सरयू-कमला एक्सप्रेस से रोटी-बेटी के रिश्ते को नई ऊर्जा: मुख्यमंत्री

- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, अयोध्या धाम स्टेशन से समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री बोले - मां सरयू और कमला का मिलन विरासत व विकास का बेहतरीन संगम

- पड़ोसी प्रथम नीति से नेपाल सीमा पर बिछ रहा रेल और हाईवे का जाल: मुख्यमंत्री योगी

- मुख्यमंत्री ने कहा- 127 साल बाद लौटे पिपरहवा अवशेष, नेपाल से अटूट आस्था

- 19 घंटे में 604 किमी तय करेगी साप्ताहिक ट्रेन, भारत-नेपाल के बीच आवागमन होगा सुगम

अयोध्या, 23 नवंबर। अयोध्या धाम एवं जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। मां सरयू की पावन धारा से अभिसिंचित अयोध्या धाम और मां कमला के पवित्र जल से सिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरासत और विकास के अद्भुत संगम का जीवंत उदाहरण है। इसके शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे रामलला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।

- हजारों वर्षों पुराना है रोटी-बेटी का रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का हजारों वर्षों पुराना संबंध आस्था, आत्मीयता, साझी नदियों व परिवारों से जुड़ा है, जिसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहते हैं। महर्षि विश्वामित्र संग राम-लक्ष्मण के मिथिला जाने और दशरथ द्वारा बारात ले जाने की कथा आज भी विवाह पंचमी पर जीवंत होती है। अयोध्यावासी जनकपुर को ससुराल और मिथिलावासी श्रीराम को पाहुन मानते हैं।

- काशी से पशुपतिनाथ तक आध्यात्मिक सेतु

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम दोनों देशों को आध्यात्मिक सेतु से जोड़ते हैं। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से आई खिचड़ी चढ़ती है और बासंतिक नवरात्रि पर नेपाल से यात्रा देवीपाटन आती है। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और साधना स्थल पिपरहवा (कपिलवस्तु), श्रावस्ती, सारनाथ व कुशीनगर साझा विरासत हैं। जुलाई 2025 में 127 वर्ष बाद हांगकांग से भारत लौटे बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का उद्गम स्थल सिद्धार्थनगर सीमा के निकट है।

- प्रधानमंत्री जी के 'HIT' फॉर्मूले से बदली सीमावर्ती कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की करनाली, गंडकी, राप्ती व महाकाली नदियां यूपी में सरयू, गंडक, राप्ती व शारदा बनकर बहती हैं। दोनों देशों की खुली सीमा विश्वास का अनोखा उदाहरण है। पड़ोसी प्रथम नीति के तहत यूपी के सात जनपद पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज नेपाल से लगभग 600 किलोमीटर सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'HIT' फॉर्मूले यानी हाईवेज, आईवेज व ट्रांसवेज पर तेजी से काम हो रहा है। 2018 में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू हुई और अब रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जिसके आसपास इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित हो रहा है।

- हाईवे, एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाराबंकी-बहराइच फोर लेन हाईवे बनने से रुपईडीहा-नेपालगंज का यात्रा समय आधा रह जाएगा। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉड गेज व विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर टर्मिनल व वेयरहाउस बन रहे हैं, जबकि पिछले सप्ताह 1,450 करोड़ रुपये से निर्मित 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण हुआ। पिपरी नेपाल बॉर्डर से सिद्धार्थनगर व बस्ती होकर प्रयागराज तक फोर लेन कॉरिडोर पर कार्य जारी है। वहीं 750 किलोमीटर लंबा छह लेन गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होकर जनकपुर जाने वाला श्री राम जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है।

- पुनौरा धाम व 10 स्टेशनों पर ठहराव से बढ़ेगा पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में आज महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट को नई ऊंचाई देगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में भव्य मां जानकी मंदिर व आध्यात्मिक नगरी बन रही है। यूपी, बिहार और नेपाल के 10 स्टेशनों पर ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल, शिल्प और परिवहन में हजारों रोजगार सृजित होंगे। यह ट्रेन जनकपुर में मिथिला पेंटिंग बनाने वाली बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उत्तर प्रदेश रामायण और बौद्ध दोनों सर्किट का केंद्र है।

