धरतीपुत्र' मुलायम सिंह यादव की जयंती पर नसोली डामर में श्रद्धांजलि सभा
सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने किसानों के बीच दी श्रद्धांजलि

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई देश के पूर्व रक्षा मंत्री,उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं 'पद्म विभूषण' स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर नसोली डामर के मजरा बिजपुरिया में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने ग्रामीणों और किसानों के बीच पहुंचकर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नेताजी ने हमेशा किसानों के हक की लड़ाई लड़ी: रामज्ञान गुप्ता

इस अवसर पर उपस्थित किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव सही मायनों में धरती से जुड़े हुए जननेता थे। उन्होंने आजीवन गांव, गरीब, मजदूर और किसानों के हक व सम्मान की बात की। राम ज्ञान गुप्ता ने कहा कि नेताजी की नीतियों और संघर्षों के कारण ही उन्हें 'धरतीपुत्र' की उपाधि मिली। आज के समय में उनके बताए मार्ग और समाजवादी सिद्धांतों पर चलकर ही किसान और आमजन का सच्चा कल्याण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, ग्रामीण और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मुख्य रूप से धर्मेंद्र यादव दीपू, रविंद्र सिंह चौहान,शुभम गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, दयाराम गुप्ता, मंजरुल शेख ‌, नागेश्वर सिंह सोमवंशी, गोविंद सिंह, सत्य कुमार सिंह, हेम सिंह, शिवकुमार सिंह, उमेश सिंह, घनश्याम कश्यप,संत कुमार सिंह, सतेंद्र सिंह, प्रताप, दिवाकर, ऋषि पाल कुशवाहा, मानसिंह कुशवाहा, तकदीर पाल कुशवाहा, सर्वेश श्रीवास्तव, अयोध्या कश्यप, रामावतार कश्यप, दिनेश कश्यप, श्रवण श्रीवास्तव, रमेश कश्यप, आदि लोग मौजूद रहे।
वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के सामूहिक विवाह के लिए 51 जोड़ों का चयन
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई शहर की प्राचीन सामाजिक संस्था वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा विगत 24 वर्षों से आयोजित किए जा रहे सामूहिक विवाह समारोह 'वर्णिका' के अंतर्गत रविवार को गांधी भवन मैदान में विवाह के इच्छुक जोड़ों का साक्षात्कार किया गया। साक्षात्कार के दौरान वर-वधुओं की आयु तथा पूर्व में विवाह न होने संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। प्रक्रिया में सफल 46 हिंदू जोड़ों तथा पांच मुस्लिम जोड़ों को ट्रस्ट के सचिव अतुल कांत द्विवेदी ने टोकन एवं शपथ पत्र वितरित किए। आगामी 6 दिसंबर को घंटाघर लॉन में भव्य समारोह के बीच 46 हिंदू जोड़ों का सामूहिक विवाह तथा पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया जाएगा। इस आयोजन में शहर की अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं सहयोग करेंगी। साक्षात्कार एवं आयोजन की तैयारियों में गिरीश मिश्रा, श्रवण मिश्रा, राही, श्रवण दीक्षित एडवोकेट, सरिता अग्रवाल, कंचन वाजपेयी, सुयश बाजपेयी,रूपाली अग्रवाल, आलोकिता श्रीवास्तव, करुणा शंकर द्विवेदी, अविनाश चंद्र,गुप्ता, अनिल श्रीवास्तव, अनुराग मिश्रा, अनिल मेहरोत्रा, अशोक श्रीवास्तव, नवल किशोर एवं प्रेम शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल 144 डिप्टी एसपी के तबादले, हरदोई को मिले दो नए सीओ; अनुज मिश्रा और संतोष सिंह गैर-जनपद रवाना

