संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम नया नाम: कैबिनेट मंत्री लोढ़ा
मुंबई। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम को आज से ‘संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम’ के नाम से जाना जाएगा। उद्योग क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं और रोजगार के नए अवसरों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के STEP कार्यक्रम का विस्तार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों मंत्रालय में किया गया। तीसरे चरण में राज्य के युवाओं के लिए कुल 26,520 प्रशिक्षण सीटों की क्षमता उपलब्ध कराई गई है, जिनमें से अब तक 18,266 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रवेश लिया है। इस अवसर पर ऑनलाइन माध्यम से अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, आयुक्त डॉ. अमित सैनी, व्यवसाय एवं प्रशिक्षण निदेशालय के संचालक सतीश सूर्यवंशी तथा 400 आईटीआई के प्राचार्य उपस्थित थे।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआई के विद्यार्थियों के कौशल को विकसित करने में ये पाठ्यक्रम उपयोगी साबित होंगे। डिग्री शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और कौशल संवर्धन भी आवश्यक है। इसके माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा या काम के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा देने के लिए दो, तीन अथवा चार घंटे के प्रमाणित कौशल पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। बदलती तकनीक के इस दौर में युवाओं के पास केवल शैक्षणिक डिग्री होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशल होना भी आवश्यक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में STEP अर्थात अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इस पहल के पहले चरण का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2025  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया गया था। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि पारंपरिक कौशल प्रशिक्षण को आधुनिक तकनीक से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं का कौशल विकास करना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना STEP कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इस पहल से राज्य के युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं के कौशल विकास के लिए भी इस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अल्पकालिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 260 प्रशिक्षण बैचों के माध्यम से 7,234 महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया गया। इनमें सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन, जूनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर और ब्यूटी थेरपिस्ट जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
चार धाम व बारह ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पश्चात महाप्रसाद का आयोजन

ठाणे । कल्याण शहर के खडगपाढा निवासी राजेन्द्र अजारीवाल के चार धाम एवं बारह ज्योतिर्लिंगों के साथ यमुनोत्री, गंगोत्री, मानसरोवर की सफल पवित्र यात्रा पश्चात महाप्रसाद का आयोजन रविवार 22 नवंबर 2026 को आधार वाड़ी के माधव बैंक्वेट हॉल में किया गया।यह पवित्र मांगलिक आयोजन राजेंद्र अजारीवाल की पुत्री अर्पिता अजारीवाल ने किया। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप से प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि माता-पिता देवतुल्य हैं इनकी सेवा ही सभी तिर्थो के बराबर है इस उद्देश्य से पिता के मनोभावों का सम्मान करते हुए हमने उन्हें सभी तिर्थों की यात्रा करवाई।आज वे खुश हैं यह देखकर मैं और मेरा संपूर्ण परिवार धन्य हुआ। वास्तव में बता दें कि अर्पिता अजारीवाल ने अपने सभी भाइयों,भाभीयों एवं बहनों के साथ पिता राजेंद्र अजारीवाल का पांव गंगा जल से धोकर चरणस्पर्श किया तथा पुष्प वर्षा करते हुए उनका अभिनन्दन किया तथा परिवार के मुखिया का वैदिक एवं पुरातन परंपरानुसार राजतिलक करके एक बेटी ने पिता का सम्मान बढ़ाया। उक्त आयोजन में बेटी अर्पिता को पिता के प्रति प्रेम और भावुकता को लोग देखकर आश्चर्यचकित हुए।