करजरा में आयुर्वेद महाविद्यालय के नए भवन की रखी गई आधारशिला, शिक्षा और चिकित्सा को मिलेगी नई मजबूती

जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी अयोध्यानाथ जी महाराज ने किया भव्य शिलान्यास, संत-महात्माओं और गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

गया। गया जिले के करजरा स्थित स्वामी राघवेंद्राचार्य त्रिडंडी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के विकास को नई गति मिलने जा रही है। गुरुवार को महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण का भव्य शिलान्यास श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। बक्सर एवं आरा बड़ी मठिया के महंत जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी अयोध्यानाथ जी महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भवन की आधारशिला रखी।

यह आयोजन महाविद्यालय के सचिव स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। नवीन भवन के निर्माण को संस्थान के शैक्षणिक और चिकित्सकीय ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे भविष्य में आयुर्वेद शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है। शिलान्यास समारोह में हरिद्वार के जगद्गुरु स्वामी वेंकटेशनाथ जी महाराज, गांधी जी एवं कछवां के महंत सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा महाविद्यालय के संयुक्त सचिव प्रदीपन कुमार सिंह, प्राचार्य वैद्य सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा, शासकीय निकाय के सदस्य प्रोफेसर विश्वनाथ सिंह, बलराम मिश्रा, अश्विनी सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और शुभचिंतक शामिल हुए।

इस अवसर पर संत-महात्माओं ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद भारतीय ऋषि-मुनियों की अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए शैक्षणिक संस्थानों का विकास बेहद जरूरी है। ऐसे संस्थानों से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलती है, बल्कि समाज के लोगों को भी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलता है। महाविद्यालय के सचिव स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी ने सभी संत-महात्माओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवीन भवन का निर्माण संस्थान की प्रगति में नया अध्याय जोड़ेगा। महाविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद शिक्षा, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना है। वैदिक मंत्रोच्चार और संत-महात्माओं के आशीर्वाद के बीच शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान सभी ने निर्माण कार्य की सफलता और महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

चित्रांश समाज की एकजुटता का दिखेगा भव्य नजारा, 12 नवंबर को हाथी-घोड़ा, ऊंट और बैंड-बाजे के साथ निकलेगी भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा

सभी पूजा समितियों की प्रतिमाओं का होगा सामूहिक विसर्जन, दोपहर 1:30 बजे तक आजाद पार्क पहुंचेंगी प्रतिमाएं; आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए गठित हुई कमेटी

गयाजी। शहर में इस वर्ष भगवान चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर चित्रांश समाज की सामाजिक एकजुटता और सामूहिक शक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। इसी उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (अभाकाम) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष मोहन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शहर के राय काशीनाथ मोड़ स्थित एक निजी होटल में शहर की सभी चित्रगुप्त पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 12 नवंबर को शहर की सभी पूजा समितियों की भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकालने और सामूहिक विसर्जन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इसके माध्यम से पूरे चित्रांश समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक समरसता और एकजुटता का मजबूत संदेश भी जाए। इसके लिए शहर की सभी पूजा समितियों को एक मंच पर लाने तथा सभी प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन करने की पहल की गई है। आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सभी समितियों के पदाधिकारियों ने अपनी सहमति जताई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी 12 नवंबर को भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा हाथी, घोड़ा, ऊंट, बैंड-बाजे और आकर्षक साज-सज्जा के साथ निकाली जाएगी। इसमें शहर की सभी पूजा समितियों की प्रतिमाएं शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि सभी समितियों की प्रतिमाएं दोपहर 1:30 बजे तक आजाद पार्क पहुंच जाएंगी। इसके बाद सभी प्रतिमाओं को एक साथ लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में चित्रांश समाज के सभी लोग एक समान परिधान में शामिल होंगे, जिससे समाज की एकता, अनुशासन और सामूहिक पहचान का संदेश पूरे शहर में पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग पूजा समितियों द्वारा भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की जाती है, लेकिन सामूहिक विसर्जन के माध्यम से इस बार सभी समितियां एक साथ आकर समाज की एकजुटता का परिचय देंगी। यह आयोजन किसी एक समिति का नहीं, बल्कि पूरे चित्रांश समाज का सामूहिक आयोजन होगा। उन्होंने शहर के सभी चित्रांश बंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

