मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना करें सुनिश्चित- जिलाधिकारी
सुलतानपुर,भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के उद्देश्य से  जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
         
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर पात्र नागरिकों का चिन्हांकन करते हुए सही एवं वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य एक स्वस्थ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले तथा कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। किसी भी पात्र मतदाता का अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए।
         
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं- जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो ऑफ पॉपुलेशन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जेंडर रेशियो में सुधार किया जाए। इसके साथ ही ईपी रेशियो ऑफ पॉपुलेशन को 64 प्रतिशत से अधिक करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।
       
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का भी अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि वहां आवश्यक दूरभाष नंबर प्रदर्शित हैं अथवा नहीं। इसके अतिरिक्त रैम्प, पहुंच मार्ग, पेयजल, शेड, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर, बाउंड्रीवाल तथा वल्नरेबिलिटी मैपिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें।
          
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की कमी पाई जाए, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों के माध्यम से सभी कमियों को शीघ्र दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के साथ-साथ पोलिंग बूथों को भी सुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाना हमारी प्राथमिकता है, जिससे मतदाताओं को मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
         
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित बिंदुओं के आधार पर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर विशेष पुनरीक्षण कार्य एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का गंभीरता से अनुश्रवण करें तथा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही एक समावेशी, शुद्ध एवं स्वस्थ मतदाता सूची का निर्माण संभव है, जो लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगी।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का 7 दिनों में करें निस्तारण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी- जिलाधिकारी

*बैंक स्तर पर 722 आवेदन लंबित, एलडीएम को पेंडेंसी कम कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश।*

सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे सभी वेण्डरों से एक-एक कर संवाद स्थापित करते हुए उन्हें बैंक, विद्युत विभाग एवं अन्य विभागीय स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
         
जिलाधिकारी ने सभी वेण्डरों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर संयंत्रों की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए मॉडल सोलर विलेज परियोजना को गति प्रदान करें। जनपद के अधिक से अधिक गांवों को मॉडल सोलर विलेज बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं, जिससे सौर ऊर्जा का लाभ जन-जन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने में सभी वेण्डरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए आमजन को योजना के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ें।
         
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से विद्युत विभाग पर निर्भरता एवं लोड कम होगा तथा गर्मियों के दौरान विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों में भी कमी आएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को विद्युत विभाग अथवा बैंक स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिस भी स्तर पर आवेदन लंबित रखने अथवा लापरवाही की शिकायत प्राप्त होगी, संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
         
बैठक में यूपीनेडा द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में बैंक स्तर पर कुल 722 आवेदन लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने उपस्थित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे सभी वेण्डरों के साथ अपना मोबाइल नंबर साझा करें, ताकि आवेदन निस्तारण अथवा अन्य किसी समस्या के संबंध में वेण्डर सीधे संपर्क कर सकें। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देशित किया कि अगले 07 दिनों के भीतर बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की संख्या में प्रभावी कमी लाई जाए, जिससे योजना के क्रियान्वयन में तेजी आने के साथ जनपद की रैंकिंग में भी सुधार हो सके।
         
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कुछ बैंकों के प्रतिनिधियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एलडीएम को निर्देशित किया कि आगामी बैठक में सभी संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। समीक्षा के दौरान ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सर्वाधिक आवेदन लंबित पाए गए। संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
         
इसके अतिरिक्त समीक्षा में वेण्डर स्तर पर 245 आवेदनों का इंस्टॉलेशन लंबित पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने संबंधित वेण्डरों को निर्देशित किया कि वे लंबित आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
         
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंक प्रतिनिधियों एवं वेण्डरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
सरकारी शिक्षक ही बना विधवाओं की जमीन का कथित भक्षक! मिर्जापुर में खाकी की भूमिका पर गंभीर सवाल, दो बेसहारा महिलाओं ने लगाई इंसाफ की गुहार*
*Mirzapur: *महुगढ़ में मकान निर्माण को लेकर विवाद: पुलिस के सामने पिलर की सरिया मोड़ने का आरोप, बुजुर्ग विधवा से कथित धक्का-मुक्की, मोबाइल छीनकर वीडियो बनाने से रोकने का दावा; ग्राम प्रधान की भूमिका भी सवालों के घेरे में*

