यूपी को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहते हैं ओवैसी, देश में लागू करना चाहते हैं शरीयत: दिनेश प्रताप सिंह

- 'यूपी को 'शरिया' नहीं, 'केसरिया' पसंद है', भाजपा के मुख्य प्रवक्ता का ओवैसी पर तीखा हमला

- राम-कृष्ण से है यूपी का अस्तित्व', ओवैसी जैसे नफरती लोगों की प्रदेश को जरूरत नहीं: दिनेश प्रताप सिंह

- '4.55 लाख लैपटॉप कहां गए, इनके पैसे किसके खाते में पहुंचे?', दिनेश प्रताप सिंह का अखिलेश पर तीखा निशाना

- अखिलेश के घोषणापत्र पर जनता नहीं करती भरोसा, उन्हें याद है सपा सरकार के कारनामे: दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, 26 नवंबर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी उत्तर प्रदेश को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहते हैं और वह पूरे देश में शरीयत लागू करने की मंशा रखते हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को 'शरिया' नहीं, 'केसरिया' पसंद है। वहीं, उन्होंने अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर कहा कि सपा चुनाव के समय अलग-अलग नाम से घोषणापत्र लेकर आती है, लेकिन जनता से किए वादे पूरे नहीं करती। 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा उत्तर प्रदेश का अस्तित्व प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा है लेकिन ओवैसी को राम मंदिर पसंद नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सुख-शांति से रहना चाहती है। जनता अखिलेश यादव और ओवैसी दोनों नेताओं को पसंद नहीं करती। उन्होंने कहा कि औवैसी जैसे नफरती लोगों को यूपी की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में कड़ा सबक सिखाएगी। 

- 'अखिलेश ने लैपटॉप वितरण में किया घोटाला'

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव लैपटॉप योजना को लेकर अपनी पीठ थपथपाते हैं, लेकिन उन्होंने पात्र 4.55 लाख युवाओं को लैपटॉप नहीं बांटे। उन्हें बताना चाहिए कि इसका पैसा किसके खाते में गया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में छात्रवृत्ति, किसानों की कर्जमाफी और बिजली आपूर्ति समेत कई वादे किए गए, लेकिन योजनाओं को धरातल पर नहीं उतारा गया। उन्होंने कहा कि सपा की घोषणाओं पर जनता भरोसा नहीं करती क्योंकि उन्हें सपा के कारनामों याद हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं, लेकिन उनके काम परिवार के विकास तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि अब सपा के साथ न पिछड़ा समाज है और न ही दलित समाज।

संविधान लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता-अखंडता का मजबूत आधार : केशव मौर्य
- बाबासाहेब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर आगे बढ़ रहा नया भारत, संविधान दिवस पर लोक भवन में उद्देशिका का सामूहिक पाठ

लखनऊ, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का मजबूत आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का रास्ता दिया है। इसकी मूल भावना सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व में निहित है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन तथा व्यवहार में उतारना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लोक भवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया और संविधान दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में बाबासाहेब की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा की महान विभूतियों को नमन करते हुए मौर्य ने कहा कि बाबासाहेब ने ऐसा संविधान दिया, जिसने समाज के हर वर्ग के व्यक्ति को अपनी प्रतिभा, मेहनत और योग्यता के बल पर आगे बढ़ने तथा सर्वोच्च पदों तक पहुंचने का अवसर दिया। देश की राष्ट्रपति का आदिवासी परिवार से आना और गरीब परिवार में जन्मे चाय बेचने वाले के बेटे का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना संविधान की समावेशी भावना और लोकतंत्र की शक्ति का उदाहरण है। संविधान ने अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के लोगों को देश एवं प्रदेश में महत्वपूर्ण संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाने का अवसर दिया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है। यह बाबासाहेब के विचारों, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व देने की पहल भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुई। 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन संविधान निर्माताओं के योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है।
मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाबासाहेब के सम्मान, सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 4,000 से अधिक स्थानों पर बाबासाहेब की प्रतिमाओं और उनके नाम से जुड़े पार्कों के सौंदर्यीकरण, संरक्षण तथा सम्मान का कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य महापुरुषों के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश को एक सूत्र में बांधने वाली व्यवस्था है। इसकी मजबूती नागरिकों के अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों के ईमानदारी से निर्वहन पर निर्भर करती है। राष्ट्र की एकता, अखंडता, सुरक्षा और विकास के लिए संविधान के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास जरूरी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और कमजोर वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
15 दिसंबर तक ओटीएस का लाभ उठाएं, बकाया कर पर 100 फीसदी ब्याज-सरचार्ज माफ : ए.के. शर्मा
- इंदिरा नगर में ओटीएस कैंपों का निरीक्षण कर नगर विकास मंत्री ने लाभार्थियों से किया संवाद, योजना को बताया जनहितकारी पहल

लखनऊ, 26 नवंबर। बकाया नगर निगम करों के भुगतान में नागरिकों को राहत देने के लिए संचालित वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का लाभ अधिक से अधिक लोग उठाएं। नगर निगम लखनऊ की ओर से योजना की अवधि 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है, जिसके तहत बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर पर ब्याज एवं सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बकाया कर का निस्तारण करने की अपील की।
मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र में आयोजित ओटीएस कैंपों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद नागरिकों से संवाद कर योजना के लाभ एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने मुंशी पुलिया के निकट जोन-7 में आयोजित कैंप का जायजा लिया। इस दौरान नागरिकों ने ओटीएस योजना के तहत ब्याज और सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट मिलने को बड़ी राहत बताते हुए योजना की सराहना की।
कैंप में लोगों ने मंत्री को बताया कि वर्षों से लंबित बकाया कर का भुगतान अब छूट के कारण आसान हो गया है। नागरिकों ने इस पहल के लिए सरकार और नगर निगम का आभार जताया। इसके बाद मंत्री इंदिरा नगर स्थित श्री झूलेलाल ट्रस्ट भवन में आयोजित ओटीएस कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों को योजना की जानकारी दी और उनकी समस्याओं एवं प्रतिक्रियाओं को सुना। कैंप में मौजूद नागरिकों ने कहा कि ब्याज और सरचार्ज में पूरी छूट मिलने से पुराने बकाये का निस्तारण करने में काफी मदद मिल रही है। लोगों ने इसे नागरिकों को आर्थिक राहत देने वाली प्रभावी पहल बताया।
- 15 दिसंबर तक मिलेगा राहत का मौका
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नगर निगम लखनऊ ने ओटीएस योजना की अवधि 15 दिसंबर तक बढ़ाई है। नागरिक इस अवधि में अपने बकाया गृहकर, जलकर एवं सीवरकर का भुगतान कर ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि ओटीएस योजना नागरिकों को आर्थिक राहत देने के साथ नगर निगम के राजस्व संग्रह को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार और नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है। ओटीएस बकाया करों के निस्तारण का एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए नागरिकों को निर्धारित अवधि के भीतर इसका लाभ उठाना चाहिए।
शाहजहांपुर में 9 हजार करोड़ रुपये का निवेश, कृभको यूरिया प्लांट की क्षमता बढ़ाने को केंद्र की मंजूरी
- 11 लाख से बढ़कर 12.70 लाख मीट्रिक टन होगी सालाना उत्पादन क्षमता, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयासों से मिली मंजूरी

लखनऊ, 26 नवंबर। शाहजहांपुर में औद्योगिक विकास और निवेश को बड़ी गति मिलने जा रही है। जिले में स्थित कृभको फर्टिलाइजर लिमिटेड की यूरिया उत्पादन क्षमता के विस्तार के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। विस्तार के बाद संयंत्र की वार्षिक यूरिया उत्पादन क्षमता 11 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 12.70 लाख मीट्रिक टन हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के प्रयासों से मिली इस मंजूरी को प्रदेश के औद्योगिक विकास और उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है। भारत सरकार ने 25 नवंबर, 2026 को इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
कृभको फर्टिलाइजर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की ओर से यूरिया एवं संबंधित उर्वरकों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। देश में उर्वरकों की बढ़ती मांग और किसानों की जरूरतों को देखते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय निवेश नीति फॉर यूरिया (NIPU)-2026 के तहत परियोजना को मंजूरी प्रदान की।
- 15.45 प्रतिशत बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
परियोजना के तहत संयंत्र की उत्पादन क्षमता में 1.70 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि होगी, जो मौजूदा क्षमता के मुकाबले करीब 15.45 प्रतिशत अधिक है। लगभग 9 हजार करोड़ रुपये के निवेश से शाहजहांपुर के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय व्यापार और सहायक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
- किसानों को मिलेगा लाभ, आयात निर्भरता घटाने में मदद
उत्पादन क्षमता के विस्तार से घरेलू स्तर पर यूरिया की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों की उर्वरक जरूरतों को पूरा करने, आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने और उर्वरकों के आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी योगदान मिलेगा। परियोजना को उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शाहजहांपुर के नागरिकों और किसान भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि निवेश और उत्पादन क्षमता में विस्तार क्षेत्र के विकास तथा किसानों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सपा-कांग्रेस की दोस्ती ICU में पहुंची, बस हार की औपचारिकता बाकी: यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी

- सपा-कांग्रेस में छिड़ा गृहयुद्ध, चुनाव से पहले ही गठबंधन का हुआ बंटाधार: पंकज चौधरी

लखनऊ, 26 नवंबर। यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही दोनों दलों की दोस्ती आईसीयू में पहुंच चुकी है और अब मैदान में हार की औपचारिकता बाकी है। 

पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के भविष्य के घोषणापत्र पर कहा कि झूठे वादों से ही पार्टी की हार की गारंटी सुनिश्चित हो जाएगी। सपा का झूठा घोषणापत्र जनता पहले भी देख चुकी है और इस बार भी उसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में युद्ध छिड़ा हुआ है। दोनों दलों के बीच जिस तरह बयानबाजी चल रही है, उससे साफ है कि चुनाव में उतरने से पहले ही गठबंधन का बंटाधार हो चुका है। 

पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने सपा को 181 सीटों की सूची दी लेकिन सपा ने 26 सीटें देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा अभी पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इससे गठबंधन की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे: मुख्यमंत्री योगी

- संविधान दिवस पर लोक भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण का किया शुभारंभ, दिलाई उद्देशिका की शपथ

- मुख्यमंत्री बोले- कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया, संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए किए षड्यंत्र

- कहा- पहले कर्फ्यू, दंगे और घोटाले थे यूपी की नियति, डबल इंजन सरकार ने स्थापित किया कानून का शासन

- बाबा साहेब और सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान में मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

- किसी परिवार की जागीर नहीं भारत की संप्रभुता, देश का आम नागरिक ही इसका वास्तविक संरक्षक: सीएम 

- सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से हटाया था बाबा साहेब का नाम, भाजपा सरकार ने फिर किया नामकरण: योगी 

- कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी, सपा शासन में बाबा साहेब को भूमाफिया कहे जाने पर मुस्कुराते रहे अखिलेश: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने अवसर मिलने पर संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। संविधान की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोक भवन ऑडिटोरियम में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया।

- 3,955 मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किए जा रहे हैं। यहां जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में फुलवारी भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं के सम्मान का प्रयास है।

- संविधान ने पहले दिन से हर वयस्क को दिया मताधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। दुनिया के कई देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर नागरिकों को लंबे समय तक मताधिकार से वंचित रखा गया, जबकि भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से हर वयस्क नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार दिया। संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द 'हम भारत के लोग' स्पष्ट करते हैं कि देश की संप्रभुता आम नागरिक में निहित है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है।

- कांग्रेस ने बाबा साहेब का किया अपमान, सपा ने हटाया मेडिकल कॉलेज से नाम

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था, जिसे वर्तमान सरकार ने फिर बहाल किया। उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किया गया। उन्होंने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज तथा राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया।

- पिछली सरकारें देती थी माफिया को संरक्षण

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने, पेपर लीक, नकल, नौकरी में वसूली और गरीबों को योजनाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में बाबा साहेब की 125वीं जयंती पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारत की विरासत के चित्र भी शामिल हैं। संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे, जबकि 15 महिला सदस्यों में से छह प्रदेश से थीं।

- कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी: केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा को 26 नवंबर 1949 की याद नहीं आती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी है। सपा शासनकाल में आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा था और उस समय अखिलेश यादव मुस्कुराते रहे। सपा और कांग्रेस ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों का दमन किया है।