नई गोदाम से विभिन्न मार्गों से अक्षयवट होते हुए रुक्मिणी तालाब तक जाएगी शोभायात्रा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को नई गोदाम एवं आजाद पार्क से सभी पूजा समितियों की भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमाओं को एक साथ लेकर शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट, बैंड-बाजा और अन्य आकर्षक व्यवस्थाएं रहेंगी। विभिन्न समितियों के सदस्य और समाज के लोग एक समान परिधान में शामिल होंगे। शोभायात्रा विभिन्न मार्ग से अक्षयवट होते हुए रुक्मिणी तालाब पहुंचेगी, जहां सभी प्रतिमाओं का सामूहिक रूप से विसर्जन किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से आने वाली पीढ़ियों को भी सामाजिक एकता और सामूहिक परंपरा का सकारात्मक संदेश मिलेगा।

आयोजन को भव्य बनाने के लिए कमेटी गठित

कार्यक्रम को व्यवस्थित, आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए बैठक में एक कमेटी का गठन किया गया। इसमें अभाकाम की ओर से प्रोफेसर रंजीत वर्मा (पूर्व कुलपति), उदय श्रीवास्तव, प्रो. जितेंद्र सिन्हा, पूर्व सीओ संजय कुमार अंबष्ट उर्फ गोल्डी, वार्ड पार्षद शशि किशोर, वार्ड पार्षद राजीव सिन्हा उर्फ राजू तथा प्रो. मनीष कुमार सिन्हा को शामिल किया गया है।

वहीं, महिला सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसमें नेत्री एवं समाजसेविका रीता रानी के साथ प्रभा जी, सुनीता जी, पूजा जी एवं चित्रांश समाज की अन्य प्रबुद्ध महिलाओं को आयोजन की जिम्मेदारी में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त गया शहर की सभी चित्रगुप्त पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य गणमान्य चित्रांश बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की सामूहिक शोभायात्रा और विसर्जन की यह पहल समाज को एक सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे न केवल सभी पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, बल्कि समाज के युवाओं और नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

बैठक का संचालन राजेश कुमार सिन्हा ने किया, जबकि अध्यक्षता अभाकाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष मोहन श्रीवास्तव ने की। बैठक में शहर की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, महामंत्री विपिन सिन्हा, नवीन कुमार, राजेश सहाय, समाज के कई गणमान्य चित्रांश बंधु उपस्थित रहे।

श्री शिक्षा निकेतन स्कूल में धूमधाम से मना दीपोत्सव, वीर शहीदों की याद में जलाया गया एक दिया

छात्र-छात्राओं को मेडल एवं अंक प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

गयाजी। नैली रोड, खटकाचक स्थित श्री शिक्षा निकेतन स्कूल में दीपावली के शुभ अवसर पर भव्य दीपोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के वीर शहीदों की स्मृति में 'एक दिया शहीदों के नाम' कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक झालर लाइटों से सजाया गया था।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जदयू युवा नेता सह समाजसेवी श्री कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने वीर शहीदों की याद में दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विद्यालय की अर्धवार्षिक परीक्षा में प्रत्येक वर्ग से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं अंक प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत प्राचार्या श्रीमती पूनम सिन्हा एवं उपप्राचार्या श्रीमती राखी कुमारी ने अंगवस्त्र, श्री यंत्र एवं बंबू ग्रास भेंट कर किया।

मुख्य अतिथि श्री कुमार गौरव ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली हमारी सनातन संस्कृति एवं परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जानकारी मिलती है। 'एक दिया शहीदों के नाम' कार्यक्रम के माध्यम से हम उन वीर जवानों को याद करते हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

वहीं प्राचार्या श्रीमती पूनम सिन्हा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का ज्ञान देना है। ऐसे सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पॉल्यूशन फ्री दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करें तथा आतिशबाजी हमेशा अपनी देखरेख में ही करवाएं। उन्होंने सभी को सुरक्षित एवं खुशहाल दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन प्राचार्या श्रीमती पूनम सिन्हा के दिशा-निर्देशन एवं उपप्राचार्या श्रीमती राखी कुमारी की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

गयाजी में साकार होगा अपने आशियाने का सपना, मगध के सबसे बड़े प्रोजेक्ट 'टीएस सनसिटी' की पहली 50 बुकिंग पर मिलेगी स्विफ्ट कार

