योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा, महंगाई भत्ता बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया
- 01 जुलाई 2026 से मिलेगा बढ़े हुए डीए का लाभ, नवंबर के नियमित वेतन के साथ होगा भुगतान

- चार माह का एरियर जीपीएफ और एनपीएस खातों में होगा जमा

- राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

- शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारक भी होंगे लाभान्वित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों का महंगाई भत्ता (डीए) 03 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब कर्मचारियों को 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।

बढ़ी हुई दर 01 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। इस संबंध में शासनादेश भी शनिवार को जारी किया गया है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। योगी सरकार का यह निर्णय प्रदेश के नियमित कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य पात्र कर्मचारी वर्गों को भी राहत देने वाला है।

चार महीने के एरियर के भुगतान की व्यवस्था भी तयशासनादेश के अनुसार, 01 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान के लिए अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए व्यवस्था निर्धारित की गई है। सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़े कर्मचारियों के एरियर की राशि आयकर एवं सरचार्ज की कटौती के बाद निर्धारित सीमा के अंतर्गत उनके भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। यह राशि 01 नवंबर 2027 तक खाते में जमा रहेगी। विशेष परिस्थितियों में अंतिम प्रत्याहरण के नियम लागू होंगे।

एनपीएस कर्मचारियों के लिए भी निर्धारित हुआ लाभराष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) से आच्छादित कर्मचारियों के मामले में एरियर की 10 प्रतिशत राशि उनके टियर-01 पेंशन खाते में जमा की जाएगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में एरियर की 14 प्रतिशत राशि के बराबर अंशदान भी टियर-01 खाते में जमा करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि पीपीएफ खाते में जमा कराई जाएगी अथवा एनएससी के रूप में दी जाएगी। एनएससी उपलब्ध न होने की स्थिति में संबंधित राशि नकद प्रदान की जाएगी।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को पूरा एरियर नकदसरकार ने सेवानिवृत्त और सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके कर्मचारियों को विशेष राहत दी है। शासनादेश जारी होने से पहले जिन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं, जो 01 जुलाई 2026 से शासनादेश जारी होने की तारीख के बीच सेवानिवृत्त हुए हैं अथवा अगले छह माह के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें महंगाई भत्ते के बकाये की पूरी धनराशि नकद दी जाएगी।
भदोही पुलिस ने 67 गुम मोबाइल खोजे: मालिकों को लौटाए, कीमत 12 लाख 39 हजार 500 रुपए*



नितेश  श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने 67 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों को लौटा दिए। इनकी अनुमानित कीमत 12 लाख 39 हजार 500 रुपए है।

पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक जिले में 981 गुम या खोए मोबाइल फोन खोजे गए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 67 लाख 39 हजार 500 रुपए है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर मोबाइल फोन खोजने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद तकनीकी मदद से गुम फोन खोजकर मालिकों तक पहुंचाना है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल का इस्तेमाल कर फोन खोजने के निर्देश दिए। शिकायत मिलने पर फोन का आईएमईआई नंबर और दूसरी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाती है। इसके बाद ट्रेसबिलिटी जानकारी, सिम नंबर और लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सीईआईआर पोर्टल, जनसुनवाई और डायल-112 पर मिली शिकायतों के आधार पर 67 फोन खोजे।

शनिवार दोपहर ढाई बजे रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में एसपी अभिनव त्यागी ने फोन उनके मालिकों को सौंपे। फोन वापस मिलने पर मालिकों ने पुलिस अधीक्षक और पुलिस टीम का आभार जताया।
धनतेरस पर पूर्व मंत्री ने किया दो प्रतिष्ठानों का उद्घाटन

हस्तिनापुर में चौधरी प्रॉपर्टी डीलर और अपोलो टायर शोरूम का हुआ शुभारंभ, हवन-पूजन के बाद काटा फीता

हस्तिनापुर, मेरठ। धनतेरस के पावन अवसर पर कस्बा हस्तिनापुर में दो प्रतिष्ठानों का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि तथा शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

पहला उद्घाटन हस्तिनापुर ब्लॉक के पास पूर्व प्रधान हरेंद्र चौधरी, लोकेश कुमार सिरोही एवं अंकुर सिरोही के चौधरी प्रॉपर्टी डीलर प्रतिष्ठान का हवन-पूजन के बाद फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत ऊधम सिंह की प्रतिमा के पास आर्यन गुर्जर के अपोलो टायर शोरूम का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और व्यापार में उन्नति की कामना की। कार्यक्रम में अजब सिंह, प्रधान रुद्र प्रताप सिंह, सतपाल भगत जी, मुनेश पाल, परमजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
लखनऊ में व्यापारी से डेढ़ करोड़ की लूट का खुलासा, पांच गिरफ्तार
पुलिस ने 1.23 करोड़ रुपये किए बरामद, शिकायतकर्ता भी निकला साजिश में शामिल; दो मोटरसाइकिल और स्वर्ण मुद्रा भी मिली



लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना पुलिस ने गुजरात के कारोबारी से हुई करोड़ों की लूट का खुलासा शुक्रवार को कर दिया है। आरोपितों के पास से 01 करोड़ 23 लाख रुपये समेत अन्य चीजें मिली है। इस मामले में पांच आरोपित पकड़े गये। इनमें वह अभियुक्त भी शामिल है, जिसने खुद को लूट का शिकार बताया था।


प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि गुजरात का रहने वाला प्रग्नेश कुमार ने 24 अक्टूबर को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि अपने मालिक के रुपये लेकर वह कार से लखनऊ आया था। आशियाना के औरंगाबाद अंडरपास के पास दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने उससे रुपये लूट लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की भी मदद ली और अलग-अलग पुलिस की टीमें जांच में जुट गई।

सूचना पाकर पुलिस ने औरंगाबाद अंडरपास के पास से मैनपुरी निवासी सुमित यादव और सत्यम को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से लूट की धनराशि में से 59 लाख रुपये, एक स्वर्ण मुद्रा, मोबाइल फोन एवं दो मोटरसाइकिलें बरामद की है। इनमें मोटरसाइकिलों में एक हीरो स्प्लेंडर प्लस घटना में प्रयुक्त तथा दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल लूट की धनराशि से खरीदी गई थी।


गिरफ्तार अभियुक्तों से की गई पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्रवाई में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त लूट की घटना सुनियोजित षड्यंत्र के तहत अंजाम दी गई थी। घटना में अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी प्रकाश में आई, जिनमें फिरोजाबाद निवासी चिराग सिंह यादव की योजना एवं षड्यंत्र में भूमिका सामने आई। जानकारी के आधार पर लखनऊ पुलिस की एक टीम ने गुजरात प्रांत में दबिश देकर गुजरात निवासी जय कुमार पटेल, यश कुमार और प्रग्रनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उन तीनों के कब्जे से लूट की धनराशि में से 64 लाख रुपये एवं घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई 01 करोड़ 23 लाख रुपये की धनराशि बरामद की है। लूट की धनराशि से खरीदा गया एक आईफोन एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
राजकीय बालिका इण्टर काॅलेज में छात्र वंदन, गुरु अभिनन्दन
लखनऊ। भारत विकास परिषद अवध प्रांत  की ओर से जीजीआईसी विकास नगर  संस्था के पदाधिकारियों द्वारा प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा को सम्मानित किया गया।क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव सच्चिदानंद,  अध्यक्ष  एडवोकेट वाई के गुप्ता, कोषाध्यक्ष कविता सिंह गुप्ता, गतिविधि संयोजक संस्कार  जी. एन. टंडन,  संस्कार संयोजिका मनोरमा उपाध्याय और संयोजक वीना गुप्ता के नेतृत्व में पांच छात्राओं का उपहार देकर वंदन किया गया । गीत गुरू मेरी पूजा गुरू गोविन्द गुरू मेरा परब्रह्म गुरू परमेश्वर... गाकर छात्राओं द्वारा उपहार देकर व अपने गुरू शिक्षिकाओं  का चरण स्पर्श कर अभिनंदन किया गया ।  कार्यक्रम में मंच संचालन  प्रवक्ता हिन्दी सीमा वर्मा ने किया । स्टाफ में   कंचन लता सिंह,  मीनाक्षी दुबे, शबनम,  अनु गंगवार,  अपर्णा जौहरी , पूनम नागर, स्मिता पटेल,  बबिता रानी वर्मा, मनीषा सक्सेना  , प्रियंका सिंह, रश्मि मिश्रा , मीनाक्षी श्रीवास्तव, गीतांजलि पांडेय सहित सीमा तथा प्रीति उपस्थित रहे।अंत में प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा ने सबका धन्यवाद ज्ञापित किया ।
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, देर शाम तक गुलजार रहे मोहम्मदाबाद और खुरहट बाजार
ज्वेलर्स, सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर उमड़ी खरीदारों की भीड़, बाजारों में दिखा दीपावली का उत्साह मऊ। दीपावली पर्व से पहले धनतेरस के अवसर पर जनपद मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना और खुरहट बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली, जो देर शाम तक बनी रही। धनतेरस पर खरीदारी की परंपरा के चलते लोगों ने अपनी पसंद और सामर्थ्य के अनुसार जमकर खरीदारी की।