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए शासन ने 144 पुलिस उपाधीक्षकों (डिप्टी एसपी/सीओ) के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में हरदोई जिले में भी अधिकारियों की तैनाती और स्थानांतरण को लेकर बदलाव किया गया है। जिले में तैनात दो क्षेत्राधिकारियों को गैर-जनपद भेजा गया है, जबकि दो नए पुलिस उपाधीक्षकों को हरदोई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अयोध्या में तैनात पुलिस उपाधीक्षक आशुतोष तिवारी को हरदोई भेजा गया है। वहीं, बिजनौर में तैनात पुलिस उपाधीक्षक राजेश सिंह की भी नई तैनाती हरदोई जनपद में की गई है।
दूसरी ओर, हरदोई में तैनात पुलिस उपाधीक्षक अनुज मिश्रा का स्थानांतरण शाहजहांपुर कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार सिंह को हरदोई से उन्नाव भेजा गया है।
प्रदेश स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद हरदोई पुलिस विभाग में भी बदलाव देखने को मिलेगा। नए अधिकारियों के जिले में कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से उन्हें अलग-अलग सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके बाद जिले के क्षेत्राधिकारी स्तर पर नई व्यवस्था लागू होगी।
कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई कछौना पतसेनी स्थित स्टेशन रोड पर पुराने डाकघर के समीप रविवार सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा के मुख्य यजमान श्रीमती निर्मला गुप्ता आयोजक आलोक कुमार गुप्ता और सूर्या गुप्ता के संयोजन में निकाली गई इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पीले परिधान पहने महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर बाबा कुशीनाथ मंदिर और रामेश्वर मंदिर संतोषी माता मंदिर पहुंची, जहां दर्शन-पूजन के बाद यात्रा पुनः कथा पंडाल पहुंचकर संपन्न हुई। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कथा व्यास आचार्य सलदीप कृष्ण भारद्वाज (वृंदावन-मथुरा) ने विधि-विधान से पूजन व कलश स्थापना कराई। यह कथा 22 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। आयोजन में अजय राठौर ओपी राठौर आदर्श गुप्ता,गौरव गुप्ता, सलील दीक्षित, अरुण शुक्ला,अनुज गुप्ता, रजनीश गुप्ता जगदीश गुप्ता धीरेंद्र गुप्ता ,आलोक राठौर सौरभ गुप्ता ,बलराम गुप्ता  दुष्यंत सिंह और सियेश गुप्ता समेत दर्जनों श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई ‎‎भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 17.11.2026 को जनपद में अवस्थित समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केन्द्रों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय पर करा दिया गया है। आलेख्य प्रकाशन के उपरान्त दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि के दौरान आज विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय ने तहसील सदर क्षेत्रान्तर्गत कार्यालय अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण प्रान्तीय खण्ड स्थित बूथों का निरीक्षण किया।
‎‎जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूचियों का भली भाँति परीक्षण करते हुए इनमें प्राप्त त्रुटियों का नियमानुसार निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समयावधि में बूथों पर उपस्थित रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर एवं सम्बन्धित अधिकारी भ्रमणशील रहते हुए निरीक्षण किया जाना सुनिश्चित करें।
‎‎जिलाधिकारी ने बताया कि भारत आयोग के निर्देशों के क्रम में दावे एवं आपत्तियां दिनांक दिनांक 16.12.2026 तक प्राप्त की जाएगी । दावे आपत्तियों की अवधि के दौरान चार विशेष अभियान दिवस की तिथियां निर्धारित की गयी है। विशेष अभियान तिथियों पर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता की जाएगी। साथ ही नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-6, विलोपन हेतु प्रपत्र-7 एवं संशोधन हेतु प्रपत्र-8 इत्यादि पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
‎‎जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान वह अपना नाम मतदाता सूची में जाँच लें। यदि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित नहीं है तो नाम सम्मिलित किए जाने हेतु फॉर्म 6 अपने बीएलओ के पास जमा कर दे अथवा आयोग के आनलाइन पोर्टल https://voters-eci-gov-in पर आनलाइन आवेदन भी कर सकते है। जन सामान्य की किसी भी समस्या के समाधान हेतु जनपद स्तर पर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है जिसका टोल-फ्री नम्बर 05852-234407 है। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील स्तर पर तहसील कार्यालय में हेल्प डेस्क की भी स्थापना की गई है। मतदाता Voter Helpline ऐप अथवा https://voters-eci-gov-in  के माध्यम से Book a Call With BLO टैब पर क्लिक करके भी अपने बीएलओ से संपर्क कर किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र तथा सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 144 डीएसपी के तबादले
कई जिलों के अधिकारी बदले
लखनऊ कमिश्नरेट से लेकर पीएसी और विशेष इकाइयों तक बदली जिम्मेदारी

कई अधिकारियों को मिली नई तैनाती; दो स्थानांतरण निरस्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 144 पुलिस उपाधीक्षकों और सहायक पुलिस आयुक्तों के स्थानांतरण किए गए हैं। जारी तबादला सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी वाहिनियों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों को शामिल किया गया है। कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ को पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को पीएसी और पुलिस प्रशिक्षण से जुड़ी इकाइयों में नई तैनाती दी गई है। तबादला सूची में दो अधिकारियों के पूर्व प्रस्तावित स्थानांतरण निरस्त करने का भी उल्लेख है। तबादलों के क्रम में शोभित कुमार को बुलंदशहर से कानपुर देहात भेजा गया है। दिलीप कुमार सिंह को कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट से मीरजापुर, सुजीत कुमार दुबे को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से अयोध्या और शुभम तोड़ी को आजमगढ़ से संभल स्थानांतरित किया गया है। अतुल कुमार सिंह प्रथम को अमेठी से महराजगंज तथा महेंद्र कुमार शुक्ला को अयोध्या से महोबा भेजा गया है। रामकरन को बुलंदशहर से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गई है। नितिन कुमार को बरेली से जौनपुर और सुनील कुमार सिंह को अयोध्या से गोंडा स्थानांतरित किया गया है।

लखनऊ कमिश्नरेट में भी कई अधिकारियों की तैनाती बदली

तबादला सूची में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सुजीत कुमार दुबे को लखनऊ से अयोध्या भेजा गया है, जबकि रजनीश वर्मा को बागपत और राधा रमण सिंह को खीरी में नई तैनाती दी गई है। वहीं, विवेक यादव को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। अरविंद कुमार प्रथम को उन्नाव से लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है। अमरीश कुमार को फिरोजाबाद से लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में रवि कुमार गुप्ता को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से गोंडा, नीलेश मिश्रा को बरेली से गोरखपुर और राजेश कुमार सिंह को गोंडा से शाहजहांपुर भेजा गया है। आशुतोष तिवारी और राजेश सिंह को हरदोई में तैनाती दी गई है। कुलदीप कुमार गुप्ता को मुरादाबाद से मुजफ्फरनगर, चमन सिंह चावड़ा को भदोही से मथुरा और मधुप कुमार सिंह को बुलंदशहर से बरेली स्थानांतरित किया गया है।

कमिश्नरेट और विशेष इकाइयों में भी बदले अधिकारी

पुलिस कमिश्नरेट में अधिकारियों की तैनाती के तहत ओंकार दत्त तिवारी को गोरखपुर से गाजियाबाद कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। भास्कर वर्मा को गाजियाबाद से कानपुर नगर कमिश्नरेट और सिद्धार्थ गौतम को गाजियाबाद से गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट भेजा गया है। शकील अहमद को लखनऊ से आगरा कमिश्नरेट, मुनेन्द्र पाल सिंह को मीरजापुर से प्रयागराज कमिश्नरेट और रविकान्त पारासर को सहारनपुर से वाराणसी कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गई है। प्रज्ञा पाठक को वाराणसी कमिश्नरेट से लखनऊ कमिश्नरेट स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा पुलिस विभाग की विशेष इकाइयों और पीएसी वाहिनियों में भी बदलाव किए गए हैं। बृजमोहन राय को फतेहपुर से एपीटीएस चुनार, मीरजापुर भेजा गया है। रामवीर सिंह को झांसी से चौथी वाहिनी विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ), मथुरा में तैनाती दी गई है। देव प्रकाश को मीरजापुर परिक्षेत्र कार्यालय से 39वीं वाहिनी पीएसी, मीरजापुर में सहायक सेनानायक बनाया गया है। दिनेश दत्त मिश्र को मऊ से 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी भेजा गया है, जबकि अनिल कुमार को 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर से पुलिस अकादमी, मुरादाबाद स्थानांतरित किया गया है। इन बदलावों के जरिए पुलिस की विभिन्न इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।

दो अधिकारियों के प्रस्तावित तबादले निरस्त

जारी सूची में दो अधिकारियों के पूर्व में प्रस्तावित स्थानांतरण निरस्त किए जाने की जानकारी भी दी गई है। धर्मेंद्र सिंह यादव का 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ से पुलिस अकादमी, मुरादाबाद के लिए प्रस्तावित स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह अरुण कुमार का साइबर अपराध मुख्यालय, लखनऊ से सुलतानपुर के लिए प्रस्तावित स्थानांतरण भी रद्द कर दिया गया है। इस तरह प्रदेश पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल में जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी वाहिनियों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कुल 144 पुलिस उपाधीक्षकों और सहायक पुलिस आयुक्तों के स्थानांतरण किए जाने की जानकारी दी गई है।
हिरण्यकश्यप को मिले वरदान के भगवान ने रखा नरसिंह रूप


फर्रुखाबाद। कथा के दूसरे दिन भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही थी।
विकास खंड कमालगंज के गांव कुन्दनगनेशपुर में  अध्यापक धनपाल राजपूत के आवास पर चल रही श्रीमदभागवत कथा के व्यास पं रामजी मिश्र ने अपने मुखारबिंद से अमृतमयी कथा का रसपान कराते हुए भगवान के अनन्य भक्तों ध्रुव चरित्र,भरत चरित्र,भक्त प्रहलाद कथा जिसमें बताया कि हिरणाकश्यप ने बेटे प्रहलाद को मारने के लिए बहुत प्रयास किए लेकिन मार न सका,जिसको राखै साईंया मार सके न कोय, हिरणाकश्यप को मिले वरदान से भगवान ने नरसिंह का रूप धारण करके बगैर अस्त्र शस्त्र के अपने नाखूनों से ही हिरणाकश्यप का प्रांणात कर किया, कई यातनाएं झेलने के बाद भी बेटे प्रहलाद ने पिता की सदगति के लिए भगवान से विनय की,कथाव्यास ने बताया कि जब जब भी धरा पर अधर्म बढ़ने व पापियों का नाश करने  भगवान को जन्म लेना पड़ा है  मानव के कल्याण हेतु भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ,धूमधाम से अबीर गुलाल उड़ाकर जन्मोत्सव मनाया गया ,कथा परीक्षित रामनाथ राजपूत,यज्ञाचार्य अनुज पांडे,नीलूमिश्रा व संगीत में आर्गन राम-लखन,ढोलक पप्पू ,पैड ओमजी संगत कर रहे, आज प्रमुख रूप से सुखदेव दीक्षित,विनोद राजपूत,विश्राम सिंह,अरविन्द राजपूत,सूरज उर्फ मंजू राजपूत,डोरीलाल,शिवम्,विजय सिंह,उदयवीर सिंह,अनुराग सिंह , राकेश सिंह ,संजू आदि रहे ।
एबीवीपी जिला अभ्यास वर्ग कार्यक्रम कायमगंज के एल वाई महाविद्यालय में सम्पन्न हुआ


अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यपद्धति, इकाई गठन एवं सामाजिक समरसता का मिलेगा प्रशिक्षण


फर्रुखाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का  एल.वाई. महाविद्यालय, कायमगंज में जिला अभ्यास वर्ग कार्यक्रम सम्पन्न हुआ

जिला अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को विद्यार्थी परिषद की वैचारिक पृष्ठभूमि, संगठनात्मक कार्यपद्धति, कार्यकर्ता निर्माण एवं संगठन विस्तार की प्रक्रिया को प्रतिपादित किया गया।

अभ्यास वर्ग में छः सत्र आयोजित किए गए  जिनमें उद्घाटन एवं प्रस्ताविकी, नगर एवं परिसर इकाई गठन, कार्यपद्धति, पंच परिवर्तन तथा समारोप सत्र शामिल है

