Mirzapur: सहकार भारती का 73वां सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम सम्पन्न
मिर्जापर। सहकार भारती के 73वें सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम के उपलक्ष्य में विंध्याचल मंडल मिर्जापुर की बैठक बाल भारती स्कूल, बथुआ में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि  प्रतोष दूबे विभाग प्रमुख, सहकार भारती विंध्याचल मंडल ने भारत माता एवं लक्ष्मण राव ईनामदार जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात सहकार गीत हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय प्रबन्धक सुरेंद्र कुमार मौर्य ने माला पहनाकर किया। अपने संबोधन में प्रतोष दूबे जी ने कहा बिना संस्कार नहीं सहकार, बिना सहकार नहीं उद्धार। उन्होंने कहा कि सहकारिता ही समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से रोजगार, स्वावलंबन और संस्कार का विस्तार होना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में जिलाध्यक्ष पार्वती पाण्डेय, जिला प्रभारी निर्मला सिंह, जिला मंत्री सुरेश कुमार मौर्य, शिव लाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में काफी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने सहकारिता सप्ताह को सफल बनाने और सहकार भारती के कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं लोक निर्माण विभाग की ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा ब
*परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश, नियमित निगरानी एवं स्थलीय सत्यापन पर दिया जोर*

*निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित कर आवागमन को सुगम एवं सुचारू बनाने के निर्देश*

*शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : मण्डलायुक्त*

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मंडल के चारों जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।

मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। परियोजनाओं के निर्माण में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का तत्काल निराकरण कराया जाए, जिससे आमजन को योजनाओं का समय से लाभ मिल सके।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में निर्माणाधीन सड़कों का कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए। सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि आमजन को आवागमन में सुविधा न हो तथा यातायात सुगम एवं सुचारू बना रहे। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जिन परियोजनाओं में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में प्रभावी अनुश्रवण व्यवस्था बनाए रखी जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा शासन की प्राथमिकताओं वाली परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।

मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जनपदों में संचालित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा प्रगति में आ रही समस्याओं का समय से समाधान कराते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान

*मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान, सभी 2879 बूथों पर मिलेंगे बीएलओ*

*28 और 29 नवंबर को खुले रहेंगे मतदेय स्थल वाले विद्यालय एवं कार्यालय, बीएलओ लेंगे दावे-आपत्तियां*

*मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, 28-29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान*


*गोण्डा 23 नवंबर 2026* - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 2879 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। इसी क्रम में 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।

विशेष अभियान के दौरान सभी संबंधित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों एवं अन्य कार्यालयों को खुला रखा जाएगा, जहां मतदेय स्थल स्थापित हैं। संबंधित प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष बीएलओ को आवश्यकतानुसार मेज-कुर्सी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनके कार्यों में सहयोग करेंगे।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम कटवाने अथवा विवरण में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान के दोनों दिनों में मतदेय स्थल वाले भवनों को निर्धारित समय तक खुला रखना सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
*गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर अब 14 दिसंबर को रहेगा अवकाश

*24 नवंबर को घोषित अवकाश में किया गया परिवर्तन, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश*

*गोण्डा 23 नवम्बर 2026*  -  श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन ने पूर्व में घोषित अवकाश की तिथि में परिवर्तन किया है। अब 24 नवंबर 2026 के स्थान पर सोमवार, 14 दिसंबर 2026 को कार्यकारी आदेश के तहत अवकाश घोषित किया गया है।

इस संबंध में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग के निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर 24 नवंबर को कार्यकारी आदेश के तहत अवकाश निर्धारित किया गया था, जिसे अब परिवर्तित कर 14 दिसंबर कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 14 दिसंबर 2026 (सोमवार) को श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर कार्यकारी आदेश के अधीन अवकाश रहेगा। शासन की पूर्व विज्ञप्ति में अन्य सभी प्रावधान यथावत रहेंगे।
अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 की 140 और कक्षा 9 की 10 सीटों पर होगा प्रवेश, 5 जनवरी तक करें आवेदन*

*अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 व 9 में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 5 जनवरी तक करें आवेदन*

*निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा निःशुल्क शिक्षा और आवास का लाभ, अटल आवासीय विद्यालय में 150 सीटों पर प्रवेश*

