, नरेन्द्र कुमार सिंह को सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी से पुलिस अधीक्षक पीटीसी सीतापुर, डा. अनिल कुमार पाण्डेय को सेना नायक 36 वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी से पुलिस अधीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें लखनऊ, त्रिभुवन सिंह को सेनानायक, 30 वीं वाहिनी पीएसी गोण्डा से पुलिस अधीक्षक, जीआरपी मुख्यालय लखनऊ, राजेश कुमार श्रीवास्ताव को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है।

इनके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को सेनानायक, 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक पीटीएस गोरखपुर, अजीत कुमार सिन्हा को सेनानायक, 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी से पुलिस अधीक्षक, उप्र पावर कॉरर्पोरेशन लिमिटेड लखनऊ, दिनेश त्रिपाठी को पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट कानपुर नगर से पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट प्रयागराज बनाया गया है।

इसी तरह सतपाल को मुरादाबाद के एसएसपी पद से हटाकर अयोध्या का नया पुलिस कप्तान, प्रीति यादव को पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर से सेना नायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा, पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त कमिश्ररेट गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त पुलिस कमिश्ररेट लखनऊ और अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्रेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनाती मिली है।
उत्तर प्रदेश के व्यापारियों की सुरक्षा स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से  संबंधित विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल

सुलतानपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों का एक मात्र संगठन है जो व्यापारियों के हित के लिए सदैव शासन प्रशासन के सामने पहली पंक्ति में खड़ा रहता है,इसी क्रम में आज प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय व छेत्रिय प्रभारी अमरबाहादुर सिंह के  दिशा निर्देशन,जिला प्रभारी प्रविन्द्र भालोटिया एवं जिलाध्यक्ष विजय प्रधान के नेतृत्व में सुल्तानपुर शहर के विधायक आदरणीय विनोद सिंह जी एवं इसौली विधायक आदरणीय मोहम्मद ताहिर खान के प्रतिनिधि के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी को ज्ञापन भेजने का आग्रह किया गया।        दोनों विधायकों से वार्तालाप के पश्चात उन्होंने आश्वासन दिया कि दिसंबर में होने वाले शीतकालीन सत्र मैं आपकी मांगों को रखा जाएगा आदरणीय मुख्यमंत्री जी से इन मांगों को पूरा करने के लिए निवेदन भी किया जाएगा।
    *व्यापारियों से संबंधित प्रमुख मांगे**।                                  १-देश के व्यापारियों के परिवारों को 10 लाख तक की कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।                        
२-मुख्यमंत्री व्यापारिक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि 10 लाख से बढ़कर 20 लाख की जाए, जिसमें व्यापारी परिवारों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सके।                                    ३-किसी व्यापारी की दुकान आग लगने, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से जलने ,नष्ट होने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त करते हुए तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।                                           ४-विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक की तरह व्यापारी प्रतिनिधियों को भी भेजने का अवसर प्रदान किया जाए, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं एवं हितों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।                             ५-व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए।                                           अतः आपसे विनम्र आग्रह है कि व्यापारी समाज की इन महत्वपूर्ण मांगों पर सहानुभूतपूर्वक विचार करते हुए इनके शीघ्र क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने कृपा करें।               हमें पूर्ण विश्वास है कि आपकी सरकार व्यापारी हितों को प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
इस मौके पर युवा प्रदेश कार्य समिति सदस्य आकाश जायसवाल, जिला महामंत्री तेजीन्द्र सिंह,जिला कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी,जिला संगठन महामंत्री अमरचंद्र साहू, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गोपाल सोनी, जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, ,जिला मंत्री सुनील सिंह,नगर अध्यक्ष मनीष कसौधन,नगर महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, नगर संगठन मंत्री बजरंगी साहू, नगर उपाध्यक्ष हरदीप सिंह,युवा जिलाअध्यक्ष श्याम सुन्दर कसौधन,युवा जिलामहामंत्री अंकित अग्रहरी,युवा नगर अध्यक्ष भोला सोनी,युवा नगर महामंत्री शिव पूजन, युवा मीडिया प्रभारी यश जयसवाल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
टिकौला शुगर मिल ने किसानों के खातों में भेजे 16.71 करोड़ रुपये
**20 से 23 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया शत-प्रतिशत भुगतान, किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील**

**बहसुमा।मेरठ।** टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2026-27 के तहत किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की सौगात दी है। मिल प्रबंधन ने 20 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल 16.71 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे भेज दिया है।

चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष हरकीरत सिंह ने बताया कि उक्त अवधि में खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने किसानों से संबंधित बैंकों में जाकर अपने खातों में भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि चीनी मिल को साफ-सुथरा और ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें। गन्ने में जड़, पत्ती, मिट्टी और हरा अगोला बिल्कुल न हो, ताकि चीनी मिल को गुणवत्तापूर्ण गन्ना मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सट्टा दर्ज करा सकते हैं। साथ ही सभी किसान अपना बेसिक कोटा अवश्य पूरा करें।

मिल प्रबंधन ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं ताजा गन्ने की आपूर्ति से चीनी मिल के संचालन में भी बेहतर व्यवस्था बनी रहेगी।
स्व. चंद्र बोस वर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और भंडारे का आयोजन
**मेरठ।** स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जागृति विहार स्थित माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर भारतीय गौ सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष मेरठ परविंदर चौधरी उर्फ जैन साहब, समसपुर के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, गोविंद कुमार, रवि शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय चंद्र बोस वर्मा के पुत्र दीपक वर्मा ने आयोजन में पहुंचे सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
देवरिया : फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
- एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर देना होगा स्पष्टीकरण

देवरिया,। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण में फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार काे सात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति आयोग की मंशा के अनुरूप नहीं पाई गई। इनमें 336-रुद्रपुर, 337-देवरिया, 338-पथरदेवा, 339-रामपुर कारखाना, 340-भाटपार रानी, 341-सलेमपुर और 342-बरहज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस पाने वालों में तहसीलदार रुद्रपुर राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी देवरिया गुरुशरण श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी देसही देवरिया सुधीर पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी तरकुलवा मनोज कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी भाटपार रानी प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सलेमपुर राम सूरज और नायब तहसीलदार बरहज बिन्द्रेश कुमार गुप्ता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में तैनात हैं। निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।