मऊ: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, डीएम और एसपी ने ईवीएम/वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण
जनपद मऊ में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ ईवीएम/वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान प्रक्रिया को समझ सकें।

जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
जेलों में बंदियों की सुरक्षा पर डीजी जेल सख्त, लापरवाही बरतने वालों की तय होगी जवाबदेही
पीसी मीना ने की प्रदेश की कारागार व्यवस्थाओं की समीक्षा, नए जेल वार्डरों की नियुक्ति समय से पूरी करने और सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण अनिवार्य करने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की जेलों में बंदियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कारागार मुख्यालय ने सख्ती शुरू कर दी है। महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने सोमवार को प्रदेश के सभी परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों और वरिष्ठ अधीक्षकों, अधीक्षकों व प्रभारी अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इसमें जेलों की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने, नए जेल वार्डरों की नियुक्ति और कर्मचारियों के प्रशिक्षण तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। डीजी जेल ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने और मुख्यालय के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में नव चयनित जेल वार्डरों की नियुक्ति प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीजी जेल ने कहा कि नियुक्ति से जुड़ी सभी आवश्यक कार्यवाहियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को बिना अनावश्यक देरी के नियुक्ति मिल सके।

इसके साथ ही कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। महानिदेशक ने आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सभी कार्मिकों के लिए अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी निर्धारित पाठ्यक्रम समय से पूरा करे। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से प्रशिक्षण की प्रगति की निगरानी करें और पाठ्यक्रम पूरा होने की स्थिति की समीक्षा करते रहें।

बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर

बैठक में जेलों में बंद बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। डीजी जेल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों की मानसिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। इसके लिए नियमित परामर्श की व्यवस्था करने, मानसिक तनाव के शुरुआती संकेतों की पहचान करने और संवेदनशील स्थिति वाले बंदियों से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया। जरूरत पड़ने पर उन्हें मनोवैज्ञानिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बंदियों को तनावमुक्त और संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराना जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है। बंदियों की नियमित निगरानी और समुचित देखभाल में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आत्महत्या की रोकथाम के लिए कारागार मुख्यालय की ओर से पहले जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

गरीब बंदियों को मिलेगी कानूनी सहायता

समीक्षा बैठक में निर्धन विचाराधीन बंदियों की जमानत और विधिक सहायता से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। डीजी जेल ने कहा कि ऐसे बंदी जो नियमानुसार कानूनी सहायता पाने के पात्र हैं, उन्हें इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए। जेल स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण पात्र बंदियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

इसके अलावा समयपूर्व रिहाई से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी प्रकरणों में सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

संवेदनशीलता और जवाबदेही से काम करने के निर्देश

बैठक के अंत में पीसी मीना ने सभी जेल अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बंदियों की सुरक्षा और कल्याण के साथ-साथ विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है। मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदेश की कारागार व्यवस्थाओं को अधिक जवाबदेह और व्यवस्थित बनाया जा सके।
थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा दहेज मृत्यु के मामले में 03 वांछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार


गोण्डा। थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 329/2026 धारा 85/80(2)/352 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित 02 पुरुष अभियुक्त एवं 01 महिला अभियुक्ता को उसके घर ग्राम अलीनगर तिवारीजोत  से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर   मा0 न्यायालय रवाना किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
वादिनी शीला देवी पत्नी बृजमोहन निवासी ग्राम मुड़लिया टेढ़वा, तप्पा बांक सुखइया, थाना गैड़ास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर द्वारा थाना खोड़ारे पर लिखित तहरीर दी गयी कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह दिनांक 05.05.2026 को आशीष प्रजापति पुत्र रामशब्द निवासी अलीनगर तिवारीजोत, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा के साथ किया था। शादी के बाद से ही पति आशीष प्रजापति, ससुर रामशब्द, सास सीतापती एवं अन्य ससुरालीजन कम दहेज मिलने का ताना देकर मायके से ₹2 लाख अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे  मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दिनांक 18.11.2026 की रात्रि में संजनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खोड़ारे में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
गोण्डा पुलिस द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया “पुलिस झण्डा दिवस”, पुलिस कर्मियों को लगाया गया फ्लैग स्टीकर