- अयोध्या जनकपुर के बीच ऐतिहासिक रेल सेवा: वेद प्रकाश गुप्ता

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या से जनकपुर के बीच इस ऐतिहासिक रेल सेवा से त्रेता युग से जुड़े दोनों देशों के सांस्कृतिक व धार्मिक रिश्ते नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में रेल, सड़क व हवाई कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। 

- भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मिलेगी नई मजबूती: राजेश कुमार पांडेय

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि रामायण की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित होना गौरवपूर्ण क्षण है। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देगी।

- सरयू-कमला एक्सप्रेस की समय-सारिणी

यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के मध्य 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। यह प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी और वापसी में प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी।

- कार्यक्रम में रहे मौजूद

समारोह में कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, एमएलसी हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित रेलवे, प्रशासन व पुलिस के अधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

लखनऊ में मनाया गया पुलिस झंडा दिवस, डीजीपी राजीव कृष्ण ने लगाया पुलिस कलर

- सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को दी बधाई, बोले- पुलिस ध्वज कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और जनसेवा का प्रतीक

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। राजधानी लखनऊ में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस कलर लगाकर दिवस समारोह की शुरुआत की। पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल की कर्तव्यपरायणता, अनुशासन, साहस, त्याग और जनसेवा की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस कर्तव्यपरायणता, अदम्य साहस और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। यह दिन पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, त्याग और बलिदान के संकल्प को स्मरण कराने वाला अवसर है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस ध्वज को कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का गौरवशाली प्रतीक बताते हुए प्रदेश के सभी कर्मठ एवं अनुशासित पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बधाई दी।

- प्रदेशभर की पुलिस लाइनों में हुए आयोजन

पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर प्रदेश की विभिन्न पुलिस लाइनों और इकाइयों में ध्वजारोहण, पुलिस ध्वज को सलामी देने और संदेश वाचन सहित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के जरिए पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, जनसेवा और पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया गया। यहां बताते चलें कि हर वर्ष 23 नवंबर को झंडा दिवस मनाया जाता है।

बेटा, पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, क्रिकेट में भी एडमिशन करवा देंगे’, सीएम योगी ने आठवीं के छात्र को दिया भरोसा

- गोंडा से जनता दर्शन में पहुंचे प्रिंस साहू की मुख्यमंत्री ने 4-5 मिनट तक की काउंसलिंग, पढ़ाई के साथ खेल पर ध्यान देने की दी सलाह

लखनऊ, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन में एक बच्चे के लिए अभिभावक की भूमिका में नजर आए। गोंडा से कक्षा आठ के छात्र प्रिंस साहू ने क्रिकेट खेलने के जुनून को पूरा करने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री ने उसकी बात ध्यान से सुनी और करीब चार-पांच मिनट तक काउंसलिंग की। सीएम योगी ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी क्रिकेट प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद और कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने छात्र को प्रोत्साहित करते हुए कहा, ‘बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।’ साथ ही उन्होंने खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने और अच्छे अंकों से इस सत्र में उत्तीर्ण होने की सलाह दी।

- क्रिकेट का जुनून, आर्थिक तंगी बनी बाधा

गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा आठ का छात्र है। उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम रोशन करना चाहता है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते क्रिकेट की फीस भरने और जरूरी किट खरीदने में मुश्किल हो रही है। इसी उम्मीद के साथ प्रिंस सोमवार को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचा। उसकी समस्या सुनने के बाद सीएम योगी ने समझाया कि अभी वह कक्षा आठ में है, इसलिए खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी है। उन्होंने मन लगाकर पढ़ने और अच्छे अंकों से परीक्षा पास करने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इसके बाद क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी।

- हर फरियादी तक पहुंचे सीएम, अधिकारियों को समाधान के निर्देश

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी फरियादियों तक पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लेकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ किया जाए। शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और संतुष्टिपरक होना चाहिए।

