प्रयाग से आते समय ओम् बाबा ढाबा पर रुके जगतगुरु परमहंसाचार्य,मीडिया के सवालों पर दिया बेबाक जवाब*
सनातन ही एकमात्र धर्म, कुंडा कथा पर भी बोले बड़ी बात।
सुल्तानपुर,आज प्रयागराज से आते समय तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंसाचार्य जी प्रयागराज-अयोध्या बाईपास स्थित समाजसेवी मनोज शुक्ला के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान ओम् बाबा ढाबा पर पहुंचे। उनके आगमन से पूरा वातावरण भक्ति, शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। ढाबे के प्रांगण में जैसे ही परमहंसाचार्य जी ने प्रवेश किया, चारों ओर जय वंदे मातरम्, हर हर महादेव के जयकारे गूंज उठे।श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर,आरती उतारकर और चरण स्पर्श कर उनका भव्य स्वागत किया।
भव्य स्वागत में उमड़े गणमान्य लोग*-
बाबा ढाबे पर परमहंसाचार्य जी के भव्य स्वागत में प्रमुख रूप से समाजसेवी मनोज शुक्ला, लाल बहादुर दुबे, सुभाष तिवारी, धर्मेंद्र द्विवेदी, राजकुमार मिश्रा, गोपी मिश्रा सहित कई अन्य श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया के प्रश्नों का दिया बेबाकी से जवाब-
इस दौरान परमहंसाचार्य जी ने मीडिया के प्रश्नों का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा -
1. वैदिक संस्कृति ही भारतीय संस्कृति है* परमहंसाचार्य जी ने कहा कि वैदिक संस्कृति को ही भारतीय संस्कृति कहा जाता है और वैदिक परंपरा को ही सनातन धर्म कहा जाता है।
धर्म की व्याख्या है - वेद विहित कर्म ही धर्म है। जिसको वेद कहता है, इसे करना चाहिए वो धर्म है और जिसको वेद कहता है ये नहीं करना चाहिए वो अधर्म है। उन्होंने कहा कि धर्म दुनिया में एक ही है, वेद को मानने वाला यानी सनातन धर्म। सनातन के अलावा जितना भी है, वह धर्म से विपरीत यानी अधर्म है। इसलिए सनातन धर्म को मानने वाले सावधान रहें कि सर्वधर्म जैसी कोई चीज है ही नहीं, धर्म तो केवल सनातन है। गीता का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने कहा - सर्वधर्मान् परित्यज्य, वहां धर्म का मतलब कर्तव्य-कर्म है। जीवन में सबके प्रति अलग-अलग कर्तव्य है। अपना कर्तव्य पूरा करने के बाद भगवान की भक्ति में लग जाना चाहिए। सात पीढ़ी के कमाने की चिंता मत करिए।
2. कुंडा में बागेश्वर धाम की कथा पर बोले - कथा हुई, पर अधूरी रही* प्रतापगढ़ कुंडा में हुई बागेश्वर धाम की कथा पर पूछे गए सवाल पर परमहंसाचार्य जी ने कहा कि रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने जो कार्यक्रम कराया, वो बड़ा ऐतिहासिक रहा, बहुत भीड़ हुई और बड़ा अच्छा संदेश गया। लेकिन उन्होंने कहा कि अगर परिवार में विघटन हो, तो वो कार्यक्रम पूर्ण रूप से सफल नहीं माना जाता। जब कथा की चर्चा शुरू हुई, तो एक पॉजिटिव संदेश आया कि उनकी धर्मपत्नी भानवी सिंह जी ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा था कि मुझे आशा है कि हमारे हुजूर रघुराज प्रताप सिंह जी मुझे भी बुलाएंगे, लेकिन राजा भैया ने बुलाया नहीं। परमहंसाचार्य जी ने कहा कि जब धर्मपत्नी इतने सम्मानजनक भाव से स्मरण कर रही हैं, तो आपको भी चाहिए था कि आप स्वयं हेलीकॉप्टर लेकर जाते, धर्मपत्नी और दोनों बेटियों को हेलीकॉप्टर जैसा सम्मान देकर ले आते, तब माना जाता कि उनकी कथा पूर्ण हुई। अभी उनकी कथा हुई है, लेकिन अधूरी है। उन्होंने कहा कि वो कथा तो हो गई है, लेकिन अब एक ऐसा हवन हो, जिसमें उनकी धर्मपत्नी उनके साथ हों और उसी से जो खटास है, जो पारिवारिक मतभेद है, वो खत्म हो जाए। ये मत सोचिए कि कोर्ट से ही समाधान होगा, भगवान से बड़ा कौन सा कोर्ट है। जब राम दरबार लग गया, तो राम दरबार का ये आदेश था रघुराज प्रताप सिंह जी को। उन्होंने कहा कि राजा भैया से मेरा यही निवेदन है कि आप अपनी पत्नी को ससम्मान ले आइए और पारिवारिक दूरी दूर करिए। कई परिवारों को जोड़ने वाले का परिवार क्यों अलग रहे, इसीलिए संतों का काम परिवार को जोड़ना है।
