श्रद्धेय अशोक सिंहल जी जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम एवं हित चिंतक अभियान का हुआ शुभारंभ
मीरजापुर। श्रद्धेय अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर महंथ शिवाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में पूज्य संतों, धर्माचार्यों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य आयोजन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन, आचार पद्धति एवं श्रीराम जय राम के पावन उद्घोष के साथ हुआ। जहां स्वाति वाचन आचार्य नितिन अवस्थी एवं सर्वेश त्रिपाठी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री राजेंद्र ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं संगठनात्मक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा की अशोक सिंहल जी का जन्म 27 सितंबर 1926 उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ था, आपके पिता श्री महावीर प्रसाद सिंहल एवं माता श्रीमती विद्यावती थीं आपका पालन-पोषण संस्कारवान एवं राष्ट्रनिष्ठ परिवार में हुआ ,आपने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से विज्ञान एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा प्राप्त की। बाल्यकाल से ही आपका झुकाव राष्ट्रसेवा की ओर रहा और आप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने।
आपने अपना संपूर्ण जीवन संघ कार्य, राष्ट्रसेवा एवं हिंदू समाज के संगठन के लिए समर्पित कर दिया, वर्ष 1981 में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालकर संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई , श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में आपका महत्वपूर्ण स्थान रहा। आपने इस आंदोलन को व्यापक सामाजिक एवं धार्मिक आधार प्रदान किया, श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर देशभर में हिंदू समाज को जागृत एवं संगठित करने का कार्य किया,संतों एवं धर्माचार्यों को एक मंच पर लाकर धर्म संसद की परंपरा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जाति, भाषा एवं प्रांत के भेदभाव से ऊपर उठकर संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोने का सतत प्रयास किया और एकल विद्यालय, वनवासी कल्याण तथा सेवा एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित कर समाज के वंचित वर्गों तक संगठन की पहुँच बढ़ाई।
गौमाता की रक्षा एवं गौसंवर्धन के लिए आजीवन समर्पित भाव से कार्य किया और समाज को इस दिशा में जागरूक किया। आपका जीवन सादगी, अनुशासन, तपस्या एवं त्याग का अनुपम उदाहरण रहा। आपने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र एवं धर्म को प्राथमिकता दी।संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों को समाज में उचित सम्मान एवं प्रतिष्ठा दिलाने तथा उन्हें सामाजिक एवं धार्मिक जागरण के केंद्र में स्थापित करने का कार्य किया।
17 नवंबर 2015 को गुरुग्राम में आपका देहावसान हुआ। आपका जीवन संदेश आज भी प्रत्येक कार्यकर्ताओ के लिए प्रेरणास्रोत है। आपका मूल विचार था कि हिंदू समाज संगठित होगा तो राष्ट्र सुरक्षित होगा।
राजेंद्र ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का जीवन हम सभी के लिए संगठनात्मक निष्ठा, त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का आदर्श है। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों एवं संकल्पों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त बौद्धिक प्रमुख प्रोफेसर कुलदीप ने भी अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्र एवं धर्म के प्रति उनके अटूट समर्पण तथा हिंदू समाज को संगठित करने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन एवं राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धेय अशोक सिंहल का स्मरण करते हुए उनके जीवन से जुड़ा प्रेरक प्रसंग साझा किया कि यदि ईश्वर उनसे मोक्ष एवं श्रीराम मंदिर निर्माण में से किसी एक को चुनने के लिए कहें, तो वे श्रीराम मंदिर निर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे।
उन्होंने कहा कि शरीर नश्वर है, किंतु विचार अमर हैं। हम सभी को श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। श्रद्धेय अशोक सिंहल के जीवन, उनके व्यक्तित्व, राष्ट्र एवं धर्म के प्रति समर्पण तथा हिंदू समाज को संगठित करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर संगठन एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हरिशंकर ने अपने वक्तव्य में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन आदर्शों एवं हिंदू समाज को संगठित करने के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने के आह्वान किया और संकल्प लिया की श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना, हिंदू समाज को संगठित करना तथा सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से संगठन को प्रत्येक गाँव एवं प्रखंड तक सशक्त बनाना।
श्रद्धेय अशोक सिंहल का तपस्वी जीवन, संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा एवं राष्ट्रधर्म के प्रति उनका समर्पण आने वाली को सदैव प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष परमेश्वर मौर्य ने उपस्थित पूज्य संतों, अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k