*गोण्डा समेत देवीपाटन मंडल के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर, अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू*


*गोण्डा 23 नवम्बर 2026*  -  देवीपाटन मंडल के बच्चों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम सिसवा, तहसील मनकापुर में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत कक्षा 6 में 140 सीटों तथा कक्षा 9 में 10 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 5 जनवरी 2027 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

उपश्रमायुक्त, देवीपाटन मंडल, गोण्डा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कक्षा 6 में 70 बालक एवं 70 बालिकाओं के लिए सीटें निर्धारित हैं, जबकि कक्षा 9 में 6 बालक एवं 4 बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश का लाभ गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपद के पात्र बच्चों को मिलेगा। इसमें बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के साथ कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों को शामिल किया गया है।

निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमिक का पंजीयन अद्यतन एवं नवीनीकृत होना चाहिए तथा 30 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की सदस्यता कम से कम तीन वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य तथा कक्षा 9 के लिए 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य होनी चाहिए। अभ्यर्थी का शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5 अथवा कक्षा 8 में अध्ययनरत होना या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही प्रवेश के लिए पात्र होंगे। सभी वर्गों के लिए नियमानुसार आरक्षण भी देय होगा।

आवेदन पत्र संबंधित जनपद के श्रम विभाग कार्यालय, जिला प्रोवेशन अधिकारी कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन बोर्ड की वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से भी किया जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों एवं तीन अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संबंधित जनपद के श्रम विभाग कार्यालय में 5 जनवरी 2027 की शाम 5 बजे तक जमा करने होंगे।

आवेदन के साथ अद्यतन नवीनीकृत निर्माण श्रमिक कार्ड, पात्रता संबंधी प्रमाण पत्र, आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा तीन पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना आवश्यक है।

अटल आवासीय विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापरक शिक्षा, भोजन एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
मदरसा बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 15 दिसंबर तक भरे जाएंगे फॉर्म

*मुंशी, मौलवी और आलिम परीक्षाओं के लिए समय-सारिणी जारी, 10 दिसंबर तक जमा करना होगा परीक्षा शुल्क*

*गोण्डा 23 नवम्बर 2026* -  उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी (सेकेण्डरी अरबी/फारसी) एवं आलिम (सीनियर सेकेण्डरी अरबी/फारसी) परीक्षा वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए परिषद द्वारा निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके तहत मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय के भीतर छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र ऑनलाइन पोर्टल पर भरने और लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी  ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2027 के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क राजकीय कोष में ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, मदरसे के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या द्वारा छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 है।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्रों को नियमानुसार मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा संदेहास्पद डाटा सहित परीक्षा आवेदन पत्रों को ऑनलाइन मदरसा पोर्टल पर लॉक करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 तय की गई है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित मदरसों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि परीक्षा आवेदन से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूर्ण कर लें। आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धेय अशोक सिंहल जी जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम एवं हित चिंतक अभियान का हुआ शुभारंभ

