सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर संस्था के दुग्ध अवशीतन केंद्र का पूर्व विधायक ने किया उद्घघाटन
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई शाहाबाद के दरियापुर रोड स्थित सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन के दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने सोमवार को फीता काटकर किया।
    उद्घघाटन के अवसर पर आयोजित किसान गोष्ठी में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने कहा कि क्षेत्र में दुग्ध केंद्र की स्थापना से किसानों एवं पशुपालकों को काफी लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि शाहाबाद में इस संस्थान की स्थापना से किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य मिल सकेगा।इस संस्थान का लक्ष्य किसानों के हितों में खर्चा कम करके दूध की मात्रा बढ़ाने की है।साथ ही संस्था के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों की आय के स्रोत बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्र में उन्नति के नए अवसर पैदा होंगे।संस्था के सीनियर मैनेजर गौतम सिंह ने बताया कि सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन कई जनपदों में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कार्यरत है।संस्था का दुग्ध अवशीतन केंद्र वर्ष के 365 दिन किसानों की सेवा में संचालित रहता है।शाहाबाद में स्थापित केंद्र के माध्यम से किसानों को पुरस्कृत करने,बोनस देने तथा पशुओं की नस्ल सुधार जैसे कार्यों के जरिए लाभ पहुंचाया जाएगा।इस अवसर पर संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखविंदर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।किसान गोष्ठी में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने दिया कर्तव्यों के अनुपालन का संदेश
Sb न्यूज़ ब्यूरो  रितेश मिश्रा
हरदोई पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन हरदोई में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस कर्मियों को कर्तव्य के प्रति ईमानदारी से कार्य करने का संदेश देते हुए क्वाटर गार्द पर पुलिस ध्वजारोहण किया।
      इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक का संदेश पढकर सुनाया गया एवं सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाये रखने हेतु प्रेरित किया गया।उन्होंने कहा पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल के सम्मान गौरव और पहचान से जुडा अवसर है।यह हमें आम लोगों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और जनसेवा के संकल्प की याद दिलाने का दिन है।कानून व्यबस्था बनाये रखने से लेकर नागरिकों की सुरक्षा तक पुलिस कर्मी तमाम परिस्थितियों से गुजर कर अपने कर्तव्यों का पालन करते हैँ ऐसे में यह दिन उनके साहस अनुशासन और कर्तव्य निष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी अवसर बनता है।इस दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पत्नी को लेने जा रहा था मजदूर, रास्ते में मौत ने रोका
हाथरस में तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, हादसे में 46 वर्षीय मजदूर की मौत; टक्कर मारकर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 46 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव धातुरा खुर्द के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ी निवासी सोबरन सिंह (46) पुत्र वीरी सिंह के रूप में हुई है। सोबरन सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार रात वह अपनी पत्नी को हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से लेने के लिए बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव धातुरा खुर्द के पास मथुरा-बरेली हाईवे पर पहुंचा, तभी मथुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पीत वस्त्रों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब:गुजीदई स्थित नर्मदेश्वर धाम से निकली भव्य कलश यात्रा
गर्दा नदी से पवित्र जल भर धाम पहुंचे श्रद्धालु, दतिया के आचार्यों के सानिध्य में गूंजे वैदिक मंत्र

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम गुजीदेई स्थित नर्मदेश्वर धाम में भगवान नर्मदेश्वर के त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत भक्ति और भव्यता के साथ शुरू हुआ। सोमवार को आयोजित दिव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। पीत वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं और भगवान भोलेनाथ के गूंजते जयकारों से समूचा वातावरण अलौकिक ऊर्जा से भर गया।
वैदिक विधि-विधान के तहत भगवान नर्मदेश्वर के जलाधिवास संस्कार के लिए गर्दा नदी से पवित्र जल लाने हेतु यह कलश यात्रा धाम से प्रारंभ हुई।गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ यात्रा गर्दा नदी के पावन तट पहुंची, जहां आचार्यों ने नदी पूजन संपन्न कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलशों में जल भरकर पुनः धाम की ओर प्रस्थान किया।
इस त्रिदिवसीय महोत्सव का आयोजन यजमान नीरज त्रिवेदी द्वारा  लक्ष्मीकान्त पाठक के व्यवस्थापन मे किया जा रहा है। अनुष्ठान को पूर्ण शास्त्रोक्त परंपरा से संपन्न कराने के लिए दतिया (मध्यप्रदेश) से पधारे प्रख्यात विद्वान पंडित ललित बिहारी व्यास, पं. अच्युत शुक्ला रमेश चंद्र गोस्वामी एवं मयंक चतुर्वेदी का सानिध्य प्राप्त हो रहा है।कलश यात्रा एवं आयोजन में उत्कर्ष त्रिवेदी, शोभित त्रिवेदी, शांतनु त्रिवेदी, गोपाल त्रिवेदी  निशांत त्रिवेदी  ऋषिकान्त पाठक, रमाकांत, करुणाशंकर, श्याम देव पाठक, सत्यम मिश्रा, नीरज श्रीवास्तव, उमेश त्रिवेदी तथा रामकिशोर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।
मतदाता जोड़ो अभियान  अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती ने बूथ संख्या 118 पर घर-घर संपर्क कर, नव मतदाताओं को जोड़ने का किया आह्वान