बाजारों में स्थित ज्वेलर्स की दुकानों पर सोने-चांदी के आभूषण एवं सिक्के खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। वहीं बर्तनों की दुकानों पर पीतल, तांबा, स्टील सहित विभिन्न प्रकार के बर्तनों की खूब खरीदारी हुई।

इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामानों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

धनतेरस के शुभ अवसर पर खरीदारी करने पहुंचे महिला, पुरुष और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने से पूरे क्षेत्र में दीपावली की रौनक और त्योहार का उत्साह दिखाई दिया।

कुल मिलाकर धनतेरस के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना और खुरहट बाजार में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए मारे गए छापे
फर्रुखाबाद । आबकारी आयुक्त य के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी०पी० गुप्ता के नेतृत्व में जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3  रीता वर्मा मय स्टाफ संदिग्ध ग्राम महरूपुर रावी में दबिश कार्यवाही कर 22 लीटर अवैध कच्ची शराब, एवं लगभग 250 किलो ग्राम लहन बरामद की गई। बरामद लहन  को मौके पर ही नष्ट कर 02 अभियोग पंजीकृत किये गये ।जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कम्पोजिट दुकानों में मोहम्दाबाद, बोहरिकपुर, तथा देशी मदिरा दुकानों बोहरिकपुर, मोहम्दाबाद स्थित दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से किया गया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने एवं अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध कार्यवाही जारी रहेगी ।
दीपावली पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरू ने सफाईकर्मियों,अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सभासदों को किया सम्मानित  
                                                           मातृशक्ति को भेंट की साड़ी
मिष्ठान एवं उपहार वितरित कर दीं दीपावली सहित पांच पर्वों की शुभकामनाएं,नगर पालिका कर्मियों के योगदान को बताया विकास की मजबूत आधारशिला।              
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने दीपावली एवं अन्य पावन पर्वों के अवसर पर नगर पालिका कार्यालय प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नगर पालिका परिवार के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने माननीय सभासदगण की उपस्थिति में नगर पालिका के समस्त सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों,विशेष रूप से सफाई व्यवस्था,प्रकाश व्यवस्था एवं जलापूर्ति से जुड़े कार्मिकों को मिष्ठान वितरित कर दीपावली की बधाई दी। वहीं नगर पालिका परिवार की मातृशक्ति को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के समर्पण,परिश्रम एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए आगामी धनतेरस,नरक चतुर्दशी,दीपावली,गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन पर्वों की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान नगर के भाजपा पदाधिकारियों,कार्यकारिणी सदस्यों,सेक्टर संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों को भी मिष्ठान एवं उपहार भेंटकर पर्व की खुशियां साझा की गईं। साथ ही माननीय सभासदगण को भी मिष्ठान एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया और सभी के सुख,समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. धीरू ने कहा कि नगर की स्वच्छता,प्रकाश व्यवस्था,पेयजल आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके निरंतर परिश्रम,कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव से ही नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगर का विकास किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं,बल्कि पूरे नगर पालिका परिवार के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी प्रेम,भाईचारे,सहयोग एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं। ऐसे अवसरों पर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान देने से पारिवारिक एवं सामाजिक एकता और मजबूत होती है।
कार्यक्रम में माननीय सभासदगण,नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित भाजपा के पदाधिकारी,कार्यकारिणी सदस्य,सेक्टर संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
अंत में अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने समस्त नगरवासियों को दीपावली सहित सभी आगामी पर्वों की हार्दिक बधाई देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की कामना की।
भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार, पुलिस करेगी सुरक्षा: तरुण गाबा

दीपावली पर लखनऊ के बाजारों से लेकर मॉल और सार्वजनिक स्थलों तक कड़ा पहरा

सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी महिला-पुरुष पुलिस टीमें

लखनऊ। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के संबंध में लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा, यातायात, और शांति व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए हैं। लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरूण गाबा ने लाेगाें से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व पर धनतेरस व दीपावली के अवसर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने एक विस्तृत और चाक-चौबंद सुरक्षा योजना तैयार की है। कमिश्नरेट के सभी जोन, सर्किलों और थानों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