- आर्थिक तंगी में नहीं रुकेगा किसी का इलाज

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा, बिजली समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अयोध्या से जनकपुर तक सीधी रेल सेवा, अवध-मिथिला के संबंधों में जुड़ेगा स्वर्णिम अध्याय: योगी

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेल सेवा के शुभारंभ से पहले रामभक्तों को दी बधाई, बोले- भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्ते आधुनिक रेल संपर्क से होंगे और मजबूत

लखनऊ, 23 नवंबर। अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस ऐतिहासिक पहल को अवध और मिथिला के सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत करने वाला कदम बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि अवध और मिथिला के आत्मीय संबंधों में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस ऐतिहासिक रेल सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम तथा माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने का अवसर उन्हें प्राप्त हो रहा है।

- भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच युगों से कायम आत्मीय और सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ होंगे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' के संकल्प का जीवंत प्रमाण बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा अधिक सुगम होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, सांस्कृतिक एकात्मता मजबूत होगी और सीमावर्ती क्षेत्रों सहित दोनों देशों की क्षेत्रीय समृद्धि को नई गति मिलेगी।

- धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या और जनकपुर रामायण परंपरा से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक केंद्र हैं। दोनों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधा मिलेगी और रामायण से जुड़े धार्मिक पर्यटन को विस्तार मिलने की उम्मीद है। यह सेवा भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध को मिथिला से जोड़ने वाले इस ऐतिहासिक उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई दी।


यूपी में 30 नवंबर तक चलेगा विशेष रोजगार सप्ताह, गांवों में काम दिलाने पर जोर

- केशव मौर्य ने अधिकारियों को दिए रोजगार लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश, जल संरक्षण और टिकाऊ विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण श्रमिकों को गांवों में ही रोजगार उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को गति देने के लिए 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को अभियान के दौरान निर्धारित मानव दिवस सृजन लक्ष्यों को पूरा करने और पात्र श्रमिकों को मांग के अनुरूप काम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रोजगार सप्ताह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और जनपदवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है।

इस अभियान को लेकर ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू की अध्यक्षता में वीबी-जी राम जी स्टेट सेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक भी हुई। बैठक में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उपायुक्त श्रम-रोजगार और विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को अधिकाधिक मानव दिवस सृजित करने, समय पर ई-मस्टर रोल जारी करने और श्रमिकों को तत्काल काम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

- तालाब खुदाई, खेल मैदान और अन्नपूर्णा भवन जैसे कार्यों पर जोर

शासन की ओर से कृषि कार्यों में बुवाई और कटाई की व्यस्तता को देखते हुए 1 से 20 नवंबर तक योजना के कार्यों की निलंबन अवधि निर्धारित की गई थी। इस दौरान आगामी कार्यों के चयन, कार्ययोजना तैयार करने और अभियान की तैयारियां पूरी की गईं। अब 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह के तहत अनुमन्य 375 कार्यों में से स्थानीय जरूरतों और रोजगार क्षमता के आधार पर कार्यों का चयन किया जाएगा।

इस दौरान तालाबों की खुदाई, खेल मैदानों का निर्माण, अन्नपूर्णा भवन, जल संरक्षण और अन्य जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण और आजीविका संवर्द्धन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

- जल संरक्षण और आजीविका मिशन के कार्यों को प्राथमिकता

जल संरक्षण को अभियान का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इसके तहत अति-शोषित, गंभीर, अर्ध-गंभीर और सुरक्षित श्रेणी के विकासखंडों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का चयन और क्रियान्वयन कराया जाएगा। आजीविका मिशन के तहत योजना में अनुमन्य कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार के साथ आजीविका के स्थायी अवसर मिल सकें।