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के ग्राम महुगढ़ से दो विधवा महिलाओं के उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। यहां सरातुन निशा, पत्नी स्वर्गीय आशिक अली ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रभावशाली लोग उनके मकान निर्माण में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, इस विवाद में एक सरकारी शिक्षक की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
सबसे गंभीर आरोप स्थानीय पुलिस पर लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि जिस पुलिस से उन्हें सुरक्षा और न्याय की उम्मीद थी, उसी के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें धमकाया और उनकी बुजुर्ग विधवा सास सहिबुन निशा के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की की।
*सवालों के घेरे में सरकारी शिक्षक की भूमिका*
सरातुन निशा ने ग्राम महुगढ़ निवासी साबित अली पुत्र रज्जाक अली, जुनैद अली पुत्र साबित अली, कमरुद्दीन पुत्र रज्जाक अली और मोहम्मद रजा पुत्र हमीद अली पर जमीन विवाद को लेकर परेशान करने तथा निर्माण कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विपक्षियों में एक व्यक्ति सरकारी शिक्षक है। सवाल यह है कि यदि एक सरकारी शिक्षक पर दो विधवा महिलाओं के मकान निर्माण में अनुचित हस्तक्षेप के आरोप लग रहे हैं, तो क्या शिक्षा विभाग को भी इन आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं करनी चाहिए? छह इंच का दावा, 20 फीट कब्जे का आरोप,बिना सरकारी पैमाइश आखिर फैसला कैसे? विवाद की जड़ जमीन की सीमा बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, विपक्षी दावा करते हैं कि उनके मकान का पिलर छह इंच उनकी जमीन में बना है। दूसरी ओर सरातुन निशा का आरोप है कि विपक्षियों ने उनकी लगभग 20 फीट जमीन पर कब्जा कर रखा है। दोनों दावों की सत्यता अभी सरकारी सीमांकन से निर्धारित नहीं हुई है। बावजूद इसके विपक्षी जबरिया दिवाल खड़ी करते जा रहे हैं। क़ब्ज़ा करने की उनकी नियत साफ़ है। सरातुन निशा का कहना है कि वह राजस्व विभाग से निष्पक्ष पैमाइश कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें विपक्षियों द्वारा बताई गई सीमा मानने के लिए दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
*पुलिस की मौजूदगी में सरिया मोड़ने का आरोप, आखिर किसके भरोसे रहें पीड़ित?*
पीड़िता के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को मोहम्मद रजा पुत्र हमीद अली ने पुलिस की मौजूदगी में निर्माणाधीन पिलर की लोहे की सरिया को लात मारकर मोड़ दिया।
पीड़िता का आरोप है कि 19 नवंबर की शाम लगभग चार बजे पुलिस पहले विपक्षियों के घर पहुंची, जहां कथित रूप से चाय-नाश्ता किया गया। इसके बाद पुलिसकर्मी उनके घर आए और उन्हें फटकार लगाई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पीड़िता
सरातुन निशा ने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। उनके अनुसार, पुलिस ने उनसे पिलर छह इंच हटाने, निर्माण रोकने और थाने आने को कहा। दोनों पक्षों का चालान करने की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप है। पीड़िता का सवाल है कि जब राजस्व विभाग से आधिकारिक सीमांकन नहीं हुआ, तो पुलिस किस आधार पर जमीन की सीमा निर्धारित करने जैसी बात कर रही थी?
*20 नवंबर को थाने पहुंचीं दोनों विधवाएं, आवेदन की रसीद नहीं मिलने का आरोप*
सरातुन निशा के अनुसार, 20 नवंबर की सुबह लगभग 11 बजे वह अपनी विधवा सास सहिबुन निशा के साथ थाना हलिया पहुंचीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में उन्हें डराया गया। उनका लिखित आवेदन तो लिया गया, लेकिन उसकी प्राप्ति रसीद या डायरी नंबर नहीं दिया गया। उसी दिन शाम लगभग सात बजे थाना प्रभारी उनके घर पहुंचे और विवादित स्थल को देखा। पीड़िता का दावा है कि कोई विधिवत राजस्व पैमाइश नहीं की गई, फिर भी विपक्षियों के बताए स्थान से नापने की सलाह दी गई। पीड़िता का कहना है कि 22 नवंबर को वह अपनी जमीन के एक अन्य हिस्से में निर्माण करा रही थीं, जिसे वह विवाद से अलग मानती हैं। इसी दौरान विपक्षियों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कथित रूप से बिना लिखित आदेश दिखाए काम रोकने को कहा।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस के चले जाने के बाद निर्माण फिर शुरू कराया गया। सबसे गंभीर घटना 23 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है।सरातुन निशा का आरोप है कि एक उपनिरीक्षक अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से उन्हें डराया-धमकाया और उनकी बुजुर्ग विधवा सास सहिबुन निशा के साथ धक्का-मुक्की की।