13 दिसंबर को होगी ग्रैंड लॉन्चिंग, बुकिंग शुरू; महज 36 महीनों में ग्राहकों को मिलेगा उनके सपनों का घर

एयरपोर्ट के ठीक सामने 8 ब्लॉक और 421 फ्लैटों का भव्य परिसर, 50 फीसदी खुला क्षेत्र देगा प्राकृतिक सुकून

गयाजीः मोक्ष और ज्ञान की पावन भूमि गयाजी के विकास में एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। ‘सबका हो अपना आशियाना’ के पावन संकल्प को धरातल पर उतारते हुए मगध प्रमंडल के सबसे बड़े और आधुनिक आवासीय मेगा प्रोजेक्ट ‘टी०एस० सनसिटी कॉम्प्लेक्स’ की नींव रखी गई है। विश्वस्तरीय सुविधाओं और प्रकृति की गोद में बसने वाले इस भव्य प्रोजेक्ट की बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है, जबकि इसका ग्रैंड लॉन्चिंग समारोह आगामी 13 दिसंबर, 2026 को भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

प्रोजेक्ट की शुरुआत के साथ ही प्रबंधन ने ग्राहकों के लिए एक ऐतिहासिक और बेहद आकर्षक ऑफर की घोषणा की है। इस आवासीय परिसर में फ्लैट की बुकिंग कराने वाले शुरुआती 50 भाग्यशाली ग्राहकों को उपहार स्वरूप ‘मारुति स्विफ्ट कार’ दी जाएगी। इस घोषणा के बाद से ही घर खरीदारों और निवेशकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

टी०एस० सनसिटी कॉम्प्लेक्स के निदेशक कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने प्रोजेक्ट की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह केवल ईंट और कंक्रीट की इमारतें नहीं, बल्कि आधुनिक जीवनशैली और पारिवारिक खुशियों का एक मुकम्मल संसार होगा। यह पूरा मेगा प्रोजेक्ट 8 विशाल और सुनियोजित ब्लॉकों में विभाजित है, जिसके तहत कुल 421 लग्जरी व प्रीमियम फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदूषण मुक्त और शांत वातावरण को ध्यान में रखते हुए परिसर के कुल क्षेत्रफल का 50 फीसदी हिस्सा पूरी तरह ‘ओपन ग्रीन एरिया’ (खुला क्षेत्र) रखा गया है, जहां निवासी ताजी हवा और प्राकृतिक हरियाली का आनंद ले सकेंगे।

कनेक्टिविटी और सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह प्रोजेक्ट शहर के सबसे बेहतरीन स्थान पर स्थित है। यह गया-डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर गया एयरपोर्ट के ठीक सामने स्थापित हो रहा है। एयरपोर्ट, मुख्य हाईवे और शहर के प्रमुख केंद्रों से सीधी व सुगम कनेक्टिविटी होने के कारण यह न केवल रहने के लिए आदर्श है, बल्कि भविष्य के लिहाज से बेहतरीन निवेश भी साबित होगा। सोसायटी के अंदर ही निवासियों की हर छोटी-बड़ी जरूरत, मनोरंजन और स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखा गया है। परिसर में मिलने वाली प्रमुख सुविधाओं में शामिल हैं- अत्याधुनिक जिम, जॉगिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल और बास्केटबॉल कोर्ट। परिसर के भीतर भव्य मंदिर, बच्चों के लिए सुरक्षित चिल्ड्रेन पार्क और सामाजिक आयोजनों के लिए आलीशान क्लब हाउस। बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए गेस्ट हाउस और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परिसर में ही डिपार्टमेंटल स्टोर की सुविधा।

निदेशक गौरव सिन्हा ने समयबद्धता और गुणवत्ता को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य उच्च मानकों के साथ तीव्र गति से पूरा किया जाएगा और बुकिंग के महज 36 महीनों (3 साल) के भीतर फ्लैट्स पूरी तरह तैयार कर ग्राहकों को सौंप दिए जाएंगे।

13 दिसंबर 2026 को होने वाली ग्रैंड लॉन्चिंग से पहले ही फ्लैट्स की बुकिंग विंडो खोल दी गई है, ताकि इच्छुक परिवार अपनी पसंद के अनुसार फ्लोर व फ्लैट का चयन कर सकें और शुरुआती 50 ग्राहकों को मिलने वाली स्विफ्ट कार के बंपर ऑफर का लाभ उठा सकें।