3. मुख्यमंत्री योगी जी की माताजी के निधन पर जताया शोक* उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीय योगी जी की माताजी के निधन पर परमहंसाचार्य जी ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिता से दस गुना माता का स्थान बड़ा होता है। व्यक्ति चाहे साधु बन जाए, संन्यासी बन जाए, चाहे डीएम, सीएम, पीएम, राष्ट्रपति कुछ भी बन जाए, माँ से कभी ऋणमुक्त नहीं हो सकता। एक सच्चे पुत्र का कर्तव्य है कि तन, मन, धन से माँ की सेवा करे और सेवा करने के बाद भी माँ के प्रति कृतज्ञ भाव रखे कि मैं माँ का ऋणी हूँ।
मनोज शुक्ला की सेवा भावना की की सराहना-
परमहंसाचार्य जी ने मनोज शुक्ला की सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति निस्वार्थ भाव से दूसरों की सेवा करता है, वहीं सच्चा पुण्य अर्जित करता है। पूरा कार्यक्रम भक्ति, प्रेम और भाईचारे की मिसाल बन गया !!

सनातन ही एकमात्र धर्म, कुंडा कथा पर भी बोले बड़ी बात।
श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर,आरती उतारकर और चरण स्पर्श कर उनका भव्य स्वागत किया।


सुल्तानपुर,पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जनहित में 9 निरीक्षक / उप निरीक्षक / महिला उप निरीक्षक के तबादले का आदेश जारी किया है। सभी को तत्काल रवाना होकर अपने नए तैनाती स्थल पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश 21 नवंबर 2026 को जारी हुआ है।
किसको कहां मिली तैनाती -
कोतवाली देहात और धम्मौर के प्रभारी आपस में बदले गए हैं। धर्मवीर सिंह धम्मौर जाएंगे और कमलाकान्त त्रिपाठी कोतवाली देहात संभालेंगे। -
सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में बदसलूकी की शिकायत पर दो छात्र अगले आदेश तक निलंबित,जांच जारी* राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में प्रथम वर्ष के छात्र से कथित गाली-गलौज और बदसलूकी के मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए द्वितीय वर्ष के दो छात्रों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एंटी रैगिंग कमेटी की संस्तुति के बाद की गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार,एमबीबीएस प्रथम वर्ष (बैच–2025) के छात्र शुभम वर्मा ने 2 नवंबर को लिखित शिकायत दी थी,जिसमें 1 नवंबर की शाम लिफ्ट के पास एक वरिष्ठ छात्र द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत में मौके पर मौजूद एक अन्य छात्र की भूमिका का भी उल्लेख किया गया था।
2 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रथम पक्ष के रूप में शुभम वर्मा तथा द्वितीय पक्ष के रूप में द्वितीय वर्ष (बैच–2025) के छात्र आशीष मल्होत्रा और अजय उपस्थित हुए।
मेडिकल कालेज प्रिंसिपल ने बताया कि 2 नवंबर की दोपहर को हमारे प्रथम वर्ष के छात्र शुभम वर्मा ने अपने पिताजी के साथ हमारे पास एक शिकायती पत्र दिया। जिसमें उन्होंने लिखा था कि उनके सीनियर एक छात्र के द्वारा उनके साथ पुलिसिंग की गई एवं अभद्र व्यवहार किया गया। इसके संबंध में उन्होंने उनके खिलाफ इमीडिएट एक्शन के लिए रिक्वेस्ट की थी।
किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ आयोजित।
जिलाधिकारी द्वारा किसानों से पराली न जलाने कि ,की गई अपील।
बैठक के दौरान किसानों ने मुख्य रूप से धान खरीद, खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान खरीद केंद्रों पर नमी के मानक, राजस्व एवं विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी प्रकार की उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद वितरण में आ रही समस्याओं के संबंध में किसानों द्वारा बताए गए केंद्रों की जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। उक्त टीम संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जांच करेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