पीड़िता के अनुसार, जब घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया गया, तो मोबाइल छीन लिया गया और रिकॉर्डिंग करने से रोका गया। पुलिसकर्मियों के जाने से पहले मोबाइल वापस कर दिया गया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने कहा: “हम बंटवारा करेंगे और जैसा विपक्षी कह रहे हैं, वैसा ही होगा।” यदि इस कथन की पुष्टि होती है, तो यह गंभीर सवाल उठाता है कि क्या पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपनी भूमिका से आगे बढ़कर जमीन की सीमा तय करने का प्रयास कर रही थी? परिवार के अनुसार, 23 नवंबर की घटना के बाद सहिबुन निशा की तबीयत खराब हुई और उन्हें उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हलिया ले जाया गया। जहां उनका उपचार कराया गया है। सरातुन निशा ने ग्राम पंचायत महुगढ़ के ग्राम प्रधान की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि ग्राम प्रधान विपक्षियों का साथ देकर उन्हें परेशान करने में भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम प्रधान के कथित हस्तक्षेप और पुलिस एवं विपक्षियों के साथ उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पीड़िता ने 18 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश जनसुनवाई पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज कराईं है।
पीड़िता के अनुसार, उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई है। अब उनकी मांग है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो और सरकारी राजस्व टीम से जमीन का विधिवत सीमांकन कराया जाए। गौरतलब हो कि एक तरफ जहां अपराधों पर अंकुश लगाने और राजस्व से संबंधी मामलों में पुलिस से बेजा हस्तक्षेप न करने की हिदायत अधिकारी देते फिर रहे हैं वही हलिया पुलिस का अपना अलग ही कानून-कहानी है। ऐसे में सवाल उठाए जा रहे हैं कि,
जब जमीन का आधिकारिक सीमांकन नहीं हुआ, तो पुलिस द्वारा कथित रूप से छह इंच पिलर हटाने का दबाव किस आधार पर बनाया गया? पुलिस की मौजूदगी में सरिया मोड़ने के आरोप की जांच और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की समीक्षा कब होगी, दो विधवा महिलाओं के साथ कथित अभद्रता, धक्का-मुक्की और मोबाइल छीनने के आरोपों की जांच कराई जाए, विपक्षियों में कथित रूप से शामिल सरकारी शिक्षक और ग्राम प्रधान की भूमिका की विभागीय एवं प्रशासनिक जांच क्यों न हो, राजस्व विभाग की निष्पक्ष पैमाइश और दोनों महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? वहीं पीड़िताओं का कहना है कि “हम किसी की जमीन नहीं चाहते, बस अपने घर में सम्मान से जीना चाहते हैं”सरातुन निशा ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा,“मेरे पति इस दुनिया में नहीं हैं। मेरी सास भी विधवा हैं। हम दोनों महिलाएं किसी की जमीन नहीं छीनना चाहतीं। हम सिर्फ अपनी जमीन पर एक घर बनाकर सम्मान से रहना चाहती हैं। अगर हम गलत हैं तो सरकारी पैमाइश से सच्चाई सामने आ जाएगी, लेकिन बिना पैमाइश के हमें क्यों डराया जा रहा है? हम इंसाफ मांगने कहां जाएं?”
सरातुन निशा ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, राजस्व विभाग से विधिवत सीमांकन, संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध आरोपों की स्वतंत्र जांच, सरकारी शिक्षक एवं ग्राम प्रधान की कथित भूमिका की जांच और दोनों विधवा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़िता ने यह भी मांग की है कि जांच में संज्ञेय अपराध सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत FIR दर्ज की जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर दोनों महिलाओं की शिकायतों का समाधान किस प्रकार करता है।
मां गंगा को साक्षी मान रोहित बालाजी ने ठोकी हस्तिनापुर विधानसभा से भाजपा टिकट की दावेदारी