गोण्डा। आज पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर जनपद गोण्डा में विभिन्न पुलिस कार्यालयों एवं पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक द्वारा पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी गई। तत्पश्चात श्रीमान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश उपस्थित पुलिस कर्मियों को पढ़कर सुनाया गया तथा पुलिस कर्मियों को फ्लैग स्टीकर लगाकर पुलिस झण्डा दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री नितेश द्वारा पुलिस कार्यालय गोण्डा में पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पुलिस कर्मियों को पढ़कर सुनाया गया तथा उन्हें फ्लैग स्टीकर लगाकर पुलिस झण्डा दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

*इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के गौरव, सम्मान एवं पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Mirzapur: सहकार भारती का 73वां सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम सम्पन्न
मिर्जापर। सहकार भारती के 73वें सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम के उपलक्ष्य में विंध्याचल मंडल मिर्जापुर की बैठक बाल भारती स्कूल, बथुआ में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि  प्रतोष दूबे विभाग प्रमुख, सहकार भारती विंध्याचल मंडल ने भारत माता एवं लक्ष्मण राव ईनामदार जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात सहकार गीत हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय प्रबन्धक सुरेंद्र कुमार मौर्य ने माला पहनाकर किया। अपने संबोधन में प्रतोष दूबे जी ने कहा बिना संस्कार नहीं सहकार, बिना सहकार नहीं उद्धार। उन्होंने कहा कि सहकारिता ही समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से रोजगार, स्वावलंबन और संस्कार का विस्तार होना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में जिलाध्यक्ष पार्वती पाण्डेय, जिला प्रभारी निर्मला सिंह, जिला मंत्री सुरेश कुमार मौर्य, शिव लाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में काफी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने सहकारिता सप्ताह को सफल बनाने और सहकार भारती के कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं लोक निर्माण विभाग की ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा ब
*परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश, नियमित निगरानी एवं स्थलीय सत्यापन पर दिया जोर*

*निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित कर आवागमन को सुगम एवं सुचारू बनाने के निर्देश*

*शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : मण्डलायुक्त*

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मंडल के चारों जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।

मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। परियोजनाओं के निर्माण में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का तत्काल निराकरण कराया जाए, जिससे आमजन को योजनाओं का समय से लाभ मिल सके।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में निर्माणाधीन सड़कों का कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए। सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि आमजन को आवागमन में सुविधा न हो तथा यातायात सुगम एवं सुचारू बना रहे। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जिन परियोजनाओं में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में प्रभावी अनुश्रवण व्यवस्था बनाए रखी जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा शासन की प्राथमिकताओं वाली परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।

मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जनपदों में संचालित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा प्रगति में आ रही समस्याओं का समय से समाधान कराते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान

*मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान, सभी 2879 बूथों पर मिलेंगे बीएलओ*

*28 और 29 नवंबर को खुले रहेंगे मतदेय स्थल वाले विद्यालय एवं कार्यालय, बीएलओ लेंगे दावे-आपत्तियां*

*मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, 28-29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान*


*गोण्डा 23 नवंबर 2026* - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 2879 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। इसी क्रम में 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।

विशेष अभियान के दौरान सभी संबंधित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों एवं अन्य कार्यालयों को खुला रखा जाएगा, जहां मतदेय स्थल स्थापित हैं। संबंधित प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष बीएलओ को आवश्यकतानुसार मेज-कुर्सी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनके कार्यों में सहयोग करेंगे।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम कटवाने अथवा विवरण में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान के दोनों दिनों में मतदेय स्थल वाले भवनों को निर्धारित समय तक खुला रखना सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
*गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर अब 14 दिसंबर को रहेगा अवकाश