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ पर कांग्रेस का तीखा हमला, बोली- जनता ने भागलपुर में दिखाया आईना

अशोक प्रसाद भारती ने कहा- लोकतंत्र बचाने का ढोंग छोड़ जनता की आवाज सुने भाजपा, भागलपुर की जनता का फैसला स्वागतयोग्य

गया जी। भाजपा की प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। गया जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि लोकतंत्र बचाने के नाम पर नवंबर 2026 से शुरू की जा रही पदयात्रा का असली उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना नहीं, बल्कि बिहार में अराजकता का माहौल तैयार करना है। गया जिला कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता अशोक प्रसाद भारती ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र की दुहाई देने से पहले जनता की आवाज सुननी चाहिए। अब जनता भाजपा की राजनीति से ऊब चुकी है और इसका संदेश भागलपुर में साफ तौर पर देखने को मिला है।

अशोक प्रसाद भारती ने कहा कि हाल ही में भागलपुर जिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन के दौरान जनता ने जिस तरह अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की, वह भाजपा के लिए बड़ा संदेश है। भागलपुर की जनता ने बता दिया है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे ऊपर होती है। जनता के विश्वास को नजरअंदाज कर कोई भी राजनीतिक दल अपनी मनमानी नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र बचाने के नाम पर पदयात्रा निकालना राजनीतिक दिखावा है। लोकतंत्र केवल नारों, भाषणों और यात्राओं से नहीं बचता, बल्कि जनता के अधिकारों का सम्मान करने, उनकी समस्याओं को सुनने और उनकी आवाज को महत्व देने से मजबूत होता है। लोकतंत्र जनता से है, जनता के लिए है और जनता की आवाज ही इसकी असली ताकत है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भागलपुर की जनता ने एक मिसाल पेश की है। जनता का स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र बचाने की बात करने वालों को पहले जनता का विश्वास जीतना होगा। जनता अब राजनीतिक नारों से नहीं, बल्कि काम और जवाबदेही से नेताओं को परख रही है।

भागलपुर की जनता के फैसले का गया जिला कांग्रेस कमेटी ने स्वागत और समर्थन किया है। इस समर्थन में युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, मदीना खातून, बृजेश प्रदीप शर्मा, डॉ. गीता पासवान, अनुमति देवी, राय गोपाल पासवान, विनोद यादव और अर्जुन गुप्ता सहित कई कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपनी सहमति जताई है। अशोक प्रसाद भारती ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथों में है और जनता समय आने पर अपना जवाब देना जानती है।

गया में 6 साल के बच्चे के पेट से निकाला गया अंडकोष, दूरबीन विधि से जटिल ऑपरेशन सफल, प्रकाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुई सर्जरी

समय पर इलाज नहीं होने पर भविष्य में प्रभावित हो सकती थी प्रजनन क्षमता

गया। गया के प्रकाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। यहां छह वर्षीय बच्चे के पेट के अंदर स्थित अंडकोष का आधुनिक दूरबीन तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया। बच्चा जन्मजात बीमारी अनडिसेंडेड टेस्टिस (Undescended Testis) से पीड़ित था। इस बीमारी में अंडकोष अपने सामान्य स्थान यानी अंडकोष की थैली में नहीं उतर पाता है। जांच में बच्चे का एक अंडकोष पेट के अंदर पाया गया था।

इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन के लिए लेप्रोस्कोपी-असिस्टेड ऑर्किडोपेक्सी (Laparoscopy-Assisted Orchidopexy) तकनीक का इस्तेमाल किया गया। दूरबीन के माध्यम से पेट के अंदर स्थित अंडकोष की पहचान की गई। इसके बाद सावधानीपूर्वक उसे मोबिलाइज कर सफलतापूर्वक अंडकोष की थैली में स्थापित किया गया। आधुनिक तकनीक से किए गए इस ऑपरेशन को अस्पताल की चिकित्सा उपलब्धि माना जा रहा है।

ऑपरेशन का नेतृत्व अस्पताल के निदेशक एवं लेजर, लेप्रोस्कोपिक और एंडोस्कोपिक सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि पेट के अंदर स्थित अंडकोष का ऑपरेशन सामान्य सर्जरी की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होता है। इसमें विशेष सावधानी और आधुनिक तकनीक की आवश्यकता होती है।