मखदूमपुर गंगा मेले में प्रेस संवाद एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन, 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट मिलने की जताई उम्मीद

बहसुमा (मेरठ)। मखदूमपुर गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रोहित बालाजी की ओर से प्रेस संवाद एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान रोहित बालाजी ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हस्तिनापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए अपनी दावेदारी पेश की।

प्रेस संवाद के दौरान रोहित बालाजी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए सभी का सम्मान किया।

रोहित बालाजी ने मां गंगा को साक्षी मानकर हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बनने की इच्छा जताई। उन्होंने अपने परिवार की राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि उनका परिवार लंबे समय से भाजपा और सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय श्री प्रकाश जी भाजपा के टिकट पर सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना, महिला सुरक्षा को मजबूत करना, सड़कों का निर्माण और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनके प्रमुख लक्ष्य हैं।

रोहित बालाजी ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन पर विश्वास जताते हुए टिकट देता है और क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ हस्तिनापुर क्षेत्र की सेवा करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में रोहित बालाजी ने सभी पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मरीजों की सेवा में जुटे सपाई
सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में जिला महिला अस्पताल और जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे दूध और फल, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की


मऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर मऊ में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान सपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला महिला अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच दूध एवं फल वितरित किए। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों का कुशलक्षेम पूछते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर जरूरतमंद मरीजों की सेवा करना उनके विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि नेताजी के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक न्याय का संकल्प थी। वहीं जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी ने कहा कि नेताजी के विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष शिवम सोनी, प्रदेश सचिव उमेश यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष राजेश यादव, राजेंद्र यादव, अफजाल, रामधनी चौहान, अलंकार, वीरेंद्र लोहिया, दिनेश यादव, सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजेश यादव, मयंक पांडेय सहित दर्जनों समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने नेताजी के विचारों एवं सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया।

नेताजी अमर रहें! समाजवादी विचारधारा जिंदाबाद!
दर्शन काे मथुरा आ रहे सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के चार श्रद्धालुओं की माैत
मथुरा में खड़े ट्रक में पीछे से घुसी श्रद्धालुओं की कार, दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों ने गंवाई जान; पांच गंभीर घायल, सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ।  मध्य प्रदेश से दर्शन के लिये मथुरा आ रहे श्रद्धालुओं की कार दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-19) पर खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लाेग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने घटना में हुई जनहानि पर शाेक संवेदना प्रकट की है। साथ ही घायलाें काे बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश अफसराें काे दिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ही परिवार के नाै सदस्य स्विफ्ट कार में सवार होकर वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे थे। मथुरा जिले के थाना जैंत क्षेत्र अंतर्गत छटीकरा पुल और राम धर्म कांटा के पास हाईवे पर तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी यात्री अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और जैंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान पहचान रूबी (32), ज्योति (30), कान्हा (10) और रुद्र (4) के रुप में हुई है। इसके अलावा कार में सवार आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल सहित नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।।

सूचना मिलते ही एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का जायजा लिया। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के चिकित्सकों को दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि मथुरा को दर्शन करने आ रहे मध्य प्रदेश के चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग घायल हो गये। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया है।
लखनऊ में आयोजित माय भारत के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुल्तानपुर के युवा योगेश शर्मा ने निभाई निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका

*चार जिलों के नेशनल यूथ वालंटियर्स के प्रेजेंटेशन का किया मूल्यांकन, प्रतिभागियों को प्रदान किए अंक*

लखनऊ। माय भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में लखनऊ में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुल्तानपुर के युवा एवं नेशनल यूथ वालंटियर (NYV) योगेश शर्मा को निर्णायक (जज) के रूप में सहभागिता करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने चार जनपदों के नेशनल यूथ वालंटियर्स द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रेजेंटेशन का मूल्यांकन करते हुए उनके विचारों, अनुभवों एवं प्रदर्शन के आधार पर अंक प्रदान करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