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई:- आज “मतदाता जोड़ो अभियान” के अंतर्गत लोकतंत्र को सशक्त बनाने एवं प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के उद्देश्य से अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई प्रेमावती ने विधानसभा हरदोई के हरदोई ग्रामीण मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 118, ग्राम नयागांव मुबारकपुर मे घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती ने नव मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए तथा ग्रामवासियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया मे सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है, जिससे कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने परिवार एवं आसपास के सभी पात्र युवाओं और नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें तथा लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा अनुराधा मिश्रा, महिला विस्तारक (महाराष्ट्र) सुनीशा शाह, मंडल महामंत्री रणंजय सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
शादी के नौ दिन बाद उजड़ा सुहाग, हौसले से बनीं डीएसपी; 37 साल के संघर्ष को मिला सम्मान
पति की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे से पुलिस में शुरू की नौकरी, आरक्षी से पुलिस उपाधीक्षक तक पहुंचीं मिथिला चतुर्वेदी; पुलिस झंडा दिवस पर हुई पिपिंग सेरेमनी

लखनऊ। विषम परिस्थितियों, व्यक्तिगत त्रासदी और जीवन की तमाम कठिनाइयों के आगे घुटने टेकने के बजाय अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा से नई राह गढ़ने वाली  मिथिला चतुर्वेदी की यात्रा उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए एक जीवंत प्रेरणा है। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (लिपिक) के पद पर पिपिंग (Pipping Ceremony) कर सम्मानित किया गया।

जनपद इटावा में 30 अक्टूबर 1968 को जन्मीं  मिथिला चतुर्वेदी का विवाह वर्ष 1988 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत एक आरक्षी से हुआ था। नियति की क्रूरता देखिए कि विवाह के मात्र नौ दिन बाद ही उनके पति का असामयिक निधन हो गया। जीवन के आरंभ में ही आए इस वज्रपात ने भविष्य को अनिश्चित और कठिन बना दिया, किंतु मिथिला ने धैर्य और आत्मविश्वास के सहारे आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

मृतक आश्रित नियमावली, 1974 के अंतर्गत उन्होंने 28 नवम्बर 1989 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी (एम) के पद पर सेवा की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपनी मेहनत, अनुशासन तथा कार्यकुशलता के बल पर निरंतर प्रगति की सीढ़ियां चढ़ीं।

* वर्ष 1993: सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) [ए0एस0आई0(एम)] के पद पर पदोन्नत।
* वर्ष 2016: उप निरीक्षक (लिपिक) [एस0आई0एम0] के पद पर पदोन्नति।
* वर्ष 2021: निरीक्षक (लिपिक) के पद पर उन्नयन।
* नवम्बर 2026: पुलिस उपाधीक्षक (लिपिक) के पद पर पदोन्नति।

वर्तमान में  मिथिला चतुर्वेदी सीआईडी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। लगभग 37 वर्षों की दीर्घ सेवा अवधि में उन्होंने जिस निष्ठा, संयम और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, वह सभी कर्मियों के लिए अनुकरणीय है।

आज 23 नवम्बर 2026 को पुलिस झंडा दिवस समारोह के अवसर पर  विनोद कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, सीआईडी, उत्तर प्रदेश द्वारा  मिथिला चतुर्वेदी की पिपिंग सेरेमनी (Pipping Ceremony) संपन्न की गई। इस अवसर पर उच्चाधिकारियों ने उनके संघर्षपूर्ण एवं प्रेरणादायी जीवन से सीख लेने तथा अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अमेठी : अवैध धर्मांतरण के कथित नेटवर्क का भंडाफोड़, छह साल से चल रहा था खेल
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत कमरौली थाना क्षेत्र के सिंदुरवा गांव में अवैध धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आठ बाहरी राज्यों के लोगों और दो स्थानीय निवासियों समेत कुल 10 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि धर्मांतरण की यह गतिविधि पिछले करीब छह वर्षों से संचालित हो रही थी। आरोपिताें के कब्जे से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद की गई हैं। पुलिस अब आरोपिताें के आर्थिक लेनदेन और मुंबई में पंजीकृत रिवाइवल चर्च ट्रस्ट की फंडिंग की भी जांच करा रही है।