नि:संदेह वर्तमान समय में अर्पिता अजारीवाल ने जनमानस को एक संदेश अवश्य दिया कि माता-पिता से बढ़कर संसार में कोई नहीं है उन्हें वृद्धाश्रम में न छोड़ें अपितु उनकी सेवा करें। उक्त अवसर पर कल्याण शहर के उत्कृष्ट समाजसेवी सुनील जगन्नाथ श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार रामजीलाल वर्मा, विक्रोली से ओमप्रकाश सविता, डोंबिवली से वरिष्ठ समाजसेवी पुखराज राठौड़, कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप,कल्याण से समाजसेवी एफ सी शर्मा,समाजसेवी राममोहन सोखिया, युवा समाजसेवी जितेन्द्र कुमार सिंह, राजेश सचदेवा,भोईर साहेब, प्रिया शर्मा,रेनु ठाकुर, विजया जाधव के साथ अजारीवाल परिवार के सगे संबंधियों की उपस्थिति रही। कवि विनय शर्मा दीप ने तिर्थ यात्रा से संबंधित गीत व बेटी का सम्मान बढ़ाते हुए मुक्तक सुनाया तथा रामजीलाल वर्मा ने भक्ति गीत से सभी को मंत्रमुग्ध किया।अंत में आयोजिका अर्पिता अजारीवाल ने सभी को महाप्रसाद व तिर्थयात्रा संबंधित देवताओं की मुर्ति देकर उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
मुंबई पुस्तक महोत्सव में आचार्य पवन त्रिपाठी और राजेश विक्रांत की पुस्तकों पर परिचर्चा
मुंबई।  मुंबई यूनिवर्सिटी कालीना परिसर में नेशनल बुक ट्रस्ट, भारत आयोजित मुंबई पुस्तक महोत्सव में महोत्सव के मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी और मुंबई इतिहासकार राजेश विक्रांत  लिखित दो पुस्तकों- "आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान" और उसके मराठी संस्करण "स्वातंत्र्य लढ्यात मुंबईचे योगदान" (अनुवादिका पल्लवी शिंदे माने विस्कॉन्सिन, यूएसए) पर एक परिसंवाद का आयोजन शनिवार 28 नवंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से 3.45 तक किया गया है। कार्यक्रम की जगह महोत्सव का ऑथर्स कार्नर-2, नजदीक गेट नम्बर 2 है। इस परिसंवाद में सुप्रसिद्ध कवि व मंच संचालक देवमणि पाण्डेय, मुंबई यूनिवर्सिटी गरवारे संस्थान के हिंदी पत्रकारिता समन्वयक व सुप्रसिद्ध लेखक सैयद सलमान तथा महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री प्रकाश मेहता वक्ता के रूप में उपस्थित रहने वाले हैं। इस अवसर पर दोनों पुस्तकों के प्रकाशक भारत पब्लिकेशन, मुंबई की प्रमुख सुश्री कमर जबीं तथा अनुवादिका पल्लवी माने का सम्मान भी किया जाएगा। बता दें कि 2022 में 'आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान" तथा "स्वातंत्र्य लढ्यात मुंबईचे योगदान" का प्रकाशन वर्ष 2024 है। दोनों पुस्तकें आर के पब्लिकेशन के स्टॉल संख्या ई- 01 पर विक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
परिसंवाद में अतिथियों का स्वागत आचार्य पवन त्रिपाठी करेंगे जबकि कार्यक्रम का संचालन राजेश विक्रांत द्वारा किया जाएगा।
बता दें कि मुंबई पुस्तक महोत्सव 24 से 29 नवंबर 2026 तक सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला है। इसमें प्रवेश निशुल्क है और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है।
महाराष्ट्र के जल संकट को दूर करने के लिए सदगुरु का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सुझाव

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार के हाथों सदगुरु को 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार समारोह के दौरान, मंच पर मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ बातचीत करते हुए, सदगुरु ने महाराष्ट्र में बार-बार आने वाले जल संकट के दीर्घकालिक समाधान के रूप में "पेड़-आधारित कृषि" का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने सदगुरु और ईशा फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करने और इस दृष्टिकोण को राज्य के जल संरक्षण कार्यक्रम में शामिल करने की इच्छा जताई। यह बताते हुए कि भारत पानी के लिए लगभग पूरी तरह से मानसून पर निर्भर है, सदगुरु ने कहा कि ध्यान जलाशयों में पानी जमा करने के बजाय, पानी को रोके रखने की मिट्टी की क्षमता को बहाल करने पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, नदियां और झीलें मिट्टी से ही निकलती हैं। तो, अगर पानी को मिट्टी में थामे रखना है, तो वहां पेड़-पौधे होने चाहिए। वरना, भारी बारिश और बाढ़ आएगी, और उसके तीन महीने के भीतर ही सूखे की स्थिति पैदा हुई है। सदगुरु ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