कार्यक्रम में हरदोई, प्रयागराज, बुलंदशहर सहित चार जनपदों के NYVs ने अपने विचारों, अनुभवों, सामाजिक कार्यों एवं नवाचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। योगेश शर्मा ने निर्णायक के रूप में प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय की समझ, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं विचारों की गुणवत्ता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर योगेश शर्मा ने कहा कि युवाओं के विचारों को सुनना और उनकी प्रतिभा को करीब से समझना बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा। आज के युवा अपनी रचनात्मक सोच, ऊर्जा एवं नेतृत्व क्षमता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे से सीखने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

सुल्तानपुर के युवा योगेश शर्मा के लिए यह अवसर न केवल गौरवपूर्ण रहा, बल्कि युवाओं की प्रतिभा का निष्पक्ष मूल्यांकन करने, उनके विचारों को समझने और उनसे सीखने का भी महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और युवाओं को उचित अवसर एवं मार्गदर्शन प्रदान करना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्तिक पूर्णिमा कल,गंदगी से पटे सरोवर व घाट
गोंडा।पवित्र सरोवरों व नदियों के घाटों पर डुबकी लगाकर संतों व ब्राम्हणों को दान देने की परंपरा का सनातन महापर्व मंगलवार को है।स्नान दान के इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है,परन्तु जिला प्रशासन की अधूरी तैयारियों ने उनकी मुश्किलों को बढ़ा दिया है।विसर्जन के बाद गंदगी से पटे सरोवरों और नदियों के घाटों के बीच वे पुण्य की डुबकी कैसे लगाएंगे,इसकी चिंता बरकरार है।हालांकि प्रशासन तैयारियों का दावा तो कर रहा है,परन्तु वह मेला स्थलों पर कहीं नजर नहीं आ रही है,जो बाद में श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बनेगी।इटियाथोक-जहां मन जमे वहीं मनोरमा और जहाँ मुराद पूरी हो, वहीं मनवर।जिले में सबसे अधिक महत्वपूर्ण तिर्रे मनोरामा का मेला है,लेकिन वहाँ भी तैयारियां अधूरी हैं।ब्रम्हज्ञानी ऋषि नचिकेता के पिता महर्षि उद्यालक मुनि की तपोस्थली तिर्रे मनोरमा में सीढ़ियों पर काई और शैवाल जमा हुआ है।जिससे स्नानार्थियों को फिसल कर चोटिल होने का खतरा बना हुआ है तथा महज एक हैंडपंप है जिससे सभी श्रद्धालुओं की प्यास बुझना बहुत मुश्किल है,इसके साथ ही श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था व शौचालय भी नहीं है।इस संबंध में एडीओ पंचायत गिरजेश पटेल ने बताया कि विगत दो दिनों से सफाई कराई जा रही है,बाकी रहे शैवाल की सफाई कराई जाएगी।वहीं टेंढ़ी नदी के किनारे गोड़वा घाट पर सफाई नहीं हो पाई है।मेला समिति के अध्यक्ष शशिराज पांडेय ने 12 नवंबर को प्रशासन को पत्र लिखकर अनुरोध किया था परन्तु खबर लिखे जाने तक कुछ नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि घाटों की सफाई न होने को लेकर संभावित परेशानी को लेकर वह अत्यधिक चिंतित हैं,परन्तु प्रशासन के जिम्मेदार बेफिक्र हैं।मोतीगंज में मनवर नदी के किनारे राजगढ़ में भी सफाई नहीं हुई है।गंदगी व शैवाल से पटी मनवर नदी के किनारे लोग खुले में शौच कर रहे हैं,जहाँ श्रद्धालुओं का डुबकी लगाना मुश्किल हो जायेगा।यही नहीं मेला स्थल पर दुकान लगाने की जगह बड़ी बड़ी घास व झाड़ियां उगी हुई हैं जो मेलार्थियों के लिए मुसीबत बनेंगी।जिला पंचायत राज अधिकारी जी डी जैन का कहना है कि एडीओ पंचायत को मेला स्थल की सफाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।
बूढ़ा गांव में सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ, बुद्ध कथा में करुणा और समानता का संदेश