डॉ. सिंह ने बताया कि अनडिसेंडेड टेस्टिस एक जन्मजात समस्या है। समय पर इसका उपचार नहीं होने पर भविष्य में बच्चे की प्रजनन क्षमता प्रभावित होने के साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं भी हो सकती हैं। इसलिए अभिभावकों को बच्चों में इस तरह की समस्या दिखने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रकाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में दूरबीन विधि से ऑपरेशन, मूत्र रोग एवं पथरी से संबंधित एंडोयूरोलॉजी सर्जरी, अपर जीआई एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी, ईआरसीपी, ब्रोंकोस्कोपी और लेजर सर्जरी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य गया और मगध क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा एवं विशेषज्ञ सर्जरी की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़े।

हंसराज पब्लिक स्कूल की बिक्री के बाद 4 करोड़ का विवाद, 22 साल की मेहनत से खड़ा किया था स्कूल, 24 करोड़ 51 लाख में हुई थी रजिस्ट्री

पूर्व निदेशक ने धोखाधड़ी और जालसाजी का लगाया आरोप

गयाजी। गया शहर के समीर तकिया स्थित हंसराज पब्लिक स्कूल की बिक्री के बाद चार करोड़ रुपये के कथित वित्तीय विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को प्रेसवार्ता कर स्कूल के पूर्व निदेशक मनीष रुखियार ने स्कूल खरीदने वाले पक्ष पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अमानत में खयानत का आरोप लगाया। मनीष रुरुखियार ने बताया की 22 वर्षों की मेहनत से स्कूल को स्थापित किया था। स्कूल की बिक्री 24 करोड़ 51 लाख रुपये में तय हुई थी, जिसका एग्रीमेंट और रजिस्ट्री 16 नवंबर 2025 को कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल के संचालन और अन्य खर्चों के नाम पर खरीदने वाले पक्ष ने उनसे चार करोड़ रुपये शॉर्ट टर्म लोन के रूप में लिए थे। छह महीने के भीतर यानी मई 2026 तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था।

पूर्व निदेशक मनीष रुखियार ने धमकी देने और पूर्व कर्मचारियों पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पूरे लेन-देन से संबंधित बैंक स्टेटमेंट, एग्रीमेंट और बातचीत का वीडियो उनके पास मौजूद है। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और डीएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।

वहीं, दूसरे पक्ष के प्रबंधन ने सभी आरोपों को मनगढ़ंत बताया है। प्रबंधन का कहना है कि यह ब्लैकमेल करने और संस्थान को बदनाम करने की कोशिश है। मामला पुलिस जांच के अधीन है और प्रबंधन जांच में पूरा सहयोग करेगा। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पति पर सरेआम फायरिंग! अनीता देवी ने लगाई गुहार, IG विकास वैभव और SSP सुशील कुमार से मांगा न्याय

डाक स्थान मूर्ति पंडाल के पास हुई गोलीबारी का आरोप, परिवार को दोबारा हमले का डर

गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरागी डाकस्थान के पास मूर्ति पंडाल के पास बीते 22 अक्टूबर को रात में हुए पति पर जानलेवा हमले के बाद उनकी पत्नी अनीता देवी ने न्याय के लिए पुलिस के आईजी विकास वैभव और पुलिस कप्तान सुशील कुमार से गुहार लगाई है। पीड़िता ने आईजी विकास वैभव और पुलिस कप्तान सुशील कुमार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

पीड़ित महिला अनीता देवी ने कहा की उनके पति शंकर पासवान डाक स्थान मूर्ति पंडाल के पास खड़े थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और गोलीबारी करने लगे। इस घटना में शंकर पासवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद से परिवार भयभीत है और अनीता देवी को आशंका है कि उनके पति पर दोबारा हमला हो सकता है।

तीन आवेदन देने का दावा, कार्रवाई पर उठाए सवाल

पीड़ित महिला अनीता देवी का आरोप है कि वह पहले भी थाने में तीन आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है। उनका कहना है कि ताजा मामले में प्राथमिकी दर्ज हुए चार दिन बीत चुके हैं, फिर भी कार्रवाई को लेकर उनके मन में सवाल हैं। पीड़ित महिला अनीता देवी ने उपेंद्र पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा का नाम लेकर अपने ऊपर लगे आरोपों से बचने की कोशिश करते हैं। अनीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर के आसपास कुछ लोगों की मौजूदगी से परिवार में डर का माहौल है।