दीपवाली पर्व पर विभिन्न स्थानों पर मेले, लक्ष्मी जी व काली जी की प्रतिमाओं की स्थापना का आयोजन किया जाएगा, जिसके दृष्टिगत भी सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किये गये हैं। इसके अलावा प्रमुख बाजार एवं व्यावसायिक केंद्र हज़रतगंज, अमीनाबाद, चौक, भूतनाथ, गोमती नगर ,निशातगंज, इंदिरानगर, आशियाना और आलमबाग जैसे अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले बाजारों में भारी पुलिस बल और पिकेट्स तैनात किए गए हैं। मनचलों और जेबकतरों पर नकेल कसने के लिए सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों (एंटी-रोमियो स्क्वॉड और पिंक मोबाइल टीमों) की ड्यूटियां लगाई गई हैं। संवेदनशील चौराहों, मॉल, और बाजारों में सीसीटीवी कैमरों, वीडियो सर्विलांस व ड्रोन के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, मॉल और प्रमुख बाजारों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड द्वारा नियमित रूप से एंटी-सबोटेज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा भी त्योहार के दृष्टिगत मुख्य बाजारों में भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकतानुसार हल्के वाहनों के लिए भी स्थानीय स्तर पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। नागरिकों से अपील है कि वे अपने वाहन केवल चिन्हित और अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पटाखा विक्रय के लिए निर्धारित एवं अनुमोदित स्थलों पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पटाखों की खुदरा बिक्री की जाएगी। अवैध या बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और विक्रय करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मानने की अपील करते हुए लखनऊ पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा भ्रामक संदेश को साझा करने से बचें।
4543 युवाओं को मिली खाकी वर्दी, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
सिफारिश और रिश्वत के बिना हुआ चयन, नवचयनित उपनिरीक्षकों ने भर्ती प्रक्रिया को बताया पारदर्शी और तेज


-सिफारिश और रिश्वत के बिना मिली नौकरी, नवचयनित उपनिरीक्षकों ने बताई भर्ती प्रक्रिया की खूबियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस बल को शुक्रवार को 4543 नए उपनिरीक्षक मिल गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। इस दौरान चयनित युवाओं ने एक स्वर में भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और तेज बताया। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने के लिए निर्धारित शुल्क के अलावा किसी को एक भी रुपया नहीं देना पड़ा।

सात साल की मेहनत लाई रंग, प्रशांत कुमार बने उपनिरीक्षक

बदायूं निवासी प्रशांत कुमार का चयन उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि वह पिछले सात वर्षों से तैयारी कर रहे थे। इस बार उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पहले की भर्तियों में धांधली की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन 2017 के बाद ऐसी अनियमितताओं पर पूरी तरह लगाम लगी है। इसी पद पर चयनित सुमित शर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 से तैयारी कर रहे थे। पूरी भर्ती प्रक्रिया तेजी से और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ड्यूटी के दौरान किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

धनतेरस पर नियुक्ति पत्र मिलना महालक्ष्मी के आशीर्वाद जैसा : शिवी शर्मा

शिवी शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया का अनुभव बेहद अच्छा रहा। पिछले एक साल से तैयारी कर रही थीं और अब सफलता मिली है। दीपावली से पहले नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए महालक्ष्मी के आशीर्वाद जैसा है। धनतेरस के दिन उनके ऊपर खुशियों की वर्षा हुई है। उन्होंने कहा कि जब भर्ती में कोई रिश्वत नहीं देनी पड़ी तो नौकरी में भी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करेंगे। गरीबों की हरसंभव मदद करना हमारी प्राथमिकता है।

सेना से रिटायर उदयवीर सिंह बने उपनिरीक्षक

बरेली निवासी उदयवीर सिंह कठेरिया सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनका चयन भी उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के कारण ही उन्हें नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं और युवाओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। मुजफ्फरनगर निवासी अंशु चौधरी ने कहा कि महज एक साल के भीतर पूरी भर्ती प्रक्रिया संपन्न होना बड़ी बात है। पहले ऐसा कम ही देखने को मिलता था।

बचपन का पुलिस में सेवा का सपना हुआ पूरा- राजा बाबू

अंशु चौधरी ने निष्पक्ष भर्ती के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सीख को पूरी तरह आत्मसात कर ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं, बरेली निवासी राजा बाबू ने बताया कि फॉर्म भरने के लिए ही शुल्क देना पड़ा, इसके अलावा किसी भी स्तर पर एक रुपया खर्च नहीं करना पड़ा। बचपन से पुलिस विभाग में सेवा करने का सपना था, जो आज पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को न्याय मिले।