- ड्रोन से होगी निगरानी, औचक निरीक्षण करेंगे सीडीओ

अभियान के तहत कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चयनित कार्यों की शुरुआत से पहले फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य होगा। कार्यस्थलों पर ड्रोन के जरिए भी रिकॉर्डिंग कराई जाएगी, ताकि कार्य शुरू होने और पूरा होने के बाद की स्थिति का तुलनात्मक आकलन किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारियों को अपने जिलों में नियमित औचक निरीक्षण और अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर ग्राम पंचायतों का निरीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि पात्र श्रमिकों को नियमानुसार रोजगार मिले और अभियान के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो।

बैठक में आयुक्त ग्राम्य विकास प्रमोद कुमार उपाध्याय, अपर आयुक्त नेहा बंधु, विशेष सचिव मनोज सिंह तथा संयुक्त आयुक्त नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जनमेजय शुक्ला और दिग्विजय नाथ पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लैपटॉप वितरण के नाम पर अखिलेश ने भरी थी अपनी तिजोरीः दिनेश प्रताप सिंह

- 4 लाख पात्र छात्रों को नहीं बांटे थे लैपटॉप, अखिलेश बताएं कहां गया उसका पैसा? , दिनेश प्रताप ने सपा को घेरा

- सपा सरकार में शिक्षा बजट 28 हजार करोड़ था, योगी सरकार में 1.13 लाख करोड़ रुपये पहुंचा: भाजपा प्रवक्ता

- मुलायम के हर करीबी को अखिलेश यादव ने किया अपमानित: भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी

- कंपोजिट विद्यालयों का दौरा करें अखिलेश, शिक्षा व्यवस्था में हुआ बदलाव नजर आ जाएगा: भाजपा प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव

लखनऊ, 22 नवंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अपने लैपटॉप वितरण कार्यक्रम को मिसाल के तौर पर पेश करते हैं। लेकिन सच्चाई ये है कि इस योजना के नाम पर अखिलेश ने अपनी तिजोरी भरी थी। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि सपा सरकार में भर्तियों और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार होता था। वहीं, प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव को कंपोजिट विद्यालयों का दौरा करना चाहिए, जिससे वो शिक्षा व्यवस्था में हुए सुधार को महसूस कर सकें।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अगर सपा मुलायम सिंह यादव के विचारों पर चलती तो उसकी स्थिति इतनी बेहाल न होती। लेकिन ये वही अखिलेश यादव हैं जिन्होंने अपने पिता का माइक छीनकर धक्का दिया था। अपने चाचा से अध्यक्ष पद की कुर्सी छीन ली थी। 

उन्होंने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट बताती है कि अखिलेश सरकार में चार लाख से अधिक पात्र छात्रों को लैपटॉप नहीं बांटे गए थे। अखिलेश को बताना चाहिए कि उसके लिए आवंटित धन का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि योगी सरकार अब तक पारदर्शी तरीके से 60 लाख छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित कर चुकी है। 

- 'मुलायम ने कांग्रेस का विरोध किया अखिलेश ने उसी से किया गठबंधन'

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा कांग्रेस का विरोध किया। लेकिन आज अखिलेश यादव उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने मुलायम सिंह यादव के हर करीबी को अपमानित किया। अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश के शासन में किताबें सरकारी गोदामों में सड़ती रहती थीं। आज योगी सरकार में स्कूलों का कायाकल्प हुआ है।

- 'कंपोजिट विद्यालयों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था देखें अखिलेश'

नवीन श्रीवास्तव ने अखिलेश यादव को प्रदेश में संचालित कंपोजिट विद्यालयों का दौरा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में विकसित किए गए क्लासरूम, खेल के मैदान, प्रयोगशालाएं और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं देखने के बाद अखिलेश को खुद अंदाजा हो जाएगा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा का स्तर क्या था और आज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में कितना बदलाव आया है।

‘लैपटॉप घोटाला करने वाले बताएं, इस बार कौन सा घोटाला करेंगे?’ ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

- ‘अखिलेश यादव रोज रास्ता भटकते हैं, वो कैसे रूठे हुए लोगों को मनाएंगे’, राजभर ने सपा प्रमुख पर कसा तंज