*24 नवंबर को घोषित अवकाश में किया गया परिवर्तन, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश*

*गोण्डा 23 नवम्बर 2026*  -  श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन ने पूर्व में घोषित अवकाश की तिथि में परिवर्तन किया है। अब 24 नवंबर 2026 के स्थान पर सोमवार, 14 दिसंबर 2026 को कार्यकारी आदेश के तहत अवकाश घोषित किया गया है।

इस संबंध में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग के निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर 24 नवंबर को कार्यकारी आदेश के तहत अवकाश निर्धारित किया गया था, जिसे अब परिवर्तित कर 14 दिसंबर कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 14 दिसंबर 2026 (सोमवार) को श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर कार्यकारी आदेश के अधीन अवकाश रहेगा। शासन की पूर्व विज्ञप्ति में अन्य सभी प्रावधान यथावत रहेंगे।
अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 की 140 और कक्षा 9 की 10 सीटों पर होगा प्रवेश, 5 जनवरी तक करें आवेदन*

*अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 व 9 में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 5 जनवरी तक करें आवेदन*

*निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा निःशुल्क शिक्षा और आवास का लाभ, अटल आवासीय विद्यालय में 150 सीटों पर प्रवेश*

*गोण्डा समेत देवीपाटन मंडल के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर, अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू*


*गोण्डा 23 नवम्बर 2026*  -  देवीपाटन मंडल के बच्चों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम सिसवा, तहसील मनकापुर में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत कक्षा 6 में 140 सीटों तथा कक्षा 9 में 10 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 5 जनवरी 2027 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

उपश्रमायुक्त, देवीपाटन मंडल, गोण्डा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कक्षा 6 में 70 बालक एवं 70 बालिकाओं के लिए सीटें निर्धारित हैं, जबकि कक्षा 9 में 6 बालक एवं 4 बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश का लाभ गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपद के पात्र बच्चों को मिलेगा। इसमें बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के साथ कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों को शामिल किया गया है।

निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमिक का पंजीयन अद्यतन एवं नवीनीकृत होना चाहिए तथा 30 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की सदस्यता कम से कम तीन वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य तथा कक्षा 9 के लिए 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य होनी चाहिए। अभ्यर्थी का शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5 अथवा कक्षा 8 में अध्ययनरत होना या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे। सभी वर्गों के लिए नियमानुसार आरक्षण भी देय होगा।

आवेदन पत्र संबंधित जनपद के श्रम विभाग कार्यालय, जिला प्रोवेशन अधिकारी कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन बोर्ड की वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से भी किया जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों एवं तीन अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संबंधित जनपद के श्रम विभाग कार्यालय में 5 जनवरी 2027 की शाम 5 बजे तक जमा करने होंगे।

आवेदन के साथ अद्यतन नवीनीकृत निर्माण श्रमिक कार्ड, पात्रता संबंधी प्रमाण पत्र, आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा तीन पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना आवश्यक है।

अटल आवासीय विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापरक शिक्षा, भोजन एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
मदरसा बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 15 दिसंबर तक भरे जाएंगे फॉर्म

*मुंशी, मौलवी और आलिम परीक्षाओं के लिए समय-सारिणी जारी, 10 दिसंबर तक जमा करना होगा परीक्षा शुल्क*

*गोण्डा 23 नवम्बर 2026* -  उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी (सेकेण्डरी अरबी/फारसी) एवं आलिम (सीनियर सेकेण्डरी अरबी/फारसी) परीक्षा वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए परिषद द्वारा निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके तहत मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय के भीतर छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र ऑनलाइन पोर्टल पर भरने और लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी  ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2027 के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क राजकीय कोष में ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, मदरसे के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या द्वारा छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 है।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्रों को नियमानुसार मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा संदेहास्पद डाटा सहित परीक्षा आवेदन पत्रों को ऑनलाइन मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 तय की गई है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि परीक्षा आवेदन से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूर्ण कर लें। आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।