मीरजापुर। श्रद्धेय अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर महंथ शिवाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में पूज्य संतों, धर्माचार्यों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य आयोजन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन, आचार पद्धति एवं श्रीराम जय राम के पावन उद्घोष के साथ हुआ। जहां स्वाति वाचन आचार्य नितिन अवस्थी एवं सर्वेश त्रिपाठी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री राजेंद्र ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं संगठनात्मक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा की अशोक सिंहल जी का जन्म 27 सितंबर 1926 उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ था, आपके पिता श्री महावीर प्रसाद सिंहल एवं माता श्रीमती विद्यावती थीं आपका पालन-पोषण संस्कारवान एवं राष्ट्रनिष्ठ परिवार में हुआ ,आपने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से विज्ञान एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा प्राप्त की। बाल्यकाल से ही आपका झुकाव राष्ट्रसेवा की ओर रहा और आप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने।
आपने अपना संपूर्ण जीवन संघ कार्य, राष्ट्रसेवा एवं हिंदू समाज के संगठन के लिए समर्पित कर दिया, वर्ष 1981 में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालकर संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई , श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में आपका महत्वपूर्ण स्थान रहा। आपने इस आंदोलन को व्यापक सामाजिक एवं धार्मिक आधार प्रदान किया, श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर देशभर में हिंदू समाज को जागृत एवं संगठित करने का कार्य किया,संतों एवं धर्माचार्यों को एक मंच पर लाकर धर्म संसद की परंपरा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जाति, भाषा एवं प्रांत के भेदभाव से ऊपर उठकर संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोने का सतत प्रयास किया और एकल विद्यालय, वनवासी कल्याण तथा सेवा एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित कर समाज के वंचित वर्गों तक संगठन की पहुँच बढ़ाई।
गौमाता की रक्षा एवं गौसंवर्धन के लिए आजीवन समर्पित भाव से कार्य किया और समाज को इस दिशा में जागरूक किया। आपका जीवन सादगी, अनुशासन, तपस्या एवं त्याग का अनुपम उदाहरण रहा। आपने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र एवं धर्म को प्राथमिकता दी।संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों को समाज में उचित सम्मान एवं प्रतिष्ठा दिलाने तथा उन्हें सामाजिक एवं धार्मिक जागरण के केंद्र में स्थापित करने का कार्य किया।
17 नवंबर 2015 को गुरुग्राम में आपका देहावसान हुआ। आपका जीवन संदेश आज भी प्रत्येक कार्यकर्ताओ के लिए प्रेरणास्रोत है। आपका मूल विचार था कि हिंदू समाज संगठित होगा तो राष्ट्र सुरक्षित होगा।
राजेंद्र  ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का जीवन हम सभी के लिए संगठनात्मक निष्ठा, त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का आदर्श है। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों एवं संकल्पों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त बौद्धिक प्रमुख प्रोफेसर कुलदीप ने भी अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्र एवं धर्म के प्रति उनके अटूट समर्पण तथा हिंदू समाज को संगठित करने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन एवं राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धेय अशोक सिंहल का स्मरण करते हुए उनके जीवन से जुड़ा प्रेरक प्रसंग साझा किया कि यदि ईश्वर उनसे मोक्ष एवं श्रीराम मंदिर निर्माण में से किसी एक को चुनने के लिए कहें, तो वे श्रीराम मंदिर निर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे।
उन्होंने कहा कि शरीर नश्वर है, किंतु विचार अमर हैं। हम सभी को श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। श्रद्धेय अशोक सिंहल के जीवन, उनके व्यक्तित्व, राष्ट्र एवं धर्म के प्रति समर्पण तथा हिंदू समाज को संगठित करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर संगठन एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हरिशंकर ने अपने वक्तव्य में श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जीवन आदर्शों एवं हिंदू समाज को संगठित करने के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने के आह्वान किया और संकल्प लिया की श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना, हिंदू समाज को संगठित करना तथा सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से संगठन को प्रत्येक गाँव एवं प्रखंड तक सशक्त बनाना।
श्रद्धेय अशोक सिंहल का तपस्वी जीवन, संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा एवं राष्ट्रधर्म के प्रति उनका समर्पण आने वाली को सदैव प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष परमेश्वर मौर्य ने उपस्थित पूज्य संतों, अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
अनियंत्रित ट्रक और हाइवा ने केला लदे डीसीएम और मक्का लदे ट्रक में मारी टक्कर, एक चालक घायल
ड्रमंडगंज।
ड्रमंडगंज घाटी में दो अलग-अलग जगहों पर अनियंत्रित ट्रक और हाइवा ने आगे चल रहे वाहनों में टक्कर मार दी। घटना में प्याज लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अन्य वाहनों के चालक बाल बाल बच गए। रविवार की देर रात मध्यप्रदेश के पिपराही से भस्सी लादकर वाराणसी जा रहा हाइवा जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से दो सौ मीटर पहले पहुंचा तो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे मक्का लदे ट्रक में जा टकराया। संयोग था कि हादसे में दोनों वाहनों के चालक बाल बाल बच गए। वहीं घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं सोमवार सुबह नौ बजे के करीब मध्यप्रदेश से प्याज लादकर वाराणसी जा रहा ट्रक जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के जालिम मोड़ पर पहुंचा तो अचानक ब्रेक फेल हो गया।ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे बोलेरो वाहन को बगल से टक्कर मार दी। संयोग था कि बोलेरो में सवार सभी लोग बाल बाल बच गए। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक आगे चल रहे केला लदे डीसीएम में पीछे से टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंज बासौदा निवासी 24 वर्षीय ट्रक चालक आकाश श्रीवास्तव घायल हो गए।ट्रक चालक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज जितेंद्र कुमार ने घायल चालक को उपचार हेतु एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में प्याज लदे ट्रक चालक को चोटें आई हैं उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का 7 दिनों में करें निस्तारण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी- जिलाधिकारी