इस मामले का अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोमवार को बताया कि 22 नवंबर को कमरौली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंदुरवा गांव में दूसरे राज्यों से आए कुछ लोग प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिकायतकर्ता अश्विनी पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 193/26 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई, जहां करीब 20 से 25 लोग मौजूद मिले। उन्होंने आगे बताया कि आठ बाहरी और दो स्थानीय लोग वहां लोगों को ईसाई धर्म का प्रवचन दे रहे थे। मौके से धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपिताें के रूप में रॉयल रॉड्रिक्स, श्रीनिवासन डेनियल और उनके सहयोगियों की भूमिका सामने आई है। गिरफ्तार लोगों में राजकुमार उर्फ जुएल और उसकी पत्नी सूर्यकला उर्फ मार्था भी शामिल हैं, जो सिंदुरवा गांव के निवासी हैं। अन्य आरोपित महाराष्ट्र के कल्याण और अंबरनाथ, उत्तराखंड के काशीपुर, ओडिशा और आजमगढ़ के रहने वाले हैं। गिरफ्तार 10 आरोपिताें में सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।आरोपित पहले एक विशेष जाति के लोगों को चिन्हित करते थे। इसके बाद उन्हें रुपये, मेडिकल सुविधा और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों के माध्यम से दूसरे लोगों को भी जोड़कर प्रवचन और प्रचार के जरिए प्रभावित किया जाता था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपित तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भ्रमण कर धार्मिक प्रचार-प्रसार करते थे। पूर्व में कई लोगों का धर्म परिवर्तन कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब आरोपिताें के वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपिताें के बैंक खातों और अन्य वित्तीय गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही मुंबई में पंजीकृत रिवाइवल चर्च ट्रस्ट का वित्तीय विश्लेषण आयकर विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नेटवर्क को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि 23 नवंबर को क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में कमरौली पुलिस ने दबिश देकर सभी 10 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने चार पुस्तकें बरामद करने के साथ आरोपिताें के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इन लोगो की वित्तीय जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी।
राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर का जगह-जगह स्वागत और सम्मान
जौनपुर। नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर के आगमन पर क्षेत्र में जगह-जगह भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। पूर्व जिला संयोजक भाजपा युवा मोर्चा महेंद्र सिंह एवं डॉ. उपेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर आयोजित समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, ग्राम प्रधानों और उद्यमियों ने बुके भेंटकर सांसद का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि विधायक रमेश चंद्र मिश्रा एवं सुरेंद्र प्रताप सिंह रहे। कार्यक्रम से पहले डॉ. आयुष प्रताप सिंह (सुमित्रा डेवलपर्स, लखनऊ) ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ कोटवा तिराहे पर सांसद विद्यासागर सोनकर का भव्य स्वागत किया। इसके बाद डॉ. उपेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया। वहीं महेंद्र सिंह ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत समारोह आयोजित किया। सांसद का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि डॉ. उपेंद्र प्रताप सिंह 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से विचार-विमर्श कर उन्हें संगठन में कोई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने का प्रयास किया जाएगा, जिससे भाजपा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सांसद विद्यासागर सोनकर के साथ मिलकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और आगामी चुनावों में जौनपुर की सभी सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य रखा जाएगा। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिलेश चंद्र मिश्रा ने की तथा संचालन अखिलेश सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष भूपेश सिंह, सुभाष सिंह, सरोखनपुर, परमेंद्र सिंह पम्मू, रतन सिंह प्रधान दिलसादपुर, एपी प्रधान भुतहां, चंचल सिंह प्रधान नरी, बबलू सिंह प्रधान शेखपुरा, अरविंद सिंह प्रधान गौरव खुर्द, अमरीश सिंह प्रधान मरगूपुर, सुभाष मिश्रा द्रोणिपुर सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, समाजसेवी, उद्यमी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए बनी वरदान : ए.के. शर्मा
मऊ में 302 नवविवाहित जोड़ों को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने दिया आशीर्वाद, सुखद वैवाहिक जीवन की दी शुभकामनाएं

मऊ। जनपद मऊ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता से राहत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है।

कार्यक्रम में सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कुल 302 जोड़ों में चार मुस्लिम जोड़े भी विवाह बंधन में आबद्ध हुए। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया।

इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। मंत्री ने सभी नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मऊ: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, डीएम और एसपी ने ईवीएम/वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण
जनपद मऊ में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ ईवीएम/वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान प्रक्रिया को समझ सकें।

जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।