- कांग्रेस ने बाबा साहेब के सिद्धांतों पर अमल नहीं किया: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस समेत कई दल बाबा साहेब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों पर नहीं चलते। प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने, वोट बैंक और तुष्टीकरण के लिए संविधान संशोधन किए, जबकि प्रधानमंत्री ने देशहित में संशोधन किए।

- कांग्रेस ने देश को जेलखाना बनाया था: सुरेश खन्ना

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संविधान की किताब लेकर घूमने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाया था और देश को जेलखाना बना दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के दिया जा रहा है।

- प्रतिमाओं के संरक्षण के लिए सरकार की पहल: असीम अरुण

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं को अंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। छतरियों, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ परिसर में फुलवारी बनाई जाएगी। संत रविदास, कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों के स्थलों के संरक्षण के साथ गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की योजना भी आगे बढ़ाई जा रही है।

- वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुई। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। संविधान दिवस पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में नवयुग कन्या इंटर कॉलेज की सगुण श्रीवास्तव प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीकेटी की फायजा द्वितीय और तालीम गाहे निस्वा इंटर कॉलेज की तूबा अनीस तृतीय रहीं। निबंध प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज की दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राजकीय हाईस्कूल खंतारी के राज तृतीय रहे। मुख्यमंत्री ने सभी छह विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

- कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाएं अधिकारी, किसानों को निर्बाध बिजली देने के निर्देश

- जौनपुर में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जताई प्राथमिकताएं, लंबित सड़क व निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा

जौनपुर/ लखनऊ, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और लंबित सड़क व निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर भी जोर दिया।

बुधवार को पुलिस लाइन सभागार, जौनपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उप मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास कार्यों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जिम्मेदारी और आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे। विकास योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

- ट्रांसफार्मर बदलने और गलत बिलिंग पर रोक के निर्देश

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने खराब और जले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने के निर्देश दिए। ओवरलोडिंग की समस्या वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और बिजली मीटरों से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत बिलिंग के जरिए उपभोक्ताओं को परेशान नहीं किया जाए। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खेती और सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।

- जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करें

उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनपद में अंत्येष्टि स्थलों, उत्सव भवनों, सड़कों और मंडी सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने धीमी गति से चल रही और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।

- थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली सुधारें

उप मुख्यमंत्री ने थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। दूर-दराज से शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण हो।

राजस्व विवादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय से मामलों का समाधान कराने को कहा। जहां संभव हो, दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते के जरिए विवाद निस्तारित कराए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने सभी विभागों को विकास परियोजनाओं और लंबित प्रोजेक्टों को समयसीमा से पहले पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाने, नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक से पहले उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, जन अपेक्षाओं और विकास से जुड़ी जरूरतों की जानकारी भी प्राप्त की।

बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, अजीत प्रजापति, डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्रा, शाहगंज के रमेश सिंह, मड़ियाहूं के डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका परिषद जौनपुर अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व सांसद मछलीशहर बीपी सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चंद्रशेखर, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

यूपी रेरा में अनुशासनात्मक कार्रवाई, अब तक 17 संविदा कर्मियों को सेवा से हटाया

- लापरवाही, अनुशासनहीनता और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में अलग-अलग समय पर हुई कार्रवाई, हटाए गए कर्मचारियों में 8 कंप्यूटर ऑपरेटर समेत 17 कार्मिक शामिल

लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अब तक 17 संविदा कर्मियों को सेवा से विरत किया है। इन कार्मिकों के खिलाफ कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वित्तीय अनियमितताओं जैसे विभिन्न आरोपों के आधार पर अलग-अलग समय पर प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ये सभी कार्रवाई अलग-अलग समय पर हुई हैं, न कि एक साथ।

सेवा से हटाए गए कार्मिकों में तीन अवर अभियंता, दो सहायक लेखाकार, आठ कंप्यूटर ऑपरेटर, एक मीडिया कंसल्टेंट, एक हेल्प डेस्क कार्मिक, एक अनुसेवक और एक कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। सभी कर्मचारी यूपी रेरा में संविदा (Contractual) के आधार पर कार्यरत थे।