*बैंक स्तर पर 722 आवेदन लंबित, एलडीएम को पेंडेंसी कम कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश।*

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे सभी वेण्डरों से एक-एक कर संवाद स्थापित करते हुए उन्हें बैंक, विद्युत विभाग एवं अन्य विभागीय स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
         
जिलाधिकारी ने सभी वेण्डरों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर संयंत्रों की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए मॉडल सोलर विलेज परियोजना को गति प्रदान करें। जनपद के अधिक से अधिक गांवों को मॉडल सोलर विलेज बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं, जिससे सौर ऊर्जा का लाभ जन-जन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने में सभी वेण्डरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए आमजन को योजना के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ें।
         
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से विद्युत विभाग पर निर्भरता एवं लोड कम होगा तथा गर्मियों के दौरान विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों में भी कमी आएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को विद्युत विभाग अथवा बैंक स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिस भी स्तर पर आवेदन लंबित रखने अथवा लापरवाही की शिकायत प्राप्त होगी, संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
         
बैठक में यूपीनेडा द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में बैंक स्तर पर कुल 722 आवेदन लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने उपस्थित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे सभी वेण्डरों के साथ अपना मोबाइल नंबर साझा करें, ताकि आवेदन निस्तारण अथवा अन्य किसी समस्या के संबंध में वेण्डर सीधे संपर्क कर सकें। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देशित किया कि अगले 07 दिनों के भीतर बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की संख्या में प्रभावी कमी लाई जाए, जिससे योजना के क्रियान्वयन में तेजी आने के साथ जनपद की रैंकिंग में भी सुधार हो सके।
         
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कुछ बैंकों के प्रतिनिधियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एलडीएम को निर्देशित किया कि आगामी बैठक में सभी संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। समीक्षा के दौरान ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सर्वाधिक आवेदन लंबित पाए गए। संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
         
इसके अतिरिक्त समीक्षा में वेण्डर स्तर पर 245 आवेदनों का इंस्टॉलेशन लंबित पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने संबंधित वेण्डरों को निर्देशित किया कि वे लंबित आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
         
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंक प्रतिनिधियों एवं वेण्डरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना करें सुनिश्चित- जिलाधिकारी
सुलतानपुर,भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के उद्देश्य से  जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
         
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर पात्र नागरिकों का चिन्हांकन करते हुए सही एवं वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य एक स्वस्थ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले तथा कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। किसी भी पात्र मतदाता का अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए।
         
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं- जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो ऑफ पॉपुलेशन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जेंडर रेशियो में सुधार किया जाए। इसके साथ ही ईपी रेशियो ऑफ पॉपुलेशन को 64 प्रतिशत से अधिक करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।
       
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का भी अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि वहां आवश्यक दूरभाष नंबर प्रदर्शित हैं अथवा नहीं। इसके अतिरिक्त रैम्प, पहुंच मार्ग, पेयजल, शेड, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर, बाउंड्रीवाल तथा वल्नरेबिलिटी मैपिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें।
          
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की कमी पाई जाए, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों के माध्यम से सभी कमियों को शीघ्र दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के साथ-साथ पोलिंग बूथों को भी सुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाना हमारी प्राथमिकता है, जिससे मतदाताओं को मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
         
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित बिंदुओं के आधार पर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर विशेष पुनरीक्षण कार्य एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का गंभीरता से अनुश्रवण करें तथा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही एक समावेशी, शुद्ध एवं स्वस्थ मतदाता सूची का निर्माण संभव है, जो लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगी।