एड.अखिलेश चौबे के बड़े भाई आलोक चौबे का आकस्मिक निधन
मुंबई। मुंबई के सुप्रसिद्ध अधिवक्ता और भाजपा नेता एडवोकेट अखिलेश चौबे के बड़े भाई आलोक चौबे का 51 वर्ष की उम्र में ,20 नवंबर की रात 10 बजे उज्जैन में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके निवास स्थान प्रीतम विला,ठाकुर कंपलेक्स में लोगों की भीड़ जमा हो गई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, राहुल तिवारी समेत उनके परिवार के अनेक करीबी लोग उनके घर पहुंच गए। 22 नवंबर को सुबह 10 बजे उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। राजनीति, पत्रकारिता समाज सेवा, व्यापार, शिक्षा से जुड़े सैकड़ो लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है। आलोक चौबे के दो होनहार पुत्र हैं।
पवई तालाब पर बनेगा देश का सबसे भव्य म्यूजिकल फाउंटेन,जीवंत होगी मराठों की शौर्यगाथा : मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई। मुंबई के पर्यटन वैभव में एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पवई तालाब की सुंदरता में चार चांद लगाने वाला अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो जल्द ही पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा 180 मीटर लंबा यह म्यूजिकल फाउंटेन देश के सबसे बड़े फाउंटेन में से एक होगा। विशेष बात यह है कि इस शो के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठों के शौर्य एवं पराक्रम की गौरवगाथा को अत्याधुनिक तकनीक की मदद से भव्य और अद्भुत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे मुंबई में एक नया पर्यटन स्थल विकसित होगा। पवई तालाब स्थित गणेश घाट पर 'लाइट, साउंड और म्यूजिकल फाउंटेन शो' का उद्घाटन समारोह रविवार शाम 7 बजे आयोजित किया गया है। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों इस म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन होगा। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के विशेष प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुंबई उपनगर जिला नियोजन एवं विकास समिति के माध्यम से निधि उपलब्ध कराई गई। म्हाडा के माध्यम से इस परियोजना का निर्माण किया गया है। मुंबई के पर्यटन विकास को गति देने की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
इस परियोजना के अंतर्गत विश्वस्तरीय मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो तैयार किया जा रहा है। इसमें म्यूजिकल फाउंटेन, वॉटर स्क्रीन और फायर जेट्स शामिल हैं। विशेष दृश्य प्रभावों (स्पेशल इफेक्ट्स) के माध्यम से तीन अलग-अलग फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें मराठों का गौरवशाली इतिहास और पराक्रम, महाराष्ट्र की संस्कृति एवं वैभव तथा मुंबई की गौरवशाली कहानी को दर्शाया जाएगा। इस म्यूजिकल फाउंटेन से तालाब के पानी में एरेशन (Aeration) की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। इसके तहत प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर पानी में हवा मिलाने की प्रक्रिया होगी, जिससे पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा आसपास के तापमान में कमी, वाष्पीकरण के कारण ठंडक और वायु गुणवत्ता में सुधार जैसे संभावित पर्यावरणीय लाभ भी अपेक्षित हैं।
इस फाउंटेन में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है और पूरी प्रणाली को डिजिटल तरीके से प्रोग्राम किया गया है। लगभग 40 मीटर (130 फीट) की ऊंचाई तक उछलने वाले वॉटर जेट्स और 27 फायर जेट्स इस शो के प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा रनिंग फाउंटेन चेजर्स, थ्रीडी स्विंग नॉजेल्स और फैन जेट्स के माध्यम से पानी की विभिन्न आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी। संगीत की धुन पर थिरकते पानी के फव्वारे, आग की लपटें और वॉटर स्क्रीन पर प्रोजेक्शन एवं लेजर इमेज का शानदार संगम दर्शकों को एक अविस्मरणीय दृश्य-श्रव्य अनुभव प्रदान करेगा। मुंबई उपनगर जिला नियोजन समिति के पर्यटन स्थल विकास निधि से इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी ने म्हाडा को इसकी कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त किया है। इसके अनुसार परियोजना के आवश्यक प्रारूप और लेआउट महानगरपालिका के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद महानगरपालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी प्राप्त हुआ। म्हाडा, महानगरपालिका और ठेकेदार के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है। परियोजना के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित प्रावधानों को समझौते के अनुसार लागू किया जाएगा, ऐसी जानकारी म्हाडा के विद्युत विभाग की ओर से दी गई। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवशाली इतिहास और मराठों का पराक्रम आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा प्रयास है। पवई तालाब की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ मुंबई के पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह परियोजना शुरू की गई है। इस परियोजना से मुंबई के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुंबई को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुख स्थान दिलाने के लिए हम ऐसे नवाचारपूर्ण उपक्रमों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का भी समावेश किया गया है। इनमें प्रशिक्षित कर्मचारी, स्वतंत्र कंट्रोल रूम, सीसीटीवी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट, सुरक्षा गार्ड, प्राथमिक उपचार की सुविधा, प्लास्टिक की कुर्सियां और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रतिदिन लगभग तीन घंटे की अवधि में तीन शो आयोजित करने की योजना है। परियोजना की निविदा में तीन वर्षों के व्यापक रखरखाव एवं मरम्मत का प्रावधान है। साथ ही, परियोजना पूरी होने के बाद पांच वर्षों तक इसके संचालन की व्यवस्था भी की गई है।
फाउंटेन में केवल एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल किया जाएगा और रोशनी पानी की सतह से ऊपर की दिशा में दी जाएगी। जलीय जीवों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, ध्वनि की तीव्रता निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखी जाएगी, ऐसी जानकारी संबंधित विभाग की ओर से दी गई है। पर्यावरणीय नियमों का पालन करते हुए इस परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से विकसित किया गया है।
धूमधाम से मनाया गया अध्यात्म गुरु गिरिजानंद महाराज का जन्मदिन
मुंबई। मुंबई से सटे एरिया मुलुंड में
SPIRITUAL SOULS  संस्था के आश्रम में  संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अध्यात्म गुरु आदेशा गिरिजानंद का जन्मदिन हजारों भक्तों ने गुरु भक्ति के साथ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। बता दें कि गुरुजी का उद्देश लोगों के जीवन में प्रेम, शांति और आनंद लाना और लोगों को प्रेम शांति और आनंद के साथ जीवन यापन का तरीका सिखाना है, तो वही आदेशा गिरिजानंद महाराज माता काली के भक्त हैं। माता कृष्णकाली के परम भक्त और प्रचारक भी हैं। इनके जन्मदिन की बात करें तो गुरुजी का जन्मदिन मुंबई, वसई, अहमदनगर, रायगड और नाशिक के भक्तों ने भी गुरु भक्ति के साथ मनाकर इनके लंबी आयु की मंगलकामना की।
ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की साहित्य, मित्रता और खुशियों से सजी यादगार शाम
मुंबई। ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की संस्थापक एवं अध्यक्षा डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा के नेतृत्व में मंच का दीपावली स्नेह मिलन समारोह मुंबई के प्रसिद्ध क्रीम सेंटर, चौपाटी में बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने स्वादिष्ट व्यंजनों, हँसी-मजाक, मस्ती, खूबसूरत तस्वीरों और आपसी मेल-मिलाप के साथ यादगार पल बिताए। कविता, साहित्य और मित्रता के इस परिवार ने दीपावली की खुशियों को मिलकर और भी खास बना दिया।
डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा एक सुप्रसिद्ध कवयित्री, साहित्यकार, लेखिका, प्रेरक वक्ता एवं समाजसेवी हैं। वे लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा,  राजस्थानी महिला मंडल की अध्यक्षा सहित अनेक सामाजिक और साहित्यिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं।JIWO साउथ मुंबई चैप्टर   की अध्यक्षा , महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी की भूतपूर्व उपाध्यक्ष, सेंसर बोर्ड की सदस्य, वे लोढ़ा धाम एवं श्री हरि सत्संग की ट्रस्टी तथा चंद्रेश लोढ़ा पब्लिक स्कूल, डोंबिवली एवं नालासोपारा की अध्यक्षा भी हैं। लायंस क्लब ऑफ वालकेश्वर की प्रथम महिला अध्यक्ष के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
महाराष्ट्र सरकार ने दी श्री एल आर तिवारी यूनिवर्सिटी को मंजूरी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन की ओर से प्रस्तावित श्री एल आर तिवारी यूनिवर्सिटी (SLRTU) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन में इस यूनिवर्सिटी को मंजूरी दी गई है। इस यूनिवर्सिटी की स्थापना से राज्य में उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुलेंगे। राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, सचिव राहुल तिवारी और सीओओ उत्सव तिवारी ने महाराष्ट्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि राहुल एजुकेशन के लिए यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है। भविष्य में इससे लाखों विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी शुभचिंतकों और अभिभावकों को धन्यवाद दिया है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से उत्तर भारतीय समाज का भी सम्मान और गौरव बढ़ा है। समाज के गौरव पंडित लल्लन तिवारी जी के नाम पर विश्वविद्यालय की मंजूरी से हम सभी गौरवान्वित हुए हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उच्च शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदूषण के खिलाफ दिया मिर्जा की आवाज को बीएमसी दबा रही है : निखिल रूपारेल
मुंबई। मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद मुंबई महानगरपालिका द्वारा मिटाए गए फिल्म अभिनेत्री दिया मिर्जा का, प्रदूषण के खिलाफ जारी किए गए वीडियो को पुनः रिस्टोर नहीं कर रही है। साफ है कि मुंबई महानगरपालिका भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रही है। यह सीधे-सीधे उच्च न्यायालय की अवमानना है। मुंबई युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस द्वारा दिया मिर्जा द्वारा वायु प्रदूषण के खिलाफ जारी किए गए वीडियो के समर्थन में, खार पश्चिम में आयोजित पत्रकार परिषद में बोलते हुए उत्तर मध्य मुंबई जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष निखिल रूपारेल ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यदि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद बीएमसी दिया मिर्जा के वीडियो को फिर से जारी नहीं करती है तो युवक कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा, क्यों कि यह बच्चों के भविष्य जुड़ा विषय है। मुंबई महिला कांग्रेस की महासचिव प्रीति चोकसी ने कहा कि एक महिला ने साफ हवा के लिए, हमारे बच्चों के लिए, हमारे भविष्य के लिए अपनी आवाज उठाई। बीएमसी ने उनकी सराहना करने के बजाय उनकी आवाज को ही दबा दिया। यह हर महिला का अपमान है। इसके पहले निखिल रूपारेल ने बीएमसी आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिड़े को भी पत्र लिखकर हाईकोर्ट के आदेश को तुरंत लागू करने की मांग की थी। पत्र में उन्होंने कहा है कि महापौर एक औपचारिक प्रमुख होता है उसके पास बीएमसी के आधिकारिक हैंडल्स से कंटेंट डिलीट करने का आदेश देने की कोई कार्यकारी शक्ति नहीं है। अगर किसी राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने के लिए डिलीट किया गया है तो यह प्रशासन में राजनीतिक हस्तक्षेप का स्पष्ट मामला है। इस अवसर पर निखिल रूपारेल और प्रीति चोकसी के अलावा मुस्तकीम शेख, विकास जैसवार, गंगा प्रसाद शर्मा, साद शेख, किशन निषाद, अरविंद साहनी, फ़ुज़ैल शेख समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
उद्धव ठाकरे के हाथों अनिल गलगली को मिला साहित्य पुरस्कार
मुंबई। मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित विशेष समारोह में पत्रकार एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता अनिल गलगली को आफ्टरनून वॉइस की ओर से प्रदान किया जाने वाला ‘द्वितीय लल देद साहित्य पुरस्कार 2026’ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. वैदेही तामण द्वारा लिखित पुस्तक ‘लल देद : कश्मीर की मां’ का विमोचन भी उद्धव ठाकरे के हाथों किया गया। कार्यक्रम में मुंबई विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु डॉ. भालचंद्र मुणगेकर की विशेष उपस्थिति रही।
विवाह सनातन धर्म की परंपरा के अनुसार ही होना चाहिए : आचार्य विष्णु कांत शास्त्री
डोंबिवली । नारायण सेवा मंडल डोंबिवली द्वारा चल रहे रामकथा के चौथे दिन मंगवार 17 नवंबर 2026 को भगवत श्रीराम एवं माता जानकी के स्वयंवर में हजारों श्रद्धालुओं एवं भक्तों की भीड़ देखी गई। लोकमान्य तिलक विद्यालय प्रांगण मानो राजा जनक की मिथिला जैसी सजी-धजी प्रतीत हो रही थी जहां श्रीराम एवं सीता का विवाह बाजे-गाजे के साथ पुष्प वर्षा इतना ही नहीं आतिशबाज़ी के क्या कहने जबरदस्त पटाखों का धमाका जहां सभी नगरवासी नाच-गाने में मस्त हो उठे। विवाहोत्सव में विधिवत मंत्रोच्चारण तथा विवाह गीत पर महिलाएं नृत्य करती दिखी। वाराणसी के काशी से आए कथावाचक आचार्य विष्णुकांत शास्त्री जी महराज ने कहा विवाह सनातन धर्म की वैदिक परंपरानुसार होनी चाहिए जो युगों युगों से चला आ रहा है जिसके परिचायक स्वयं प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी हैं। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप ने बताया कि उक्त रामकथा के आयोजन की संकल्पना रामभक्त मनोज तिवारी‌ तथा नारायण सेवा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्र के मार्गदर्शन में रामकथा फलीभूत हो रहा है। रामकथा में विशेष योगदान गायत्री परिवार डोंबिवली संध्या पाटील, शिवशक्ति महिला मित्र मंडल मैहर ग्रुप,शिव चर्चा ग्रुप एवं श्रीराम जल यात्रा का मिल रहा है। रामकथा में अतिथियों के साथ विशेष उपस्थिति कल्याण के वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी विजय पंडित की रही जिन्होंने सनातन का जय-जयकार किया तथा आयोजकों के‌ मनोबल को बढ़ाते हुए शुभकामनाएं दीं तथा अपनी कविताओं से सभी को आह्लादित किया।उपस्थित सभी अतिथियों का सम्मान संस्था द्वारा किया गया।
रोहित पवार द्वारा मुख्यमंत्री पर लगे आरोपों को कृपाशंकर ने बताया मनगढ़ंत और निराधार

मुंबई। एनसीपी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने 16 नवंबर 2026 को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए थे। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने रोहित पवार के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामयी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के विरुद्ध बिना किसी ठोस प्रमाण के निराधार आरोप लगाना राजनीति की मर्यादा के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बेदाग सार्वजनिक जीवन, कुशल नेतृत्व, पारदर्शी कार्यप्रणाली और राज्य के विकास के प्रति उनके समर्पण को संपूर्ण महाराष्ट्र की जनता स्वीकार कर रही है। कृपाशंकर ने कहा कि अजितदादा पवार के निधन से जुड़ा विषय अत्यंत संवेदनशील है। इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। रोहित पवार द्वारा जिस तरह से महाराष्ट्र के लोकप्रिय मुख्यमंत्री को लेकर आधारहीन और मनगढ़ंत आरोप लगाए गए,उसे ना तो महाराष्ट्र की जनता स्वीकार करेगी और ना ही राजनीति से जुड़े प्रबुद्ध लोग। उन्होंने कहा कि रोहित पवार को संयम  और शुचितापूर्ण राजनीति का पालन करना चाहिए।
सूखाग्रस्त किसानों और कामगारों के लिए वरदान बने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

– श्रीनिवासानंद महाराज

मुंबई। महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों और मजदूरों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वरदान साबित हुए हैं। महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के किसानों को दीपावली से पहले पांच – पांच हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान कर फडणवीस ने राजधर्म का पालन करते हुए एक मिसाल कायम की है। मानव धर्माचरण समिति के संस्थापक अध्यक्ष  श्रीनिवासानंद महाराज ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों को न सिर्फ सहायता राशि दी है, बल्कि आत्महत्या के लिए मजबूर किसानों के परिजनों को सहायता निधि के जरिए बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मजदूरों के परिवारों को मुंबई के लोअर परेल इलाके के बीडीडी चॉल में ऐन धनतेरस के दिन नए घरों की चाबियां सौपकर उनकी दिवाली में चार चांद लगा दिए। 557 परिवारों को 160 वर्गफीट की खोली से 500 वर्गफीट के मालिकाना 2 बीएचके फ्लैट में भेजकर इन परिवारों को दीपावली का बड़ा तोहफा दिया है। श्रीनिवासानंद महाराज ने कहा कि किसानों के 48000 करोड़ के पुराने बिल को माफ कर बहुत बड़ा फैसला लिया है। फडणवीस की यह बात कि 5000 रुपए से पूरे नुकसान की भरपाई नहीं होगी, मगर इससे उन्हें तुरंत राहत मिलेगी, इससे मैं स्वयं बहुत प्रभावित हूं। श्री महाराज ने कहा कि दीपावली के दिन उन्होंने स्वयं किसानों के साथ त्यौहार मना कर यह साबित कर दिया कि उनके मन में किसानों के प्रति आदर व सम्मान का भाव है।