से आग्रह किया कि वे 'वृक्ष-आधारित कृषि' के जरिए खेतों में फिर से पेड़ लाएं। उन्होंने समझाया कि पारंपरिक फसलों के साथ पेड़ लगाने से मिट्टी की सेहत, पानी को रोके रखने की क्षमता और किसानों की आय में काफी सुधार हो सकता है, और इसके लिए किसानों को अपनी मौजूदा फसलों को छोड़ने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। 'सेव सॉइल' और 'कावेरी कॉलिंग' के तहत ईशा फाउंडेशन के काम का उदाहरण देते हुए, सदगुरु ने बताया कि तमिलनाडु और कर्नाटक में जो किसान वृक्ष-आधारित कृषि अपना रहे हैं, उनकी आय में 6 से 8 वर्षों में 300% से 800% तक की वृद्धि हुई है। साथ ही, उनके खेत की मिट्टी में जैविक तत्वों और पानी को रोके रखने की क्षमता में भी काफी सुधार देखा गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल बड़ी संख्या में पेड़ लगा देना ही काफी नहीं है; इसके पूरे लाभ पाने के लिए वृक्ष-आधारित कृषि को वैज्ञानिक तरीके से लागू करने की जरूरत है। सदगुरु के प्रस्ताव पर रेस्पॉन्ड करते हुए, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने 'जलयुक्त शिवार 3.0' कार्यक्रम में खेतों में पेड़ लगाना शामिल करेगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे महाराष्ट्र में जल संरक्षण को मजबूत करना है। उन्होंने मिट्टी के संरक्षण और भूजल को रिचार्ज करने के लिए खेतों की सीमाओं पर पेड़ लगाने के महत्व को स्वीकार किया। साथ ही, उन्होंने सदगुरु के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई और कहा कि राज्य सरकार ईशा फाउंडेशन द्वारा पहले से अपनाए जा रहे तौर-तरीकों को सीखने के लिए अपनी टीम भेजेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, कि हम आपके साथ मिलकर भी काम करेंगे, क्योंकि आप न केवल इसकी वकालत कर रहे हैं, बल्कि इसे खुद अमल में भी ला रहे हैं। तो, हम उन सभी तरीकों का लाभ उठाएंगे जो पहले से ही लागू हैं। हम अपनी टीम भी आपके पास भेजेंगे। इस बातचीत में कई विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें युवाओं के बीच तनाव, राजनीतिक नेतृत्व और शासन-प्रशासन जैसे मुद्दे शामिल थे। बातचीत के दौरान, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदगुरु से पूछा कि अगर उन्हें समय में पीछे जाकर इतिहास की किसी हस्ती से मिलने का मौका मिले, तो वे किसके साथ एक शाम बिताना चाहेंगे। सदगुरु ने छत्रपति शिवाजी महाराज को चुना और बताया कि उन्होंन हाल ही में उनके जीवन पर आधारित एक किताब पढ़ी है। कठिन परिस्थितियों में भी भौगोलिक स्थितियों, लोगों और प्रशासन को संभालने की छत्रपति शिवाजी महाराज की क्षमता की तारीफ करते हुए, सदगुरु ने उनके भीतर मौजूद उच्च सभ्यता और महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जीते गए क्षेत्रों में भी शिवाजी महाराज महिलाओं के साथ बहुत सम्मान से पेश आते थे जो 17वीं सदी के दौर में एक दुर्लभ गुण था। सदगुरु ने कहा कि, हालांकि वे एक योद्धा थे और उन्हें युद्ध में लोगों को मारना पड़ता था, फिर भी उनमें बहुत उच्च आतंरिक सभ्यता थी। उन्होंने आगे कहा कि वे निश्चित रूप से शिवाजी महाराज से मिलना चाहेंगे। इस पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सुनील शेट्टी, बोमन ईरानी और विक्रांत मैसी के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, JSW ग्रुप के प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल और उद्योगपति अनंत अंबानी भी शामिल हुए।
एड.अखिलेश चौबे के बड़े भाई आलोक चौबे का आकस्मिक निधन