विभाग संगठन मंत्री शुभम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का संगठन केवल कार्यक्रमों और गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसका कार्यकर्ता है।  एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होता है। जिला अभ्यास वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, वैचारिक स्पष्टता, दायित्वबोध एवं संगठनात्मक कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रांत प्रवासी मयंक ने बताया कि अभ्यास वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आगामी समय में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने की दिशा प्राप्त है
नगर एवं शैक्षणिक परिसरों में मजबूत और सक्रिय इकाइयों का निर्माण है। इकाई केवल पदाधिकारियों की घोषणा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें प्रत्येक विद्यार्थी की सहभागिता, सक्रियता एवं अपनत्व सुनिश्चित होना आवश्यक है। 

विभाग संयोजक सागर ने   कहा कि जिला अभ्यास वर्ग जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का अवसर है।

इस अभ्यास वर्ग में फर्रुखाबाद जिले के 10 नगर से 110 कार्यकर्ता की उपस्थिति थी जिसमें विभाग छात्रा प्रमुख जाह्नवी वर्मा, नगर मंत्री लक्ष्मीकांत , मिहिर पाठक फतेहगढ़ , निशांत मिश्रा फर्रुखाबाद नगर सह मंत्री , प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रिनी चौहान , नगर अध्यक्ष प्रशांत  सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन फतेहगढ़ में स्थापित मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
आलेख्य मतदाता सूची एवं फार्म-6, 7 व 8 की उपलब्धता का लिया जायजा

अर्ह नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु 16 दिसम्बर 2026 तक भौतिक रूप से भरे फार्म-6 एवं आवश्यक अभिलेख एकत्र करने के दिए निर्देश


फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा आज अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) के पास फार्म-6, 7 एवं 8 की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेबल अधिकारियों से प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम विलोपित कराने एवं मतदाता विवरण में संशोधन कराने के लिए उपलब्ध फार्म-6, 7 एवं 8 की स्थिति का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी बूथ लेबल अधिकारी आलेख्य मतदाता सूची का गहनतापूर्वक अध्ययन करें तथा प्रत्येक मतदाता प्रविष्टि का नियमानुसार परीक्षण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित होने से वंचित न रहे तथा अपात्र प्रविष्टियों एवं त्रुटिपूर्ण विवरणों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे चिन्हांकित अर्ह नागरिक, जो जनपद की किसी भी निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।

उन्होंने सभी बूथ लेबल अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र नागरिकों से भौतिक रूप से भरा हुआ फार्म-6 प्राप्त करते समय आवेदक की नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूर्ण पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं। इस संबंध में सभी आवश्यक प्रपत्र एवं अभिलेख 16 दिसम्बर 2026* तक एकत्र किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने की प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो। बूथ लेबल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए जागरूक करें तथा प्राप्त होने वाले फार्मों की जांच कर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले प्रत्येक नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित हो तथा मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन रहे।
राज्य कर्मचारी महासंघ की कार्यकरणी हुआ गठन

फर्रुखाबाद। रविवार को पूर्व से निर्धारित चुनाव / कार्यकारिणी गठन कार्यक्रम का आयोजन कराया गया। जिसमें  उ० प्र० राज्य कर्मचारी महासंघ के सहयोगी संघ - राज्य कर्मचारी, कर्मचारी संघ (नलकूप खण्ड) की कार्यकारिणी का चुनाव / कार्यकारिणी गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष  सुधीर कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष सचिन कुमार, महामंत्री विक्रम सिंह राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनिता देवी, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता का चयन / कार्यकारिणी गठन हुआ। 
कार्यकारिणी का गठन / चुनाव, चुनाव अधिकारी प्रणवीर सिंह व पर्यवेक्षक मनोज कुमार / विजय शंकर  तिवारी] द्वारा उ० प्र० राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार दीक्षित, महामंत्री श्री आशीष कुमार शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न कराया गया। महासंघ के महामंत्री आशीष कुमार शुक्ला ने नई कार्यकारिणी को अपने-अपने पदभार की शपथ ग्रहण कराई। शपथ में समस्त कर्मचारियों के प्रति समर्पण, उनकी समस्याओं के निराकरण में प्राथमिकता से पूर्ण करने की शपथ दिलायी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश कुमार सारस्वत संरक्षक ने की। इस मौके पर सदस्यों ने एक जुटता की शपथ ली। कार्यक्रम में कई दर्जन कर्मचारी उपस्थित रहे।