- मुलायम सिंह के दिखाए गए रास्ते पर चलते तो अखिलेश की इतनी दुर्गति न होती: राजभर

लखनऊ, 22 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश द्वारा मुलायम सिंह यादव के दिखाए गए रास्ते पर चलने वाले बयान पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख किसी के दिखाए रास्ते पर नहीं चलेंगे। यदि वो एक रास्ते पर चलते तो उनका कल्याण भी होता। 

- ‘अखिलेश की कथनी-करनी में अंतर’

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जब 5 साल सत्ता में थे तो लैपटॉप घोटाला कर अपनी तिजोरी भरी। अब सपा प्रमुख फिर से सत्ता में आने की बात कह रहे हैं तो उन्हें यह खुलासा करना चाहिए कि इस बार कौन सा घोटाला करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश ने लाखों पात्र लोगों को लैपटॉप नहीं बांटे। वो सिर्फ झूठ बोलना जानते हैं। सपा प्रमुख की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।

- ‘अखिलेश यादव हर रोज रास्ता भटकते हैं’

राजभर ने अखिलेश यादव के रूठों को मनाने वाले दावे को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश कभी किसी को नहीं मना सकते। अपने अहंकार में चूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रोज रास्ता भटकते हैं, वो कैसे रूठे हुए लोगों को मनाएंगे। सपा प्रमुख को उन लोगों का नाम बताना चाहिए जो उनसे नाराज हैं।

आपदा से पहले तैयारी ही जन-धन की हानि रोकने का सबसे बड़ा माध्यम: सीएम योगी

- रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री ने कहा- आपदा की हर चुनौती से निपटने के लिए हर जिले में नियमित हों मॉक ड्रिल

- प्रदेश के सभी 75 जनपदों में पहुंचे एयर सायरन, 60 जिलों में जिलाधिकारी बने नागरिक सुरक्षा के नियंत्रक

- ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी जनपदों में सिविल डिफेंस का विस्तार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी घटना और युद्ध जैसी हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- गोरखा राइफल्स ने 73 स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को किया प्रशिक्षित, प्रदेश में हुए 258 मॉक ड्रिल: धर्मवीर प्रजापति

लखनऊ, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का अर्थ किसी भी नागरिक को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ना है। आपदा, दुर्घटना या राष्ट्रीय विपत्ति कभी तिथि देखकर या बताकर नहीं आती, इसलिए जब संकट आए तब कुआं खोदने के बजाय पहले ही हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित एयर रेड व ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1962 के भारत चीन युद्ध के बाद गठित नागरिक सुरक्षा संगठन 2017 तक उत्तर प्रदेश के केवल कुछ गिने चुने जनपदों तक सीमित था। गत वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विस्तार देने का निर्णय लिया गया। आज सभी 75 जनपदों में सिविल डिफेंस का गठन हो चुका है, 60 जनपदों में जिलाधिकारी इसके नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं और किसी भी युद्ध, प्राकृतिक आपदा या आंतरिक संकट से निपटने के लिए प्रदेश के हर जनपद में एयर सायरन पहुंच चुके हैं। आज प्रदेश में 1,01,362 स्वयंसेवक सुरक्षा की एक अतिरिक्त दीवार और समाज की सामूहिक शक्ति बनकर खड़े हैं।

- सायरन, ब्लैकआउट और अग्निकांड से बचाव का हुआ जीवंत प्रदर्शन

मॉक एक्सरसाइज के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस के जवानों ने हवाई हमले और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया। अभ्यास में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी देने तथा रेडियो, लाउडस्पीकर, मोबाइल व अन्य संचार माध्यमों से अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया दिखाई गई। ब्लैकआउट की स्थिति में बिजली व रोशनी बंद कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों व आश्रय स्थलों तक पहुंचाने का अभ्यास हुआ। इसके अलावा आग लगने पर अग्निशमन यंत्रों व फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने तथा गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार व डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रमुख सचिव ने राज्य मंत्री का भी अभिनंदन किया।