धान खरीद के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद में नमी के मानकों को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। साथ ही, धान खरीद केंद्रों की संख्या में वृद्धि के लिए तीन अतिरिक्त केंद्रों का प्रस्ताव भी संबंधित स्तर पर संस्तुति सहित भेजा गया है, ताकि किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिल सके।
क्रय केन्द्रों पर लोड की समस्या को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुये उसे कल तक ठीक करायें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी अथवा समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों द्वारा उठाए गए राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के प्रकरणों को भी संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि धारा-24 के प्रकरणों की माह में एक बार मॉनिटरिंग अवश्य की जाये।
चेयर मैन चीनी मिल द्वारा चीनी मील पर तौल आदि की समस्या के संबंध में मुद्दा उठाया तो जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि चीनी मिल के अधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण का समस्या का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होनें निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी किसानों की शिकायतों को संवेदनशीलता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं से अपील की कि वे अपने खेतों पराली न जलाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
खाद की कमी नहीं, वितरण में गड़बड़ी की जांच के लिए 5 सदस्यीय टीम गठित, तीन नए क्रय केंद्रों का प्रस्ताव मंडल को भेजा*
सुल्तानपुर,विकास भवन प्रेरणा सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने धान खरीद और खाद वितरण को लेकर जमकर अपनी बात रखी। अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने किसानों की एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
धान खरीद में नमी के नाम पर टालमटोल।
इस पर जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सुल्तानपुर में इस तरह की मनमानी बिल्कुल नहीं चलने दी जाएगी। इंद्रजीत सिंह, जिलाधिकारी सुल्तानपुर ने कहा कि "देखिए, कोई भी ऐसी चीज यहां सुल्तानपुर में नहीं होने देंगे। अगर कोई समिति ऐसा करेगी तो उसके खिलाफ क्रिमिनल प्रोसीडिंग शुरू कर देंगे। अभी भी मैंने निर्देश दिया है कि अगर ऐसी कोई शिकायत सत्य पाई जाती है तो तुरंत प्रोसीडिंग करेंगे।"
खाद को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वितरण में जहां-जहां गड़बड़ी बताई गई है, वहां जांच के लिए 5 लोगों की टीम बनाई गई है जो कल तक मौके पर जाकर चेकिंग करेगी।
बैठक में धारा 24, बिजली विभाग,तहसील स्तर के लंबित मामलों को भी उठाया गया। डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं को टॉप प्रायोरिटी पर हल किया जाए।
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर चौराहा स्थित 19 नवंबर की रात साहित्य, कविता और शायरी का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया है। रात आठ बजे से शुरू होने वाले इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, वीर रस, प्रेम, इंसानियत और सामाजिक सरोकारों से रूबरू कराएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की देखरेख में आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जयप्रकाश पाठक व अन्य पदाधिकारी गण जुटे हुए हैं। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस पार्टी के नेता विधान मंडल दल व फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इस कवि सम्मेलन एवं मुशायरे की खास बात यह होगी कि यहां कविता और शायरी के जरिए हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की जाएगी। अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले रचनाकार एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी रचनाओं में मोहब्बत, इंसानियत, सामाजिक समरसता और देश की साझा विरासत की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन इस संदेश को भी मजबूत करेगा कि साहित्य और संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करते हैं, न कि बांटने का।