IG और SP से न्याय की गुहार

पीड़ित महिला अनीता देवी ने आईजी विकास वैभव और पुलिस कप्तान सुशील कुमार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की भूमिका की पड़ताल करने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित महिला का कहना है कि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

गया में जमीन विवाद को लेकर दर्जनों अपराधियों ने किया बमबाजी और फायरिंग, घरों पर चलाएं ईट पत्थर

घर के बाहर रखें कुर्सियों को भी तोड़ा, सीसीटीवी कैमरे में कैद पूरी घटना,जांच में जुटी पुलिस

गया में जमीन विवाद को लेकर बड़ी घटना सामने निकल कर आई है, जमीन विवाद को लेकर भूमाफियाओं के इशारे पर दर्जनो, मोहल्ले के बदमाशों ने कई घरों पर बमबाजी फायरिंग और ईट पत्थर से घर पर हमला किया गया है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है मामला चंदौती थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले की है.

बमबाजी, तोड़फोड़ और ईट पत्थर चलाए जाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह सत्येंद्र नारायण के घर पर 50 से भी अधिक नकाबपोश बदमाश और हाथों में बम लेकर दौड़ते हुए पहुंच रहे हैं और घर पर बमबाजी कर रहे हैं, साथ ही कई बदमाश घर पर लगातार पत्थर फेंक रहे हैं जबकि कुछ अपराधी बदमाशों के द्वारा रखी गई कुर्सियों को तोड़ते हुए दिखाई दे रहा है

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर चंदौती थाना की पुलिस पहुंची और सीसीटीवी को देखते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है. पीड़ित सत्येंद्र नारायण और मुन्ना कुमार बताते हैं कि मैं अपने निजी जमीन पर निर्माण कर रहा था तभी 50 की संख्या में रहे बदमाशों के द्वारा मेरे घर पर पहुंचे और बमबाजी करना शुरू कर दिया तीन से चार बम फेके गए जिसमें घर पर भी बम फेंका गया जिसका निशान भी दिखाई दे रहा है वही कुछ बदमाशों के द्वारा लगातार ईट पत्थर फेके गए, हम लोगों पर हमला किया गया कुर्सियों को तोड़ दिया गया

उन्होंने महावीर पासवान के पुत्रों के द्वारा हमला करने की बात कही है उन्होंने बताया कि यहां पर कुछ एकड़ जमीन पर उसने दखल कर रहे हैं और घर बनवाने के एवरेज में रंगदारी की मांग करते हैं, ओर यहाँ के जमीन को अपना बताते है,हालांकि हम लोग कोर्ट और आंचल से हम लोगों के पक्ष में आया है, साथ ही हम लोगों ने आईजी,एसपी, थानाध्यक्ष को आवेदन देकर आज हम लोगों ने काम लगाया, उन्होंने कहा कि आज महावीर पासवान के कुछ पुत्र सुबह में आए थे मौके पर पुलिस भी पहुंची थी,पुलिस ने आज शाम को ही दोनों पक्षों को थाना बुलाया था लेकिन दोपहर के बाद ही 50 की ज्यादा संख्या में रहे बदमाशों ने घर पर हमला कर दिया

वही, चंदौती थाना के एस.आई शिवनाथ कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है हम लोग जांच कर रहे हैं सीसीटीवी में कुछ बदमाश दिखे हैं बमबाजी की भी घटना सामने आई है पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी.

₹25 लाख का जमीन कांड या पारिवारिक बंटवारे का विवाद? चिरैयाटांड़ में प्रेस वार्ता से गरमाया मामला, एसएसपी-डीएम से न्याय की गुहार

गया। गया शहर के चिरैयाटांड़ में शुक्रवार को हुई एक प्रेस वार्ता में जमीन के लेन-देन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया। एक पक्ष ने जमीन देने के नाम पर करीब 25 लाख रुपये लेने, रजिस्ट्री नहीं करने, पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज व धमकी देने और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने गया के पुलिस कप्तान और जिलाधिकारी से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। आरोप लगाने वाले पक्ष का कहना है कि रामपुर थाना स्तर से उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और कार्रवाई के नाम पर लगातार टालमटोल की जा रही है।