प्राधिकरण के मुताबिक, संस्थागत कार्यप्रणाली में अनुशासन, समयबद्धता, दक्षता और जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी जाती है। निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के उल्लंघन अथवा कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए आवश्यकतानुसार प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक कदम उठाए जाते हैं।

यूपी रेरा का कहना है कि उसकी प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य कार्यों में पारदर्शिता, स्पष्टता और जवाबदेही बनाए रखना है, ताकि नियामकीय जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जा सके। प्राधिकरण रियल एस्टेट क्षेत्र में निष्पक्ष एवं नियमबद्ध कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्राधिकरण के अनुसार, आंतरिक कार्यप्रणाली में अनुशासन और नियमों का पालन संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही उपभोक्ताओं का भरोसा कायम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भविष्य में भी नियमों, निर्धारित प्रक्रियाओं और संस्थागत जिम्मेदारियों के अनुपालन को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रशासनिक कदम जारी रखे जाएंगे।

वैज्ञानिक मत्स्य पालन से बढ़ेगी उत्पादन और आय, लखनऊ में 25 मत्स्य पालकों को आधुनिक जलकृषि का प्रशिक्षण

- तीन दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ, मत्स्य पालकों को सरकारी योजनाओं और उद्यमिता के अवसरों की दी गई जानकारी

लखनऊ, 25 नवंबर। प्रदेश में मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (ICAR-NBFGR), लखनऊ में तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के 25 मत्स्य पालक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण 25 से 27 नवंबर तक चलेगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग की महानिदेशक एवं मुख्य अतिथि धनलक्ष्मी के. ने किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालकों को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मोती संवर्धन योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

महानिदेशक ने कहा कि उत्तर प्रदेश भौगोलिक रूप से समुद्र से दूर (लैंडलॉक) राज्य होने के बावजूद मत्स्य क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री, मत्स्य मंत्री और अपर मुख्य सचिव के नेतृत्व में प्रदेश नीली क्रांति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के साथ वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में मत्स्य क्षेत्र के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शुरू की गई 10 नई योजनाओं की जानकारी देते हुए मत्स्य क्षेत्र में निवेश और विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की। गोरखपुर में वर्ल्डफिश संस्था के उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस, मेगा एकीकृत एक्वापार्क, प्रसंस्करण इकाई, आधुनिक मत्स्य मंडी और मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के निर्माण सहित प्रदेश में आयोजित होने वाले मीन महोत्सव, मत्स्य निवेश समिट और एक्सपो जैसे आयोजनों के बारे में भी बताया गया।

- देशी मछली प्रजातियों के संवर्धन पर जोर

कार्यक्रम में देशी मत्स्य प्रजातियों, विशेषकर राज्य मीन चिताला के उत्पादन और संवर्धन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। मत्स्य पालकों से वैज्ञानिक मत्स्य पालन पद्धतियों को अपनाने, उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने और मोती संवर्धन जैसी विविध गतिविधियों के जरिए आय के नए स्रोत विकसित करने का आग्रह किया गया।

महानिदेशक ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण की सफलता इस बात से तय होगी कि प्रतिभागी सीखी गई तकनीकों को अपने कार्यक्षेत्र में कितना अपनाते हैं और कितने सफल उद्यम स्थापित कर पाते हैं।

उन्होंने युवाओं और महिलाओं से भी जलीय कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। मत्स्य पालन, मत्स्य बीज उत्पादन, हैचरी प्रबंधन, मत्स्य आहार उत्पादन, सजावटी मत्स्य पालन, प्रसंस्करण और विपणन जैसी गतिविधियों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं।

- व्यावहारिक प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस

प्रशिक्षण कार्यक्रम को अधिक व्यावहारिक, संवादपरक और उपयोगी बनाने पर जोर दिया गया। तकनीकी विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों से अपेक्षा की गई कि प्रतिभागियों को तकनीकों के प्रदर्शन, क्षेत्रीय भ्रमण और स्वयं कार्य करके सीखने (हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग) के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का वास्तविक कार्यक्षेत्र में प्रभावी उपयोग हो सके।

मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार विकसित करने, आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने और मत्स्य क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान अपनी शंकाओं का समाधान करने और तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद कर अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की समन्वय समिति के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षण के कोर्स डायरेक्टर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार हैं। सह-समन्वयकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. ताराचंद कुमावत और डॉ. राघवेन्द्र सिंह ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर ICAR-NBFGR के निदेशक डॉ. काजल चक्रवर्ती, उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग के उप निदेशक (नियोजन) ऐजाज अहमद नकवी, उप निदेशक मत्स्य लखनऊ मंडल श्रीमती सृष्टि यादव, सहायक निदेशक मत्स्य, संस्थान के GEC विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव के. सिंह, डॉ. शरद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली के लिए प्रेस परिषद ने तेज की पैरवी

- अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर रेल मंत्रालय से वार्ता करेगा तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, 2020 से लगातार उठाया जा रहा है रियायत बहाली का मुद्दा

नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल कराने की मांग को लेकर भारतीय प्रेस परिषद (PCI) ने अपनी पैरवी तेज कर दी है। परिषद अब इस मुद्दे पर रेल मंत्रालय के अधिकारियों से सीधे बातचीत करेगी। प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया गया है, जो रेल मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर पत्रकारों को पहले मिलने वाली रेल किराया रियायत बहाल करने की मांग रखेगा। इसकी जानकारी बुधवार को परिषद के वरिष्ठ सदस्य रजा हुसैन रिजवी ने दी।

रिजवी के मुताबिक, पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली का मुद्दा प्रेस परिषद वर्ष 2020 से लगातार उठा रही है। इस सिलसिले में परिषद ने पहली बार 24 दिसंबर 2020 को रेलवे बोर्ड के समक्ष रियायत बहाल करने का आग्रह किया था। कोविड महामारी के दौरान 20 मार्च 2020 से रेलवे ने विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को मिलने वाली रियायतें बंद कर दी थीं, जिसमें मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सुविधा भी शामिल थी।

- रेलवे बोर्ड ने सब्सिडी का दिया था हवाला

प्रेस परिषद के आग्रह पर रेलवे बोर्ड ने 4 जुलाई 2023 को जवाब देते हुए बताया था कि वित्त वर्ष 2019-20 में यात्रियों को टिकटों पर कुल 59,837 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई थी, जो औसतन 53 प्रतिशत रियायत के बराबर थी। बोर्ड ने दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और मरीजों जैसी कुछ श्रेणियों के लिए जारी रियायतों का भी उल्लेख किया था। इस जवाब पर स्पष्टीकरण मांगते हुए परिषद ने 24 जुलाई 2023 को दोबारा पत्र भेजा।

इसके बाद 23 अक्टूबर 2024 को प्रेस परिषद ने रेल मंत्रालय को अनुस्मारक भेजकर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल करने की मांग दोहराई। परिषद का तर्क रहा है कि समाचार संकलन, फील्ड रिपोर्टिंग और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजनों की कवरेज के लिए पत्रकारों को लगातार यात्रा करनी पड़ती है। रियायत बंद होने से खासकर सीमित संसाधनों में काम करने वाले पत्रकारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

- रेल मंत्रालय से वार्ता करेगा तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल

रियायत बहाली की पहल को आगे बढ़ाते हुए 16 जुलाई 2026 को प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने रेल मंत्रालय के अधिकारियों से वार्ता के लिए तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित करने का निर्देश दिया था। इसके क्रम में परिषद की सचिव शुभा गुप्ता ने 4 अगस्त 2026 को पत्र जारी कर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की घोषणा की।

प्रतिनिधिमंडल में परिषद के सदस्य गुरिंदर सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी और डॉ. के. श्रीनिवास राव शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुरिंदर सिंह करेंगे। यह दल रेल मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात कर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली का पक्ष रखेगा।

- पत्रकारों को राहत देने की मांग

प्रेस परिषद ने अपने पत्रों में इस बात पर जोर दिया है कि पत्रकारों को आर्थिक और व्यवस्थागत बाधाओं से मुक्त होकर काम करने का अवसर मिलना चाहिए। पत्रकार लोकतंत्र में जनता तक सूचनाएं पहुंचाने, शासन-प्रशासन की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में रेल किराया रियायत की बहाली पत्रकारों के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ उनके पेशेगत दायित्वों के निर्वहन में भी मददगार साबित हो सकती है।