- निष्काम भाव से कार्य करने वाला जागरूक नागरिक ही सच्चा फर्स्ट रिस्पॉन्डर

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की स्थिति में हम किंकर्तव्यविमूढ़ नहीं रह सकते। सिविल डिफेंस की कार्यपद्धति के पीछे निष्काम भाव से समर्पण की भावना होती है। जब कोई व्यक्ति समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व समझकर निष्काम भाव से कार्य करता है, तो वह प्राकृतिक या मानवीय आपदा में एक जागरूक नागरिक व फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाता है। फर्स्ट रिस्पॉन्डर वही हो सकता है जो स्वयं की परवाह किए बिना साहस, अनुशासन और उचित प्रशिक्षण से युक्त हो। उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूल कॉलेजों के छात्र छात्राओं, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने हमारे मास्टर ट्रेनरों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया है ताकि किसी भी घटना में नुकसान की संभावना को शून्य तक पहुंचाया जा सके।

- हर जनपद में बाढ़, भूकंप, आतंकी घटना और युद्ध की स्थितियों के लिए हों मॉक ड्रिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का मॉक ड्रिल हमारी तैयारियों की परीक्षा है, जिससे पता चलता है कि व्यवस्था कितनी तत्पर है और कहां सुधार की आवश्यकता है। आपदा के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया अनेक नागरिकों के जीवन की रक्षा कर सकती है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में आए आमूलचूल परिवर्तन से आम नागरिक का विश्वास मजबूत हुआ है। इसे और सशक्त करने के लिए लखनऊ की तरह प्रदेश के हर जनपद में बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी घटना और युद्ध के संकट जैसी अलग अलग परिस्थितियों के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने चाहिए, जिसमें सभी सुरक्षा बलों और नागरिक सुरक्षा के युवा स्वयंसेवकों का निरंतर प्रशिक्षण हो।

- गोरखा राइफल्स ने 73 स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को किया प्रशिक्षित: धर्मवीर प्रजापति

नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 1,08,627 नागरिक स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा की विभिन्न विधाओं और आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित किया गया है तथा नवसृजित जनपदों में प्रशिक्षण की कार्यवाही जारी है। गृह मंत्रालय की योजना के अंतर्गत केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में प्रदेश के 17 जनपदों के 33 तथा उत्तराखंड राज्य के दो समेत कुल 35 कर्मियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 15 जनपदों के 5,310 स्वयंसेवकों को क्षमता निर्माण के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया और भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों द्वारा लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक अमरीश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सहित सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व यूपी पुलिस के जवान, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

आज यूपी के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जांचने का मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए आज रविवार, 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मतदाता अपने बूथ पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने प्रदेशवासियों से विशेष अभियान दिवस में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जरूर जांच लें और जरूरी होने पर संबंधित आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट न जाए। विशेष अभियान दिवस का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और अद्यतन बनाना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

अखिलेश झूठ बोलकर बिगाड़ना चाहते हैं माहौल, जनता जानती है उनकी मंशा : कपिल देव अग्रवाल

- मंत्री कपिल देव बोले - जेन-जी मजबूती से बीजेपी के साथ, 27 में सपा होगी साफ
- कहा - सत्ता में रहते जनता की सुनी होती तो अखिलेश को ये दिन नहीं देखना पड़ता

लखनऊ, 21 नवंबर। यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते हुए जनता की बात सुनी होती तो आज उनकी पार्टी का ये हाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि सपा केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती है। जबकि बीजेपी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। झूठ बोलकर वो केवल माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन उन्हें पता नहीं है कि यूपी की जनता सपा की मंशा को अच्छे से जानती है। मंत्री ने कहा कि जेन-जी मजबूती के साथ बीजेपी से जुड़ा हुआ है।
- यूपी में तीसरी बार खिलेगा कमल
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राधे-राधे की महिला अनंत है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक राधे-राधे कहा जाता है। बड़ों को भी राधे और छोटों को भी राधे कहकर अभिवादन किया जाता है। उन्होंने कहा कि राधा रानी की कृपा से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार कमल खिलेगा।