आयोजन में अयोध्या के पंडित जमुना उपाध्याय, कोटा राजस्थान के कुंवर जावेद, बाराबंकी के रामकिशोर तिवारी, मध्यप्रदेश रीवा के अमित शुक्ला, लखनऊ के प्रमोद द्विवेदी, हैदराबाद के शिव किशोर तिवारी 'खंजन', जिले के निवासी और बॉलीवुड गीतकार रितेश रजवाड़ा, प्रयागराज के बिहारी लाल अंबर, प्रतापगढ़ की मीरा तिवारी, अयोध्या की अर्चना द्विवेदी तथा सुल्तानपुर के अशोक पांडेय 'अनहद' सहित कई चर्चित कवि एवं शायर अपनी रचनाओं से महफिल को रोशन करेंगे।
*फर्जी नियुक्ति एवं जमीन हड़पने का लगाया गंभीर आरोप*
सुल्तानपुर,सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा की,फिर रिटायरमेंट के बाद अपनी जिंदगी भर की कमाई लगाकर शिक्षा का मंदिर खड़ा किया। मकसद सिर्फ इतना था कि इलाके के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। लेकिन आज उसी कॉलेज की जमीन और प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पिता-पुत्र के निधन के बाद कॉलेज में कथित बंदरबांट,फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी और बेशकीमती जमीनों को अपने नाम कराने के आरोप लगे हैं।सुल्तानपुर देखिए हमारी खास रिपोर्ट.....
सुल्तानपुर के बल्दीराय क्षेत्र के बल्लीपुर में शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से सेना से सेवानिवृत्त परमेश्वरी प्रसाद तिवारी ने करीब 6 दशक पहले अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर जनता इंटर कॉलेज की नींव रखी थी। उनका मकसद था कि क्षेत्र के गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को गांव के आसपास ही बेहतर शिक्षा मिल सके। पिता के निधन के बाद उनके बेटे और सेना से सेवानिवृत्त जगदीश प्रसाद तिवारी ने भी अपनी पूरी कमाई विद्यालय के विकास में लगा दी। बाद में कॉलेज का नाम बदल कर परमेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज कर दिया गया और जगदीश प्रसाद तिवारी ने प्रबंधक के रूप में इसकी जिम्मेदारी संभाली।
परमेश्वरी प्रसाद तिवारी और उनके पुत्र जगदीश प्रसाद तिवारी के निधन के बाद जिस शिक्षण संस्थान को पिता-पुत्र ने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई से खड़ा किया था कालेज,उसी संस्थान में अब कथित भ्रष्टाचार,वित्तीय अनियमितताओं और संपत्तियों की बंदरबांट के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
आरोप है कि जगदीश प्रसाद तिवारी के बाद कॉलेज के प्रबंधक बने अमरनाथ तिवारी ने कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लेकर अपने सगे पौत्र अविनाश तिवारी को कॉलेज में लिपिक के पद पर नौकरी दिला दी। इसके लिए कॉलेज के उप प्रबंधक रामयज्ञ तिवारी को प्रबंधक दर्शाया गया। इस मामले की जानकारी जब जगदीश प्रसाद तिवारी की पुत्री पुष्पा शुक्ला को हुई तो उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर अविनाश तिवारी की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए।
पुष्पा शुक्ला की पुत्री डॉ. बबीता शुक्ला का दावा है कि जिन रामयज्ञ तिवारी को दस्तावेजों में प्रबंधक दिखाकर नियुक्ति कराई गई, वे कभी कॉलेज के प्रबंधक रहे ही नहीं। इस संबंध में रामयज्ञ तिवारी की ओर से चिट फंड कार्यालय में शपथ पत्र भी दिए जाने की बात कही जा रही है। मामला सिर्फ नियुक्ति तक ही सीमित नहीं है। आरोप है कि अमरनाथ तिवारी ने कॉलेज की संस्था की बेशकीमती जमीनों को भी कथित फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपने परिवार के नाम करा लिया और फिर धीरे-धीरे उनकी बिक्री शुरू कर दी। बल्दीराय तहसील के बल्लीपुर कस्बे में कॉलेज की जमीन पर बैंक ऑफ बड़ौदा, सीओ कार्यालय सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स के निर्माण का मामला भी सामने आया है। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य जारी होने की बात कही जा रही है। इन संपत्तियों को लेकर डॉ. बबीता शुक्ला ने अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन काफी समय से शिकायत होने के बाद भी कार्यवाही न होने से वे योगी सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़ा कर रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस शिक्षण संस्थान की स्थापना बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए हुई थी, उसकी संपत्तियों और प्रबंधन को लेकर आखिर इस तरह के विवाद कैसे खड़े हो गए? क्या कॉलेज में हुई नियुक्ति और जमीनों के हस्तांतरण की निष्पक्ष जांच होगी? क्या दस्तावेजों की जांच के बाद कथित फर्जीवाड़े की सच्चाई सामने आएगी? या फिर यह सच्चाई फर्जीवाड़े के सामने अपना क्या दम तोड़ देगी?
फिलहाल बबीता शुक्ला की शिकायत के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक सुल्तानपुर एस.पी.सिंह ने कहा कि परमेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज में लिपिक की फर्जी नियुक्ति की शिकायत हमारे यहाँ प्राप्त हुई है। शिकायत ये है कि उनकी नियुक्ति फर्जी है। वास्तविकता ये है कि उनकी नियुक्ति 2008 में प्रबंध समिति द्वारा की गई थी। वेतन भुगतान की अनुमति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से दी गई थी। बाद में मामला माननीय उच्च न्यायालय में गया था, वहां से उनको स्टे प्राप्त हुआ था,जिसके कारण उनको वेतन भुगतान प्राप्त हो रहा है। अभी फिलहाल हमने जो जांच कराई है, वह केवल इस बात की जांच हो रही है कि वहां पर नियुक्ति की प्रक्रिया सही थी या नहीं, उसकी जांच की जा रही है। और जैसे ही जांच होगी पूर्ण,उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सुलतानपुर,अभिनय कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नाट्यकला के विभिन्न आयामों से भी जुड़ना चाहिए। यह बातें प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत ने कहीं।
वह राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुलतानपुर के बी एड विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।संगोष्ठी की विशिष्ट वक्ता जबलपुर की कवयित्री आकांक्षा सिंह ने बताया कि सुलतानपुर में पहली बार सुलतानपुर महोत्सव के आयोजन की योजना बनाई गई है।
तीन दिवसीय यह महोत्सव 18, 19 एवं 20 दिसंबर को क्षत्रिय सभागार परिसर में आयोजित होगा। महोत्सव में सुलतानपुर के विद्यार्थियों द्वारा नाटक का मंचन किया जाएगा। नाट्यकला में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. इंद्रमणि कुमार ने भारतीय रंगमंच की शुरुआत एवं विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी में आधुनिक और रोचक नाटकों की शुरुआत का श्रेय भारतेंदु हरिश्चंद्र को जाता है।
सुल्तानपुर,प्रजापति समाज के प्रदेश महामंत्री, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के समर्पित नेता वीरेंद्र भार्गव को भाजपा ओबीसी मोर्चा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त किए जाने पर समर्थकों, शुभचिंतकों एवं प्रजापति समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
वीरेंद्र भार्गव लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों में विभिन्न दायित्वों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। समाज के लोगों को एकजुट करने, सामाजिक उत्थान तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनका निरंतर प्रयास रहा है।
उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता एवं कार्यक्षमता का सम्मान माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रजापति समाज के लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व और अनुभव से काशी क्षेत्र में ओबीसी मोर्चा को और अधिक मजबूती मिलेगी।
2 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.0k