यूपी में 30 नवंबर तक चलेगा विशेष रोजगार सप्ताह, गांवों में काम दिलाने पर जोर
- केशव मौर्य ने अधिकारियों को दिए रोजगार लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश, जल संरक्षण और टिकाऊ विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण श्रमिकों को गांवों में ही रोजगार उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को गति देने के लिए 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को अभियान के दौरान निर्धारित मानव दिवस सृजन लक्ष्यों को पूरा करने और पात्र श्रमिकों को मांग के अनुरूप काम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रोजगार सप्ताह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और जनपदवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है।
इस अभियान को लेकर ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू की अध्यक्षता में वीबी-जी राम जी स्टेट सेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक भी हुई। बैठक में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उपायुक्त श्रम-रोजगार और विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को अधिकाधिक मानव दिवस सृजित करने, समय पर ई-मस्टर रोल जारी करने और श्रमिकों को तत्काल काम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
- तालाब खुदाई, खेल मैदान और अन्नपूर्णा भवन जैसे कार्यों पर जोर
शासन की ओर से कृषि कार्यों में बुवाई और कटाई की व्यस्तता को देखते हुए 1 से 20 नवंबर तक योजना के कार्यों की निलंबन अवधि निर्धारित की गई थी। इस दौरान आगामी कार्यों के चयन, कार्ययोजना तैयार करने और अभियान की तैयारियां पूरी की गईं। अब 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह के तहत अनुमन्य 375 कार्यों में से स्थानीय जरूरतों और रोजगार क्षमता के आधार पर कार्यों का चयन किया जाएगा।
इस दौरान तालाबों की खुदाई, खेल मैदानों का निर्माण, अन्नपूर्णा भवन, जल संरक्षण और अन्य जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण और आजीविका संवर्द्धन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- जल संरक्षण और आजीविका मिशन के कार्यों को प्राथमिकता
जल संरक्षण को अभियान का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इसके तहत अति-शोषित, गंभीर, अर्ध-गंभीर और सुरक्षित श्रेणी के विकासखंडों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का चयन और क्रियान्वयन कराया जाएगा। आजीविका मिशन के तहत योजना में अनुमन्य कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार के साथ आजीविका के स्थायी अवसर मिल सकें।
- ड्रोन से होगी निगरानी, औचक निरीक्षण करेंगे सीडीओ
अभियान के तहत कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चयनित कार्यों की शुरुआत से पहले फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य होगा। कार्यस्थलों पर ड्रोन के जरिए भी रिकॉर्डिंग कराई जाएगी, ताकि कार्य शुरू होने और पूरा होने के बाद की स्थिति का तुलनात्मक आकलन किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारियों को अपने जिलों में नियमित औचक निरीक्षण और अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर ग्राम पंचायतों का निरीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि पात्र श्रमिकों को नियमानुसार रोजगार मिले और अभियान के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो।
बैठक में आयुक्त ग्राम्य विकास प्रमोद कुमार उपाध्याय, अपर आयुक्त नेहा बंधु, विशेष सचिव मनोज सिंह तथा संयुक्त आयुक्त नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जनमेजय शुक्ला और दिग्विजय नाथ पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।













5 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k