Sb न्यूज़ रिपोर्टर बबलू प्रजापति
पिहानी, हरदोई। ग्राम बूढ़ा गांव, पिहानी, हरदोई में अंबेडकर जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषि प्रताप सिंह ऋषि, प्रबंधक यशोधरा बुद्ध विहार समिति, ग्राम बगौछा ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस आयोजित बुद्ध कथा में भगवान तथागत गौतम बुद्ध के विचारों, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा एवं मानवता के संदेश पर प्रकाश डाला गया। श्रद्धालुओं ने बुद्ध के उपदेशों को सुनकर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, सामाजिक समानता, शिक्षा, भाईचारे, संवैधानिक मूल्यों तथा समाज में जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के विचार और आदर्श समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी सद्भाव, सम्मान, एकता एवं भाईचारे को मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में वक्ता के रूप में अनिल कुमार (रामपुरा), नितिन कुमार, विकास कुमार वर्मा, आकाश कुमार, राहुल राजन वर्मा एवं सत्यपाल आदिम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए लोगों से महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।
फर्रुखाबाद में प्रेम रावत जी के शांति संदेश का विशेष कार्यक्रम शुरू

हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार पी.के. गुप्ता ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ,*

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई* । जनपद फर्रुखाबाद के ग्राम कन्हऊयाकूबपुर में विश्व शांति दूत डॉ. श्री प्रेम रावत जी के मानवता, शांति और आंतरिक आनंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डे-नाइट एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विशेष वीडियो कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 22 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को फीता काटकर हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार श्री पी.के. गुप्ता जी ने किया। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम में प्रेम रावत जी नें कहा जीवन में आनंद, परमानंद, आत्मज्ञान और सही लक्ष्य के महत्व को समझाया जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में बताया कि मनुष्य अपने जीवन में घर, यात्रा और विभिन्न सुख-सुविधाओं में आनंद खोजता है, लेकिन वास्तविक आनंद मनुष्य के भीतर है। संसार की बाहरी वस्तुएं स्थायी आनंद नहीं दे सकतीं। मनुष्य को अपने भीतर मौजूद आनंद को पहचानने की आवश्यकता है।
प्रेम रावत जी ने स्वर्ग और नरक की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक मनुष्य जीवित है, उसके पास इस संसार को स्वर्ग बनाने का अवसर है। संसार में एक-दूसरे को दुख पहुंचाकर मनुष्य स्वयं अपने लिए नरक जैसी परिस्थितियां पैदा करता है। यदि मनुष्य प्रेम, शांति और आपसी समझ के साथ जीवन जीना सीखे तो इसी धरती पर स्वर्ग  बनाया जा सकता है।
उन्होंने जीवन में फोकस अर्थात ध्यान के महत्व को समझाते हुए मां और छोटे बच्चे का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि मां घर के अनेक काम करते हुए भी अपना ध्यान अपने बच्चे पर बनाए रखती है। इसी प्रकार मनुष्य को भी अपने जीवन में सही दिशा और अपने भीतर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। खुशी किसी बाहरी वस्तु से नहीं, बल्कि मनुष्य के अंदर से आती है।
प्रेम रावत जी ने पीस एजुकेशन प्रोग्राम के माध्यम से जेलों में बंद कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों का मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन्हें स्वयं को पहचानने और जीवन के सही उद्देश्य को समझने का अवसर देना है।
इस अवसर पर हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार श्री पी.के. गुप्ता जी, श्री मनोज कुमार गुप्ता, श्री सुशील श्रीवास्तव, श्री बृजराज कुशवाहा, श्री सुधीर यादव, श्री आर्येन्द्र कुशवाहा, ठाकुर अवधेश सिंह, श्री रणवीर राजपूत, श्री राजेश्वर दयाल, श्री बादाम सिंह राजपूत, श्री अमर सिंह, श्री रामासरे आचार्य, श्री ग्रीसन्द्र, श्री खुशीराम, श्री राबेन्द्र सिंह, श्री वीर विक्रम सिंह, श्री निर्मल सिंह, श्री सतीश चन्द्र, श्री अरविन्द कुमार, श्री राजपाल, श्री मलिखान सिंह, श्री देवकी सिंह, श्री दीपा सिंह, श्री जगवीर, श्री श्यामपाल, श्रीमती प्रीती देवी, श्रीमती प्रेमलता, श्रीमती शान्ती देवी सहित अनेक गुरु भाई-बहन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष कार्यक्रम में पहुंचकर विश्व शांति, मानवता और आंतरिक आनंद के संदेश को सुनें तथा जीवन में शांति और सकारात्मकता को अपनाने का प्रयास करें।