मुंबई। मुंबई के सुप्रसिद्ध अधिवक्ता और भाजपा नेता एडवोकेट अखिलेश चौबे के बड़े भाई आलोक चौबे का 51 वर्ष की उम्र में ,20 नवंबर की रात 10 बजे उज्जैन में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके निवास स्थान प्रीतम विला,ठाकुर कंपलेक्स में लोगों की भीड़ जमा हो गई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, राहुल तिवारी समेत उनके परिवार के अनेक करीबी लोग उनके घर पहुंच गए। 22 नवंबर को सुबह 10 बजे उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। राजनीति, पत्रकारिता समाज सेवा, व्यापार, शिक्षा से जुड़े सैकड़ो लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है। आलोक चौबे के दो होनहार पुत्र हैं।
पवई तालाब पर बनेगा देश का सबसे भव्य म्यूजिकल फाउंटेन,जीवंत होगी मराठों की शौर्यगाथा : मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई। मुंबई के पर्यटन वैभव में एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पवई तालाब की सुंदरता में चार चांद लगाने वाला अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो जल्द ही पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा 180 मीटर लंबा यह म्यूजिकल फाउंटेन देश के सबसे बड़े फाउंटेन में से एक होगा। विशेष बात यह है कि इस शो के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठों के शौर्य एवं पराक्रम की गौरवगाथा को अत्याधुनिक तकनीक की मदद से भव्य और अद्भुत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे मुंबई में एक नया पर्यटन स्थल विकसित होगा। पवई तालाब स्थित गणेश घाट पर 'लाइट, साउंड और म्यूजिकल फाउंटेन शो' का उद्घाटन समारोह रविवार शाम 7 बजे आयोजित किया गया है। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों इस म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन होगा। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के विशेष प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुंबई उपनगर जिला नियोजन एवं विकास समिति के माध्यम से निधि उपलब्ध कराई गई। म्हाडा के माध्यम से इस परियोजना का निर्माण किया गया है। मुंबई के पर्यटन विकास को गति देने की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
इस परियोजना के अंतर्गत विश्वस्तरीय मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो तैयार किया जा रहा है। इसमें म्यूजिकल फाउंटेन, वॉटर स्क्रीन और फायर जेट्स शामिल हैं। विशेष दृश्य प्रभावों (स्पेशल इफेक्ट्स) के माध्यम से तीन अलग-अलग फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें मराठों का गौरवशाली इतिहास और पराक्रम, महाराष्ट्र की संस्कृति एवं वैभव तथा मुंबई की गौरवशाली कहानी को दर्शाया जाएगा। इस म्यूजिकल फाउंटेन से तालाब के पानी में एरेशन (Aeration) की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। इसके तहत प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर पानी में हवा मिलाने की प्रक्रिया होगी, जिससे पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा आसपास के तापमान में कमी, वाष्पीकरण के कारण ठंडक और वायु गुणवत्ता में सुधार जैसे संभावित पर्यावरणीय लाभ भी अपेक्षित हैं।
इस फाउंटेन में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है और पूरी प्रणाली को डिजिटल तरीके से प्रोग्राम किया गया है। लगभग 40 मीटर (130 फीट) की ऊंचाई तक उछलने वाले वॉटर जेट्स और 27 फायर जेट्स इस शो के प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा रनिंग फाउंटेन चेजर्स, थ्रीडी स्विंग नॉजेल्स और फैन जेट्स के माध्यम से पानी की विभिन्न आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी। संगीत की धुन पर थिरकते पानी के फव्वारे, आग की लपटें और वॉटर स्क्रीन पर प्रोजेक्शन एवं लेजर इमेज का शानदार संगम दर्शकों को एक अविस्मरणीय दृश्य-श्रव्य अनुभव प्रदान करेगा। मुंबई उपनगर जिला नियोजन समिति के पर्यटन स्थल विकास निधि से इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी ने म्हाडा को इसकी कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त किया है। इसके अनुसार परियोजना के आवश्यक प्रारूप और लेआउट महानगरपालिका के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद महानगरपालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी प्राप्त हुआ। म्हाडा, महानगरपालिका और ठेकेदार के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है। परियोजना के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित प्रावधानों को समझौते के अनुसार लागू किया जाएगा, ऐसी जानकारी म्हाडा के विद्युत विभाग की ओर से दी गई। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवशाली इतिहास और मराठों का पराक्रम आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा प्रयास है। पवई तालाब की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ मुंबई के पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह परियोजना शुरू की गई है। इस परियोजना से मुंबई के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुंबई को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुख स्थान दिलाने के लिए हम ऐसे नवाचारपूर्ण उपक्रमों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का भी समावेश किया गया है। इनमें प्रशिक्षित कर्मचारी, स्वतंत्र कंट्रोल रूम, सीसीटीवी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट, सुरक्षा गार्ड, प्राथमिक उपचार की सुविधा, प्लास्टिक की कुर्सियां और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रतिदिन लगभग तीन घंटे की अवधि में तीन शो आयोजित करने की योजना है। परियोजना की निविदा में तीन वर्षों के व्यापक रखरखाव एवं मरम्मत का प्रावधान है। साथ ही, परियोजना पूरी होने के बाद पांच वर्षों तक इसके संचालन की व्यवस्था भी की गई है।
फाउंटेन में केवल एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल किया जाएगा और रोशनी पानी की सतह से ऊपर की दिशा में दी जाएगी। जलीय जीवों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, ध्वनि की तीव्रता निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखी जाएगी, ऐसी जानकारी संबंधित विभाग की ओर से दी गई है। पर्यावरणीय नियमों का पालन करते हुए इस परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से विकसित किया गया है।
धूमधाम से मनाया गया अध्यात्म गुरु गिरिजानंद महाराज का जन्मदिन
मुंबई। मुंबई से सटे एरिया मुलुंड में
SPIRITUAL SOULS  संस्था के आश्रम में  संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अध्यात्म गुरु आदेशा गिरिजानंद का जन्मदिन हजारों भक्तों ने गुरु भक्ति के साथ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। बता दें कि गुरुजी का उद्देश लोगों के जीवन में प्रेम, शांति और आनंद लाना और लोगों को प्रेम शांति और आनंद के साथ जीवन यापन का तरीका सिखाना है, तो वही आदेशा गिरिजानंद महाराज माता काली के भक्त हैं। माता कृष्णकाली के परम भक्त और प्रचारक भी हैं। इनके जन्मदिन की बात करें तो गुरुजी का जन्मदिन मुंबई, वसई, अहमदनगर, रायगड और नाशिक के भक्तों ने भी गुरु भक्ति के साथ मनाकर इनके लंबी आयु की मंगलकामना की।
ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की साहित्य, मित्रता और खुशियों से सजी यादगार शाम
मुंबई। ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की संस्थापक एवं अध्यक्षा डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा के नेतृत्व में मंच का दीपावली स्नेह मिलन समारोह मुंबई के प्रसिद्ध क्रीम सेंटर, चौपाटी में बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने स्वादिष्ट व्यंजनों, हँसी-मजाक, मस्ती, खूबसूरत तस्वीरों और आपसी मेल-मिलाप के साथ यादगार पल बिताए। कविता, साहित्य और मित्रता के इस परिवार ने दीपावली की खुशियों को मिलकर और भी खास बना दिया।
डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा एक सुप्रसिद्ध कवयित्री, साहित्यकार, लेखिका, प्रेरक वक्ता एवं समाजसेवी हैं। वे लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा,  राजस्थानी महिला मंडल की अध्यक्षा सहित अनेक सामाजिक और साहित्यिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं।JIWO साउथ मुंबई चैप्टर   की अध्यक्षा , महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी की भूतपूर्व उपाध्यक्ष, सेंसर बोर्ड की सदस्य, वे लोढ़ा धाम एवं श्री हरि सत्संग की ट्रस्टी तथा चंद्रेश लोढ़ा पब्लिक स्कूल, डोंबिवली एवं नालासोपारा की अध्यक्षा भी हैं। लायंस क्लब ऑफ वालकेश्वर की प्रथम महिला अध्यक्ष के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
महाराष्ट्र सरकार ने दी श्री एल आर तिवारी यूनिवर्सिटी को मंजूरी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन की ओर से प्रस्तावित श्री एल आर तिवारी यूनिवर्सिटी (SLRTU) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन में इस यूनिवर्सिटी को मंजूरी दी गई है। इस यूनिवर्सिटी की स्थापना से राज्य में उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुलेंगे। राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, सचिव राहुल तिवारी और सीओओ उत्सव तिवारी ने महाराष्ट्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि राहुल एजुकेशन के लिए यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है। भविष्य में इससे लाखों विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी शुभचिंतकों और अभिभावकों को धन्यवाद दिया है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से उत्तर भारतीय समाज का भी सम्मान और गौरव बढ़ा है। समाज के गौरव पंडित लल्लन तिवारी जी के नाम पर विश्वविद्यालय की मंजूरी से हम सभी गौरवान्वित हुए हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उच्च शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदूषण के खिलाफ दिया मिर्जा की आवाज को बीएमसी दबा रही है : निखिल रूपारेल
मुंबई। मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद मुंबई महानगरपालिका द्वारा मिटाए गए फिल्म अभिनेत्री दिया मिर्जा का, प्रदूषण के खिलाफ जारी किए गए वीडियो को पुनः रिस्टोर नहीं कर रही है। साफ है कि मुंबई महानगरपालिका भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रही है। यह सीधे-सीधे उच्च न्यायालय की अवमानना है। मुंबई युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस द्वारा दिया मिर्जा द्वारा वायु प्रदूषण के खिलाफ जारी किए गए वीडियो के समर्थन में, खार पश्चिम में आयोजित पत्रकार परिषद में बोलते हुए उत्तर मध्य मुंबई जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष निखिल रूपारेल ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यदि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद बीएमसी दिया मिर्जा के वीडियो को फिर से जारी नहीं करती है तो युवक कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा, क्यों कि यह बच्चों के भविष्य जुड़ा विषय है। मुंबई महिला कांग्रेस की महासचिव प्रीति चोकसी ने कहा कि एक महिला ने साफ हवा के लिए, हमारे बच्चों के लिए, हमारे भविष्य के लिए अपनी आवाज उठाई। बीएमसी ने उनकी सराहना करने के बजाय उनकी आवाज को ही दबा दिया। यह हर महिला का अपमान है। इसके पहले निखिल रूपारेल ने बीएमसी आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिड़े को भी पत्र लिखकर हाईकोर्ट के आदेश को तुरंत लागू करने की मांग की थी। पत्र में उन्होंने कहा है कि महापौर एक औपचारिक प्रमुख होता है उसके पास बीएमसी के आधिकारिक हैंडल्स से कंटेंट डिलीट करने का आदेश देने की कोई कार्यकारी शक्ति नहीं है। अगर किसी राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने के लिए डिलीट किया गया है तो यह प्रशासन में राजनीतिक हस्तक्षेप का स्पष्ट मामला है। इस अवसर पर निखिल रूपारेल और प्रीति चोकसी के अलावा मुस्तकीम शेख, विकास जैसवार, गंगा प्रसाद शर्मा, साद शेख, किशन निषाद, अरविंद साहनी, फ़ुज़ैल शेख समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।