प्रेस वार्ता में शिकायतकर्ता पक्ष ने बताया कि जमीन खरीदने के लिए बातचीत के दौरान उन्हें जमीन दिखाकर सौदा तय किया गया। उनके अनुसार, जमीन देने के आश्वासन पर अलग-अलग समय में करीब 25 लाख रुपये दिए गए। उनका दावा है कि शुरुआत में एक लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि बाद में चेक समेत अन्य माध्यमों से भी रकम का भुगतान किया गया। आरोप है कि रकम लेने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया जाता रहा, लेकिन समय बीतने के साथ रजिस्ट्री की बात लगातार टाली जाती रही।

पहले जमीन दिखाई, फिर बदला हिस्सा—पीड़ित का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, शुरुआत में जिस जमीन के हिस्से को लेकर बात हुई थी, बाद में उसमें बदलाव की बात कही जाने लगी। आरोप है कि पहले एक हिस्से की जमीन देने की बात कही गई, लेकिन पैसा लेने के बाद पीछे की जमीन देने की बात कही गई। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब उन्होंने रजिस्ट्री के संबंध में स्पष्ट जानकारी मांगी और अपनी रकम वापस करने की मांग की तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका आरोप है कि उन्हें गाली-गलौज के साथ धमकी भी दी गई। विवाद के दौरान परिवार के एक सदस्य के साथ मारपीट और कुल्हाड़ी से हमला कर पैर में गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें जमीन नहीं चाहिए। उनकी मांग है कि उनकी पूरी रकम वापस कराई जाए और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद का समाधान कराया जाए।

रामपुर थाना पर कार्रवाई में टालमटोल का आरोप

शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार, घटना और कथित लेन-देन को लेकर रामपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है, लेकिन अभी तक पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि थाना स्तर से उन्हें बार-बार आज-कल की बात कही जा रही है। इसी वजह से उन्होंने शुक्रवार को चिरैयाटांड़ में प्रेस वार्ता कर अपनी बात सार्वजनिक की और जिले के पुलिस कप्तान तथा जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। उनका कहना है कि यदि लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, चेक, बैंक रिकॉर्ड और जमीन के कागजात की निष्पक्ष जांच की जाए तो पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

दूसरे पक्ष का पलटवार—‘25 लाख लेने का आरोप झूठा’

इधर, दूसरे पक्ष से दिनेश यादव ने शिकायतकर्ता के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शिकायतकर्ता से 24 या 25 लाख रुपये नहीं लिए हैं और कथित रकम लेने की बात से उनका कोई संबंध नहीं है। उनका दावा है कि उल्टे उन्होंने संबंधित लोगों को पैसा दिया है। दिनेश यादव के अनुसार, पूरा विवाद भाई-बहनों के बीच जमीन के हिस्से और पारिवारिक बंटवारे से जुड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि इसी पारिवारिक विवाद के कारण उनकी बहन को सामने रखकर उनके खिलाफ झूठा मामला बनाया जा रहा है।

चेक और बैंक लेन-देन की जांच का दावा

ब्लैंक चेक से जुड़े सवाल पर दिनेश कुमार ने कहा कि चेक में राशि उन्होंने स्वयं भरी थी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन खातों में पैसा जमा होने की बात कही जा रही है, उसकी जानकारी जांच के दौरान सामने आएगी। उनका कहना है कि पुलिस स्तर पर मामले की जांच और सुपरविजन चल रहा है तथा जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

अब जांच पर टिकी निगाहें

एक तरफ शिकायतकर्ता करीब 25 लाख रुपये वापस कराने और पुलिस कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं दूसरे पक्ष ने रकम लेने से साफ इनकार करते हुए इसे पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे का विवाद बताया है। ऐसे में पूरे मामले में जमीन के दस्तावेज, भुगतान से जुड़े चेक और बैंक रिकॉर्ड, कथित लेन-देन का विवरण तथा मारपीट के आरोपों की जांच अहम होगी।

प्रेस वार्ता के जरिए पीड़ित पक्ष ने जिले के पुलिस कप्तान और जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में दोनों पक्षों के दावों में से कौन-सा तथ्य सामने आता है और कथित 25 लाख रुपये के लेन-देन की वास्तविकता क्या है।